पीएचसी पर एचपीवी टीकाकरण अभियान में 6 किशोरियों को लगाया गया टीका

पीएचसी पर एचपीवी टीकाकरण अभियान में 6 किशोरियों को लगाया गया टीका
गोरखपुर पीपीगंज नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर गुरुवार को एचपीवी (Human Papillomavirus) टीकाकरण अभियान के तहत 6 किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन लगाई गई। यह अभियान किशोरियों को भविष्य में होने वाले सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर) से बचाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. प्रिन्स विश्वास ने बताया कि एचपीवी वायरस महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण माना जाता है। समय पर लगाया गया एचपीवी टीका इस गंभीर बीमारी के खतरे को काफी हद तक कम करने में प्रभावी माना जाता है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि पात्र आयु वर्ग (14-15) के बीच की सभी बालिकाओं का टीकाकरण अवश्य कराएं, ताकि उन्हें भविष्य में इस गंभीर बीमारी से सुरक्षा मिल सके।टीकाकरण अभियान के दौरान एएनएम शोभा चौधरी, दीपमाला, दिनेश चौरसिया सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे। सभी ने लाभार्थियों का पंजीकरण, स्वास्थ्य परीक्षण एवं टीकाकरण की प्रक्रिया को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कैंम्पियरगंज के प्रभारी डॉ विनोद कुमार वर्मा का कहना है कि एचपीवी टीकाकरण महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। नियमित टीकाकरण और जागरूकता के माध्यम से इस बीमारी के मामलों में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है। इसलिए पात्र किशोरियों को निर्धारित समय पर यह टीका अवश्य लगवाना चाहिए।



