नीमचमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश नीमच 11 सितंबर 2026 शुक्रवार

श्री टी कंपनी का आकस्मिक निरीक्षण, 1.385 लाख रुपये की खाद्य सामग्री जप्त

चाय में इलायची के स्थान पर इलायची छिलके का उपयोग पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा टीम ने लिए 4 नमूने

नीमच, 10 सितम्बर 2026। नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, मध्यप्रदेश, भोपाल तथा कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार जिले में मिलावटी एवं अमानक खाद्य पदार्थों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा टीम द्वारा अभियान निरंतर जारी है। इसी क्रम में 10 सितम्बर को खाद्य सुरक्षा टीम ने नीमच के विकास नगर स्थित खाद्य प्रतिष्ठान श्री टी कंपनी का आकस्मिक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान पर चाय में इलायची के स्थान पर इलायची छिलके का उपयोग किया जाना पाया गया। मौके पर विभिन्न पैकिंग में इलायची युक्त चाय का निर्माण एवं पैकिंग की जा रही थी। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं मानकों की जांच के लिए टीम द्वारा चाय, श्रीफल गोल्ड चाय इलायची युक्त, श्रीफल चाय इलायची युक्त तथा इलायची छिलका सहित कुल 4 नमूने लिए गए।

जांच के दौरान विक्रय हेतु भंडारित श्रीफल गोल्ड चाय इलायची युक्त एवं श्रीफल चाय इलायची युक्त चाय सहित कुल 55 किलोग्राम चाय तथा 14 किलोग्राम इलायची छिलका, कुल अनुमानित कीमत 1,38,500 रुपये, को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के अंतर्गत जप्त (अधिग्रहित) किया गया।

इसके साथ ही खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के अंतर्गत लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठान को धारा 32 के तहत नोटिस जारी किया गया है।

खाद्य सुरक्षा टीम द्वारा लिए गए सभी नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला, भोपाल भेजे गए हैं। प्रयोगशाला से प्राप्त जांच रिपोर्ट में यदि खाद्य पदार्थों में मिलावट अथवा निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाए जाने की पुष्टि होती है, तो संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

जिले में नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मिलावटी एवं अमानक खाद्य पदार्थों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा विभाग का अभियान निरंतर जारी रहेगा।

–00–

पोषण माह के दूसरे दिन मनासा में दिलाई कुपोषण मुक्त मध्यप्रदेश की शपथ

नीमच, 10 सितंबर 2026। 9वें राष्ट्रीय पोषण माह 2026 के अंतर्गत जिले में पोषण जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को परियोजना मनासा में जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री राजेश गुप्ता के मार्गदर्शन में परियोजना अधिकारी श्रीमती किरण कामदार द्वारा आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं हितग्राहियों को कुपोषण मुक्त मध्यप्रदेश बनाने की शपथ दिलाई गई।

इस अवसर पर सभी ने बच्चों, किशोरियों एवं महिलाओं को स्वस्थ एवं सुपोषित बनाने, सही पोषण, पौष्टिक आहार, स्वच्छ पानी एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में “सही पोषण—देश रोशन” का संदेश देते हुए पोषण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया गया।

–00–

श्री गुरू रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान एवं कलश रथयात्रा का समापन

समरसता संकल्प कलशयात्रा ने जन-जन तक पहुंचाया संत रविदासजी का संदेश : विधायक श्री परिहार

जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों के सैकड़ों ग्रामों में पहुंची कलश रथयात्रा

नीमच, 10 सितंबर 2026। संत श्री रविदासजी ने अपने जीवन के माध्यम से भक्ति, समानता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। उनके पावन संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश शासन द्वारा प्रदेशभर में श्री गुरू रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान एवं कलश रथयात्रा का आयोजन किया गया। इसी क्रम में नीमच जिले में 20 अगस्त 2026 से प्रारंभ हुई कलश रथयात्रा ने जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों के गांवों एवं नगरों में पहुंचकर संत रविदासजी के विचारों और समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया।

नीमच विधायक श्री दिलीपसिंह परिहार ने यह बात गुरुवार को पं. अटलबिहारी वाजपेयी सभागृह (टाउन हॉल), नीमच में आयोजित अभियान के समापन समारोह को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि संत रविदासजी का जीवन सामाजिक एकता, समानता और भाईचारे की प्रेरणा देता है। उनके विचार आज भी समाज को समरसता की दिशा में आगे बढ़ने का मार्ग दिखाते हैं।

समारोह में नगरपालिका परिषद नीमच की अध्यक्ष श्रीमती स्वाति चौपड़ा, श्री धनसिंह कैथवास एवं श्री रवि गोयल ने भी अपने विचार व्यक्त किए। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमन वैष्णव ने अभियान के उद्देश्यों एवं सामाजिक समरसता के महत्व पर प्रकाश डाला।

कलश रथयात्रा ने गांव-गांव पहुंचाया समरसता का संदेश

20 अगस्त से प्रारंभ हुई कलश रथयात्रा ने जिले के लगभग 282 ग्रामों का भ्रमण किया और 10 सितंबर को नीमच शहर में प्रवेश किया। यात्रा के दौरान ग्रामीणों एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर संत रविदासजी के संदेश को आत्मसात करने का संकल्प लिया।

समापन समारोह में अतिथियों एवं उपस्थितजनों ने पवित्र कलश एवं संत रविदासजी के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्ज्वलित किया और पूजा-अर्चना की। विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा अतिथियों का पुष्पहार से स्वागत किया गया। स्वागत भाषण जिला संयोजक, जनजातीय कार्य एवं अनुसूचित जाति कल्याण विभाग, श्री मनोज लिधोरिया ने दिया।

संत रविदास स्वरोजगार योजना के हितग्राही सम्मानित

कार्यक्रम में मध्यप्रदेश शासन द्वारा संचालित संत रविदास स्वरोजगार योजना के हितग्राही श्री नरेन्द्र वीरवाल, निवासी नीमच एवं श्री जसवंत मालवीय, निवासी बरूखेड़ा को स्वीकृति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में श्री हेमंत हरित, श्री महेन्द्र भटनागर, श्री धनसिंह कैथवास, श्री रतनलाल मालावत, श्री रवि गोयल, श्रीमती किरण शर्मा, श्रीमती हेमलता धाकड़ सहित बड़ी संख्या में संत रविदासजी के अनुयायी, जनप्रतिनिधि तथा अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती मंजुला धीर ने किया तथा आभार श्री मुकेश वर्मा ने व्यक्त किया।

–00–

नीमच जिले में आयुष विभाग ने लगाए निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा एवं पोषण जागरूकता शिविर

85 लाभार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क आयुर्वेदिक औषधियों का वितरण

नीमच, 10 सितम्बर 2026। आयुष विभाग के अंतर्गत जिले में स्वास्थ्य जागरूकता एवं आयुर्वेदिक चिकित्सा सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विभिन्न स्थानों पर निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा एवं जागरूकता शिविर आयोजित किए गए। इसी क्रम में शासकीय आयुर्वेद औषधालय मनासा द्वारा शासकीय एकीकृत माध्यमिक विद्यालय हॉसपुर तथा शासकीय आयुर्वेदिक औषधालय पिपल्या रावजी द्वारा आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-2 में शिविर आयोजित किए गए। दोनों शिविरों में कुल 85 लाभार्थियों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया।

मनासा के हॉसपुर में आयोजित शिविर में आमवात, संधिवात, उदर रोग, विबंध, श्वास-कास, प्रतिश्याय, रक्ताल्पता, उच्च रक्तचाप एवं मधुमेह सहित विभिन्न रोगों की जांच कर चिकित्सकीय परामर्श दिया गया तथा आवश्यकतानुसार निःशुल्क आयुर्वेदिक औषधियों का वितरण किया गया। साथ ही तनाव प्रबंधन, नशा मुक्ति, स्वच्छता तथा मौसमी बीमारियों से बचाव के संबंध में जागरूक किया गया। शिविर में 49 लाभार्थियों ने स्वास्थ्य लाभ लिया।

इसी प्रकार नवम राष्ट्रीय पोषण माह के शुभारंभ अवसर पर पिपल्या रावजी के आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-2 में आयोजित शिविर में किशोरी बालिकाओं, गर्भवती महिलाओं एवं स्तनपान कराने वाली माताओं को आहार विविधता एवं प्रोटीनयुक्त आहार के महत्व की जानकारी दी गई। त्वचा रोग, उदर रोग, श्वास-कास, संधिवात, अम्लपित्त, मधुमेह एवं उच्च रक्तचाप आदि से संबंधित रोगियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं निःशुल्क आयुर्वेदिक औषधियां वितरित की गईं। शिविर में 36 लाभार्थियों ने लाभ लिया। उपस्थित लोगों को मौसमी बीमारियों से बचाव, तनाव प्रबंधन, नशा मुक्ति एवं स्वच्छता के प्रति भी जागरूक किया गया।

हॉसपुर शिविर में डॉ.मदनलाल पाटीदार, आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी ने सेवाएं दीं। डॉ.स्वाती जैन, मुकेश कुमार आर्य, माध्यमिक शिक्षक, श्रीमती रीना नरवरिया एवं श्रीमती सुशीला खिंचावत ने आवश्यक सहयोग प्रदान किया। श्री अनिल धनगर एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। वहीं पिपल्या रावजी शिविर में आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी डॉ.आबिद खान, कंपाउंडर गोपाल कृष्ण गंधर्व, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता एवं सहायिका उपस्थित रहीं।

–00–

कलेक्टर की अध्यक्षता में राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक संपन्न

लंबित राजस्व प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण कर आवेदकों को समयबद्ध राहत दें — कलेक्टर श्री चंद्रा

नीमच, 10 सितम्बर 2026। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिले के समस्त राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों, टीएल, सीएम हेल्पलाइन, नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, बटांकन,राजस्व वसूली,फॉर्मर रजिस्ट्री, नक्शा तरमीम, भू-अर्जन एवं शासकीय भूमि से संबंधित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की गई।

कलेक्टर श्री चंद्रा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्व प्रकरणों का समय-सीमा में, गुणवत्तापूर्ण एवं मौके पर जाकर निराकरण सुनिश्चित करें, ताकि आमजन को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

कलेक्टर श्री चंद्रा के प्रमुख निर्देश-टीएल प्रकरण: तीन एवं छह माह से अधिक समय से लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करें।

आवेदकों को आदेश की प्रति: टीएल में मार्क किए गए आवेदनों के निराकरण के बाद संबंधित आदेश की प्रतिलिपि आवेदक को अनिवार्य रूप से भेजें।

आदेश का मौके पर पालन: किसी भी राजस्व आदेश के बाद संबंधित तहसीलदार मौके पर आदेश का पालन कराना सुनिश्चित करें।

राजस्व प्रकरण: रास्ता विवाद, सीमांकन, नामांतरण, बंटवारा, बंटकन एवं परंपरागत रास्तों से जुड़े विवादों का प्राथमिकता से मौके पर जाकर त्वरित निराकरण करें।

निराकरण का लक्ष्य: सभी एसडीएम इस माह राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों का कम से कम 90 प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करें। जिले को राज्य स्तर पर अग्रणी स्थान पर लाने का प्रयास करें।

नामांतरण एवं बंटवारा: इससे संबंधित विवादित एवं अविवादित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करें।

सीएम हेल्पलाइन: 50 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करें तथा रैंकिंग में सुधार लाएं।

शिकायतकर्ता से संपर्क: सीएम हेल्पलाइन शिकायत को डिमांड क्लोजर अथवा फोर्स क्लोजर के लिए भेजने से पहले शिकायतकर्ता से व्यक्तिगत रूप से अथवा दूरभाष के माध्यम से संपर्क कर संतुष्टिपूर्वक निराकरण सुनिश्चित करें।

लोक सेवा: लोक सेवा में कोई शिकायत लंबित नहीं होने पर कलेक्टर ने अधिकारियों के कार्य की सराहना की तथा इसी स्थिति को बनाए रखने के निर्देश दिए।

राजस्व वसूली: निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप राजस्व वसूली की कार्रवाई निरंतर जारी रखें और वसूली में तेजी लाएं।

आगामी राजस्व अधिकारियों की बैठक तक तहसीलवार निर्धारित लक्ष्य के अनुसार फॉर्मर रजिस्ट्री पूर्ण करें—नीमच 1500, जीरन 2500, सिंगोली 3500, नीमच ग्रामीण 4000, जावद 4000, मनासा 5000 एवं रामपुरा 1500।

नक्शा तरमीम एवं बटांकन: शासकीय भूमियों में बटांकन तथा नक्शा तरमीम से संबंधित जानकारी तैयार कर कार्य को प्राथमिकता से पूर्ण करें।

नक्शा विहीन ग्राम: नक्शा विहीन ग्रामों में नक्शा निर्माण की प्रगति की समीक्षा कर कार्य में तेजी लाएं। मजरा-टोला कार्य भी समय-सीमा में पूर्ण करें।

फसल गिरदावरी एवं पीएम किसान: फसल गिरदावरी एवं पीएम किसान ई-केवाईसी की नियमित समीक्षा करें। पीएम किसान से संबंधित कोई भी शिकायत किसी स्तर पर लंबित नहीं रहनी चाहिए।

शासकीय भूमि के प्रकरण: सिविल न्यायालयों में लंबित शासकीय भूमि से संबंधित प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करें।

अवमानना प्रकरण: अवमानना प्रकरणों में समय पर उचित कार्रवाई करते हुए न्यायालय में जवाब प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें।

वन-राजस्व सीमा विवाद: वन एवं राजस्व सीमा से जुड़े विवादों का एसडीएम, वन विभाग के अधिकारियों से समन्वय कर निराकरण सुनिश्चित करें।

भू-अर्जन प्रकरण: भू-अर्जन के सभी प्रकरणों की वर्तमान स्थिति की नियमित समीक्षा कर प्रकरणवार आवश्यक कार्रवाई समय-सीमा में पूर्ण करें।

कलेक्टर श्री चंद्रा ने कहा कि राजस्व प्रशासन का मूल उद्देश्य आमजन को त्वरित न्याय और समय पर राहत उपलब्ध कराना है। अधिकारी प्रकरणों को लंबित रखने के बजाय उनकी नियमित मॉनिटरिंग करें और जहां आवश्यक हो, मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान सुनिश्चित करें।

बैठक में अपर कलेक्टर श्री बी.एस. कलेश, एसडीएम नीमच श्री पराग जैन, एसडीएम जावद श्री संजीव साहू, एसडीएम मनासा सुश्री किरण आंजना, डिप्टी कलेक्टर श्री चंद्रसिंह धार्वे, सुश्री श्रुति भयड़िया, सुश्री मयूरी जॉक सहित जिले के सभी तहसीलदार एवं राजस्व अधिकारी उपस्थित रहे।

–00–

नवाचार से बदली खेती की तस्वीर, बांस की खेती से मिली ‘बैम्बू मैन’ की पहचान

कमलाशंकर विश्वकर्मा ने खेत को बनाया बायोडायवर्सिटी पार्क और कृषि नवाचार का केंद्र

नीमच, 10 सितम्बर 2026। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन एवं कृषि विभाग के सहयोग से विकासखंड मनासा के ग्राम भाटखेड़ी निवासी किसान श्री कमलाशंकर विश्वकर्मा ने खेती को नवाचार, जैविक कृषि, पर्यावरण संरक्षण और अतिरिक्त आय से जोड़कर अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने अपने खेत को ‘विश्वकर्मा बैम्बू फार्म एंड बायोडायवर्सिटी पार्क’ के रूप में विकसित करने की पहल की है।

श्री विश्वकर्मा ने बताया कि उन्होंने बांस की खेती को अपनाकर इसे आय के साथ पर्यावरण संरक्षण से जोड़ा है। बांस से विभिन्न उपयोगी उत्पाद तैयार कर उनका मूल्यवर्धन एवं विक्रय किया जाता है। इसी नवाचार के कारण क्षेत्र में उन्हें ‘बैम्बू मैन’ के नाम से पहचान मिली है।

उनके खेत में बांस के साथ मूंग, उड़द, मूंगफली, मक्का और चिया जैसी फसलों का उत्पादन किया जा रहा है। इसके अलावा ढैंचा बीज उत्पादन और प्राकृतिक एवं जैविक खेती से जुड़े प्रयोग भी किए जा रहे हैं। फसल विविधता और जैविक पद्धतियों के माध्यम से वे मिट्टी के स्वास्थ्य तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण पर जोर दे रहे हैं।

श्री विश्वकर्मा परंपरागत कृषि विकास योजना से भी जुड़े हैं। योजना के तहत उन्हें ₹5,000 प्रतिवर्ष, तीन वर्षों तक सहायता राशि मिल रही है। कृषि विभाग के मार्गदर्शन से वे जैविक खेती को आगे बढ़ाने के साथ अपने अनुभव किसानों और विद्यार्थियों के साथ साझा कर रहे हैं।

बांस की खेती, जैव विविधता और कृषि प्रयोगों से विकसित उनका खेत अब कृषि, पर्यावरण, शिक्षा और कृषि पर्यटन का केंद्र बन रहा है। यहां आने वाले लोग विभिन्न कृषि नवाचारों को प्रत्यक्ष रूप से देख और समझ सकते हैं।

श्री विश्वकर्मा ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि किसानों के हित में संचालित योजनाओं से उन्हें खेती में नए प्रयोग करने का अवसर मिला है। उन्होंने कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन और कृषि विभाग के सहयोग के लिए भी धन्यवाद दिया।

उनकी पहल यह संदेश देती है कि नवाचार और प्रकृति के साथ सामंजस्य से खेती को केवल उत्पादन नहीं, बल्कि आय, पर्यावरण संरक्षण और कृषि पर्यटन का बहुआयामी माध्यम बनाया जा सकता है।

–00–

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत रामपुरा में शिविर आज

नगर परिषद रामपुरा सहित 12 ग्राम पंचायतों के नागरिकों की समस्याओं का होगा निराकरण

नीमच 10 सितम्‍बर 2026, मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत आमजन की समस्याओं के निराकरण, शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक सुगमता से पहुंचाने तथा प्रशासन और नागरिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से जिले में शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज 11 सितंबर 2026 को नगर परिषद रामपुरा में शिविर आयोजित किया जाएगा।

शिविर में नगर परिषद रामपुरा के साथ ग्राम पंचायत बैसला, बारवाड़िया, मजीरिया, चेनपुरिया, चन्द्रपुरा, अमरपुरा, बुज, डायली, खिमला ब्लॉक, खेतपालिया, लसुडिया ईस्तमुरार एवं सोनडी के नागरिक शामिल होंगे। संबंधित क्षेत्रों के नागरिक अपनी समस्याओं, शिकायतों एवं शासकीय योजनाओं से जुड़े प्रकरण शिविर में प्रस्तुत कर सकेंगे।

कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा , पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास,जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमन वैष्णव सहित जिले के समस्त जिला स्तरीय एवं खंड स्तरीय अधिकारी शिविर में उपस्थित रहेंगे। अधिकारियों द्वारा आमजन से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी जाएंगी तथा संबंधित विभागों के माध्यम से प्रकरणों के निराकरण की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

जिला प्रशासन ने संबंधित क्षेत्रों के नागरिकों से अपील की है कि वे 11 सितंबर को नगर परिषद रामपुरा में आयोजित शिविर में उपस्थित होकर अपनी समस्याएं एवं आवेदन प्रस्तुत करें तथा मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का लाभ उठाएं।

–00–

जनसुनवाई में जरूरतमंदों को मिला संबल

कलेक्टर ने रेडक्रॉस से 93 हजार रुपये की सहायता की स्वीकृत

नीमच 10 सितम्‍बर 2026, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने जनसुनवाई में आर्थिक रूप से अत्यंत जरूरतमंद आवेदकों की परिस्थितियों को संवेदनशीलता से समझते हुए विभिन्न प्रकरणों में रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से कुल 93 हजार रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत कर भुगतान के निर्देश दिए हैं। सहायता ऐसे परिवारों और व्यक्तियों को उपलब्ध कराई जा रही है, जिन्हें उपचार, शिक्षा, स्वरोजगार अथवा तात्कालिक जीवन-यापन की आवश्यकता के चलते तत्काल आर्थिक संबल की जरूरत है।

जनसुनवाई में इन प्रकरणों में दी गई सहायता—

प्रसव उपचार के लिए 20 हजार रुपये: एक आवेदिका ने अपनी पुत्री के प्रसव संबंधी उपचार के लिए आर्थिक सहायता का अनुरोध किया। आवेदिका की आर्थिक स्थिति एवं उपचार की निरंतर आवश्यकता को देखते हुए कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने रेडक्रॉस सोसायटी से 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत कर भुगतान के निर्देश दिए।ज्ञात हो कि आवेदिका को उपचार हेतु पूर्व में भी एक लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की गई थी।

स्वरोजगार के लिए दिव्यांग आवेदक को 10 हजार रुपये:- एक पैर से दिव्यांग आवेदक ने आर्थिक कठिनाइयों के कारण चाय की दुकान शुरू कर स्वरोजगार करने के लिए सहायता मांगी। आवेदक की दिव्यांगता, आर्थिक स्थिति और स्वरोजगार की इच्छा को देखते हुए रेडक्रॉस सोसायटी से 10 हजार रुपये की सहायता स्वीकृत की गई।

कैंसर उपचार के लिए 15 हजार रुपये:- एक आवेदिका ने अपने पुत्र के कैंसर उपचार के लिए आर्थिक सहायता का अनुरोध किया। उपचार के लिए परिवार द्वारा खेत बेचकर राशि जुटाने तथा इलाज के लिए जयपुर आने-जाने में हो रही कठिनाइयों को देखते हुए प्रकरण की गंभीरता के आधार पर रेडक्रॉस सोसायटी से 15 हजार रुपये की सहायता स्वीकृत कर भुगतान के निर्देश दिए गए।

हृदय रोग से पीड़ित बच्चे की स्कूल फीस के लिए 8 हजार रुपये: एक आवेदिका ने अपने पुत्र के हृदय संबंधी उपचार तथा स्कूल फीस के लिए आर्थिक सहायता का अनुरोध किया। बच्चे का इंदौर में ऑपरेशन हो चुका है और परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है। प्रकरण में रेडक्रॉस सोसायटी से 8 हजार रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत कर स्कूल फीस के भुगतान के निर्देश दिए गए।

निराश्रित महिला को तात्कालिक सहायता के लिए 5 हजार रुपये:- एक आवेदिका ने पति एवं एक पुत्र की मृत्यु तथा दूसरे पुत्र के अलग रहने के कारण आय का कोई साधन नहीं होने और जीवन-यापन में कठिनाई की जानकारी दी। आवेदिका की निराश्रित स्थिति को देखते हुए कलेक्टर ने रेडक्रॉस सोसायटी से 5 हजार रुपये की तात्कालिक आर्थिक सहायता स्वीकृत की।

भाई-बहनों की शिक्षा के लिए 35 हजार रुपये: माता के निधन के बाद दो छोटे भाई-बहनों की पढ़ाई प्रभावित होने की जानकारी देने वाली आवेदिका ने शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता मांगी। परिवार की आर्थिक स्थिति और बच्चों की शिक्षा की निरंतरता को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने रेडक्रॉस सोसायटी से 35 हजार रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत कर भुगतान के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा की संवेदनशील पहल से जनसुनवाई में प्राप्त प्रकरणों का केवल औपचारिक निराकरण ही नहीं किया जा रहा है, बल्कि जरूरतमंद व्यक्ति की वास्तविक परिस्थिति और तत्काल आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए रेडक्रॉस के माध्यम से यथासंभव त्वरित आर्थिक संबल उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे उपचार, शिक्षा, स्वरोजगार और जीवन-यापन जैसी महत्वपूर्ण आवश्यकताओं के लिए संघर्ष कर रहे परिवारों को राहत मिल रही है।

–00–

बैंकों में राष्ट्रव्यापी हडताल, नीमच में भी रहेगी हडताल

नीमच। यूनाईटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स के आव्हान पर आज देशभर में बैंकों में हडताल रहेगी। इस तारतम्य में नीमच जिले की सभी बैंकों में भी हडताल रहेगी। इस हडताल में ए.आई.बी.ई.ए., ए.आई.बी.ओ.ए., एन.सी.बी.ई., ए.आई.बी.ओ.ए., बी.ई.एफ.ई., आई.एन.बी.ई.एफ और आई.एन.बी.सी.सहित बैंकों की अन्य यूनियन के सदस्य भी हडताल पर रहेंगे।
उक्त जानकारी देते हुए युनाईटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स के जिला अध्यक्ष किशोर जेवरिया, सचिव सतीश भटनागर ने बताया कि बैंक कर्मचारियों की लम्बे समय से पांच दिवसीय बैंक सप्ताह, सरकार की एक तरफा एवं भेदभावपूर्ण पी.एल.आई. योजना एवं बैंक यूनियनों के द्विपक्षीय वार्ता में सहमत मुद्दों पर वादा खिलाफी और लम्बित मांगों पर आई.बी.ए.एवं सरकार द्वारा लगातार अवहेलना के कारण बैंक कर्मचारियों को हडताल पर जाना पड रहा है। इसके पहले भी बैंक कर्मचारी इन्हीं मांगांे को लेकर हडताल कर चुके हैं। सरकार द्वारा बैंक कर्मचारियों की मांगों की लगातार उपेक्षा की जा रही है। बैंक कर्मचारियों एवं बैंकों की संख्या लगातार कम की जा रही है, जिससे ग्राहक सेवा भी प्रभावित हो रही है।
बैंक कर्मचारी नेताओं ने बताया कि इन्हीं मुद्दों को लेकर नीमच जिले की बैंकों के कर्मचारी, अधिकारी भी हडताल पर रहेंगें और अपनी मांगों के समर्थन में पंजाब नेशनल बैंक की टैगोर मार्ग शाखा के समक्ष प्रातः 10.30 बजे एकत्र होकर प्रदर्शन करेंगे।
जेवरिया एवं भटनागर ने बताया कि उक्त समस्याओं का निराकरण नहीं होने पर 28-29 एवं 30 सितम्बर 2026 को भी राष्ट्रव्यापी हडताल एवं 26 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन बैंक हडताल करने की भी बैंक यूनियनों द्वारा घोषणा की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}