समाचार मध्यप्रदेश नीमच 24 सितंबर 2026 गुरुवार

सेवा संकल्प अभियान के तहत समन्वित कृषि विकास कार्यशाला संपन्न
फसल लागत, उत्पादन, आय और लाभ के तुलनात्मक चार्ट का किया गया विमोचन
नीमच, 23 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत टाउन हॉल, दशहरा मैदान नीमच में आयोजित समन्वित कृषि विकास कार्यशाला में किसानों को खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए फसल लागत एवं आर्थिक विश्लेषण, फसलों के लिए अनुशंसित पोषक तत्व एवं उर्वरकों की मात्रा तथा कृषि-पशुपालन की लागत एवं आय के तुलनात्मक चार्ट की जानकारी दी गई। कार्यशाला में विधायक नीमच श्री दिलीप सिंह परिहार,विधायक जावद श्री ओमप्रकाश सखलेचा, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा,सीईओ जिला पंचायत श्री अमन वैष्णव सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की उपस्थिति में इन चार्ट का विमोचन किया गया।
कार्यशाला में प्रस्तुत प्रति हेक्टेयर फसल उत्पादन लागत एवं आर्थिक विश्लेषण चार्ट में खरीफ एवं रबी की विभिन्न फसलों की जुताई एवं खेत तैयारी, बीज, उर्वरक एवं पोषक तत्व, सिंचाई, पौध संरक्षण, कटाई/थ्रेशिंग तथा अन्य खर्चों को शामिल करते हुए कुल लागत, औसत उत्पादन, प्रचलित बिक्री मूल्य, कुल आय और कुल लाभ का तुलनात्मक विवरण दिया गया है। इसका उद्देश्य किसानों को केवल उत्पादन बढ़ाने के बजाय लागत, संभावित आय और लाभ को ध्यान में रखकर फसल चयन के लिए तथ्यपरक आधार उपलब्ध कराना है।
चार्ट के अनुसार उदाहरण के तौर पर खरीफ में सोयाबीन की प्रति हेक्टेयर लागत 55,125 रुपये, औसत उत्पादन 15 क्विंटल तथा कुल आय 85,620 रुपये दर्शाई गई है। वहीं मूंगफली की लागत 55,100 रुपये और कुल आय 1,50,340 रुपये तथा उड़द की लागत 31,484 रुपये और कुल आय 82,000 रुपये दर्शाई गई है। रबी फसलों में गेहूं की लागत 58,105 रुपये और कुल आय 1,03,400 रुपये, जबकि सरसों की लागत 36,950 रुपये और कुल आय 93,000 रुपये दर्शाई गई है।
चार्ट में उच्च मूल्य एवं विविधीकरण वाली फसलों की संभावनाओं को भी रेखांकित किया गया है। चिया की प्रति हेक्टेयर कुल आय 2,16,000 रुपये और लाभ 1,78,064 रुपये, किनोवा की आय 1,57,500 रुपये और लाभ 1,17,635 रुपये, जबकि अश्वगंधा की आय 2,34,000 रुपये और लाभ 1,46,401 रुपये दर्शाया गया है। इसी प्रकार लहसुन की प्रति हेक्टेयर लागत 2,56,705 रुपये, कुल आय 12 लाख रुपये तथा लाभ 9,43,295 रुपये दर्शाया गया है।
संतुलित पोषण और उर्वरक उपयोग पर जोर
कार्यशाला में जारी फसलवार अनुशंसित पोषक तत्व एवं उर्वरक मात्रा के चार्ट में खरीफ, रबी तथा उद्यानिकी फसलों के लिए नाइट्रोजन, फास्फोरस और पोटाश की अनुशंसित मात्रा के साथ अलग-अलग उर्वरक विकल्पों की जानकारी दी गई। किसानों को मृदा परीक्षण एवं फसल की आवश्यकता के अनुसार संतुलित उर्वरक उपयोग के लिए प्रेरित किया गया। चार्ट में गोबर की खाद/कम्पोस्ट के प्रति हेक्टेयर उपयोग तथा सोयाबीन एवं तिलहनी-दलहनी फसलों में सल्फर के उपयोग संबंधी सुझाव भी दिए गए हैं।
कृषि के साथ पशुपालन से आय के अतिरिक्त अवसर
कार्यशाला में प्रस्तुत पशुपालन एवं कृषि लागत-आर्थिक विश्लेषण में 10 पशुओं की इकाई के आधार पर पशु पोषण, सूखा चारा, एक हेक्टेयर भूमि से प्राप्त चारे, पशु दाना/खली, मजदूरी, बिजली-पानी तथा उपचार एवं अन्य खर्चों का विवरण दिया गया। चार्ट के अनुसार इन मदों पर कुल वार्षिक लागत 5,61,100 रुपये दर्शाई गई है, जबकि दूध, गोबर तथा अन्य आय को मिलाकर कुल वार्षिक आय 11,26,350 रुपये और शुद्ध वार्षिक लाभ 5,64,250 रुपये दर्शाया गया है।
कार्यशाला में किसानों को खेती को केवल एक फसल तक सीमित न रखते हुए फसल विविधीकरण, संतुलित पोषण, आधुनिक कृषि तकनीक, मूल्य संवर्धन तथा कृषि के साथ पशुपालन को आय के पूरक माध्यम के रूप में अपनाने पर जोर दिया गया। प्रस्तुत तुलनात्मक चार्ट किसानों को उपलब्ध संसाधनों, लागत और संभावित आय का आकलन कर अधिक लाभकारी एवं टिकाऊ कृषि प्रणाली विकसित करने में मार्गदर्शन देने का माध्यम है।
कार्यशाला में कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, विशेषज्ञ एवं किसान उपस्थित रहे।
–00–
सेवा संकल्प अभियान के तहत समन्वित कृषि विकास कार्यशाला-सह-सेमिनार आयोजित
सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और आधुनिक तकनीकों के उपयोग से बढ़ेगी किसानों की आय – विधायक श्री दिलीप सिंह परिहार
उन्नत कृषि तकनीक, नवाचार एवं फसल विविधीकरण से आयवृद्धि की ओर बढ़ें किसान – विधायक श्री ओमप्रकाश सकलेचा
तुलनात्मक चार्ट से किसानों को कृषि संबंधी बेहतर एवं सूचित निर्णय लेने में मिलेगी सुविधा – कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा
फसल लागत, पोषक तत्व एवं कृषि-पशुपालन के आर्थिक विश्लेषण संबंधी तुलनात्मक चार्ट का अतिथियों ने किया विमोचन
नीमच, 23 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आज टाउन हॉल, दशहरा मैदान, नीमच में समन्वित कृषि विकास कार्यशाला-सह-सेमिनार आयोजित किया गया। कार्यशाला में कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन, सहकारिता एवं कृषि अभियांत्रिकी सहित विभिन्न विभागों के विशेषज्ञों ने जिलेभर से आए किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत फसलों, शासन की योजनाओं तथा कृषि एवं संबद्ध गतिविधियों के माध्यम से उत्पादन और आय बढ़ाने के अवसरों की जानकारी दी।
कार्यशाला से पूर्व, विधायक नीमच श्री दिलीप सिंह परिहार, विधायक जावद श्री ओमप्रकाश सकलेचा, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमन वैष्णव ने किसानों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में किसानों द्वारा उत्पादित आम, गुलाब एवं अन्य पुष्प, औषधीय उत्पाद, केले सहित विभिन्न कृषि उत्पाद प्रदर्शित किए गए। शासन की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किसानों द्वारा योजनाओं के माध्यम से प्राप्त सहयोग से तैयार किए गए उत्पाद भी प्रदर्शित किए गए। अतिथियों ने किसानों से उनके नवाचार, उत्पादन, योजनाओं से प्राप्त लाभ एवं आय में हुए परिवर्तन की जानकारी ली।
सिंचाई सुविधाओं के विस्तार से बढ़ेगी किसानों की आय – विधायक श्री परिहार
विधायक नीमच श्री दिलीप सिंह परिहार ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत किसानों को उन्नत फसलों, आधुनिक तकनीकों एवं कृषि क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों की जानकारी देने के उद्देश्य से यह कार्यशाला आयोजित की गई है। उन्होंने बताया कि हाल ही में कैबिनेट द्वारा सिंचाई परियोजना स्वीकृत की गई है, जिससे 253 गांव लाभान्वित होंगे। सिंचाई का रकबा बढ़ने से किसानों की आय में वृद्धि होगी।
उन्होंने जल संरक्षण एवं आधुनिक सिंचाई तकनीकों को अपनाने पर जोर देते हुए पानी का विवेकपूर्ण उपयोग करने तथा अपव्यय रोकने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि चंबल का पानी विभिन्न गांवों तक पहुंचने से किसानों को सिंचाई की सुविधा मिल रही है। बिजली के क्षेत्र में भी जिले में निरंतर कार्य किया जा रहा है।
श्री परिहार ने कहा कि किसान देश के विकास का आधार हैं। उन्होंने नीमच की सर्वसुविधायुक्त कृषि उपज मंडी का उल्लेख करते हुए कहा कि किसानों को जिले में ही अपने कृषि उत्पादों के विक्रय की सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने पशुपालन, उद्यानिकी एवं कृषि विकास से संबंधित योजनाओं का लाभ लेने तथा इंटरक्रॉपिंग सहित अन्य नवाचार अपनाकर आय बढ़ाने का आह्वान किया।
कृषि के साथ पशुपालन एवं अन्य आय के स्रोत अपनाएं किसान – विधायक श्री सकलेचा
विधायक जावद श्री ओमप्रकाश सकलेचा ने कहा कि किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों का उपयोग करते हुए खेती को अधिक लाभकारी बनाने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। कृषि के साथ पशुपालन, उद्यमिता एवं अन्य आय के स्रोत अपनाकर किसान अपनी आय में वृद्धि कर सकते हैं।
उन्होंने कृषि अपशिष्ट का बेहतर उपयोग कर उसे पुनः खेतों में उपयोग करने तथा मिट्टी में कार्बन की मात्रा बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीकों, नवाचारों एवं वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों को अपनाकर उत्पादन एवं आय दोनों में वृद्धि की जा सकती है। उन्होंने किसानों के लिए 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया।
तुलनात्मक चार्ट से किसान ले सकेंगे बेहतर एवं सूचित निर्णय – कलेक्टर श्री चंद्रा
कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने कहा कि नीमच जिला प्रदेश का ऐसा पहला जिला है, जहां फसलों के लिए अनुशंसित पोषक तत्वों एवं उर्वरकों की मात्रा, प्रति हेक्टेयर फसल उत्पादन लागत एवं आर्थिक विश्लेषण तथा कृषि एवं पशुपालन की लागत एवं आर्थिक विश्लेषण से संबंधित तुलनात्मक चार्ट तैयार किए गए हैं। कार्यशाला के दौरान इन चार्टों का अतिथियों द्वारा विमोचन किया गया।
उन्होंने कहा कि इन चार्टों के माध्यम से किसानों को विभिन्न फसलों की उत्पादन लागत, आवश्यक पोषक तत्वों एवं उर्वरकों की मात्रा तथा कृषि एवं पशुपालन से होने वाले आर्थिक लाभ की तुलनात्मक जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध होगी। इससे किसान अपनी भूमि, उपलब्ध संसाधनों एवं संभावित आय को ध्यान में रखते हुए फसल एवं कृषि से जुड़ी गतिविधियों का चयन करने में सुविधा महसूस करेंगे और बेहतर एवं सूचित निर्णय ले सकेंगे।
कलेक्टर श्री चंद्रा ने कहा कि राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन किसानों के सहयोग के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि लगभग ढाई वर्ष पूर्व जिले में किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से 10 से 15 करोड़ रुपये तक का ऋण वितरित होता था, जो अब बढ़कर लगभग 50 करोड़ रुपये हो गया है। इस वर्ष के अंत तक केसीसी के माध्यम से 80 करोड़ रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। जिले में पशुपालकों को भी केसीसी के माध्यम से औसतन लगभग 35 हजार रुपये का ऋण उपलब्ध कराया गया है।
उन्होंने बताया कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण खाद एवं बीज उपलब्ध कराने तथा नकली उत्पादों की बिक्री रोकने के लिए खाद-बीज विक्रय एवं भंडारण केंद्रों पर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। किसानों को खाद के लिए अनावश्यक रूप से कतार में न लगना पड़े, इसके लिए भी आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इसी प्रकार की कार्यशालाएं आगामी दिनों में ब्लॉक एवं समिति स्तर पर भी आयोजित की जाएंगी।
कृषि वैज्ञानिक ने दी वैज्ञानिक कृषि प्रबंधन की जानकारी
कृषि वैज्ञानिक श्री सी.पी. पचौरी ने किसानों को वैज्ञानिक एवं आधुनिक तरीके से कृषि करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कृषि प्रबंधन, खाद एवं कीटनाशकों के आवश्यकता के अनुरूप उपयोग तथा कृषि संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए कृषि विज्ञान केंद्र एवं कृषि विभाग से संपर्क करने की सलाह दी।
उन्नत किसानों ने साझा किए नवाचार एवं सफलता के अनुभव
कार्यशाला में उन्नत किसानों ने कृषि एवं संबद्ध गतिविधियों में किए गए नवाचारों और अपने अनुभव साझा किए। किसान श्री हरीश पाटीदार ने ड्रैगन फ्रूट एवं गुलाब की खेती के माध्यम से आय बढ़ाने का अनुभव बताया। श्री भागीरथ नागदा ने जैविक खेती एवं अश्वगंधा आधारित उद्यम की जानकारी दी। जावद के श्री अनिल धाकड़ ने मधुमक्खी पालन एवं फूलों की खेती से जुड़े अनुभव साझा किए। श्री किशोर पाटीदार ने कामधेनु योजना के तहत पशुपालन एवं डेयरी संचालन की जानकारी दी।
कार्यशाला में पर ड्रॉप मोर क्रॉप योजना के अंतर्गत ड्रिप सिस्टम एवं मिनी स्प्रिंकलर सेट आदि का लाभ प्राप्त करने वाले हितग्राहियों श्री धनसुख राठौर, श्री कन्हैया लाल गुर्जर एवं श्री लाला बिहारी लाल तथा फसल बीमा राशि प्राप्त करने वाले हितग्राहियों श्री गोपाल धनगर,श्री तुलसी राम धाकड़ सहित अन्य हितग्राहियों को जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा हितलाभ का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सज्जन सिंह चौहान, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमन वैष्णव, श्रीमती वंदना खंडेलवाल, श्री राजू नागदा, श्री हेमंत हरित, उप संचालक कृषि श्री नगीन सिंह रावत, उप संचालक उद्यानिकी श्री पुप्पू कनेल, उप संचालक पशुपालन डॉ. ए.आर. धाकड़, उप संचालक मत्स्य पालन श्री देवसाह इनवाती सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
–00–
सेवा संकल्प अभियान के तहत 28 सितंबर को जिला टूरिज्म कॉन्क्लेव
कलेक्टर की अध्यक्षता में होगी बैठक,जिले की पर्यटन संभावनाओं को बढ़ावा देने पर होगा मंथन
नीमच, 23 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने तथा पर्यटन की संभावनाओं का पूर्ण दोहन करने के उद्देश्य से जिला टूरिज्म कॉन्क्लेव का आयोजन किया जाएगा। कॉन्क्लेव का आयोजन 28 सितंबर 2026 को प्रातः 11 बजे जिला पंचायत सभागार, नीमच में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में होगा।
कॉन्क्लेव में विभिन्न शासकीय विभागों, स्वयंसेवी संगठनों, पर्यटन क्षेत्र से जुड़े हितधारकों एवं अन्य संबंधित प्रतिनिधियों को एक मंच पर लाकर जिले के पर्यटन विकास की संभावनाओं पर चर्चा की जाएगी। बैठक में पर्यटन स्थलों के विकास, प्रचार-प्रसार तथा जिले की पर्यटन पहचान को और मजबूत करने के लिए आगामी कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
ये रहेंगे प्रमुख एजेंडे
बैठक में जिला पर्यटन मास्टर प्लान तैयार करने, जिले के पर्यटन स्थलों के प्रचार-प्रसार के लिए पेम्पलेट तैयार करने, पर्यटन के प्रचार-प्रसार से संबंधित विषयों पर चर्चा की जाएगी।
इसके साथ ही जिले में स्थित 100 वर्ष से अधिक पुराने ऐतिहासिक विरासत भवनों एवं स्थलों का सर्वेक्षण एवं सूचीकरण किए जाने के संबंध में भी विचार-विमर्श होगा। बैठक में डीएटीसीसी अध्यक्ष की सहमति से अन्य विषयों पर भी चर्चा की जाएगी।
कॉन्क्लेव में संबंधित अधिकारियों एवं पर्यटन क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों को निर्धारित समय पर उपस्थित रहने के लिए निर्देशित किया गया है।
–00–
जिले के 119 शासकीय हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों में मनाया गया ‘उमंग दिवस’
विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, सकारात्मक सोच एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता पर दिया जोर
नीमच, 23 सितम्बर 2026।जिले के 119 शासकीय हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों में 22 सितम्बर को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, सकारात्मक सोच एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता के उद्देश्य से ‘उमंग दिवस’ आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों के साथ विभिन्न गतिविधियों, संवाद एवं जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से सकारात्मक दृष्टिकोण, आत्मविश्वास एवं स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन एवं मॉनिटरिंग के लिए जिला एवं विकासखंड स्तर के अधिकारियों ने विभिन्न विद्यालयों का निरीक्षण किया। जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती ऐश्वर्या मुदंडा ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पड़दा एवं शासकीय हाईस्कूल भाटखेड़ी पहुंचकर उमंग दिवस की गतिविधियों का अवलोकन किया।
इसी क्रम में ए.डी.पी.सी. समग्र शिक्षा श्री निखिल पाटीदार ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जनकपुर मोरवन, सहायक संचालक श्री एस.एम. मांगरिया ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चिताखेड़ा, सहायक संचालक श्री मनोज जैन ने सांदीपनि विद्यालय, नीमच तथा सहायक सांख्यिकी अधिकारी डॉ. अक्षय सिंह बावल ने सीआरपीएफ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। नोडल अधिकारी उमंग, जिला नीमच श्री राजेश मलिक ने भी विभिन्न विद्यालयों में आयोजित गतिविधियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से संवाद कर ‘उमंग दिवस’ के उद्देश्यों तथा विद्यालयों में आयोजित गतिविधियों के क्रियान्वयन की जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच अपनाने, आत्मविश्वास बढ़ाने, अपनी भावनाओं को समझने तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया।
‘उमंग दिवस’ के माध्यम से विद्यार्थियों को शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ उनके भावनात्मक एवं सामाजिक विकास के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने तथा मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।
–00–
राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस पर जिलेभर में स्वास्थ्य जागरूकता और निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित
आयुष विभाग के शिविरों में 929 से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण, आयुर्वेदिक औषधियां एवं स्वास्थ्य परामर्श प्रदान किया गया
नीमच, 23 सितंबर 2026। 11वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस “स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद” के अवसर पर आयुष विभाग, नीमच द्वारा जिले के विभिन्न शासकीय आयुर्वेद औषधालयों एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से स्वास्थ्य परीक्षण, निःशुल्क चिकित्सा एवं स्वास्थ्य जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। जिले के विभिन्न स्थानों पर आयोजित शिविरों में 929 से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श किया गया तथा आवश्यकतानुसार निःशुल्क आयुर्वेदिक औषधियां वितरित की गईं।
आयुष विंग पंचकर्म थेरेपी सेंटर में आयोजित निःशुल्क आयुर्वेदिक एवं होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर में 154 रोगियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। आमजन को आवश्यक चिकित्सा परामर्श के साथ निःशुल्क आयुष औषधियां प्रदान की गईं।
इसी क्रम में विभिन्न शासकीय आयुर्वेद औषधालयों एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिरों द्वारा अम्बा, नीमच सिटी, जमुनिया कला, चचोर, सावन, हरवार, दारू, अलोरी गरवाड़ा, कुंडला, धामनिया, कदवासा, बामोरा, आंत्रीबुजुर्ग, जावी, बगाना, चिताखेड़ा, मनासा, नलवा एवं थडोद सहित विभिन्न स्थानों पर चिकित्सा एवं जागरूकता शिविर आयोजित किए गए।
शिविरों में लोगों को दिनचर्या, ऋतुचर्या, संतुलित आहार, आहार-विहार, योग एवं प्राणायाम, व्यक्तिगत स्वच्छता तथा स्वस्थ जीवनशैली के संबंध में जानकारी दी गई। मधुमेह, उच्च रक्तचाप, मोटापा, जोड़ों के रोग, श्वास-कास, त्वचा रोग, उदर संबंधी समस्याओं सहित विभिन्न जीवनशैलीजन्य एवं मौसमी रोगों की रोकथाम के संबंध में चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। कई शिविरों में बीपी, शुगर एवं वजन की जांच भी की गई।
विद्यार्थियों और ग्रामीणों को आयुर्वेद एवं पोषण का संदेश
जिले के विद्यालयों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों में भी आयुर्वेद दिवस के अवसर पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। विद्यार्थियों एवं ग्रामीणजनों को आयुर्वेद की उपयोगिता, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के उपाय, संतुलित आहार तथा योग के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।
जमुनिया कला में आयोजित कार्यक्रम में हल्दी, अदरक, जीरा, धनिया, सौंफ, अजवाइन, आंवला, मूंग, तिल एवं गुड़ जैसे खाद्य पदार्थों एवं मसालों की आहार प्रदर्शनी लगाकर उनके आयुर्वेदिक गुण एवं स्वास्थ्य में उपयोगिता समझाई गई। वहीं बगाना क्षेत्र के ग्राम तेलनखेड़ी में विद्यार्थियों, प्राचार्य एवं शिक्षकों को आयुर्वेद दिवस की प्रतिज्ञा भी दिलाई गई।
राष्ट्रीय पोषण माह के तहत पोषण जागरूकता
शासकीय आयुर्वेदिक औषधालय जनकपुर द्वारा आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-2 में नवम राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत पोषण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें गर्भवती एवं धात्री माताओं, किशोरियों तथा बच्चों के अभिभावकों को प्रोटीन एवं फाइबर युक्त संतुलित आहार, एनीमिया की रोकथाम, व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वच्छ पेयजल, नियमित स्वास्थ्य जांच एवं स्वस्थ जीवनशैली के संबंध में जानकारी दी गई। कार्यक्रम में 42 प्रतिभागियों ने सहभागिता की।
आयुष विभाग द्वारा आयोजित इन गतिविधियों का उद्देश्य आयुर्वेद की वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक उपयोगिता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना, निवारक स्वास्थ्य देखभाल को प्रोत्साहित करना तथा लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
–00–
अवैध रेत एवं खनिज परिवहन-भंडारण पर कलेक्टर की सख्ती
10 प्रकरणों में 4 लाख 86 हजार 950 रुपये की शास्ति अधिरोपित
नीमच 23 सितम्बर 2026, जिले में अवैध खनन, खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भण्डारण का निवारण) नियम, 2022 के प्रावधानों के तहत 10 प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए संबंधित वाहन मालिकों पर कुल 4 लाख 86 हजार 950 रुपये की शास्ति अधिरोपित की है। यह कार्रवाई जिला खनिज अधिकारी द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदनों के आधार पर की गई है।
जिला खनिज अधिकारी के अनुसार 10 सितम्बर 2026 को तहसील नीमच के किलेश्वर मंदिर के सामने जांच के दौरान ट्रैक्टर क्रमांक MP44ZD3115 से रेत का अवैध परिवहन पाए जाने पर वाहन मालिक श्रीमती जरीना बी पति सत्तार खां निवासी स्कीम नं.9 शकर ऑयल मील के सामने , तहसील नीमच के विरुद्ध कार्रवाई की गई। प्रकरण में रॉयल्टी की 15 गुना राशि 3 हजार 750 रुपये तथा 25 हजार रुपये पर्यावरण क्षतिपूर्ति सहित कुल 28 हजार 750 रुपये की शास्ति अधिरोपित की गई।
इसी दिन ग्राम बिसलवास खदान तह.नीमच से ट्रैक्टर न्यू फार्मटेक 45 से खनिज का अवैध परिवहन पाए जाने पर वाहन मालिक राकेश पिता ओमप्रकाश गोस्वामी निवासी बिसलवासखुर्द, तहसील नीमच के विरुद्ध कार्रवाई की गई। प्रकरण में रॉयल्टी की 15 गुना राशि 3 हजार 600 रुपये तथा 25 हजार रुपये पर्यावरण क्षतिपूर्ति सहित कुल 28 हजार 600 रुपये की शास्ति अधिरोपित की गई।
15 सितम्बर 2026 को तहसील मनासा के ग्राम खानखेड़ी से टैक्टर न्यू हॉलेण्ड क्रमांक MP44ZH0835 से खनिज का अवैध परिवहन पाए जाने पर वाहन मालिक रामानन्द पिता धनश्याम बैरागी निवासी खानखे़ड़ी तह.मनासा के विरूद्ध कार्रवाई की गई प्रकरण में रॉयल्टी की 15 गुना राशि 3 हजार750 रुपये तथा 25 हजार रुपये पर्यावरण क्षतिपूर्ति सहित कुल 28 हजार 750 रुपये की शास्ति अधिरोपित की गई।
इसी दिन तहसील मनासा के खानखेडी में जांच के दौरान ट्रैक्टर स्वराज 742 से अवैध खनिज का अवैध परिवहन पाए जाने पर वाहन मालिक पंकज पिता बंशीलाल प्रजापत , निवासी खानखेड़ी, तह. मनासा के विरुद्ध कार्रवाई की गई। प्रकरण में रॉयल्टी की 15 गुना राशि 3 हजार 750 रुपये तथा 25 हजार रुपये पर्यावरण क्षतिपूर्ति सहित कुल 28 हजार 750 रुपये की शास्ति अधिरोपित की गई।
इसी दिन ग्राम खानखेड़ी में ट्रैक्टर क्रमांक MP44AB4309 से खनिज का अवैध परिवहन पाए जाने पर वाहन मालिक मांगीलाल पिता नारायणलाल धनगर निवासी ग्राम खानखेड़ी तह.मनासा के विरुद्ध कार्रवाई की गई। प्रकरण में रॉयल्टी की 15 गुना राशि 3 हजार 750 रुपये तथा 25 हजार रुपये पर्यावरण क्षतिपूर्ति सहित कुल 28 हजार 750 रुपये की शास्ति अधिरोपित की गई।
16 सितम्बर 2026 को तहसील जावद नयागांव में जांच के दौरान ट्रैक्टर क्रमांक RJ09RB5741 से खंडा पत्थर का अवैध परिवहन पाए जाने पर वाहन मालिक प्रकाश पिता भुरालाल माली, निवासी मंडा गुलफरोशान, तहसील निम्बाहेडा के विरुद्ध कार्रवाई की गई। प्रकरण में रॉयल्टी की 15 गुना राशि 3 हजार 600 रुपये तथा 25 हजार रुपये पर्यावरण क्षतिपूर्ति सहित कुल 28 हजार 600 रुपये की शास्ति अधिरोपित की गई।
इसी दिन नयागांव टोल तह. जावद से ट्रैक्टर महिन्द्र 275 RJ09RE4690 से खंडा पत्थर का अवैध परिवहन पाए जाने पर वाहन मालिक दिनेश पिता बाबुलाल कीर निवासी आकिया, तहसील निम्बाहेड़ा के विरुद्ध कार्रवाई की गई। प्रकरण में रॉयल्टी की 15 गुना राशि 3 हजार 600 रुपये तथा 25 हजार रुपये पर्यावरण क्षतिपूर्ति सहित कुल 28 हजार 600 रुपये की शास्ति अधिरोपित की गई।
इसी दिन को तहसील जावद के ग्राम नयागांव से टैक्टर महिन्द्रा 275 क्रमांक RJ09RF2392 से खण्डा पत्थर का अवैध परिवहन पाए जाने पर वाहन मालिक जीवराज पिता मोतीलाल कीर निवासी कल्याणपुरा तह.निम्बाहेडा के विरूद्ध कार्रवाई की गई प्रकरण में रॉयल्टी की 15 गुना राशि 3 हजार 600 रुपये तथा 25 हजार रुपये पर्यावरण क्षतिपूर्ति सहित कुल 28 हजार 600 रुपये की शास्ति अधिरोपित की गई।
02 सितम्बर 2026 को तहसील नीमच के भाटखेड़ा में जांच के दौरान वाहन डंपर क्रमांक MP44HA0817 से गिट्टी का अवैध परिवहन पाए जाने पर वाहन मालिक मनोज पिता मोहनलाल धाकड़ , निवासी 36 महू रोड नीमच के विरुद्ध कार्रवाई की गई। प्रकरण में रॉयल्टी की 15 गुना राशि 28 हजार 800 रुपये तथा 2 लाख रुपये पर्यावरण क्षतिपूर्ति सहित कुल 2लाख 28 हजार 800 रुपये की शास्ति अधिरोपित की गई।
07 सितम्बर 2026 ग्राम गिरदौडा तह.नीमच में ट्रैक्टर क्रमांक MP44ZC8266 से रेत का अवैध परिवहन पाए जाने पर वाहन मालिक राजेश पिता रामप्रसाद नागदा निवासी ग्राम कानाखेड़ा तह.नीमचके विरुद्ध कार्रवाई की गई। प्रकरण में रॉयल्टी की 15 गुना राशि 3 हजार 750 रुपये तथा 25 हजार रुपये पर्यावरण क्षतिपूर्ति सहित कुल 28 हजार 750 रुपये की शास्ति अधिरोपित की गई।
कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने निर्देश दिए हैं कि अधिरोपित शास्ति की राशि निर्धारित अवधि में शासकीय कोष में जमा कराई जाए। शास्ति राशि जमा होने के बाद नियमानुसार जब्त वाहनों को मुक्त किया जाएगा। निर्धारित अवधि में राशि जमा नहीं किए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध प्रचलित प्रावधानों के तहत भू-राजस्व की भांति वसूली की कार्रवाई की जाएगी।
–00–
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से कैलाश कछावा के फूलों के व्यवसाय को मिला आर्थिक संबल
नीमच, 23 सितंबर 2026। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना छोटे एवं फुटकर व्यवसायियों के लिए आर्थिक संबल का माध्यम बन रही है। योजना के तहत प्राप्त ऋण से हितग्राही अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने के साथ परिवार की आर्थिक स्थिति में सुधार ला रहे हैं।
मनासा तहसील निवासी श्री कैलाश कछावा फूलों से माला बनाने का व्यवसाय करते हैं। उन्होंने बताया कि व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए उन्होंने नगर पंचायत के माध्यम से प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत 10 हजार रुपये के ऋण के लिए आवेदन किया, जिसे स्वीकृत कर उन्हें ऋण राशि प्राप्त हुई।
श्री कछावा ने बताया कि ऋण से मिली राशि से उन्होंने फूलों की माला बनाने के व्यवसाय के लिए आवश्यक सामग्री जुटाई और व्यवसाय को सुचारू रूप से संचालित करने में मदद मिली। इससे उनके व्यवसाय में वृद्धि हुई और आय बढ़ने के साथ परिवार की आर्थिक स्थिति में भी सुधार आया। योजना से मिले सहयोग ने उनका आत्मविश्वास बढ़ाया तथा छोटे व्यवसाय को विस्तार देने का अवसर प्रदान किया।
श्री कैलाश कछावा ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के माध्यम से मिले आर्थिक सहयोग के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
–00–
गांधीसागर डेम खनाखेड़ी जीरो पॉइंट पर अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ कार्रवाई
रेत का अवैध उत्खनन करते 4 नाव एवं खनिज गिट्टी का अवैध परिवहन करते 1 डम्पर जब्त
नीमच, 23 सितंबर 2026। मनासा क्षेत्र के गांधीसागर डेम के डूब क्षेत्र में रेत के अवैध उत्खनन की प्राप्त शिकायतों पर जिला प्रशासन एवं खनिज विभाग द्वारा कार्रवाई की गई। दिनांक 23 सितंबर 2026 की रात्रि में जिला खनिज अधिकारी श्री जगनसिंह भिड़े, प्रभारी खनिज निरीक्षक श्री सुनील जाधव एवं टीम द्वारा संयुक्त रूप से ग्राम खनाखेड़ी स्थित जीरो पॉइंट पर छापामार कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान ग्राम खनाखेड़ी के पास गांधीसागर डेम के बैकवाटर में रेत का अवैध उत्खनन करते हुए चार नावें जब्त की गईं। नावों को रखने के लिए उपयुक्त स्थान उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें मौके पर ही पानी में डुबो दिया गया।
इसी क्रम में ग्राम सेमली चन्द्रावत में जांच के दौरान खनिज गिट्टी का अवैध परिवहन करते हुए डम्पर क्रमांक RJ09GE9605 को भी जब्त किया गया। जब्त डम्पर को पुलिस चौकी सरवानिया महाराज की अभिरक्षा में रखा गया है।
जिला प्रशासन एवं खनिज विभाग द्वारा अवैध खनन एवं खनिज के अवैध परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई निरंतर जारी है।
–00–
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत जिले में सेवा सेतु शिविरों का आयोजन
नीमच, 23 सितंबर 2026। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का अधिकाधिक उपभोक्ताओं को लाभ दिलाने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड द्वारा नीमच जिले के विभिन्न विकासखंडों में “सेवा सेतु शिविरों” का आयोजन किया जा रहा है।
इन शिविरों के माध्यम से आमजन को सौर ऊर्जा अपनाकर बिजली के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने, रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित करने तथा शासन द्वारा प्रदत्त ₹78,000 तक की सब्सिडी एवं ऋण सुविधा का लाभ प्राप्त करने संबंधी जानकारी एवं आवश्यक मार्गदर्शन एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जाएगा।
योजना का लाभ अधिकाधिक पात्र उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के लिए सेवा सेतु शिविरों का आयोजन जीरन में 24 सितंबर 2026, रामपुरा में 1 अक्टूबर 2026, जावद में 5 अक्टूबर 2026, मनासा में 6 अक्टूबर 2026 तथा नीमच में 7 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा।
योजना की अधिक जानकारी एवं लाभ प्राप्त करने के लिए मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी, नीमच के समस्त संभागीय कार्यालय,वितरण केंद्र कार्यालय तथा जिला अक्षय ऊर्जा अधिकारी, जिला मंदसौर से संपर्क किया जा सकता है।
–00–


