ई-अटेंडेंस एवं वेतन कटौती संबंधी समस्याओं के समाधान हेतु आयुक्त लोक शिक्षण से मिला मध्य प्रदेश शिक्षक संघ

ई-अटेंडेंस एवं वेतन कटौती संबंधी समस्याओं के समाधान हेतु आयुक्त लोक शिक्षण से मिला मध्य प्रदेश शिक्षक संघ
मंदसौर। मध्य प्रदेश शिक्षक संघ के संभागीय अध्यक्ष शंकरलाल आंजना तथा जिला शाखा मंदसौर के जिला अध्यक्ष विक्रम शर्मा, जिला सचिव भरतलाल पोंडिया एवं जिला कोषाध्यक्ष कांतिलाल राठौर ने बताया कि मध्य प्रदेश शिक्षक संघ सदैव शिक्षकों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहा है। संगठन शिक्षकों की प्रत्येक न्यायोचित समस्या को शासन-प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाकर उसके समाधान के लिए निरंतर प्रयासरत है।
इसी क्रम में लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा 1 जुलाई 2026 को जारी ई-अटेंडेंस के आधार पर वेतन कटौती एवं आहरण-वितरण अधिकारियों पर दंडात्मक कार्रवाई संबंधी आदेश के विरोध में प्रदेशभर के लगभग तीन लाख शिक्षक-शिक्षिकाओं में व्याप्त असंतोष को लेकर मध्य प्रदेश शिक्षक संघ का 31 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल प्रदेश अध्यक्ष डॉ. क्षत्रवीर सिंह राठौर के नेतृत्व में 10 जुलाई 2026 को आयुक्त लोक शिक्षण अभिषेक सिंह से मिला।
प्रतिनिधिमंडल ने आयुक्त को अवगत कराया कि प्रदेश के अनेक विद्यालयों में आज भी नेटवर्क कनेक्टिविटी एवं तकनीकी समस्याएं बनी हुई हैं। इसके अतिरिक्त प्राकृतिक आपदा, भारी वर्षा, पारिवारिक दुर्घटना अथवा अन्य विषम परिस्थितियों के कारण कई बार ई-अटेंडेंस दर्ज नहीं हो पाती। ऐसी परिस्थितियों में शिक्षक-शिक्षिकाओं का वेतन रोकना अथवा काटना और संकुल प्राचार्यों एवं आहरण-वितरण अधिकारियों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई करना न्यायसंगत नहीं है।
आयुक्त लोक शिक्षण अभिषेक सिंह ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि केवल तकनीकी कारणों से ई-अटेंडेंस दर्ज नहीं होने पर किसी भी शिक्षक का वेतन नहीं रोका जाएगा तथा संकुल प्राचार्य या आहरण-वितरण अधिकारियों के विरुद्ध भी दंडात्मक कार्रवाई नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि ‘हमारे शिक्षक’ ऐप को शीघ्र ही तकनीकी रूप से और अधिक सक्षम एवं त्रुटिरहित बनाया जाएगा। प्राकृतिक आपदा, मानसूनी बाधा अथवा अन्य विशेष परिस्थितियों में यदि किसी शिक्षक की उपस्थिति दर्ज नहीं हो पाती है, तो उसे न तो दंडित किया जाएगा और न ही उसका वेतन रोका जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान में प्रदेश के लगभग 95 से 96 प्रतिशत शिक्षक नियमित रूप से विद्यालय में उपस्थित होकर ई-अटेंडेंस दर्ज कर रहे हैं, जो सराहनीय है।
प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. क्षत्रवीर सिंह राठौर के साथ प्रांतीय सह संगठन मंत्री राजीव शर्मा, संभागीय अध्यक्ष विकास चौहान, प्रांतीय सचिव श्रीमती संध्या नायक, जिला अध्यक्ष नागेश पांडे सहित विभिन्न जिलों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। वार्ता के दौरान संचालक के.के. द्विवेदी, संयुक्त संचालक राजेंद्र डेकाटे एवं विधि प्रकोष्ठ के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
जिला अध्यक्ष विक्रम शर्मा, जिला सचिव भरतलाल पोंडिया एवं जिला कोषाध्यक्ष कांतिलाल राठौर ने बताया कि इसी विषय पर मध्य प्रदेश शिक्षक संघ द्वारा तीन दिन पूर्व स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह से भी विस्तृत चर्चा की गई थी। संगठन ने स्पष्ट किया कि शिक्षकों के हितों से जुड़े प्रत्येक मुद्दे पर वह निरंतर संघर्ष करता रहेगा तथा व्यावहारिक और न्यायसंगत समाधान सुनिश्चित कराने के लिए शासन स्तर पर लगातार प्रयास जारी रखेगा।
उक्त जानकारी प्रांतीय मीडिया सह प्रभारी रामचंद्र लोहार द्वारा प्रदान की गई।



