खाचरौद हाईवे निर्माण स्थल से ₹25 लाख की JCB चोरी का खुलासा, दो शातिर चोर गिरफ्तार

खाचरौद हाईवे निर्माण स्थल से ₹25 लाख की JCB चोरी का खुलासा, दो शातिर चोर गिरफ्तार
असलम खान – संस्कार दर्शन न्यूज, खाचरौद
खाचरौद पुलिस की बड़ी कार्रवाई… 50 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों तक पहुंची पुलिस, चोरी की JCB बरामद
खाचरौद पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। निर्माणाधीन ग्रीन फील्ड हाईवे से करीब 25 लाख रुपये कीमत की JCB मशीन चोरी करने वाले दो अंतर-जिला आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर चोरी की गई JCB भी बरामद कर ली है।
पुलिस मुख्यालय भोपाल और पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक करणदीप सिंह एवं एसडीओपी आकांक्षा बेछोटे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी धनसिंह नलवाया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इस पूरी वारदात का महज कुछ ही समय में खुलासा किया।
त्योहार के सूनेपन का उठाया फायदा
दरअसल, खाचरौद निवासी लक्ष्मण सिंह सिसोदिया ने 31 अगस्त को पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि कंचनखेड़ी फंटे के पास ग्रीन फील्ड हाईवे निर्माण स्थल पर खड़ी उनकी JCB क्रमांक MP13DA1476 को अज्ञात चोर 29 अगस्त की रात चोरी कर ले गए।
फरियादी की शिकायत पर खाचरौद पुलिस ने अपराध क्रमांक 377/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच में सामने आया कि आरोपी शिवा पाण्डे पूर्व में इसी हाईवे निर्माण कार्य में ठेकेदार के यहां काम कर चुका था। इसी वजह से उसे निर्माण स्थल, वहां खड़े वाहनों और आने-जाने के रास्तों की पूरी जानकारी थी।
राखी के त्योहार के चलते निर्माण कार्य में लगे मजदूर और कर्मचारी जब अपने घर चले गए और निर्माण स्थल सुनसान हुआ, तो आरोपियों ने इसी मौके का फायदा उठाकर JCB चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
50 से ज्यादा CCTV कैमरों ने खोला राज
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी धनसिंह नलवाया ने पुलिस की विशेष टीम गठित की।
पुलिस टीम ने घटनास्थल के साथ-साथ आसपास के मार्गों, ढाबों और प्रमुख स्थानों पर लगे 50 से अधिक CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले।
इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर मकला फंटे के पास से दोनों आरोपियों को चोरी की गई JCB सहित गिरफ्तार कर लिया।
ये हैं गिरफ्तार आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों में 20 वर्षीय शिवा पाण्डे, पिता कृष्ण कमल पाण्डे, निवासी वार्ड नंबर 14 सरई, जिला सिंगरौली और 24 वर्षीय डालचंद विश्वकर्मा, पिता सुरेश प्रसाद विश्वकर्मा, निवासी भादाबर, थाना बड़वारा, जिला कटनी शामिल हैं।
पहले भी JCB चोरी में शामिल था आरोपी
पुलिस पूछताछ में आरोपी शिवा पाण्डे का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार, वह पूर्व में थाना सरई, जिला सिंगरौली क्षेत्र में भी एक JCB चोरी की वारदात में शामिल रहा है।
इस मामले में अपराध क्रमांक 632/2026 दर्ज है और आरोपी वहां से फरार चल रहा था। खाचरौद पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी की सूचना सरई थाना पुलिस को भी दे दी है।
फिलहाल दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से एक दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त हुआ है। पुलिस आरोपियों से अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक धनसिंह नलवाया, उप निरीक्षक अमित डामर, प्रधान आरक्षक सुनील सिंह बैस, यशपाल सिंह सिसोदिया, महेन्द्र राडोदिया, जितेन्द्र दिवाकर, नारायण सरा, मनीष विश्वकर्मा और आरक्षक प्रफुल की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही।



