शिक्षक के बैंक खाते से साइबर ठगों ने उड़ाए 4.50 लाख, बेटी की शादी के लिए जमा थे पैसे

गढ़ थाना क्षेत्र के पनगढ़ी निवासी के साथ फ्रॉड, शिकायत पर साइबर सेल ने 1 लाख रुपए कराए होल्ड
रीवा। गढ़ थाना क्षेत्र के पनगढ़ी गांव के एक शिक्षक साइबर ठगी का शिकार हो गए। ठगों ने उनके बैंक खाते से 4.50 लाख रुपए निकाल लिए। यह रकम शिक्षक ने अपनी बेटी की शादी के लिए जमा की थी। शिकायत के बाद पुलिस की साइबर सेल ने कार्रवाई करते हुए करीब 1 लाख रुपए होल्ड करवा दिए हैं। पीड़ित शिक्षक का नाम कमलेश्वर तिवारी है। वह पनगढ़ी गांव के निवासी हैं।
ऐसे हुआ फ्रॉड का खुलासा
शिक्षक के अनुसार कुछ दिनों से उनका मोबाइल फोन बार-बार गर्म हो रहा था और बैटरी बहुत जल्दी खत्म हो जाती थी। इस वजह से वे अक्सर मोबाइल घर पर ही छोड़कर चले जाते थे। शनिवार को जब वे नजदीकी बैंकिंग कियोस्क सेंटर गए और खाते का बैलेंस चेक किया तो उनके होश उड़ गए। खाते से 4.50 लाख रुपए गायब थे। यह रकम उन्होंने बेटी की शादी के लिए जमा करके रखी थी। तुरंत इसकी सूचना गढ़ थाना पुलिस को दी गई।
साइबर सेल ने 1 लाख रुपए कराए होल्ड
शिकायत मिलते ही साइबर सेल की टीम सक्रिय हुई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जिस खातों में रकम ट्रांसफर हुई थी उनमें से लगभग 1 लाख रुपए होल्ड करवा दिए हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। बैंक और ट्रांजेक्शन डिटेल खंगाली जा रही हैं।
फोन हैक होने की जताई जा रही आशंका-
पीड़ित शिक्षक ने बताया कि घटना से पहले से उनके फोन में तकनीकी दिक्कत आ रही थी। मोबाइल खुद-ब-खुद गर्म हो जाता था। पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि ठगों ने किसी लिंक या ऐप के जरिए शिक्षक का मोबाइल हैक कर लिया होगा। इसी कारण फोन बैकग्राउंड में एक्टिव रहकर गर्म और डिस्चार्ज हो रहा था। हैकिंग के बाद ठगों ने ओटीपी और अन्य जानकारी के जरिए खाते से पैसे निकाल लिए।
पुलिस की अपील-
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक, ऐप या कॉल पर भरोसा न करें। ओटीपी, पासवर्ड और बैंक की जानकारी किसी से साझा न करें।
अगर मोबाइल में गर्मी, बैटरी जल्दी खत्म होना या संदिग्ध एक्टिविटी दिखे तो तुरंत बैंक और पुलिस को सूचना दें। साइबर फ्रॉड की शिकायत साइबर सेल या 1930 हेल्पलाइन नंबर पर की जा सकती है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और ठगों की तलाश में जुटी है।



