40 साल से बसी आबादी आज तक नई आबादी घोषित नहीं

40 साल से बसी आबादी आज तक नई आबादी घोषित नहीं, पहले दी गई फाइल नहीं मिलने पर कार्यवाही रुकने का आरोप
बरलाई के सर्वे नंबर 85, 82, 94 को नई आबादी घोषित करने जनसुनवाई में आवेदन दिया
असलम खान – संस्कार दर्शन न्यूज, खाचरौद
खाचरौद। तहसील खाचरौद के ग्राम पंचायत बरलाई में सर्वे नंबर 85, 82 एवं 94 की भूमि पर पिछले लगभग 40 वर्षों से बसे दर्जनों परिवारों को आज तक “नई आबादी” का दर्जा नहीं मिल सका है। इस कारण ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाओं जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामवासियों ने मंगलवार को जनसुनवाई में आवेदन देकर प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। आवेदन में बताया गया कि इस संबंध में पूर्व में भी कई बार आवेदन दिए जा चुके हैं। दिनांक 11/03/2025 को माननीय कलेक्टर महोदय, उज्जैन को आवेदन क्रमांक 1825/जनसुनवाई/2023 प्रस्तुत किया गया था। इस पर कार्रवाई हेतु प्रकरण खाचरौद राजस्व विभाग को भेजा गया था, लेकिन आज तक कोई निराकरण नहीं हुआ।
ग्रामीणों का आरोप है कि वर्ष 2025 में पुनः प्रस्तुत किए गए आवेदन से संबंधित फाइल वर्तमान में खाचरौद राजस्व विभाग में उपलब्ध नहीं है अथवा गायब हो गई है। फाइल नहीं मिलने के कारण पूर्व में की गई कार्रवाई भी आगे नहीं बढ़ पा रही है।
आवेदन में जनहित में मांग की गई है कि सर्वे नंबर 85, 82 एवं 94 की भूमि का स्थल निरीक्षण करवाया जाए, दिनांक 11/03/2025 के आवेदन और वर्ष 2025 के आवेदन से संबंधित रिकॉर्ड की जांच की जाए, फाइल तलाश कर प्रकरण को पुनः तैयार करवाया जाए तथा उक्त भूमि पर बसी नई आबादी को नियमानुसार घोषित करने की कार्रवाई शीघ्र पूर्ण की जाए।
ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में क्षेत्रीय विधायक को भी अवगत कराया गया था, लेकिन केवल आश्वासन देकर टाल दिया गया।
ग्रामवासियों ने कलेक्टर से प्रकरण की गंभीरता से जांच कर 40 साल से निवास कर रहे परिवारों को राहत दिलाने की मांग की है।



