
62 कर्मचारियों की स्वास्थ्य जांच, परिवार नियोजन एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति किया जागरूक
कोटा। विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल अंतर्गत स्वास्थ्य इकाई शामगढ़ में कर्मचारियों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण एवं जनजागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कर्मचारियों की वजन, रक्तचाप (बीपी), रक्त शर्करा (शुगर), ईसीजी सहित विभिन्न आवश्यक स्वास्थ्य जांच कर चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया।वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ जैन ने बताया कि शिविर में डॉ. ज़ारा द्वारा कुल 62 कर्मचारियों एवं लाभार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इनमें 15 रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवान, 43 रेल कर्मचारी, 03 रेलवे लाभार्थी तथा 01 अधिकारी शामिल रहे। शिविर के दौरान कर्मचारियों को “छोटा परिवार, सुखी परिवार” का संदेश देते हुए परिवार नियोजन के विभिन्न साधनों एवं उनके महत्व की जानकारी दी गई। साथ ही विश्व जनसंख्या दिवस-2026 की थीम “युवाओं की आशाओं और आकांक्षाओं को साकार करना – आज और भविष्य के लिए” के अनुरूप बताया गया कि छोटा एवं स्वस्थ परिवार युवाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य तथा कौशल विकास में बेहतर निवेश का आधार बनता है, जिससे वे अपने लक्ष्यों की प्राप्ति के साथ राष्ट्र निर्माण में प्रभावी योगदान दे सकते हैं।रेल प्रशासन द्वारा कर्मचारियों के स्वास्थ्य संरक्षण, रोगों की समय पर पहचान तथा जनस्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ऐसे स्वास्थ्य शिविर समय-समय पर आयोजित किए जाते रहेंगे।



