पिपलिया थाने के सामने कार सांड से टकराई , कार के उड़े परखच्चे; सांड की मौके पर मौत, तीन घायल

पिपलिया थाने के सामने कार सांड से टकराई , कार के उड़े परखच्चे; सांड की मौके पर मौत, तीन घायल
पिपलियामंडी: महू-नीमच हाईवे पर पिपलियामंडी थाने के सामने रविवार शाम करीब 8 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। श्री सांवलिया सेठ के दर्शन कर उज्जैन लौट रहे कार क्र MP 13 AM 7596 सवारों की कार अचानक सामने आए काले सांड से जा टकराई। भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए, वहीं सांड की मौके पर ही मौत हो गई।जानकारी के अनुसार कार में दिलीप सिंह पिता जसवंत सिंह राजपूत उम्र 36 वर्ष, लोकेंद्र सिंह राजपूत, कालू सिंह राजपूत, कृष्णपाल सिंह, नीतू पति राहुल सिह राजपूत, सिमा बालू सिंह राजपूत, सहित बच्चे सवार थे। सभी मुरारखेड़ी तहसील बड़नगर, जिला उज्जैन निवासी बताए गए हैं। बताया जा रहा है कि सभी लोग श्री सांवलिया सेठ के दर्शन करने के बाद कार से अपने घर उज्जैन लौट रहे थे। इसी दौरान पिपलियामंडी थाने के सामने अचानक काला सांड सड़क पर आ गया। कार चालक कुछ समझ पाता, उससे पहले ही कार सांड से जोरदार टकरा गई। टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके परखच्चे उड़ गए। हादसे में कार सवार एक महिला और दो पुरुषों को मामूली चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही पिपलियामंडी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिपलियामंडी पहुंचाया, जहां उनका उपचार किया गया।गनीमत रही कि हादसा इतना भीषण होने के बावजूद कार सवारों को गंभीर चोटें नहीं आईं। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और हाईवे पर यातायात व्यवस्था को सुचारू करवाया।
=================



