खो-खो प्रतियोगिता में सुवासरा के विनायक व अर्पित ने जीता स्वर्ण पदक,अभा प्रतियोगिता में हुआ चयन

खो-खो प्रतियोगिता में सुवासरा के विनायक व अर्पित ने जीता स्वर्ण पदक,अभा प्रतियोगिता में हुआ चयन
पंकज बैरागी
सुवासरा। विद्या भारती मालवा, मंदसौर विभाग अंतर्गत सरस्वती शिशु विद्या मंदिर सुवासरा के भैयाओं ने एक बार फिर खेल जगत में विद्यालय एवं नगर का नाम गौरवान्वित किया है। विद्यालय के भैया विनायक धनोतिया एवं भैया अर्पित डपकरा ने क्षेत्रीय खो-खो प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
खेल शिक्षक अनिल सोनी ने जानकारी देते हुए बताया कि 18 से 21 सितंबर तक शहडोल में आयोजित क्षेत्र स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता में दोनों विद्यार्थियों ने शानदार खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल करने के साथ ही भैया विनायक धनोतिया एवं भैया अर्पित डपकरा का चयन अखिल भारतीय खो-खो प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
अखिल भारतीय स्तर की प्रतियोगिता 8 से 11 अक्टूबर तक मेरठ में आयोजित की जाएगी। इसमें दोनों खिलाड़ी मध्य क्षेत्र की टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।
दोनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धी से मंदसौर विभाग एवं विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। उनकी सफलता पर श्री राघवेंद्र देराश्री (विभाग समन्वयक, मंदसौर), श्री वीरेंद्र जैन (अध्यक्ष, विवेकानंद शिक्षण समिति), श्री पुरुषोत्तम व्यास (सचिव), श्री सत्यनारायण मुजावदिया (कोषाध्यक्ष), श्री संतोष यादव (प्राचार्य), श्री अनिल सोनी (खेल शिक्षक) सहित समस्त आचार्य परिवार ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय परिवार ने दोनों खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगामी अखिल भारतीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।



