
सैलाना बस स्टैंड पर चला बुलडोजर, दुकानदारों ने सुरक्षा की दृष्टि से दुकानें खाली कीं…
सैलाना। इंदिरा गांधी बस स्टैंड स्थित सुलभ कॉम्प्लेक्स के बाहर दुकान क्रमांक 44 से 58 तक जर्जर दुकानों को हटाने की कार्रवाई नगर परिषद सैलाना ने शुरू कर दी है। नगर परिषद की टीम बुलडोजर लेकर मौके पर पहुंची और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की।
कार्रवाई से पहले दुकानदारों ने सुरक्षा की दृष्टि से अपनी-अपनी दुकानें खाली कर दीं। इसके बाद नगर परिषद द्वारा जेसीबी के माध्यम से जर्जर दुकानों को हटाने की कार्रवाई की गई। मौके पर प्रशासनिक अमला और पुलिस बल भी मौजूद रहा।
गौरतलब है कि दुकानों के पुनर्निर्माण को लेकर नगर परिषद और दुकानदारों के बीच विवाद चल रहा था। 22 अगस्त को प्रथम व्यवहार न्यायाधीश वरिष्ठ खंड, सैलाना के न्यायालय ने दुकानदारों की अस्थायी निषेधाज्ञा की मांग खारिज कर दी थी। न्यायालय के आदेश के बाद नगर परिषद ने अब जर्जर दुकानों को हटाने की कार्रवाई शुरू की है।
नगर परिषद का कहना है कि जर्जर दुकानों से संभावित जनहानि को देखते हुए सुरक्षा के मद्देनजर इन्हें हटाकर नई एवं व्यवस्थित दुकानों का निर्माण किया जाएगा।



