नीमचमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश नीमच 22 अगस्त 2026 शनिवार

14 सितम्बर को नीमच से प्रारम्भ होगी श्री चारभुजा नाथ गढबौर धाम तक पैदल यात्रा

225 किलोमीटर से भी अधिक का सफर 7 दिनो मे तय करेंगे सैकड़ों श्रद्धालु भक्तगण

“हम अकेले ही चले थे मंजिले राह को, लोग जुड़ते गए कारवां बन गया“ ऐसा ही कुछ सुखद संयोग हुआ है श्री चारभुजा मित्र मंडल जिला नीमच के साथ। इसे आप प्रभु श्री चारभुजा नाथ की अगाध श्रद्धा भक्ति का जुनून माने या कोई ईश्वरीय चमत्कार, कि आज से 35 वर्षों पूर्व रौंपा गया श्री चारभुजा पैदल यात्रा रुपी यह नन्हा सा पौधा आज एक विशाल वट वृक्ष के रूप में विकसित होकर सम्पूर्ण नीमच, मंदसौर जिले ही नहीं अपितु समीपस्थ राजस्थान के कई क्षेत्रों में भी मजबूती से अपनी जड़े फैला चुका है। राजेंद्र मंडोवरा (राजू भाई) रतनगढ वालो के नेतृत्व में आज से 35 वर्षों के पूर्व मात्र 7 व्यक्तियों की अगुवाई मे श्री चारभुजा मित्र मंडल जिला नीमच के बैनर तले शुरू हुई यह पैदल यात्रा अब एक विशाल रूप लेते हुए इस वर्ष 36 वें वर्ष में भव्यता के साथ प्रवेश कर रही है। प्रति वर्षानुसार निकलने वाली इस यात्रा मे सम्मिलित होने के लिए इस वर्ष पूरे जिले में अब तक 300 से भी अधिक श्रद्धालु भक्तों ने विभिन्न स्थानों पर निर्धारित पंजीयन केंद्रों पर अपना पंजीयन करवा लिया है।
इन स्थानों के पदयात्री होंगे सम्मिलित-इस पैदल यात्रा में प्रमुख रुप से नीमच सहित रतनगढ़, सिंगोली, उमर, बौरदिया, मुवादा, गरवाड़ा, आलोरी, डिकैन, रामनगर, दडौली, कुण्डला, मोरवन, सरवानिया महाराज, आमली भाट, मुकुंदपुरा, उपरेडा, बावल, जाट, कनैरा, जावद, पालराखेडा, कैलुखेडा, तारापुर, खोर, चैनपुरा, नयागाँव, भरभडिया, कानाखेडा, जीरन, हिंगोरिया, धनेरिया कला,छोटी सादड़ी,  अचारी, खेडा केसुन्दा, निंबाहेड़ा, डीगाँव माली, सुबी, साबाखेडा, मंदसौर, भानपुरा, रामपूरा आदि क्षेत्र के भक्तगण बड़ी संख्या में भाग ले रहे हैं।
सभी के लिए समान रुप से नियमों का पालन करना है अनिवार्य, नहीं होता कोई भेदभाव – इस यात्रा की सबसे विशेष बात यह है कि सभी यात्रियों को श्री चारभुजा मित्र मंडल जिला नीमच द्वारा बनाए गए सभी नियमों का पालन सख्ती से करना अनिवार्य होता है। यात्रा के दौरान सभी पैदल यात्रियों के लिए नशीले पदार्थ व्यसन शराब, तम्बाकू, धूम्रपान इत्यादी पूर्ण रूप से निषेध है। साथ ही यात्रा में गरीब- अमीर, ऊंच-नीच, छोटे-बड़े आदि का कोई भेदभाव नहीं रहता। सभी समाज वर्ग के 15 वर्ष के बच्चों से लेकर 75 वर्ष के बुजुर्गों तक सभी को समान रुप से नियमों का पालन करना अनिवार्य होता है। यात्रा में सम्मिलित होने वाले सभी श्रद्धालु भक्तजनों के मन में भगवान की भक्ति एवं दर्शनों का ऐसा जुनून एवं नशा चढ़ता है कि 225 कि.मी.से भी अधिक का सफर भारी बारिश एवं नदी- नालों, उबड़-खाबड़ पथरीले व कीचड़ भरे रास्तो पर चलते हुए ईश्वर कृपा से भजन कीर्तन एवं सत्संग करते हुए निर्विघ्नं रूप से सकुशल कब श्री चारभुजा नाथ गढबौर धाम के दरबार में पहुंच जाते हैं, पता ही नही चलता।
14 सितम्बर को नीमच से प्रारंभ होगी यात्रा-“कठे जाय अरजी करूँ, दायन आये और, सारोई कारज सारबो, बिराज्यां छे गढ़बोर“यही भावना मन में लेकर अपनी मनोकामना पूर्ति के लिए भक्त अति चमत्कारी भगवान श्री चारभुजानाथ के दर्शनों के लिए पैदल निकल पड़ते है। यात्रा व्यवस्थापक राजेन्द्र मंडोवरा (राजू भाई) ने बताया कि चारभुजा नाथ गढबौर धाम जिला राजसमंद राज.तक तक पहुंचने वाली यात्रा दिनांक 14 सितम्बर को प्रातः 7 बजे बडे बालाजी मंदिर, बारादरी, नीमच में भगवान श्री चारभुजानाथ मंदिर पर पूजा- अर्चना एवं दर्शनों के पश्चात समस्त पैदल यात्रियों को अबीर गुलाल एवं लाल गमछा ओढाकर ढोल धमाकों के साथ विदाई दी जाएगी। जो निम्बाहेडा मे पहुंच कर रात्रि विश्राम करेंगे। इससे पूर्व नयागांव में स्वल्पाहार कर जावद, कनेरा, सरवानिया महाराज के यात्री नयागांव में एक झंडे बैनर तले पहुंच कर आगे की यात्रा करेगें। 15 सितम्बर मंगलवार को निंबाहेड़ा से चलकर आंवरी माता में स्वल्पाहार व रात्रि विश्राम, 16 सितम्बर बुधवार को आंवरी माता से प्रस्थान कर श्री सांवरिया जी में स्वल्पाहार व शनिदेव जी मंदिर मंडल धर्मशाला मे रात्रि विश्राम, 17 सित. गुरूवार को शनिदेव जी से चलकर अकोला मे स्वल्पाहार व स्वर्णकार धर्मशाला फतेहनगर मे रात्रि विश्राम, 18 सित. शुक्रवार को फतेहनगर से प्रस्थान कर बीसा नीमा धर्मशाला श्री नाथद्वारा में पहुंच कर रात्रि विश्राम करेंगे। 19 सित. शनिवार को श्री नाथद्वारा से चलकर श्री रामेश्वरम् महादेव राजसमंद पहुंच कर रात्रि विश्राम करेंगे। 20 सित. रविवार को श्री रामेश्वरम् महादेव से चलकर राजसमंद होते हुए श्री चारभुजा नाथ गढबौर धाम के दरबार में पहुंच कर रात्रि विश्राम करेंगे। 21 सित.सोमवार को श्री चारभुजा नाथ से चलकर श्री रुपनारायण जी, रौकडिया हनुमान जी के दर्शनो के पश्चात दिं.22 सितम्बर मंगलवार को श्री चारभुजा नाथ में एकादशी महोत्सव में भाग लेंगे। 23 सितम्बर बुधवार को प्रातः 9ः30 बजे श्री चारभुजा नाथ गढबौर धाम को महा प्रसादी का भोग लगाकर दोपहर 12ः30 बजे पुनः घर वापसी होगी। इस पैदल यात्रा को लेकर समुचे नीमच जिले ही नहीं आसपास के क्षेत्रों में भी एक अलग ही उत्साह एवं उमंग का वातावरण बना हुआ है। श्री चारभुजा पैदल यात्रा संघ के सुनील धनोतिया, बहादुर आंजना, हेमन्त अजमेरा, संदीप सोनी, दीपक धाकड, जयन्त राठौर आदि भक्तगणों ने सभी भक्तो से अधिकाधिक संख्या में पैदल यात्रा में सम्मिलित होने का निवेदन किया है।
========

औषधि विक्रय संस्थानों के निरीक्षण में अनियमितता मिलने पर दो मेडिकल स्टोर्स के लाइसेंस निलंबित

नीमच, 21 अगस्त 2026। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा जिले में औषधि विक्रय संस्थानों के सतत निरीक्षण की कार्रवाई की जा रही है। विशेष रूप से एनआरएक्स/नशे के रूप में दुरुपयोग की संभावना वाली दवाओं के रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।

औषधि निरीक्षक, नीमच द्वारा विभिन्न औषधि विक्रय संस्थानों के औचक निरीक्षण के दौरान पाई गई अनियमितताओं के आधार पर जिले में संचालित दो मेडिकल स्टोर्स के विरुद्ध कार्रवाई की गई है। निरीक्षण के दौरान संबंधित संस्थानों के संचालन में विभिन्न अनियमितताएं पाए जाने पर औषधि अनुज्ञापन प्राधिकारी, जिला नीमच द्वारा कारण बताओ सूचना पत्र जारी किए गए थे। संचालकों द्वारा संतोषजनक तथ्य एवं दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 एवं नियमावली, 1945 के तहत कार्रवाई करते हुए मेसर्स श्री भैरवनाथ मेडिकल एंड जनरल स्टोर, रघुनाथपुरा, सिंगोली का लाइसेंस 5 दिवस तथा आशीष मेडिकलोज, मोरवन का लाइसेंस 3 दिवस के लिए निलंबित किया गया है।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा जिले के समस्त औषधि विक्रेताओं को निर्देशित किया गया है कि औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 एवं नियमावली, 1945 का पालन सुनिश्चित करें। साथ ही नशे के रूप में दुरुपयोग की संभावना वाली दवाओं के क्रय-विक्रय संबंधी रिकॉर्ड नियमानुसार संधारित करें। औचक निरीक्षण के दौरान औषधि विक्रय संस्थान का संचालन नियमानुसार नहीं पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

======

340 रुपये प्रति लीटर बिक रहा था घी,152 लीटर घी का स्टॉक जप्त

शिकायत पर गोपी मिष्ठान भंडार का निरीक्षण, 6 मिठाइयों के नमूने लिए

नीमच, 21 अगस्त 2026। नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, मध्यप्रदेश, भोपाल एवं कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार तथा अपर कलेक्टर एवं जिला अभिहित अधिकारी के मार्गदर्शन में जिले में मिलावटी एवं अमानक खाद्य पदार्थों के विरुद्ध कार्रवाई सतत जारी है।

इसी क्रम में सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायत के निराकरण के लिए खाद्य सुरक्षा टीम ने तिलक मार्ग स्थित गोपी मिष्ठान भंडार का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गुलाब पाक, गुलाब जामुन, मावा बर्फी, मलाई बर्फी, बेसन लड्डू एवं अंजीर बर्फी के एक-एक नमूने सहित कुल 6 नमूने जांच हेतु लिए गए। नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जाएगा तथा रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, 19 अगस्त को मनासा के कोर्ट रोड स्थित सोमानी ट्रेडर्स से शिवाय रुद्रांश ब्रांड के घी के 4 नमूने लिए गए। मिलावट की आशंका पर लगभग 152 लीटर घी, जिसकी अनुमानित कीमत 52 हजार रुपये है, जप्त किया गया। उक्त घी 340 रुपये प्रति लीटर की दर से विक्रय किया जा रहा था। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने तक घी का विक्रय नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके अलावा विभिन्न डेयरियों एवं ढाबों से पनीर, मावा, दही, छाछ एवं घी के नमूने लिए गए। इस प्रकार तीन दिनों में कुल 21 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच हेतु लिए गए हैं।

खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जिले में मिलावटी खाद्य पदार्थों तथा एनालॉग पनीर एवं नॉन-डेयरी उत्पादों के निर्माण, भंडारण एवं विक्रय के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा।

कार्यवाही में खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री राजू सोलंकी, श्री यशवंत कुमार शर्मा एवं टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।

=========

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत सीईओ जिला पंचायत ने किया तेल मिल का निरीक्षण

पीएमएफएमई योजना से स्थापित लघु उद्योग से राधाबाई को मिला आत्मनिर्भरता का संबल

नीमच, 21 अगस्त 2026, मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत सीईओ जिला पंचायत श्री अमन वैष्णव ने शुक्रवार को जावद विकासखंड की सिंगोली तहसील अंतर्गत ग्राम उमर में स्थापित श्याम ऑयल मिल का निरीक्षण किया। उन्होंने मिल में संचालित मूंगफली तेल उत्पादन इकाई की गतिविधियों का अवलोकन कर लघु एवं सूक्ष्म उद्योगों के माध्यम से संचालित आर्थिक गतिविधियों की जानकारी ली।

सीईओ श्री वैष्णव ने इकाई में मूंगफली से तेल निकालने, रिफाइनिंग एवं पैकेजिंग सहित उत्पादन प्रक्रिया का अवलोकन किया तथा संचालक से उद्योग की कार्यप्रणाली और उत्पादन व्यवस्था की जानकारी ली।

प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना से लाभान्वित हितग्राही श्रीमती राधाबाई पति श्री श्यामलाल राठौर ने बताया कि योजना के तहत उन्हें 6.93 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत हुआ तथा 3.46 लाख रुपये का अनुदान प्राप्त हुआ। इस वित्तीय सहायता से उन्होंने मूंगफली तेल उत्पादन की लघु इकाई स्थापित की।

श्रीमती राधाबाई ने बताया कि तेल उत्पादन के साथ मूंगफली की खल से पशु आहार भी तैयार किया जाता है। इससे उन्हें लगभग 30 से 35 हजार रुपये प्रतिमाह की शुद्ध आय हो रही है तथा इकाई के माध्यम से दो व्यक्तियों को रोजगार भी मिला है।

निरीक्षण के दौरान एडीएम श्री बी.एस. कलेश, एसडीएम श्री संजीव साहू, उपसंचालक उद्यानिकी श्री पी.एस.कनेश सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

=========

जिला पंचायत सीईओ ने आंगनवाड़ी केंद्र में परखी पोषण आहार की गुणवत्ता

नीमच, 21 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव ने शुक्रवार को जावद तहसील के ग्राम पंचायत किशनपुरा स्थित आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने आंगनवाड़ी में बच्चों को उपलब्ध कराए जा रहे पोषण आहार एवं मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव एवं एडीएम श्री बी.एस.कलेश ने बच्चों को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता,स्वच्छता एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप वितरण की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने तथा स्वच्छता के मानकों का विशेष रूप से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिला पंचायत सीईओ ने आंगनवाड़ी केंद्र में कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य प्रबंधन, नियमित टीकाकरण, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं तथा बच्चों एवं महिलाओं के स्वास्थ्य परीक्षण की जानकारी ली। उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्र से वितरित किए जा रहे टेक होम राशन के सैंपल का भी निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारी को निर्धारित मात्रा एवं गुणवत्ता के अनुरूप टेक होम राशन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम श्री संजीव साहू, जिला परियोजना अधिकारी श्री राजेश गुप्ता, परियोजना अधिकारी श्रीमती सीमा सोलंकी सहित महिला एवं बाल विकास विभाग के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

=======

जिला पंचायत सीईओ ने किशनपूरा के शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय का किया निरीक्षण

बोर्ड पर प्रश्न हल करवाकर सीईओ ने परखी विद्यार्थियों की शैक्षणिक दक्षता

विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर नियमित अध्ययन करने की दी सीख

नीमच, 21 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव एवं अपर कलेक्टर श्री बी.एस. कलेश ने शुक्रवार को विकासखंड जावद की सिंगोली तहसील के ग्राम किशनपूरा स्थित शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता और शिक्षण व्यवस्था का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री वैष्णव ने विद्यार्थियों से बोर्ड पर प्रश्न हल करवाकर उनकी विषयगत समझ और शैक्षणिक दक्षता को परखा। प्राथमिक विद्यालय में शैक्षणिक स्तर अपेक्षानुरूप नहीं पाए जाने पर उन्होंने प्रधानाध्यापक को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। वहीं माध्यमिक विद्यालय में उन्होंने विद्यार्थियों की शैक्षणिक दक्षता पर संतोष व्यक्त किया।

सीईओ ने विद्यार्थियों से बातचीत करते हुए उन्हें नियमित अध्ययन करने और अपने लिए लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि पढ़ाई में निरंतर अभ्यास और शिक्षकों का मार्गदर्शन विद्यार्थियों की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

उन्होंने विद्यालय में संचालित गतिविधि-आधारित शिक्षण का भी अवलोकन किया और शिक्षकों को ऐसी शिक्षण पद्धतियों को और प्रभावी ढंग से अपनाने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने कक्षाओं में विद्यार्थियों के साथ बैठकर अध्यापन कार्य देखा तथा पढ़ाई में बच्चों की भागीदारी की सराहना की।

विद्यालय में विद्यार्थियों के बैठने की व्यवस्था और उपलब्ध बेंचों की गुणवत्ता भी देखी। उन्होंने कहा कि बच्चों को अच्छी शिक्षा के साथ स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण मिलना भी जरूरी है।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम श्री संजीव साहू, जिला परियोजना समन्वयक श्री दिलीप व्यास सहित संबंधित अधिकारी एवं विद्यालय का शिक्षकीय स्टाफ उपस्थित रहा।

======

क्लब फुट से सामान्य जीवन की ओर बढ़े बच्चों के कदम

दो बच्चों की सफल सर्जरी सहित 9 बच्चों का निःशुल्क उपचार

नीमच, 21 अगस्त 2026। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत जन्मजात विकृतियों से ग्रसित बच्चों की पहचान कर उन्हें निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराने का कार्य जिले में निरंतर किया जा रहा है। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार स्वास्थ्य विभाग द्वारा ऐसे बच्चों को चिन्हित कर विशेषज्ञ चिकित्सकों के माध्यम से उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

इसी क्रम में 20 अगस्त 2026 को अनुष्का फाउंडेशन फॉर एलिमिनेटिंग क्लब फुट, भोपाल के सहयोग से जिला चिकित्सालय नीमच में क्लब फुट शिविर आयोजित किया गया। शिविर में क्लब फुट से ग्रसित 9 बच्चों का परीक्षण एवं उपचार किया गया। इनमें 2 बच्चों को प्लास्टर लगाया गया, 5 बच्चों को करेक्टिव शूज उपलब्ध कराए गए, जबकि 2 बच्चों की जिला चिकित्सालय में टेनोटॉमी सर्जरी सफलतापूर्वक की गई।

क्लब फुट जन्मजात पैर की विकृति है, जिसका समय पर उपचार नहीं होने पर बच्चे के चलने-फिरने में कठिनाई हो सकती है। आरबीएसके के माध्यम से ऐसे बच्चों की पहचान कर उन्हें विशेषज्ञ उपचार से जोड़ने का उद्देश्य यही है कि जन्मजात विकृति के कारण किसी बच्चे का भविष्य प्रभावित न हो और वह सामान्य जीवन की ओर आगे बढ़ सके।

शिविर में माही रावत (सिंगाड़िया, रामपुरा), प्रांजल पटेल (खेताखेड़ा, नीमच), निहाल चौहान (चल्दू, नीमच), जोहरान कुरैशी (नीमच), मीताली बघाना (नीमच), पीयूष मीणा (रामपुरा), फरहान कुरैशी (नीमच), अक्षिता चौहान तथा अदिविका भील (सिंगोली) को उपचार का लाभ मिला।

समय पर पहचान, सही उपचार और बेहतर भविष्य

आरबीएसके के अंतर्गत बच्चों में जन्मजात विकृतियों की समय पर पहचान कर उन्हें उपचार से जोड़ने की पहल बच्चों के स्वस्थ एवं सामान्य भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। क्लब फुट जैसे मामलों में समय पर उपचार मिलने से बच्चों को चलने-फिरने में होने वाली संभावित परेशानियों से बचाया जा सकता है। जिले में स्वास्थ्य विभाग द्वारा ऐसे बच्चों तक उपचार की सुविधा पहुंचाने का कार्य लगातार जारी है।

शिविर में जिला चिकित्सालय के आर्थोपेडिक सर्जन डॉ.अतुल सोलंकी एवं उनकी टीम द्वारा आवश्यक उपचार एवं सर्जरी की गई। इस दौरान शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. मुकेश मौर्य, प्रोग्राम एक्जीक्यूटिव ऑफिसर श्री संतोष तात्या, आरबीएसके प्रबंधक श्री दिनेश मालवीय सहित आरबीएसके डीईआईसी की टीम उपस्थित रही। यह पूरी उपचार प्रक्रिया बच्चों को निःशुल्क उपलब्ध कराई गई।

======

कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक संपन्न

नागरिकों से आपसी सद्भाव एवं सौहार्द के साथ सभी त्योहार मनाने की अपील

नीमच, 20 अगस्त 2026। आगामी त्योहारों को आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने तथा जिले में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के संबंध में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष, नीमच में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा एवं पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास ने अधिकारियों एवं शांति समिति के सदस्यों के साथ आगामी त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था, सुरक्षा, स्वच्छता, विद्युत व्यवस्था सहित विभिन्न आवश्यक प्रबंधों पर विस्तार से चर्चा की।

बैठक में मिलाद-उन-नबी, जनजातीय गौरव दिवस, जन्माष्टमी, गोगा नवमी, गणेश चतुर्थी, डोल ग्यारस, अनंत चतुर्दशी एवं गणेश विसर्जन, नवरात्रि प्रारंभ, महाअष्टमी, विजयादशमी, महर्षि वाल्मीकि जयंती, दीपावली एवं गोवर्धन पूजा तथा क्रिसमस सहित आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने के संबंध में समिति सदस्यों से सुझाव प्राप्त किए गए।

विधायक श्री दिलीप सिंह परिहार ने सभी समुदायों से आपसी समन्वय, भाईचारे एवं सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने शांति एवं सद्भाव बनाए रखने में शांति समिति के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका बताते हुए सभी से सहयोग का आह्वान किया।

त्योहारों से पहले शहर की व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश

कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने नगर पालिका अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी त्योहारों को ध्यान में रखते हुए शहर के प्रमुख मार्गों एवं आयोजन स्थलों पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सड़कों पर गड्ढों की मरम्मत तथा आवश्यकतानुसार डामरीकरण का कार्य प्राथमिकता से कराया जाए। उन्होंने अतिरिक्त स्ट्रीट लाइट लगाने के साथ ही खराब स्ट्रीट लाइटों को शीघ्र दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने नगर पालिका एवं विद्युत मंडल के अधिकारियों को संयुक्त रूप से क्षेत्र का भ्रमण कर विद्युत आपूर्ति, विद्युत कनेक्शन एवं विद्युत सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने संयुक्त टीम बनाकर सड़कों एवं सार्वजनिक स्थानों पर नीचे लटक रहे विद्युत एवं टेलीफोन के तारों को व्यवस्थित एवं सुरक्षित कराने को कहा।

कलेक्टर श्री चंद्रा ने त्योहारों के दौरान लगाए जाने वाले पंडालों के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पंडाल निर्धारित अनुमति प्राप्त करने के बाद ही लगाए जाएं तथा अस्पतालों से कम से कम 200 मीटर की दूरी पर पंडाल स्थापित किए जाएं, ताकि अस्पताल में भर्ती मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

जुलूस एवं आयोजनों में समय-सीमा और अनुमति शर्तों का पालन जरूरी

पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास ने शांति समिति के सदस्यों से कहा कि वे आगामी त्योहारों के दौरान आयोजन स्थलों पर सक्रिय रूप से उपस्थित रहकर शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित आयोजनों में सहयोग करें। जुलूस एवं अखाड़ों के आयोजन में निर्धारित समय-सीमा तथा अनुमति की शर्तों का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा त्योहारों के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे तथा शरारती तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आयोजकों से अपने-अपने कार्यक्रमों के लिए पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवक नियुक्त करने तथा उनकी सूची पुलिस को उपलब्ध कराने को कहा।

एसपी श्री व्यास ने डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों के संबंध में भी अपील की कि निर्धारित मानकों के अनुरूप ही ध्वनि की तीव्रता रखी जाए। अत्यधिक तेज आवाज में डीजे या ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग न किया जाए, ताकि नागरिकों, विशेषकर बुजुर्गों, बच्चों एवं मरीजों को परेशानी न हो।

उन्होंने सोशल मीडिया के संबंध में नागरिकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा कि बिना पुष्टि के किसी भी संदेश को प्रसारित या फॉरवर्ड न करें। आपत्तिजनक फोटो, वीडियो, संदेश अथवा अन्य सामग्री साझा करने से बचें। सामाजिक समरसता एवं शांति बनाए रखने में प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

उन्होंने बताया कि शहर के विभिन्न स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जा रही है। आयोजक अपने कार्यक्रमों की वीडियोग्राफी भी अवश्य करवाएं तथा प्रत्येक आयोजन के लिए संबंधित स्तर से लिखित अनुमति प्राप्त करें।

निर्धारित स्थलों पर ही करें मूर्ति विसर्जन

बैठक में सभी नागरिकों एवं आयोजकों से अपील की गई कि मूर्तियों का विसर्जन निर्धारित स्थलों पर ही किया जाए तथा विसर्जन के दौरान सुरक्षा संबंधी सभी निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाए। आयोजकों से प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए सहयोग की अपेक्षा की गई।

कलेक्टर श्री चंद्रा एवं पुलिस अधीक्षक श्री व्यास ने शांति समिति के सदस्यों से आगामी सभी त्योहारों को प्रेम, भाईचारे एवं सामाजिक सद्भाव की भावना के साथ मनाने तथा जिले में अमन-चैन बनाए रखने में सक्रिय सहयोग की अपील की।

बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमन वैष्णव, एडीएम श्री बी एस कलेश,एसडीएम श्री पराग जैन, एसडीएम मनासा सुश्री किरण आंजना, डिप्टी कलेक्टर एवं परियोजना अधिकारी शहरी विकास श्रीमती मयूरी जोक सहित जिला अधिकारी एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक में श्री महेंद्र भटनागर, श्री हेमंत हरित, श्री निलेश पाटीदार, श्री मोहन राणावत, श्रीमती किरण शर्मा, श्रीमती हेमलता धाकड़, श्री रतन मालावत, श्रीमती मधु बंसल, श्री रघुराज सिह चौरडिया, श्री धारासिंह, श्री ब्रजेश मित्तल, जम्‍बू कुमार जैन, श्री हारून रशीद, साबिर मसुदी, सहित अन्य सदस्यों ने विभिन्न विषयों पर अपने महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए तथा संबंधित मुद्दों पर विस्तारपूर्वक चर्चा कर आवश्यक विचार-विमर्श किया गया।

====….=====

डोडाचूरा तस्कर को 11 वर्ष का सश्रम कारावास

नीमच। एन.डी.पी.एस. एक्ट विशेष न्यायाधीश श्री जितेन्द्र कुमार बाजोलिया,नीमच द्वारा पिकअप वाहन में 7 प्लास्टीक के काले रंग के कट्टो में 166 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा की तस्करी करने वाले आरोपी शरीफ पिता मुंशी खां मंसूरी, उम्र-28 साल, निवासी-ग्राम दूधिया, थाना व तहसील आलोट, जिला रतलाम (म.प्र.) को धारा 8/15(सी) एन.डी.पी.एस. एक्ट के अंतर्गत 11 वर्ष के सश्रम कारावास एवं 01 लाख रूपये अर्थदण्ड से दण्डित किया गया।अभियोजन मीडिया सेल प्रभारी एडीपीओ रितेश कुमार सोमपुरा द्वारा घटना की जानकारी देते हुुए बताया कि घटना दिनांक 26.09.2024 को सुबह के लगभग 5 बजे ग्राम मेरियाखेड़ी से बरखेड़ा कंला के बीच की हैं। कार्यालय उपनारकोटिक्स आयुक्त नीमच में मुखबिर सूचना प्राप्त हुई कि पीकअप वाहन में 1-2 क्वींटल अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा की खेप आरोपी शरीफ पंजाब में किसी को देने वाला हैं, जिसकी पायलेटिंग सफेद रंग की मारूती अल्टों कार में श्यामलाल पाटीदार नाम का व्यक्ति कर रहा हैं। मुखबीर सूचना पर से निवारक दल का गठन कर ग्राम मेरियाखेड़ी से बरखेड़ा कंला के बीच नाकाबंदी किये जाने पर आलोट की तरफ से उक्त दोनो वाहन आते हुवे दिखाई दीये, जिसको घेराबंदी कर रोका गया तथा पीकअप वाहन की तलाशी लिये जाने पर उसमें 7 काले रंग के कट्टों में कुल 166 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा होना पाया गया, जिस कारण से डोडाचूरा व दोनो वाहनों को जप्त किया गया तथा दोनो आरोपीगण को गिरफ्तार किया गया। इसके पश्चात् सभी आवश्यक अनुसंधान उपरांत परिवाद माननीय विशेष न्यायालय, नीमच में प्रस्तुत किया गया। विचारण के दौरान अभियुक्त श्यामलाल पाटीदार के फरार हो जाने से अभियुक्त शरीफ के संबंध में यह निर्णय पारित किया गया। विचारण के दौरान सी.बी.एन. के विशेष लोक अभियोजक श्री सुशील ऐरन द्वारा सभी महत्वपूर्ण गवाहों के बयान कराकर अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा की अंतर्राज्यीय तस्करी किये जाने के अपराध को संदेह से परे प्रमाणित कराते हुवे आरोपी को कठोर दण्ड से दण्डित किये जाने का निवेदन किया गया, जिस पर से माननीय न्यायालय द्वारा आरोपी कोे उपरोक्त दण्ड से दण्डित किया। प्रकरण में शासन की ओर से पैरवी विशेष लोक अभियोजक श्री सुशील ऐरन द्वारा की गई।

===============

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का तीसरा शिविर झांतला में हुआ आयोजित

शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं की हुई सीधी सुनवाई

प्रत्येक पात्र हितग्राही तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना शासन की प्राथमिकता :विधायक श्री ओमप्रकाश सखलेचा

नीमच, 21 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचाने के उद्देश्य से शुक्रवार को जावद विकासखंड की सिंगोली तहसील के ग्राम झांतला में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत तीसरा समाधान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर सामूहिक एवं व्यक्तिगत समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया। कई प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि शेष प्रकरणों में समय-सीमा में कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक श्री ओमप्रकाश सखलेचा ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का उद्देश्य शासन एवं प्रशासन को जनता के और अधिक निकट लाना है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अपनी क्षमता के अनुसार प्राकृतिक एवं आधुनिक संसाधनों तथा तकनीकों का उपयोग कर विकास की गति को कई गुना बढ़ा सकते हैं। इसके लिए गांव स्तर पर टीम गठित कर स्कूल एवं तहसील स्तर पर नियमित रूप से चर्चा एवं संवाद किया जाना चाहिए।

विधायक श्री सखलेचा ने कहा कि शिविर में प्राप्त समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जाएगा। जिन प्रकरणों का निराकरण तत्काल संभव नहीं है, उन्हें शासन स्तर पर भेजकर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि आगामी शिविर में सबसे पहले पिछले शिविर में प्राप्त शिकायतों के निराकरण की स्थिति की समीक्षा की जाएगी।

जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान प्रशासन और जनता के बीच विश्वास का सशक्त माध्यम बन रहा है। अभियान के तहत 8 जनवरी 2027 तक माह के प्रत्येक शुक्रवार को समाधान शिविर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें तथा ग्राम स्तर की शिकायतों का यथासंभव स्थानीय स्तर पर ही समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि गांव की सामूहिक समस्याओं के समाधान के लिए ग्रामीणों से चर्चा कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास ने कानून-व्यवस्था एवं जनसुरक्षा से जुड़े विषयों की जानकारी दी। वनमंडलाधिकारी श्री एस.के. अटोदे ने वन विभाग की योजनाओं तथा वन्यजीवों से होने वाली क्षति के लिए उपलब्ध राहत प्रावधानों की जानकारी दी।

शिविर में ग्रामीणों ने बालाजी मंदिर परिसर में खुले ट्रांसफार्मर,बस स्टैंड पर लगने वाले जाम, बसों के झांतला के अंदर नहीं आने से होने वाली असुविधा सहित विभिन्न सामुदायिक समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। इसके साथ ही सीमांकन, सीमा विवाद, पेंशन,फसल बीमा, आंगनवाड़ी, विद्यालय एवं सड़क संबंधी व्यक्तिगत एवं स्थानीय समस्याओं से भी अवगत कराया। विधायक एवं अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई कर समाधान सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया।

शिविर के पश्चात विधायक एवं अधिकारियों ने एसएएम से पीड़ित बच्चों की माताओं को पोषण संबंधी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए न्यूट्री बास्केट का भी वितरण किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर रतलाम रेंज के डीआईजी श्री निमिष अग्रवाल, एडीएम श्री बी.एस. कलेश, एसडीएम श्री संजीव साहू सहित जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

=====

डेयरी प्लस इकाई का जिला पंचायत सीईओ ने किया निरीक्षण

डेयरी व्यवसाय से पशुपालक को प्रतिमाह करीब 12 हजार रुपये की आय

नीमच, 21 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव ने शुक्रवार को ग्राम पंचायत झांतला में पशुपालक श्री संजय कुमार पिता श्री ओंकार लाल की डेयरी प्लस इकाई का निरीक्षण किया। उन्होंने डेयरी इकाई की व्यवस्थाओं, दुग्ध उत्पादन एवं पशुपालक को हो रही आय की जानकारी ली।

पशुपालक श्री संजय कुमार ने बताया कि उन्होंने पशुपालन विभाग की मुख्यमंत्री डेयरी प्लस योजना के माध्यम से उन्होंने दो लाख पंचनवे हजार रुपये का ऋण प्राप्त कर डेयरी व्यवसाय प्रारंभ किया है जिसमें से उन्हें एक लाख सैंतालीस हजार पांच सौ का अनुदान प्राप्त हुआ । वर्तमान में उनके पास मुर्रा नस्ल की दो भैंसें हैं, जिनसे प्रतिदिन लगभग 16 लीटर दूध का उत्पादन हो रहा है। दुग्ध विक्रय से उन्हें प्रतिमाह करीब 12 हजार रुपये की आय प्राप्त हो रही है।

पशुपालक ने बताया कि डेयरी व्यवसाय उनके लिए आय का नियमित एवं लाभकारी साधन बन गया है। सीईओ श्री वैष्णव ने पशुपालक से डेयरी संचालन, पशुओं के रखरखाव, चारा एवं दुग्ध उत्पादन से संबंधित जानकारी ली तथा शासन की योजनाओं से अधिकाधिक पशुपालकों को लाभान्वित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

इस अवसर पर चारा विकास कार्यक्रम के अंतर्गत हितग्राही श्री शंभूलाल पिता श्री प्रभुलाल धाकड़ को मिनी किट का वितरण भी किया गया।

निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर श्री बी.एस. कलेश, एसडीएम श्री संजीव साहू, उप संचालक पशुपालन विभाग श्री ए.आर.धाकड़ सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

========

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}