सांसद कंगना रनौत के बयान से मंदसौर में आक्रोश- महिला कांग्रेस ने फूंका पुतला, जमकर की नारेबाजी

सांसद कंगना रनौत के बयान से मंदसौर में आक्रोश- महिला कांग्रेस ने फूंका पुतला, जमकर की नारेबाजी
मंदसौर। सांसद कंगना रनौत द्वारा महिलाओं और युवाओं के खिलाफ दिए गए आपत्तिजनक व विवादित बयानों को लेकर मंदसौर में महिला कांग्रेस का गुस्सा फूट पड़ा। इस बयान के कड़े विरोध में 31 जुलाई को गांधी चौराहे पर महिला कांग्रेस की प्रदेश महासचिव राखी सत्रावाला के नेतृत्व में एक विशाल और आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कंगना रनौत के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए उनके खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया और चौराहे पर उनका पुतला दहन किया। भाजपा के इशारे पर शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रही महिला नेत्रियों पर पुलिस ने बर्बरतापूर्वक व्यवहार किया लेकिन फिर भी महिला नेत्रियां पुतला जलाने में सफल रही।
प्रदर्शन के दौरान संबोधित करते हुए प्रदेश महासचिव राखी सत्रावाला ने कहा कि जनप्रतिनिधि के पद पर बैठी महिला से समाज की महिलाओं और युवाओं के प्रति संवेदनशील व्यवहार की उम्मीद की जाती है, लेकिन कंगना रनौत लगातार अपने अशोभनीय बयानों से देश की महिलाओं और संघर्षशील युवाओं का अपमान कर रही हैं। महिला कांग्रेस इस तरह के जनविरोधी और अपमानजनक बयानों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी और यदि उन्होंने अपना रवैया न बदला तो यह आंदोलन और व्यापक रूप लेगा।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष इष्टा भाचावत ने अपने संबोधन में कहा कि कंगना रनौत का यह बयान उनकी महिला विरोधी और युवा विरोधी मानसिकता को उजागर करता है। देश का युवा आज रोजगार और बेहतर भविष्य के लिए प्रयासरत है, ऐसे में उनका मज़ाक उड़ाना बेहद शर्मनाक है। नगर पालिका नेता प्रतिपक्ष रफत पयामी ने भी कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि राजनीति में संवाद की गरिमा बनी रहनी चाहिए, लेकिन कंगना रनौत लगातार मर्यादाओं की सीमा लांघ रही हैं। इस प्रकार के गैर-जिम्मेदाराना बयानों के लिए उन्हें सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।
इस अवसर पर महिला कांग्रेस की पूर्व जिलाध्यक्ष सुनीता जैन, अनीता कोरी, प्रदेश सहसचिव महिला कांग्रेस वर्षा सांखला, मीना चौहान, पिंकी गौड, रुखसार गोरी, सुनीता जादौन, नम्रता सत्रावाला, सलमा बी, राजकुवर चौहान, चंदा चौहान, रेखा सांखला, ममता भट्ट, मंजू तनु सैनी, सुनीता माली सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित थे।



