समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 17 अगस्त 2026 सोमवार

मंदसौर 16 अगस्त 2026/ कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार मीना ने राजसी पालकी एवं राजसी सवारी के मंदसौर शहर भ्रमण को लेकर निर्धारित रूट का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। ============
मंदसौर। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को मंदसौर के कॉलेज ग्राउंड में जिला स्तरीय मुख्य समारोह देशभक्ति से ओतप्रोत वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा ने प्रातः 9:05 बजे ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इसके पश्चात राष्ट्रगान हुआ और उपमुख्यमंत्री ने मुख्य परेड का निरीक्षण किया।समारोह का प्रमुख आकर्षण ड्रिल प्रतियोगिता रही, जिसमें सैनिक स्कूल मंदसौर की जूनियर बटालियन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। अनुशासन, सटीक कदमताल, उत्कृष्ट तालमेल और प्रभावशाली सैन्य ड्रिल का प्रदर्शन करते हुए सैनिक स्कूल मंदसौर के कैडेट्स ने निर्णायकों को प्रभावित किया और विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
सैनिक स्कूल मंदसौर के कैडेट्स की यह उपलब्धि विशेष रूप से उल्लेखनीय है, क्योंकि जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की ड्रिल प्रतियोगिता में जूनियर बटालियन ने लगातार चौथी बार प्रथम स्थान प्राप्त किया है। लगातार चार वर्षों से इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में शीर्ष स्थान हासिल करना सैनिक स्कूल के कैडेट्स के अनुशासन, कठिन प्रशिक्षण, टीम भावना एवं समर्पण का प्रमाण है।
ड्रिल के दौरान विभिन्न प्लाटूनों ने अनुशासित एवं सधे हुए कदमों के साथ मार्चपास्ट किया और राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। सैनिक स्कूल मंदसौर की जूनियर बटालियन ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से समारोह में उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का वाचन भी किया गया। समारोह में उपमुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा के साथ सांसद श्री सुधीर गुप्ता, राज्यसभा सांसद श्री बंशीलाल गुर्जर, विधायक श्री विपिन जैन, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री राजेश दीक्षित, पूर्व मंत्री श्री कैलाश चावला एवं पूर्व विधायक श्री यशपाल सिंह सिसोदिया सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
प्रशासन की ओर से कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार मीना, अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जैसवाल एवं एडिशनल एसपी श्री तेर सिंह बघेल सहित अधिकारी समारोह में उपस्थित रहे।
सैनिक स्कूल मंदसौर के प्रबंध समिति के अध्यक्ष प्रकाश चंद्र धनगर, सचिव अशोक पारीख, सह सचिव एवं प्रबंधक सुनील शर्मा, कोषाध्यक्ष राजदीप परवाल और प्राचार्य व कमांडेंट एके चतुर्वेदी ने सभी कैडेट्स को और उनके प्रशिक्षकों को शुभकामनाएं दीं, और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
निडर युवा सेवा संस्था ने नवागत कलेक्टर से की भेंट, नशा मुक्ति कार्यक्रम पर हुई विस्तार से चर्चा
मंदसौर। निडर युवा सेवा संस्था के पदाधिकारियों ने मंगलवार को जिले के नवागत कलेक्टर दिव्यांक सिंह जी से सौजन्य भेंट कर नशा मुक्ति अभियान को लेकर विस्तार से चर्चा की। संस्था ने युवाओं को नशे की लत से बचाने के लिए स्कूल-कॉलेज और ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम चलाने का प्रस्ताव कलेक्टर के समक्ष रखा। भेंट के दौरान संस्था के सदस्यों ने बताया कि आज के समय में युवा वर्ग सबसे ज्यादा नशे की चपेट में आ रहा है। इससे न सिर्फ उनका स्वास्थ्य खराब हो रहा है, बल्कि परिवार और समाज पर भी बुरा असर पड़ रहा है। इस समस्या से निपटने के लिए जन-जागरूकता ही सबसे बड़ा हथियार है। संस्था ने कलेक्टर से आग्रह किया कि नशा मुक्ति अभियान को प्रशासनिक सहयोग के साथ जिले के सभी स्कूल, कॉलेज, पंचायत और सार्वजनिक स्थानों तक पहुंचाया जाए। इसके साथ ही खेल, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सेमिनार के माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक किया जाए। नवागत कलेक्टर ने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि नशा मुक्ति सामाजिक सरोकार का विषय है। प्रशासन इस अभियान में हर संभव मदद करेगा और स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग व पुलिस के साथ समन्वय कर कार्यक्रम को जमीनी स्तर तक ले जाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि युवाओं को खेल और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़कर ही नशे से दूर रखा जा सकता है।इस अवसर पर निडर युवा सेवा संस्था के पदाधिकारी यूनुस उर्फ मयूर मंसूरी, सद्दाम हुसैन, सोहेल खान, जाहिद खान, कन्हैया लाल, वसीम खान सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। संस्था ने विश्वास जताया कि प्रशासन के सहयोग से जल्द ही जिले में नशा मुक्ति को लेकर सार्थक कार्य किया जाएगा और विद्यालयों में नशा मुक्ति को लेकर शपथ कार्यक्रम किए जाएंगे।
गांव-गांव हरियाली का संदेश लेकर आगे बढ़ीं नवांकुर सखियांमंदसौर। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड मल्हारगढ़ के सेक्टर मुंदड़ी अंतर्गत ग्राम बोतलगंज बालाजी में नवांकुर संस्था श्री श्री मां शक्ति संस्थान द्वारा पर्यावरण संरक्षण को लेकर विशेष पहल की गई। संस्था सचिव श्रीमती राधिका तिवारी ने बताया कि संस्था की ओर से आयोजित कार्यक्रम में नवांकुर सखियों को पौधों का वितरण किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने के साथ-साथ लोगों को पौधरोपण और पौधों की नियमित देखभाल के प्रति जागरूक करना रहा। प्रस्फुटन समिति अध्यक्ष सत्यनारण सेन द्वारा? इस दौरान नवांकुर सखियों को पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी लेने और अपने आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम जिला समन्वयक श्रीमती तृप्ति बैरागी के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। इस अवसर पर अतिथि जगदीश बैरागी, स्वामी तर्पणानंदजी, पंडित गोपाल तिवारी, अनुसूया बाई एवं मंजू बाई उपस्थित रहे। अतिथियों ने पर्यावरण संरक्षण को वर्तमान समय की आवश्यकता बताते हुए प्रत्येक व्यक्ति से कम से कम एक पौधा लगाने और उसे वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखने की अपील की। नवांकुर संस्था द्वारा किए गए इस प्रयास की उपस्थित लोगों ने सराहना की। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और हरियाली को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।
=======
महारानी लक्ष्मीबाई स्कूल के पीछे बने नया निकास द्वार, पं. प्रहलाद शर्मा ने जिला शिक्षा अधिकारी को दिया सुझाव
पं. शर्मा ने अपने सुझाव में कहा कि विद्यालय परिसर के पीछे पर्याप्त रिक्त भूमि उपलब्ध है और वहां का मुख्य मार्ग भी काफी खाली रहता है। यदि विद्यालय के पीछे एक बड़ा निकास द्वार बना दिया जाए, तो छात्राओं की रवानगी वहां से आसानी से हो सकेगी। इसके साथ ही, छात्राओं को लाने-ले जाने वाले ऑटो रिक्शा और अन्य वाहनों को भी पीछे की सड़क पर क्रमांक अनुसार सुव्यवस्थित ढंग से खड़ा किया जा सकता है।
उन्होंने उम्मीद जताई है कि विद्यालय के पीछे नया गेट बनने से गांधी चौराहे पर लगने वाले दैनिक ट्रैफिक जाम की समस्या का स्थायी समाधान हो जाएगा। साथ ही, व्यस्त सड़क पर छात्राओं के साथ होने वाली संभावित दुर्घटनाओं को भी पूरी तरह रोका जा सकेगा, जिससे अभिभावकों और छात्राओं दोनों को बड़ी राहत मिलेगी।
=========




