“हर घर तिरंगा” अभियान के अंतर्गत महाविद्यालय में तिरंगा यात्रा का आयोजन

“हर घर तिरंगा” अभियान के अंतर्गत महाविद्यालय में तिरंगा यात्रा का आयोजन
दलौदा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शासन के “हर घर तिरंगा” अभियान के अंतर्गत स्वामी विवेकानंद शासकीय महाविद्यालय, दलौदा में उत्साह एवं राष्ट्रभक्ति के वातावरण में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जे. एल. आर्य के निर्देशन में किया गया।
तिरंगा यात्रा का उद्देश्य विद्यार्थियों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान की भावना को और अधिक सुदृढ़ करना रहा। यात्रा में महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विद्यार्थियों ने राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत नारों के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान को स्मरण करते हुए देश की एकता और अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज के महत्व, उसके सम्मान तथा स्वतंत्रता दिवस की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि के संबंध में भी जानकारी दी गई। महाविद्यालय परिवार द्वारा विद्यार्थियों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा “हर घर तिरंगा” अभियान में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के प्रभारी प्रो. तोसिफ नागोरी एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) प्रभारी प्रो. गोविन्द राठौर के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा का सुव्यवस्थित आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ डॉ. माधवी पाटीदार, डॉ. माला हकवाडिया सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। तिरंगा यात्रा के दौरान महाविद्यालय परिसर में देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव का वातावरण बना रहा। विद्यार्थियों एवं महाविद्यालय स्टाफ ने राष्ट्रध्वज के सम्मान और राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता को बनाए रखने का संदेश दिया। कार्यक्रम का सफल आयोजन महाविद्यालय परिवार की सामूहिक सहभागिता एवं सहयोग से संपन्न हुआ।



