समाचार मध्यप्रदेश नीमच 13 अगस्त 2026 गुरुवार

/////////////////////////////////
संत रविदास स्वरोजगार योजना से मनोहरलाल बने आत्मनिर्भर,
किराना दुकान से कमा रहे 18 से 20 हजार रुपये प्रतिमाह
नीमच, 12 अगस्त 2026। मध्यप्रदेश सरकार की संत रविदास स्वरोजगार योजना अनुसूचित जाति वर्ग के युवाओं को स्वरोजगार स्थापित कर आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्रदान कर रही है। योजना से लाभान्वित होकर नीमच जिले के ग्राम मेलानखेड़ा निवासी मनोहरलाल पिता फकीरचंद ने किराना दुकान शुरू कर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत किया है।
मनोहरलाल ने स्वरोजगार स्थापित करने के उद्देश्य से जिला अंत्यावसायी कार्यालय से संपर्क कर किराना दुकान के लिए आवेदन किया। उनके आवेदन पर सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, जावद शाखा द्वारा 2 लाख 25 हजार रुपये का ऋण स्वीकृत किया गया। ऋण राशि का उपयोग कर उन्होंने गांव में किराना दुकान स्थापित की और व्यवसाय को आगे बढ़ाया।
आज मनोहरलाल अपनी किराना दुकान से प्रतिमाह लगभग 18 से 20 हजार रुपये की आमदनी अर्जित कर रहे हैं। इस आय से वे अपने परिवार का भरण-पोषण करने के साथ स्वाभिमानपूर्वक जीवन यापन कर रहे हैं।
मनोहरलाल बताते हैं कि संत रविदास स्वरोजगार योजना उनके लिए आत्मनिर्भरता का माध्यम बनी है। योजना के माध्यम से मिले आर्थिक सहयोग से वे अपना व्यवसाय स्थापित कर सके। उन्होंने स्वरोजगार का अवसर उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
स्वरोजगार के लिए ऋण सुविधा उपलब्ध
संत रविदास स्वरोजगार योजना का उद्देश्य अनुसूचित जाति वर्ग के पात्र हितग्राहियों को स्वरोजगार एवं उद्यम स्थापित करने के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराकर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है। योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राही विभिन्न स्वरोजगार गतिविधियों के लिए बैंकों के माध्यम से ऋण प्राप्त कर अपना व्यवसाय प्रारंभ कर सकते हैं। योजना के माध्यम से हितग्राहियों को बैंक ऋण के साथ निर्धारित प्रावधानों के अनुसार सहायता एवं मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जाता है।
===========
पांच दिवसीय कार्यदिवस की मांग को लेकर बैंक यूनियन ने किया प्रदर्षन
नीमच। यूनाईटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन के आव्हान पर बैंकों में पांच दिवसीय सप्ताह की मांग को लेकर स्थानीय पंजाब नेशनल बैंक टैगोर मार्ग के समक्ष बैंक कर्मचारियों द्वारा प्रदर्शन किया गया एवं नारेबाजी की।
कर्मचारियों को सम्बोधित करते हुए फोरम के अध्यक्ष किशोर जेवरिया, सचिव सतीश भटनागर ने कहा कि बैंक कर्मचारी 2015 से बैंकों में पांच दिवसीय कार्यदिवस की मांग उठाते चले आ रहे हैं परन्तु सरकार एवं आईबीए द्वारा लगातार इस मांग की उपेक्षा की जा रही है।
इस अवसर पर योगेन्द्रसिंह, भानुमति यादव, सदाकत हुसैन, दिनेश चारण, मीना गौड, सतीश राठौर, संजय सांखला आदि कई बैंक कर्मचारी उपस्थित थे।
=========
फिट नीमच रन: 5 किमी दौड़ के विजेताओं का सम्मान, निकाली तिरंगा यात्रा
नीमच, 12 अगस्त 2026। अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर एफओके एमएमए अकादमी, नीमच के तत्वावधान एवं साक्षी सुरक्षा वेलफेयर फाउंडेशन के सहयोग से ‘फिट नीमच 5 किलोमीटर दौड़’ मिनी मैराथन का आयोजन किया गया। विधायक श्री दिलीप सिंह परिहार एवं कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने हरी झंडी दिखाकर मिनी मैराथन का शुभारंभ किया।
विधायक श्री दिलीप सिंह परिहार ने सभी को संबोधित करते हुए कहा कि तिरंगा हमारे राष्ट्र के प्रति समर्पण, गौरव और कर्तव्य की प्रेरणा देता है। स्वस्थ शरीर और मजबूत संकल्प के साथ प्रत्येक नागरिक विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान दे सकता है।
वहीं कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने कहा कि फिटनेस केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वस्थ और सक्रिय नागरिक ही स्वस्थ समाज एवं सशक्त राष्ट्र के निर्माण में प्रभावी योगदान दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि फिटनेस को जीवनशैली का हिस्सा बनाकर हम सब भारत के कल्याण और बेहतरी में अपना योगदान दें।
वर्तमान में जिले में चल रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के उत्साह को भी मिनी मैराथन से जोड़ा गया। अनेक प्रतिभागी हाथों में तिरंगा लेकर दौड़े। तिरंगे के साथ दौड़ते युवाओं एवं शहरवासियों ने राष्ट्रप्रेम, एकता, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया। तिरंगे के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना के साथ फिटनेस के प्रति जागरूकता का यह अनूठा संगम आयोजन का विशेष आकर्षण रहा।
मिनी मैराथन का मुख्य उद्देश्य युवाओं सहित शहरवासियों को नियमित व्यायाम, शारीरिक सक्रियता एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना था। 5 किलोमीटर की इस दौड़ में नीमच शहर के साथ आसपास के क्षेत्रों से भी प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। 16 वर्ष से अधिक आयु के विभिन्न आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ दौड़ पूरी की।शहर की विभिन्न फिटनेस अकादमियों, जिम एवं दौड़ से जुड़े समूहों के सदस्यों ने भी बड़ी संख्या में सहभागिता की।आयोजन के दौरान प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिला। पूरे कार्यक्रम में खेल भावना,अनुशासन और फिटनेस के प्रति सकारात्मक वातावरण बना रहा।
पुरुष वर्ग में कोटा के मोहित ने प्रथम स्थान प्राप्त कर 5,100 रुपये, नीमच के पीयूष ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर 3,100 रुपये तथा बूंदी के विक्रम ने तृतीय स्थान प्राप्त कर 2,100 रुपये का पुरस्कार जीता।महिला वर्ग में अश्वति ने प्रथम, रोजलिन ने द्वितीय तथा सत्यप्रभा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। महिला प्रतिभागियों ने भी उत्साहपूर्वक दौड़ में हिस्सा लेकर अपनी फिटनेस एवं खेल भावना का परिचय दिया।
तिरंगे के साथ दौड़ते प्रतिभागियों ने दिया स्वस्थ, सक्रिय और राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत युवा भारत का संदेश। मिनी मैराथन ने युवाओं को नियमित व्यायाम एवं शारीरिक सक्रियता को जीवनशैली का हिस्सा बनाने के साथ ही राष्ट्रप्रेम और देश के प्रति गौरव की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में अपर कलेक्टर श्री बी.एस. कलेश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती हेमलता अग्रवाल, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व नीमच श्री पराग जैन सहित बड़ी संख्या में फिटनेस प्रेमी, खिलाड़ी एवं शहरवासी उपस्थित रहे।कार्यक्रम का संचालन कुशाग्र सिंह ने किया। उन्होंने पूरे आयोजन के दौरान प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और कार्यक्रम को ऊर्जावान बनाए रखा।
=============
कलेक्टर ने किया विभाजन विभीषिका की चित्रमय प्रदर्शनी का उद्घाटन
नीमच, 12 अगस्त 2026। हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत प्रधानमंत्री उत्कृष्ट स्वामी विवेकानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नीमच द्वारा कलेक्ट्रेट कार्यालय में विभाजन विभीषिका दिवस एवं भारत विभाजन से संबंधित चित्रमय प्रदर्शनी आयोजित की गई। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने फीता काटकर प्रदर्शनी का शुभारंभ किया।
कलेक्टर श्री चंद्रा एवं जिला पंचायत सीईओ श्री वैष्णव ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर चित्रों के माध्यम से विभाजन की ऐतिहासिक घटनाओं, विस्थापन एवं मानवीय पीड़ा को समझा। उन्होंने प्रदर्शनी की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को इतिहास से परिचित कराने, राष्ट्रीय एकता एवं देशभक्ति की भावना को मजबूत करने में उपयोगी हैं।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रशांत मिश्रा एवं प्रदर्शनी संयोजक डॉ. अर्पण रे ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर एनसीसी अधिकारी प्रो. अशोक लश्कर, एनएसएस अधिकारी प्रो. राकेश कस्वा, प्रो. चंचल जैन, प्रो. सुनील कुमार सहित महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. पचोली, डॉ.भावसार, डॉ.जोशी, डॉ.डबकरा एवं डॉ.गुजरिया तथा एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस स्वयंसेवक एवं महाविद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा।
============
चार माह से खुदी पड़ी सीसी रोड, वार्डवासियों को हो रही परेशानी
सोमवार तक काम शुरू नहीं हुआ तो नीमच नगर पालिका में होगा आंदोलन — पार्षद कविता मोनू लोक्स
नीमच। वार्ड क्रमांक 21 की गोपाल गली एवं चूड़ी गली में सीसी रोड का काम लंबे समय से अधूरा पड़ा होने के कारण वार्डवासियों में भारी आक्रोश है। लगभग चार माह से सड़क खुदी पड़ी है, जिसके कारण क्षेत्रवासियों को आने-जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सावन माह में गोपाल मंदिर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु, विशेषकर महिलाएं, दर्शन के लिए आती हैं। सड़क की खराब स्थिति के कारण उन्हें भी काफी परेशानी हो रही है। क्षेत्र में सड़क निर्माण का ठेका लेने वाला ठेकेदार काम अधूरा छोड़कर चला गया है, लेकिन नगर पालिका के जिम्मेदार अधिकारी इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं।
वार्ड पार्षद कविता मोनू लोक्स ने बताया कि सड़क निर्माण कार्य शुरू करवाने के लिए नगर पालिका में नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा और नगर पालिका सीएमओ दुर्गा बमनिया को कई बार शिकायतें की गईं, सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करवाई गई तथा संबंधित अधिकारियों को लिखित पत्र भी दिए गए, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
पार्षद ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सोमवार तक सीसी रोड का काम शुरू नहीं किया गया तो वार्डवासियों के साथ नगर पालिका पहुंचकर जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर पालिका के जिम्मेदार अधिकारियों को सद्बुद्धि मिले और वे वार्डवासियों की समस्या को गंभीरता से लें। यदि हालात नहीं सुधरे तो सद्बुद्धि यज्ञ भी किया जाएगा।
पार्षद कविता मोनू लोक्स ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि तत्काल ठेकेदार पर कार्रवाई करते हुए अधूरा पड़ा सीसी रोड निर्माण कार्य शुरू करवाया जाए, ताकि वार्डवासियों एवं गोपाल मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को राहत मिल सके।
पार्षद कविता मोनू लोक्स का बयान-
वार्ड की जनता ने मुझे अपना प्रतिनिधि चुनकर जिम्मेदारी सौंपी है। मेरा कर्तव्य है कि मैं अपने वार्ड के विकास और वार्डवासियों की समस्याओं के लिए लगातार काम करूं। लेकिन नगर पालिका के जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों द्वारा पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाए जाने के कारण वार्ड के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इसका खामियाजा मेरे वार्ड की जनता को भुगतना पड़ रहा है। मैं वार्डवासियों की आवाज को दबने नहीं दूंगी और उनके हक एवं विकास के लिए लगातार संघर्ष करती रहूंगी।
==========
एचआईवी जागरूकता सघन अभियान के शुभारंभ पर जागरूकता रैली आयोजित
नीमच, 12 अगस्त 2026। राज्य स्तर से प्राप्त निर्देशों के अनुसार पूरे प्रदेश के साथ नीमच जिले में भी एचआईवी एवं एड्स के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए सघन जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के शुभारंभ अवसर पर जिला चिकित्सालय परिसर से जागरूकता रैली निकाली गई।
रैली को जिला एड्स नियंत्रण समिति के नोडल अधिकारी डॉ.जुनैद खान, एआरटी केंद्र प्रभारी डॉ.सतीश चौधरी, डॉ.तनु जैन, डॉ.संगीता भारती एवं डीएमओ अल्पेश बारिया ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में आशा कार्यकर्ताओं, एआरटी एवं आईसीटीसी केंद्रों के कर्मचारियों, विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों तथा विहान एवं लक्ष्यगत हस्तक्षेप परियोजना से जुड़े स्वयंसेवी संस्था के स्टाफ ने सहभागिता की। प्रतिभागी हाथों में जागरूकता संदेशों की तख्तियां लेकर आमजन को एचआईवी से बचाव के प्रति जागरूक करते हुए चले।
रैली जिला चिकित्सालय से प्रारंभ होकर विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः जिला चिकित्सालय पहुंचकर समाप्त हुई। इस अवसर पर जिला चिकित्सालय परिसर में रंगोली सहित विभिन्न जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की गईं।
जिला एड्स नियंत्रण समिति के नोडल अधिकारी डॉ.जुनैद खान ने बताया, कि राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन के निर्देशानुसार प्रदेश में 12 अगस्त से 12 अक्टूबर तक एचआईवी एवं एड्स के प्रति विशेष सघन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत 15 से 49 वर्ष आयु वर्ग के लोगों में एचआईवी के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से एचआईवी संक्रमण के कारणों, लक्षणों, बचाव के उपायों तथा समय पर जांच एवं उपचार के संबंध में आमजन को जानकारी दी जा रही है।
==============
उत्कृष्ट छात्रावासों में कोचिंग हेतु आवेदन आमंत्रित
नीमच, 12 अगस्त 2026, जनजातीय कार्य एवं अनुसूचित जाति कल्याण विभाग द्वारा जिला मुख्यालय पर संचालित अनुसूचित जाति बालक एवं कन्या उत्कृष्ट छात्रावासों में निवासरत विद्यार्थियों को शैक्षणिक सत्र 2026-27 में कोचिंग प्रदान करने हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
उत्कृष्ट छात्रावासों में हाईस्कूल कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए विज्ञान, गणित, अंग्रेजी एवं कम्प्यूटर तथा हायर सेकेंडरी कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए अंग्रेजी, जीव विज्ञान, रसायन शास्त्र, भौतिक शास्त्र, गणित एवं कम्प्यूटर विषयों की कोचिंग प्रदान की जाएगी।
उक्त विषयों में अध्यापन हेतु आवेदक की संबंधित विषय में प्रथम श्रेणी में स्नातकोत्तर उपाधि तथा बी.एड. होना अनिवार्य है।
जिला संयोजक, जनजातीय कार्य एवं अनुसूचित जाति कल्याण विभाग ने बताया कि इच्छुक आवेदक अपने आवेदन-पत्र 17 अगस्त 2026 तक कार्यालयीन समय में प्रस्तुत कर सकते हैं। निर्धारित अंतिम तिथि के पश्चात प्राप्त आवेदन-पत्रों पर विचार नहीं किया जाएगा।
=========
पंख अभियान के तहत बालिकाओं के सशक्तिकरण और बांछड़ा समुदाय को रोजगार से जोड़ने पर जोर
नीमच, 12 अगस्त 2026। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में पंख अभियान के अंतर्गत बालिकाओं के अधिकार, शिक्षा, सुरक्षा एवं सशक्तिकरण तथा बांछड़ा समुदाय के परिवारों को मुख्यधारा से जोड़कर सम्मानजनक एवं स्थायी रोजगार उपलब्ध कराने के संबंध में जागरूकता एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में बालिकाओं के लिए शिक्षा का महत्व, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, बाल विवाह की रोकथाम, सुरक्षा, लैंगिक समानता एवं उनके अधिकारों की जानकारी दी गई। बालिकाओं को शिक्षा जारी रखने तथा कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया।
कलेक्टर श्री चंद्रा ने कहा कि पंख अभियान के अंतर्गत बांछड़ा समुदाय के परिवारों को शासकीय योजनाओं, कौशल विकास कार्यक्रमों, रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ा जाए। पात्र परिवारों को चिन्हित कर उनकी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप योजनाओं का लाभ दिलाते हुए आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें।
उन्होंने विभिन्न विभागों को पंख अभियान के अंतर्गत बांछड़ा बाहुल्य बसाहटों में लक्ष्य निर्धारित कर समयबद्ध कार्य करने के निर्देश दिए। सहकारिता विभाग को केसीसी के नए प्रकरण स्वीकृत करने तथा पशुपालन विभाग के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को केसीसी जारी कराने के निर्देश दिए गए। पशुपालन विभाग को इस वर्ष 200 केसीसी जारी करने तथा इस वित्तीय वर्ष में अन्य ऋण की श्रेणी में 15 लाख रुपये के ऋण उपलब्ध कराने का लक्ष्य दिया गया है।
उद्यानिकी विभाग को वर्ष 2026-27 में प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन योजना के अंतर्गत 15 प्रकरण तैयार कर स्वीकृत कराने का लक्ष्य दिया गया। अंत्यावसायी विभाग को संत रविदास स्वरोजगार योजना एवं डॉ.बी.आर.अंबेडकर स्वरोजगार योजना के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को स्वरोजगार से जोड़ने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने स्वयं सहायता समूहों की संख्या बढ़ाने तथा बांछड़ा समुदाय की महिलाओं एवं पुरुषों को विभिन्न आजीविका गतिविधियों से जोड़ने के लिए आवश्यक अभिमुखीकरण कार्यक्रम आयोजित करने को कहा। उन्होंने 25 महिलाओं को रोजगार एवं 50 महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित कर कार्य करने के निर्देश दिए।
साथ ही आचार्य विद्यासागर योजना, बैकयार्ड कुक्कुट इकाई वितरण योजना तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना एवं लाड़ली लक्ष्मी योजना में पात्र हितग्राहियों का शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
लिंग आधारित हिंसा की रोकथाम के लिए आगामी तीन माह में बाछड़ा बाहुल्य ग्रामों में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने तथा संवाद, परामर्श एवं आवश्यक सहयोग के लिए निरंतर प्रयास करने के निर्देश दिए गए। आरसेटी को बांछड़ा बाहुल्य क्षेत्रों में समय-समय पर कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराने को कहा गया।
कलेक्टर श्री चंद्रा ने कहा कि पंख अभियान का उद्देश्य केवल जागरूकता तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार एवं सामाजिक जागरूकता के माध्यम से बांछड़ा समुदाय के परिवारों को सुरक्षित, सम्मानजनक एवं बेहतर भविष्य के अवसर उपलब्ध कराना है। सभी संबंधित विभाग समन्वित रूप से कार्य करते हुए अभियान के लक्ष्यों को प्रभावी ढंग से पूरा करें।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती हेमलता अग्रवाल, डिप्टी कलेक्टर सुश्री श्रुति भयड़िया, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री राजेश गुप्ता सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
==============
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत जनसमस्या निवारण शिविर 14 अगस्त को हरवार में
नीमच, 12 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत जिले में 7 अगस्त 2026 से जनसमस्या निवारण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के क्रम में 14 अगस्त 2026 को उपखंड नीमच की तहसील जीरन के ग्राम पंचायत हरवार में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया जाएगा।
शिविर में ग्राम पंचायत हरवार सहित अरनिया बोराना, बामनिया, बमोरी, भंवरासा, चल्दू, छाछखेड़ी, कैलुखेड़ा, कोठड़ी ईस्तमुरार, कुचड़ौद, पालसोडा, फोफलिया, तालखेड़ा, विशनिया एवं दलपतपुरा गांव के ग्रामीणजन सम्मिलित होकर अपनी समस्याएं एवं शिकायतें प्रस्तुत कर सकेंगे।
शिविर में जिला एवं विकासखंड स्तर के अधिकारी उपस्थित रहेंगे। ग्रामीणों की समस्याओं को मौके पर सुनकर उनका यथासंभव तत्काल निराकरण किया जाएगा। जिन समस्याओं का निराकरण मौके पर संभव नहीं होगा, उनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए जाएंगे तथा अधिकतम 7 दिवस की अवधि में समस्याओं के निराकरण का प्रयास किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने संबंधित ग्रामों के ग्रामीणजनों से अपील की है कि वे शिविर में उपस्थित होकर अपनी समस्याएं एवं शिकायतें अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत करें।
==========
निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर में 42 मरीजों ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण
नीमच, 12 अगस्त 2026। आयुष विभाग के अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मंदिर मालाहेड़ा द्वारा आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-2, बड़ा किरपुरिया में निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सा परामर्श एवं निःशुल्क आयुर्वेदिक औषधियां वितरित की गईं।
शिविर में आमवात, संधिवात, त्वचा रोग, उदर रोग, विबंध, श्वास, कास, प्रतिश्याय, रक्ताल्पता, रक्तचाप, अर्श, अम्लपित्त, साइटिका, प्रमेह सहित विभिन्न रोगों की जांच एवं उपचार किया गया। मरीजों की निःशुल्क रक्तचाप जांच भी की गई।
चिकित्सा दल द्वारा मौसमी बीमारियों से बचाव, तनावमुक्त जीवन तथा स्वस्थ दिनचर्या अपनाने के संबंध में आवश्यक परामर्श भी प्रदान किया गया। शिविर में कुल 42 मरीजों ने स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सा परामर्श का लाभ प्राप्त किया।
इस अवसर पर आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ.आबिद खान, दवासाज अनवर खान, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता शिव कन्या, आशा कार्यकर्ता राधा बंजारा, सहायिका सुंदर बाई बंजारा सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
===========
अमानक मक्का बीज के लॉट की खरीद,बिक्री एवं परिवहन पर प्रतिबंध
नीमच, 12 अगस्त 2026। उप संचालक, किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग एवं बीज अनुज्ञापन प्राधिकारी, नीमच द्वारा बीज गुणवत्ता परीक्षण में अमानक पाए गए मक्का बीज के एक लॉट की जिले में तत्काल प्रभाव से खरीद, बिक्री एवं परिवहन प्रतिबंधित किया गया है।
बीज (नियंत्रण) आदेश, 1983 के अनुच्छेद 13(C) के तहत बीज निरीक्षक द्वारा गुणवत्ता परीक्षण के लिए बीज का नमूना लेकर बीज परीक्षण प्रयोगशाला, उज्जैन,भेजा गया था। परीक्षण प्रतिवेदन में बीज अमानक स्तर का पाए जाने पर यह कार्रवाई की गई है।
प्रतिबंधित बीज का लैब टेस्ट क्रमांक 272625 है।इसके विक्रेता पालीवाल बीज भंडार, नीमच तथा उत्पादक संस्था हाईटेक सीड इंडिया प्रा.लि. है। संबंधित बीज MAIZE (HTMH-5402) किस्म का है।
आदेश में बीज (नियंत्रण) आदेश,1983 की धारा 11 में प्रदत्त शक्तियों का उपयोग करते हुए बीज अधिनियम, 1966 की धारा 6 का उल्लंघन पाए जाने के फलस्वरूप उक्त लॉट के बीज की जिले में क्रय, विक्रय एवं परिवहन पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगाया गया है।
=============
बेटी बचाओ,बेटी पढ़ाओ अभियान की जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक संपन्न
बालिकाओं की सुरक्षा,शिक्षा और सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दें : कलेक्टर श्री चंद्रा
नीमच, 12 अगस्त 2026। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, बालिकाओं के संरक्षण,शिक्षा एवं सशक्तिकरण को लेकर जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
कलेक्टर श्री चंद्रा ने निर्देश दिए कि सभी बाल विवाह प्रतिषेध अधिकारियों का प्रशिक्षण अगस्त माह में शत-प्रतिशत पूर्ण कराया जाए। इसके बाद सितंबर माह में तहसील स्तर पर प्रशिक्षण आयोजित किया जाए। बाल विवाह की रोकथाम के लिए अधिक संवेदनशील एवं प्रभावित क्षेत्रों को चिन्हित कर विशेष टीम गठित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में बाल विवाह की रोकथाम, बालिकाओं की शिक्षा, शाला त्यागी बालिकाओं को पुनः शिक्षा से जोड़ने, लिंगानुपात में सुधार तथा बालिकाओं के प्रति सकारात्मक सामाजिक दृष्टिकोण विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से शाला त्यागी बालिकाओं को जीवन कौशल का प्रशिक्षण दिया जाए तथा उन्हें आईटीआई एवं ग्रामीण रोजगार कार्यक्रमों से जोड़ा जाए। ऐसी बालिकाओं को चिन्हित कर उन्हें पुनः विद्यालय से जोड़ने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं।
कलेक्टर श्री चंद्रा ने बच्चों एवं बालिकाओं के लिए सेल्फ डिफेंस प्रशिक्षण की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे बच्चों में आत्मविश्वास एवं शारीरिक सहनशक्ति बढ़ेगी।
‘अपराजिता’ कार्यक्रम के अंतर्गत 4 से 18 वर्ष तक की बालिकाओं को प्रत्येक माह मार्शल आर्ट प्रशिक्षण दिलाने के निर्देश दिए गए। इसके लिए जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला योजना समन्वयक को महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी से समन्वय कर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
कलेक्टर ने बालिकाओं के वोकेशनल प्रशिक्षण के लिए भी प्रभावी व्यवस्था करने तथा आगामी तीन माह में 100 बालिकाओं को रोजगार एवं 100 बालिकाओं को स्वरोजगार से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित कर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने ‘पंख अभियान’ के अंतर्गत महिलाओं को प्रशिक्षण एवं सशक्तिकरण से संबंधित गतिविधियां प्रभावी रूप से संचालित करने को कहा।
बैठक में कलेक्टर श्री चंद्रा ने महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा की।
अपेक्षित प्रगति नहीं पाए जाने पर उन्होंने संबंधित अधिकारी के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए अगली बैठक से पूर्व सभी योजनाओं में ठोस एवं अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने तथा योजनाओं का सही एवं प्रभावी क्रियान्वयन करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि बालिकाओं की सुरक्षा, शिक्षा एवं सशक्तिकरण से जुड़े विषयों पर विभागीय समन्वय के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में निरंतर जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित कर ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाए।
कलेक्टर ने ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के साथ ‘एक पेड़ बेटी के नाम’ अभियान के तहत जिले में पौधारोपण गतिविधियां संचालित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों से बालिकाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए समन्वित एवं सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमन वैष्णव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती हेमलता अग्रवाल, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री राजेश गुप्ता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं टास्क फोर्स के सदस्य उपस्थित रहे।
=================
कर अपवंचन की जानकारी राज्य कर विभाग को दें
ऑनलाइन सुविधा के माध्यम से घर बैठे दी जा सकती है सूचना
नीमच, 12 अगस्त 2026। राज्य कर विभाग, मध्यप्रदेश द्वारा जीएसटी से संबंधित कर अपवंचन की सूचनाएं उपलब्ध कराने के लिए विभागीय वेबसाइट पर ऑनलाइन सुविधा उपलब्ध कराई गई है। आम नागरिकों, व्यापारियों एवं जागरूक करदाताओं से अपील की गई है कि उनके संज्ञान में जीएसटी से संबंधित कर अपवंचन की कोई विश्वसनीय जानकारी आती है, तो वे विभाग की वेबसाइट https://mptax.mp.gov.in पर उपलब्ध “Provide Tax Evasion Information” लिंक के माध्यम से विभाग को सूचना दे सकते हैं। सूचना उपलब्ध कराने वाले नागरिक की गोपनीयता बनाए रखी जाएगी। प्राप्त सूचनाओं का विभाग द्वारा नियमानुसार परीक्षण किया जाएगा।
कर अपवंचन के मामलों में बिना बिल बिक्री, फर्जी बिल जारी करना, बिक्री छिपाना, बिना उचित दस्तावेज के माल का परिवहन सहित अन्य प्रकार की अनियमितताएं शामिल हैं।
विभाग ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि केवल तथ्यात्मक एवं विश्वसनीय जानकारी ही उपलब्ध कराएं। कर अपवंचन पर प्रभावी नियंत्रण से शासकीय राजस्व में वृद्धि होती है तथा ईमानदारी से कर का भुगतान करने वाले व्यापारियों को सम्मान एवं निष्पक्ष व्यावसायिक वातावरण उपलब्ध कराने में मदद मिलती है।
==============
15 अगस्त को नीमच जिले में रहेगा शुष्क दिवस
सभी मदिरा दुकानें एवं बार रहेंगे बंद, मदिरा विक्रय पूर्णतः प्रतिबंधित
नीमच, 12 अगस्त 2026। मध्यप्रदेश राजपत्र (असाधारण) वाणिज्यिक कर विभाग मंत्रालय, वल्लभ भवन भोपाल द्वारा जारी अधिसूचना के तहत 15 अगस्त 2026, स्वतंत्रता दिवस को शुष्क दिवस घोषित किया गया है।
कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री हिमांशु चंद्रा ने आदेश जारी कर 15 अगस्त को जिले की समस्त कंपोजिट मदिरा दुकानों, एफ.एल.-6 थोक सैनिक कैंटीन, एफ.एल.-7 फुटकर सैनिक कैंटीन, एफ.एल.-2 रेस्टोरेंट बार तथा एफ.एल.-3 होटल बार को बंद रखे जाने के निर्देश दिए हैं। इस अवधि में मदिरा का विक्रय पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
कलेक्टर श्री चंद्रा ने संबंधित अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।
====================
हर घर तिरंगा अभियान के तहत विद्यालयों में तिरंगा रंगोली और जिले भर में राष्ट्रभक्ति के कार्यक्रम आयोजित
नीमच, 12 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले में ‘हर घर तिरंगा अभियान 2026’ के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन उत्साहपूर्वक किया जा रहा है। अभियान के तहत जिले के शासकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों द्वारा तिरंगा थीम पर आधारित आकर्षक रंगोलियां बनाई गईं। वहीं, मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के निर्देशानुसार विभिन्न ग्रामों में भी ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, नवांकुर संस्थाओं एवं ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों की सहभागिता से कार्यक्रम आयोजित कर नागरिकों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया गया।
विद्यालयों में आयोजित तिरंगा रंगोली गतिविधि में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। हायर सेकेंडरी स्कूल कांकरिया तलाई, ताल, सीआरपीएफ नीमच, कन्या मनासा, सरवानिया महाराज, अठाना, अड़मालिया हाई स्कूल, धनेरिया कला, जवासा, झालरी, मोया, रामनगर, जूनापानी सहित विभिन्न विद्यालयों में विद्यार्थियों ने तिरंगा थीम पर आधारित विभिन्न प्रकार की आकर्षक रंगोलियां बनाकर देशभक्ति का संदेश दिया। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रप्रेम एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को प्रोत्साहित किया गया।
हर घर तिरंगा अभियान के तहत सरवानिया बोर में नवांकुर संस्था एवं ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के तत्वावधान में स्थानीय चौराहे पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणजन, समिति के सदस्य एवं बच्चों ने सहभागिता की। उपस्थित ग्रामीणों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के उद्देश्य एवं महत्व की जानकारी देते हुए अपने घरों पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित किया गया।
ग्राम पंचायत छायन में ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति द्वारा ‘हर घर तिरंगा अभियान 2026’ के अंतर्गत कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना का संदेश दिया। ग्रामीणों को राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा एवं सम्मान बनाए रखते हुए अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया गया।
इसी क्रम में सावन क्षेत्र में मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के निर्देशानुसार नवांकुर संस्था एवं ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति नरसिंहपुरा के तत्वावधान में स्थानीय चौराहे से ‘हर घर तिरंगा अभियान 2026’ का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं समिति के सदस्यों ने सहभागिता की। वक्ताओं ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता, गौरव और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। अभियान नई पीढ़ी को राष्ट्रप्रेम से जोड़ने तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
‘हर घर तिरंगा अभियान 2026’ के तहत जिले में विद्यालयों से लेकर ग्राम स्तर तक आयोजित इन गतिविधियों से राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया जा रहा है। विभिन्न स्थानों पर नागरिकों एवं विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता से अभियान में व्यापक जनभागीदारी देखने को मिल रही है।
============
हरियाली अमावस्या पर छायन में हुआ पौधारोपण
नीमच 12 अगस्त 2026। हरियाली अमावस्या के पावन अवसर पर ग्राम पंचायत छायन में ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति द्वारा पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समिति सदस्यों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने सहभागिता करते हुए विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित एवं स्वस्थ भविष्य के लिए भी आवश्यक है। पौधारोपण के साथ लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण सुनिश्चित करना भी हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों एवं समिति सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के सदस्यों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता रही।
======



