समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 24 सितंबर 2026 गुरुवार

शामगढ़ में आस्था और उल्लास के साथ निकला जलझूलनी एकादशी का भव्य जल जुलूस
विभिन्न मंदिरों की वेवान, आकर्षक झांकियां और अखाड़ों के हैरतअंगेज करतब रहे आकर्षण का केंद्र
शामगढ़। जलझूलनी एकादशी के अवसर पर मंगलवार को शामगढ़ नगर में आस्था, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। डोल ग्यारस उत्सव समिति के तत्वावधान में नगर के विभिन्न मंदिरों से भगवान की वेवान निकाली गई। अलग-अलग मंदिर समितियों द्वारा ट्रैक्टरों पर आकर्षक झूले और धार्मिक झांकियां सजाई गई थीं। हजारों की संख्या में श्रद्धालु नगर की सड़कों पर उमड़े और झांकियों के दर्शन कर धर्मलाभ लिया।जल जुलूस नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए श्री कृष्ण तलाई पहुंचा, जहां भगवान की भव्य आरती की गई। इसके बाद प्रसाद वितरण हुआ तथा भगवान कृष्ण का जल स्नान कराया गया। मालवा क्षेत्र में मानसून की फसल आने का समय होने के कारण पर्व को लेकर किसानों और आमजन में भी विशेष उत्साह देखने को मिला।जुलूस में विष्णु-गरुड़ की आकर्षक झांकी और भोलेनाथ की सवारी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। वहीं माली समाज एवं वाल्मीकि समाज के अखाड़ों ने विभिन्न हैरतअंगेज करतब और शारीरिक कौशल का प्रदर्शन किया। अखाड़े के युवाओं ने सीने पर बड़ी पत्थर की शिला रखकर हथौड़े से उसे तुड़वाने, शरीर पर सुइयां चुभाने और मिर्ची मिले पानी में स्नान करने जैसे करतब प्रस्तुत किए। एक युवक द्वारा कांच की ट्यूबलाइट चबाने का प्रदर्शन भी लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र रहा। इसके अलावा लाठी एवं अन्य पारंपरिक हथियारों के संचालन का कौशल भी अखाड़े के सदस्यों ने दिखाया।
जुलूस का जगह-जगह स्वागत– जलझूलनी एकादशी का जल जुलूस नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरा। इस दौरान विभिन्न धार्मिक, सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों द्वारा जुलूस का स्वागत किया गया। जगह-जगह श्रद्धालुओं के लिए प्रसादी की व्यवस्था की गई। सब्जी मंडी चौराहे पर सज्जन वर्मा मित्र मंडल द्वारा प्रसादी का वितरण किया गया। पूरे नगर में दिनभर धार्मिक उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
बेवान एवं झांकियों को दिए गए प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार- जलझूलनी एकादशी के अवसर पर निकाली गई बेवान एवं झांकियों में बेहतर प्रस्तुति के लिए पुरस्कार भी प्रदान किए गए। श्रद्धालुओं और आयोजन समिति द्वारा चयन के बाद खाती समाज के बेवान को प्रथम पुरस्कार, पंजाब समाज की झांकी को द्वितीय पुरस्कार तथा राजपूत समाज की झांकी को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। नगर परिषद अध्यक्ष कविता नरेंद्र यादव द्वारा तीनों विजेता बेवान एवं झांकियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
वाल्मीकि अखाड़े के सदस्यों का सम्मान- नगर परिषद अध्यक्ष कविता नरेंद्र यादव द्वारा शानदार प्रदर्शन किए जाने के बाद अखाड़े के सदस्यों का सम्मान किया गया। अखाड़े के युवाओं द्वारा प्रस्तुत किए गए विभिन्न करतबों की उपस्थित लोगों ने सराहना की। इस दौरान नगर परिषद अध्यक्ष कविता नरेंद्र यादव, उपाध्यक्ष डाली रामगोपाल जोशी, सीएमओ सुरेश यादव, जलकर सभापति बंटी, पार्षद प्रतिनिधि गोपाल जोशी एवं नवीन परक्या सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
पुलिस एवं नगर परिषद की व्यवस्था रही सराहनीय- जल जुलूस के दौरान नगर परिषद प्रशासन और पुलिस प्रशासन द्वारा बेहतर व्यवस्थाएं की गईं। थाना प्रभारी कपिल सौराष्ट्रीय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था संभाली। पुलिस की व्यवस्था के चलते जुलूस के दौरान यातायात सुचारू बना रहा और श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।
श्रद्धालुओं ने लिया धर्मलाभ-जलझूलनी एकादशी का यह धार्मिक आयोजन पूरे उत्साह और उमंग के साथ संपन्न हुआ। नगर की सड़कों पर हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ रही। विभिन्न मंदिरों से निकली आकर्षक वेवान, धार्मिक झांकियां, भगवान की सवारियां और अखाड़ों के प्रदर्शन ने लोगों का मन मोह लिया। श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर धर्मलाभ लिया और इस पारंपरिक धार्मिक आयोजन में उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
–00–
मल्हारगढ़ में हाईवे जाम करने पर कांग्रेस नेताओं समेत 18 लोगों पर प्रकरण दर्ज
मल्हारगढ़।पिछले दिनों चंगेरी निवासी युवक की एथेनॉल फैक्ट्री में हुई मौत के मामले को लेकर किए गए हाईवे जाम के संबंध में पुलिस ने कांग्रेस नेताओं समेत 18 लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस ने मामले में श्यामलाल जोकचंद्र, परशुराम सिसोदिया, अनिल शर्मा, विजेश मालेचा सहित कुल 18 लोगों को आरोपी बनाया है।
बताया जा रहा है कि युवक की मौत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने घटना को लेकर विरोध जताते हुए हाईवे पर जाम लगाया था। प्रदर्शन के दौरान मृतक के परिवार को उचित मुआवजा और मामले में कार्रवाई की मांग की गई थी। पुलिस ने हाईवे जाम और अन्य संबंधित आरोपों के आधार पर प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
–00–
सीतामऊ क्षेत्र में आबकारी विभाग की कार्रवाई, 4 प्रकरण दर्ज
सीतामऊ। कलेक्टर दिव्यांक सिंह के निर्देश पर अवैध मदिरा के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीम ने मंगलवार को सीतामऊ क्षेत्र के ग्राम ढंडेरा, मोरखेड़ा, लदूना और धतुरिया में दबिश दी। तलाशी के दौरान अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखी गई 50 पाव मसाला देशी शराब, 23 पाव प्लेन शराब और 7 माउंट बीयर केन बरामद कर जब्त किए गए।कार्रवाई में आरोपियों के विरुद्ध सहित कुल 4 प्रकरण मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क) के तहत दर्ज कर विवेचना में लिए गए। टीम में सहायक जिला आबकारी अधिकारी राजकुमारी मंडलोई सहित आबकारी आरक्षक चेतन राठौर, कपिल मारू, महेश कारपेंटर एवं महिमा शामिल रहे।
–00-
दो बाइक की आपस में भिड़ंत, अफजलपुर के एक व्यक्ति की मौत, पगारिया ( भवानी मंडी ) थाना अंतर्गत तीन जने घायल
मंदसौर। जिले कें नारायणगढ़ थाना क्षेत्र के मच्छी रोड़ कें बासखेड़ी मगरा के पास दो बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई, जिससे हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई और चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तुरंत नारायणगढ़ स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए सभी को जिला अस्पताल मंदसौर रेफर कर दिया गया।
इस सड़क हादसे में मदनलाल सैन पिता भंवरलाल, निवासी झावल, थाना अफजलपुर, जिला मंदसौर की मृत्यु हो गई है। वहीं, इस दुर्घटना में दुर्गेश व्यास (पिता कैलाश व्यास), ईश्वर मेघवाल (पिता अमरलाल) और प्रीतम जैन (पिता गौतम जैन)—तीनों निवासी बनी, थाना पगारिया, जिला झालावाड़ घायल हुए हैं, जिनका उपचार जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही
–00–
जिले में एक ग्राम एक उद्यम तथा उपज से उद्यम योजना शीघ्र मूर्त रूप लेने की ओर अग्रसर
कृषि उद्यानिकी उत्पादों की प्रसंस्करण इकाइयों का जाल बिछेगा कृषक होंगे ओर समृद्ध
मंदसौर 23 सितंबर 2026 / कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह द्वारा जिले में अभिनव पहल करते हुए कृषि तथा उद्यानिकी उत्पादों की प्रसंस्करण इकाइयों की व्यापक स्थापना की कार्य योजना तैयार की गई है। मंदसौर जिले में कृषि तथा उद्यानिकी फसलों के प्रचुर उत्पादन के दृष्टिगत किसानों की आय में उत्तरोत्तर वृद्धि के लिए कलेक्टर द्वारा योजना बनाई गई है। इसके तहत फसल उत्पादन की प्रसंस्करण इकाइयों का जाल फैला कर किसानों को उतरोत्तर समृद्धि की दिशा की ओर ले जाना है तथा मंदसौर जिले को ब्रांड के रूप में स्थापित करना है। इसके लिए शासन की विभिन्न योजनाओं से किसानों को लाभ पहुंचाया जाएगा। किसान की फसल को प्रसंस्करण के माध्यम से मार्केट लिकेज देने की योजना बनाई गई है। इस संबंध में एक बैठक बुधवार को संपन्न हुई। बैठक में उद्योग कृषि उद्यानिकी तथा पशुपालन विभागों द्वारा अपनी कार्य योजनाएं प्रस्तुत की गई।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिले में प्रचुर मात्रा में उत्पादित फसलों के प्रसंस्करण जैसे गार्लिक पेस्ट, जेम, स्क्वाश, जूस, अचार, पाउडर इत्यादि तैयार करने के लिए उत्पादन करता किसानों को शासन की योजना से मदद देकर उत्पादन यूनिट तैयार करवाई जाएगी जहां से तैयार उत्पाद को मार्केट लिंकेज किया जाएगा। जिससे किसान की आय में अपेक्षा अनुसार अधिकाधिक वृद्धि हो सकेगी।
योजना के अनुसार जिले में किसानों के क्लस्टर तैयार किया जा रहे हैं। कृषि विभाग द्वारा 12 क्लस्टर तैयार किए गए हैं जिनमें बड़ी संख्या में किसानों को जोड़ा गया है। जिले में भानपुरा क्षेत्र में परंपरागत रूप से पान की खेती करने वाले किसानों का भी क्लस्टर तैयार किया गया है। योजना अनुसार किसानों के कृषक उत्पादक समूहों को भी तैयार किया जा रहा है।
बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि अधिकारी अपने विभाग की उस योजना को विशेष रूप से चिन्हित करें जो किसान को उद्यमी के रूप में स्थापित करने में ज्यादा मददगार सिद्ध हो। कलेक्टर ने कहा कि मंदसौर जिला कृषि एवं उद्यानिकी फसलों से समृद्ध है इसलिए जिले के किसानों को समृद्धि की ओर ले जाकर देश-विदेश में एक ब्रांड के रूप में स्थापित करना है। इसके लिए हमें लोन फैसिलिटी, अनुदान सहायता, बाजार उपलब्धता, दूर स्थान से कनेक्टिविटी आदि सभी बिंदुओं पर गहराई से कार्य करना है। बैठक में जिला उद्योग विभाग द्वारा अपने प्रेजेंटेशन में बताया गया कि जिले की 468 में से 330 ग्राम पंचायत में छोटे-छोटे 650 से अधिक उद्योग सूक्ष्म लघु मध्यम उद्यम योजना की मदद से स्थापित किए गए हैं। जिनमें 2700 से अधिक लोग रोजगार अर्जित कर रहे हैं उद्योगों में 173 करोड़ रुपए से अधिक का निवेश हुआ है।
–00–
कलेक्टर ने सुशासन भवन में गणेश जी की आरती की
सुशासन भवन में गणेश उत्सव
मंदसौर 23 सितंबर 2026 / कलेक्ट्रेट सुशासन भवन में गणेश उत्सव आयोजित किया जा रहा है। बुधवार को कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह ने भगवान श्री गणेश जी की आरती कर जिलेवासियों की सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
इस दौरान अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल, संयुक्त कलेक्टर सुश्री प्रीति संघवी, जिला अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे।
सेवा संकल्प अभियान के तहत नमो सेवा अनकही कहानियां थीम पर नुक्कड़ नाटक संपन्न
मंदसौर 23 सितंबर 2026 / सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत नमो सेवा एवं अनकही कहानी कार्यक्रम के अंतर्गत सांस्कृतिक विभाग के कलाकारों द्वारा ग्राम नगरी, मंदसौर अयोध्या बस्ती, डिगांवमाली में बुधवार को नुक्कड़ नाटको की आकर्षक प्रस्तुति दी गई।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं एवं जनसेवा से जुड़ी अनकही कहानियों को रोचक ढंग से प्रस्तुत किया गया।
इस अवसर श्री प्रदीप ठन्ना, सुश्री संगीता वर्मा, श्री चंद्रशेखर अटोलिया, श्री भोला किर, श्री नानालाल अटोलिया, श्री जगदीश अटोलिया, श्री सोनू खारोल, पार्षदगण सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं प्रबुद्धजन, नागरिकगण उपस्थित थे।
–00–
जिला चिकित्सालय मंदसौर में अत्याधुनिक फेको तकनीक से मोतियाबिंद के सफल ऑपरेशन
मंदसौर 23 सितंबर 2026 / सुंदरलाल पटवा शासकीय मेडिकल कॉलेज मंदसौर एवं इंदिरा गांधी जिला चिकित्सालय मंदसौर के नेत्र विभाग द्वारा मोतियाबिंद के उपचार में एक नई उपलब्धि हासिल की गई है।
जिला चिकित्सालय में 22 सितंबर 2026 को नवीनतम फेकोइमल्सीफिकेशन (Phacoemulsification) तकनीक द्वारा 8 मरीजों के मोतियाबिंद का सफल ऑपरेशन कर फोल्डेबल लेंस (Foldable IOL) का प्रत्यारोपण किया गया। इस आधुनिक तकनीक में बिना टांके के सूक्ष्म चीरे से ऑपरेशन किया जाता है, जिससे मरीज को जल्द स्वास्थ्य लाभ मिलता है।
इससे पूर्व दिनांक 21 सितंबर 2026 को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) नाहरगढ़ में एक विशाल निःशुल्क मोतियाबिंद जाँच शिविर का आयोजन किया गया था, जिसमें 112 मरीजों ने लाभ लिया। शिविर में चिन्हित मरीजों को ही जिला चिकित्सालय लाकर यह अत्याधुनिक ऑपरेशन निःशुल्क किया गया।
यह संपूर्ण शिविर एवं ऑपरेशन नेत्र रोग विभागाध्यक्ष डॉ. अतुल भिरुड एवं उनकी टीम द्वारा सफलतापूर्वक संपन्न किए गए।
इस पुनीत कार्य को SPGMC के अधिष्ठाता डॉ. शशि गांधी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर. के. द्विवेदी एवं सिविल सर्जन डॉ. बी. एल. रावत का विशेष मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। शिविर के आयोजन में PHC नाहरगढ़ के स्टाफ एवं रोटरी क्लब मंदसौर का सराहनीय सहयोग रहा।
जिला चिकित्सालय प्रशासन ने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया है और आमजन से अपील की है कि समय पर आँखों की जाँच कराएँ।
अधिक जानकारी के लिए श्री अजमेरा 9165153003, श्री अरुण 6263252009, डॉ. अतुल 8146181197 नंबर पर संपर्क करें।
–00–
टीबी के विरुद्ध जन जागरूकता के लिए स्कूल में कार्यशाला आयोजित की गई
मंदसौर 23 सितंबर 2026 / प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह के निर्देश पर तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर आर. के. द्विवेदी के मार्गदर्शन में जिले के भानपुरा विकासखंड में टीबी की बीमारी के विरुद्ध जन जागरूकता उत्पन्न करने के लिए शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल बाबुल्दा में कार्यशाला का आयोजन किया गया जहां लगभग डेढ़ सौ छात्राओं एवं शिक्षक गणों की टीबी की स्क्रीनिंग की गई साथ ही शपथ भी दिलाई गई।
–00–
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना 78 हजार रूपये तक अनुदान एवं ऋण सुविधा
शिविर 28 सितंबर से 7 अक्टूबर तक विभिन्न विकासखण्डों में
मंदसौर 23 सितंबर 2026 / जिला अक्षय ऊर्जा अधिकारी द्वारा बताया गया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को लाभ दिलाने के उदेश्य से विद्युत वितरण कम्पनी द्वारा जिले में विकाखण्ड स्तर पर सेवा सेतु शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों के माध्यम से आमजन को सौर उर्जा अपनाकर बिजली के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने हेतु सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापित करने तथा शासन द्वारा प्रदत्त 78 हजार रूपये तक अनुदान एवं ऋण सुविधा का लाभ दिया जा रहा है।
योजना का लाभ अधिकाधिक पात्र उपभोक्ताओं तक पहुँचाने हेतु शिविरों का आयोजन 28 सितंबर को गरोठ तथा मल्हारगढ़ में, 29 सितंबर को भानपुरा में, 30 सितंबर सीतामऊ में, 5 अक्टूबर को मंदसौर तथा चन्द्रपुरा में, 6 अक्टूबर सुवासरा तथा शामगढ़ में एवं 7 अक्टूबर को पिपल्यिामण्डी में किया जावेगा।
अधिक जानकारी एवं योजना का लाभ प्राप्त करने हेतु मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कम्पनी मंदसौर के समस्त संभागीय कार्यालय, वितरण केन्द्र कार्यालय एवं जिला अक्षय ऊर्जा अधिकारी जिला मंदसौर से संपर्क किया जा सकता है।
–00–
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान: जिले के सीतामऊ में शिविर 24 सितंबर को होगा
उद्वम संवाद सीतामऊ में एवं जनसंवाद कार्यक्रम फतेहपुर चिकली में होगा
मंदसौर 23 सितंबर 2026 / मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत जिले के सीतामऊ में 24 सितंबर को शिविर आयोजित होगा। कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह ने सभी अधिकारियों को शिविर की तैयारी के निर्देश जारी किए हैं। इस दौरान अभियान के अंतर्गत जन समस्याओं शिकायतों का निराकरण किया जाएगा संबंधित जनप्रतिनिधीकरण अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहेंगे।
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत उद्यम संवाद कार्यक्रम सीतामऊ में प्रात: 09:30 में होगा एवं जनसंवाद कार्यक्रम फतेहपुर चिकली में दोपहर 2 बजे होगा। सीतामऊ के अलावा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में 24 सितंबर को अधिकारियों द्वारा भ्रमण करके लोक संपर्क किया जाएगा। आमजन की शिकायत और समस्याओं का यथासंभव त्वरित निराकरण किया जाएगा। जिन शिकायतो समस्याओं के निराकरण में समय सीमा देनी होगी तो निश्चित समय सीमा दी जाएगी।
24 सितंबर को अधिकारियों द्वारा संपूर्ण सीतामऊ क्षेत्र के वार्डो का भ्रमण किया जाएगा। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण किया जाएगा।
–00–
जिला पंचायत साधारण सभा की बैठक 14 अक्टूबर को होगी
मंदसौर 23 सितंबर 2026 / जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा बताया गया कि जिला पंचायत मंदसौर की साधारण सभा की 14 अक्टूबर 2026 को जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दुर्गा डॉ. विजय पाटीदार की अध्यक्षता में आयोजित होगी। बैठक दोपहर 01 बजे जिला पंचायत मंदसौर के सभा कक्ष में आयोजित होगी।
–00–


