समाचार मध्यप्रदेश नीमच 12 अगस्त 2026 बुधवार

/////////////////////////////////
कलेक्टर ने समय-सीमा बैठक में लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के दिए निर्देश
प्राप्त शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण सुनिश्चित करें अधिकारी-कलेक्टर श्री चंद्रा
नीमच, 11 अगस्त 2026। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा समीक्षा बैठक में शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों, सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई, मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान, राजस्व प्रकरणों सहित विभिन्न विभागों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री चंद्रा ने कहा कि सभी विभाग प्रमुख लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करें और निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने 50 दिवस से अधिक समय से लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों को प्राथमिकता से निराकृत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निराकरण केवल पोर्टल पर दर्ज करने तक सीमित न रहे, बल्कि आवेदक की संतुष्टि के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। अनावश्यक रूप से शिकायत लंबित पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
बैठक में जनसुनवाई एवं मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान में प्राप्त शिकायतों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने इन शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करने तथा संबंधित अधिकारियों द्वारा प्रकरणों की व्यक्तिगत रूप से समीक्षा कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने 50 दिवस से अधिक लंबित शिकायतों के साथ ही अधिक अवधि से लंबित प्रकरणों के निराकरण पर विशेष ध्यान देने को कहा।
कलेक्टर ने विभागवार राज्य स्तरीय सीएम हेल्पलाइन रैंकिंग में स्वास्थ्य विभाग की 44वीं रैंक पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने 10 से नीचे रैंक वाले विभागों के विभागप्रमुखों को शिकायतों के निराकरण एवं विभागीय कार्यप्रणाली में सुधार के लिए व्यक्तिगत रूप से समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। जिला अस्पताल की 100 एवं 300 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों का निराकरण नहीं होने पर सिविल सर्जन को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री चंद्रा ने राजस्व प्रकरणों, विभागीय स्तर पर लंबित प्रकरणों तथा शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समय-सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन प्रकरणों में अन्य विभागों से समन्वय आवश्यक है, उनमें संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय से कार्रवाई पूर्ण करें तथा प्रकरणों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखें।
बैठक में पर्यटन विभाग की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए जिले में पर्यटन विकास एवं चीता प्रोजेक्ट के प्रचार-प्रसार को बढ़ाने तथा जिले में पर्यटन की संभावनाओं को चिन्हित कर पर्यटन विकास पर आवश्यक पहल करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को अपने अधीनस्थ स्थायी एवं गैर-स्थायी कर्मचारियों का वेतन प्रत्येक माह की 1 तारीख तक भुगतान होना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से विभागीय कार्यों की निरंतर मॉनिटरिंग करते हुए शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने को कहा।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव, अपर कलेक्टर श्री बी.एस. कलेश, एसडीएम नीमच श्री पराग जैन, एसडीएम जावद श्री संजीव साहू, एसडीएम मनासा सुश्री किरण आंजना, डिप्टी कलेक्टर श्री चंद्रसिंह धार्वे,श्रीमती मयूरी जोक, सुश्री श्रुति भयड़िया सहित जिले के सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
==============
हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिलेभर में गूंजा देशभक्ति का संदेश
विद्यालयों में तिरंगा आधारित चित्रकला प्रतियोगिताएं, ग्रामों में निकली तिरंगा यात्राएं
नीमच 11 अगस्त 2026, ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत नीमच जिले में विभिन्न विभागों एवं ग्राम स्तरीय संस्थाओं द्वारा विविध गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के तहत विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए तिरंगा आधारित चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, वहीं ग्राम पंचायतों एवं ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों द्वारा तिरंगा यात्राएं निकालकर नागरिकों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया गया। इन आयोजनों से जिले के ग्रामीण एवं शैक्षणिक क्षेत्रों में देशभक्ति का वातावरण निर्मित हुआ।
विद्यालयों में आयोजित हुई तिरंगा आधारित चित्रकला प्रतियोगिताएं- ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत शासकीय हाई स्कूल खड़ावदा, अड़मलिया, चुकनी,जीरन, पीपल्याराव जी सहित जिले के अन्य विद्यालयों में भी तिरंगा आधारित चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए राष्ट्रीय ध्वज एवं देशभक्ति की भावना से जुड़े विभिन्न चित्र बनाए। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा के माध्यम से तिरंगे के प्रति सम्मान एवं राष्ट्रप्रेम की भावना को अभिव्यक्त किया। संस्था स्तर पर प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 15 अगस्त को पुरस्कृत किया जाएगा।
ग्रामों में निकली तिरंगा यात्राएं- अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत लेवड़ा,देवरी खवासा, फुलपुरा, बड़कुआं, भगोरी, आमलीखेड़ा, मालखेड़ा एवं धनेरियाकला सहित विभिन्न ग्रामों में तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया गया। ग्रामीणों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर उत्साहपूर्वक सहभागिता की। तिरंगा यात्राओं के माध्यम से ग्रामीणों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, देश की एकता एवं अखंडता तथा घर-घर तिरंगा फहराने का संदेश दिया गया।
ग्राम लेवडा में आयोजित हर घर तिरंगा अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में विधायक श्री दिलीप सिह परिहार एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी अपनी सहभागिता दी।
पालसोडा में उत्साह के साथ हुआ अभियान का शुभारंभ- ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति पालसोडा के तत्वावधान में स्थानीय माताजी मंदिर परिसर में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं समिति के सदस्य शामिल हुए। वक्ताओं ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। घर-घर तिरंगा फहराना राष्ट्र के प्रति निष्ठा, एकता एवं अखंडता की भावना को मजबूत करता है तथा स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान का स्मरण कराता है।
वहीं ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति जवासा द्वारा स्थानीय बच्चों एवं नागरिकों के साथ तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में ग्रामीणों ने उत्साह के साथ सहभागिता की। समिति द्वारा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत विद्यालयों में भी तिरंगा आधारित चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित कर विद्यार्थियों को अभियान से जोड़ा गया।
‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से जिले में शिक्षा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास,मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद तथा अन्य समस्त विभागों के समन्वित प्रयासों से नागरिकों,विद्यार्थियों और ग्रामीणों को राष्ट्रप्रेम की भावना से जोड़ा जा रहा है।तिरंगा यात्राओं एवं विद्यालयीन गतिविधियों के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है।
===========
जनसुनवाई में कलेक्टर ने सुनी आवेदकों की समस्याएं
जनसुनवाई से मजबूत हो रहा जनविश्वास,एक वर्ष में 80.1 प्रतिशत आवेदनों का निराकरण
नीमच, 11 अगस्त 2026। आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण कर उन्हें शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना मध्यप्रदेश शासन की प्राथमिकता है। इसी क्रम में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष, नीमच में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 81 आवेदकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवेदनों पर नियमानुसार समय-सीमा में कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के माध्यम से नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे जिला प्रशासन के समक्ष रखने और उनके समाधान की सुविधा मिल रही है। जिला प्रशासन द्वारा जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों के निराकरण की निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है। इसके परिणामस्वरूप विगत एक वर्ष में जनसुनवाई के माध्यम से प्राप्त 4,734 आवेदनों में से 3,793 आवेदनों का निराकरण किया जा चुका है। यह कुल आवेदनों का 80.1 प्रतिशत है। वहीं विगत ढाई वर्ष में प्राप्त 11,483 आवेदनों में से 10,531 आवेदनों का निराकरण किया गया है।
समय-सीमा में निराकरण पर कलेक्टर का विशेष जोर
जनसुनवाई में सीमांकन, रास्ता विवाद, भूमि संबंधी प्रकरण, पेंशन, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, आर्थिक सहायता, आवास, आधार एवं आयुष्मान कार्ड सहित विभिन्न विषयों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर श्री चंद्रा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक आवेदन का नियमानुसार परीक्षण कर पात्रता के आधार पर कार्रवाई की जाए। उन्होंने पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ प्राथमिकता से उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
जनसुनवाई में नीमच निवासी राजमल जैन ने मारपीट के मामले में कार्रवाई, नेराल की संतोष बाई ने कृषि भूमि पर कब्जे संबंधी शिकायत तथा जीरन के नरेन्द्र कुमार ने खेत का बंद रास्ता खुलवाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। इसी प्रकार आवास, पेंशन, अतिक्रमण, बैंक खाते एवं प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित आवेदन भी प्राप्त हुए। कलेक्टर ने सभी प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा की पहल पर जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों की कार्रवाई की सतत समीक्षा की जा रही है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि आवेदन के निराकरण में अनावश्यक विलंब न हो तथा आवेदक को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इससे जनसुनवाई आमजन और जिला प्रशासन के बीच संवाद तथा समस्या समाधान का प्रभावी माध्यम बन रही है।
जनसुनवाई का उद्देश्य आमजन की समस्याओं को सुनना ही नहीं, बल्कि उनका नियमानुसार एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिले और उसकी समस्या का प्रभावी निराकरण हो।
जनसुनवाई के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अमन वैष्णव, अपर कलेक्टर श्री बी.एस. कलेश, एसडीएम श्री पराग जैन, डिप्टी कलेक्टर श्री चंद्र सिंह धार्वे, सुश्री मयूरी जोक, सुश्री श्रुति भयड़िया, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अरविंद डामोर सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
===========
टमाटर एवं मिर्च की संरक्षित खेती पर सात दिवसीय तकनीकी प्रशिक्षण 17 अगस्त से
नीमच, 11 अगस्त 2026। कृषि विज्ञान केन्द्र, नीमच में आर्या योजनांतर्गत टमाटर एवं मिर्च की संरक्षित खेती विषय पर सात दिवसीय तकनीकी प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन 17 से 23 अगस्त 2026 तक किया जाएगा। प्रशिक्षण में नीमच जिले के इच्छुक किसान, किसान महिलाएं एवं नवयुवक भाग ले सकते हैं। प्रशिक्षण में टमाटर एवं मिर्च की संरक्षित खेती से संबंधित तकनीकी जानकारी, उत्पादन की आधुनिक विधियों तथा व्यावहारिक पहलुओं से प्रतिभागियों को अवगत कराया जाएगा।
इच्छुक प्रतिभागी अपना पंजीयन कृषि विज्ञान केन्द्र, नीमच, मालखेड़ा रोड स्थित कार्यालय में कार्यालयीन समय प्रातः 10 बजे से शाम 6 बजे तक करा सकते हैं। पंजीयन के लिए हितग्राही की आयु 18 से 35 वर्ष तथा न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता आठवीं पास होना आवश्यक है। पंजीयन के समय एक पासपोर्ट साइज फोटो एवं आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य है।प्रशिक्षण के लिए 100 रुपये पंजीयन शुल्क निर्धारित है। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद यह राशि संबंधित प्रशिक्षित कृषक, कृषक महिला अथवा नवयुवक को वापस कर दी जाएगी।
कृषि विज्ञान केन्द्र ने स्पष्ट किया है कि जिन नवयुवकों अथवा किसान भाई-बहनों ने पूर्व में आर्या योजनांतर्गत टमाटर एवं मिर्च की संरक्षित खेती विषय पर प्रशिक्षण प्राप्त किया है, वे इस सत्र में इसी विषय के प्रशिक्षण के लिए पात्र नहीं होंगे।
प्रशिक्षण एवं पंजीयन संबंधी अधिक जानकारी के लिए कृषि विज्ञान केन्द्र के दूरभाष नंबर 6265990752 एवं 9424530721 (डॉ.पी.एस.नरुका), 9424530725 (डॉ.एस.एस.सारंगदेवोत), 9425335412 (डॉ.शिल्पी वर्मा) तथा 9516963254 (डॉ.जे.पी.सिंह) पर संपर्क किया जा सकता है।
================
13 अगस्त को नीमच में निकलेगी वृहद तिरंगा यात्रा
शहीद स्मारक से प्रारंभ होकर भारत माता चौक पर होगा समापन
नीमच, 11 अगस्त 2026। हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत नीमच में 13 अगस्त को शाम 4 बजे वृहद तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। तिरंगा यात्रा का शुभारंभ ज्ञानमंदिर शहीद स्मारक से होगा। यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व शहीद स्मारक स्थित शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया जाएगा।
तिरंगा यात्रा ज्ञानमंदिर शहीद स्मारक से जाजू बिल्डिग, घंटाघर रोड,नया बाजार, बारादरी फव्वारा चौक एवं कमल चौक होते हुए भारत माता चौराहा पहुंचेगी। यहां भारत माता की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पूजन के साथ तिरंगा यात्रा का समापन होगा।
तिरंगा यात्रा में समस्त जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारी, स्वयंसेवी संस्थाओं,गैर सरकारी संगठनों,विभिन्न क्लब,छात्र-छात्राओं एवं आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई है।
कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय गौरव के अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर तिरंगा यात्रा को सफल बनाएं। नागरिकों की व्यापक भागीदारी से यह आयोजन देशभक्ति की भावना को और मजबूत करने का माध्यम बनेगा।
=================
जनसुनवाई में कलेक्टर ने सुनी आवेदकों की समस्याएं
जनसुनवाई से मजबूत हो रहा जनविश्वास,एक वर्ष में 80.1 प्रतिशत आवेदनों का निराकरण
नीमच, 4 अगस्त 2026। आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण कर उन्हें शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना मध्यप्रदेश शासन की प्राथमिकता है। इसी क्रम में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष, नीमच में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 81 आवेदकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवेदनों पर नियमानुसार समय-सीमा में कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के माध्यम से नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे जिला प्रशासन के समक्ष रखने और उनके समाधान की सुविधा मिल रही है। जिला प्रशासन द्वारा जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों के निराकरण की निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है। इसके परिणामस्वरूप विगत एक वर्ष में जनसुनवाई के माध्यम से प्राप्त 4,734 आवेदनों में से 3,793 आवेदनों का निराकरण किया जा चुका है। यह कुल आवेदनों का 80.1 प्रतिशत है। वहीं विगत ढाई वर्ष में प्राप्त 11,483 आवेदनों में से 10,531 आवेदनों का निराकरण किया गया है।
समय-सीमा में निराकरण पर कलेक्टर का विशेष जोर
जनसुनवाई में सीमांकन, रास्ता विवाद, भूमि संबंधी प्रकरण, पेंशन, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, आर्थिक सहायता, आवास, आधार एवं आयुष्मान कार्ड सहित विभिन्न विषयों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर श्री चंद्रा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक आवेदन का नियमानुसार परीक्षण कर पात्रता के आधार पर कार्रवाई की जाए। उन्होंने पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ प्राथमिकता से उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
जनसुनवाई में नीमच निवासी राजमल जैन ने मारपीट के मामले में कार्रवाई, नेराल की संतोष बाई ने कृषि भूमि पर कब्जे संबंधी शिकायत तथा जीरन के नरेन्द्र कुमार ने खेत का बंद रास्ता खुलवाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। इसी प्रकार आवास, पेंशन, अतिक्रमण, बैंक खाते एवं प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित आवेदन भी प्राप्त हुए। कलेक्टर ने सभी प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा की पहल पर जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों की कार्रवाई की सतत समीक्षा की जा रही है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि आवेदन के निराकरण में अनावश्यक विलंब न हो तथा आवेदक को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इससे जनसुनवाई आमजन और जिला प्रशासन के बीच संवाद तथा समस्या समाधान का प्रभावी माध्यम बन रही है।
जनसुनवाई का उद्देश्य आमजन की समस्याओं को सुनना ही नहीं, बल्कि उनका नियमानुसार एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिले और उसकी समस्या का प्रभावी निराकरण हो।
जनसुनवाई के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अमन वैष्णव, अपर कलेक्टर श्री बी.एस. कलेश, एसडीएम श्री पराग जैन, डिप्टी कलेक्टर श्री चंद्र सिंह धार्वे, सुश्री मयूरी जोक, सुश्री श्रुति भयड़िया, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अरविंद डामोर सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
===========
पीकअप से घसीटकर हत्या करने वाले आरोपी को आजीवन कारावास
विषेष लोक अभियोजन श्रीमती कीर्ति शर्मा ने बताया कि थाना सिंगोली के चर्चित, चिन्हित, जघन्य एवं सनसनीखेज प्रकरण में माननीय विशेष न्यायाधीश, अनुसूचित जाति/जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, नीमच श्री आलोक कुमार सक्सेना के न्यायालय द्वारा विशेष सत्र प्रकरण क्रमांक 39/2021 में दिनांक 07 अगस्त 2026 को महत्वपूर्ण निर्णय पारित किया गया है, जिसमें न्यायालय द्वारा आरोपी छीतर पिता जयराम गुर्जर, उम्र 36 वर्ष, निवासी-ग्राम पाटन, तहसील-सिंगौली, जिला-नीमच को भारतीय दण्ड संहिता, 1860 की धारा 302 के अंतर्गत आजीवन कारावास एवं 1,000रूपये के अर्थदण्ड से दण्डित किया गया है।
दिनांक 26 अगस्त 2021 की सुबह काना उर्फ कन्हैयालाल भील अपने साथी गोविंद के साथ मोटरसाइकिल पर पीछे बैठकर उसकी पत्नी को ढूंढने के लिये ग्राम बाणदा से ग्राम जेतलिया होते हुए सिंगोली-नीमच रोड पर पहुंचा। दोनों वहां आने-जाने वाले वाहन वालों से उसकी पत्नी के बारे में पुछताछ कर रहे थे।
दोनो तलाश करते हुए ग्राम अथवाकलां फंटे के पास पहुंचे। गोविन्द ने अपनी मोटरसाइकिल सड़क किनारे खड़ी कर दी, जबकि काना उर्फ कन्हैयालाल हाथों में पत्थर लेकर सड़क पर खड़ा होकर उसकी पत्नी की तलाश कर रहा था तथा आने-जाने वाले वाहनों को रोककर उसके संबंध में पूछताछ कर रहा था।
इसी दौरान सुबह लगभग 06 बजे आरोपी छीतर गुर्जर मोटरसायकल से तेजगति से वहां आया और काना उर्फ कन्हैयालाल को जानबूझकर सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि काना उर्फ कन्हैयालाल सड़क पर गिर गया और उसके सिर में गंभीर चोट आई। आरोपी छीतर भी मोटरसाइकिल सहित गिर गया थ। इसके बाद आरोपी छीतर ने काना उर्फ कन्हैयालाल के साथ मारपीट की। घटना को देखकर गोविन्द सेन भयभीत हो गया और अपनी मोटरसाइकिल लेकर वहां से ग्राम डाबी चला गया। बाद में उसे जानकारी मिली कि काना उर्फ कन्हैयालाल की चोटों के उपचार के दौरान नीमच अस्पताल में मृत्यु हो गई हैं।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस द्वारा अपराध पंजीबद्ध किया जाकर उसकी विवेचना प्रारंभ की गई। विवेचना के दौरान घटना स्थल का निरीक्षण कर भौतिक साक्ष्य एकत्र किए गए तथा आरोपियों से पूछताछ की गई। विवेचना में यह तथ्य भी सामने आया कि मृतक काना उर्फ कन्हैयालाल को रस्सी से बांधकर पिकअप वाहन से घसीटा गया था। इस घटना के संबंध में विडियों सोशल मीडिया पर वायरल हुवे थे, जो राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बने थे। घटना की गंभीरता को देखते हुवे प्रकरण को जघन्य एवं सनसनीखेज प्रकरण के रूप में चिन्हित किया गया था।
प्रकरण की विवेचना के दौरान घटना में प्रयुक्त वाहनों, मोबाइल फोन तथा अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों को जब्त किया गया। इसके अतिरिक्त विवेचना के दौरान घटना स्थल से संबंधित साक्ष्य, चिकित्सकीय एवं वैज्ञानिक साक्ष्य तथा अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजो को एकत्रित कर विवेचना के उपरांत अभियोग-पत्र माननीय विशेष न्यायालय, नीमच में प्रस्तुत किया गया।
अभियोजन की सशक्त पैरवी:-
विचारण के दौरान अभियोजन द्वारा सभी महत्वूपर्ण गवाहो के बयान कराये गये व विवेचना के दौरान एकत्रित की गई सभी साक्ष्यों को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर प्रमाणित कराई गई। अपराध की गंभीरता को देखते हुवे पुलिस अधिक्षक महोदय, नीमच द्वारा नोडल ऑफिसर की नियुक्ती की जाकर समय-समय पर प्रकरण की मॉनीटरींग की गई।
न्यायालय का महत्वपूर्ण निष्कर्ष:-
अभियोजन द्वारा प्रस्तुत साक्ष्य के आधार पर न्यायालय द्वारा प्रकरण में प्रस्तुत मौखिक, दस्तावेजी व वैज्ञानिक साक्ष्यों का परीक्षण किया गया। साक्ष्यों के परीक्षण के उपरांत आरोपी छीतर गुर्जर को उपरोक्तानुसार दण्ड से दण्डित किया गया तथा शेष अन्य 07 आरोपीगण को साक्ष्य के अभाव में दोषमुक्त किया गया।
आजीवन कारावास एवं अर्थदण्ड:-
न्यायालय द्वारा आरोपी छीतर गुर्जर मृतक काना उर्फ कन्हैयालाल भील को पीकअप वाहन से बांधकर घसीटकर क्रुरतापूर्वक उसकी हत्या करने पाते हुवे भारतीय दण्ड संहिता, 1860 की धारा 302 के अंतर्गत आजीवन कारावास एवं 1,000 रूपये अर्थदण्ड से दण्डित किया गया।
प्रकरण में अभियोजन की ओर से पैरवी विषेष लोक अभियोजक श्रीमती कीर्ति शर्मा एवं श्री अशोक कुमार सोनी द्वारा की गई।



