नीमचमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश नीमच 12 जुलाई 2026 रविवार

/////////////////////

मुख्‍मंत्री लाड़ली बहना योजना बनी नीमच की अंतिमबाला के परिवार की आर्थिक संबल

नीमच 11 जुलाई 2026, मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के साथ-साथ उनके परिवार की खुशहाली का भी आधार बन रही है। योजना के तहत प्राप्त होने वाली नियमित आर्थिक सहायता से महिलाएं अपनी आवश्यकताओं की पूर्ति करने के साथ बच्चों की शिक्षा और परिवार के दैनिक खर्चों में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।

इसी क्रम में नीमच नगर के वार्ड क्रमांक-1 की निवासी श्रीमती अंतिमबाला कुमावत भी योजना से लाभान्वित हो रही हैं। उन्हें मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत प्रतिमाह 1,250 रुपये की राशि प्राप्त हो रही है। अंतिमबाला बताती हैं कि योजना से मिलने वाली इस राशि का उपयोग वे अपने बच्चों की ट्यूशन फीस, पढ़ाई-लिखाई एवं अन्य शैक्षणिक आवश्यकताओं पर करती हैं। इससे परिवार पर आर्थिक बोझ कम हुआ है और बच्चों की शिक्षा नियमित रूप से जारी रखने में सहायता मिली है।

अंतिमबाला का कहना है कि पहले बच्चों की पढ़ाई का खर्च जुटाना कई बार चुनौतीपूर्ण हो जाता था, लेकिन अब हर महीने मिलने वाली सहायता राशि से उन्हें काफी राहत मिली है। इससे वे बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए निश्चिंत होकर उनकी शिक्षा पर ध्यान दे पा रही हैं।

वे कहती हैं कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इस योजना ने उनके परिवार को आर्थिक संबल प्रदान किया है और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के सपनों को साकार करने में सहयोग दिया है।

योजना से लाभान्वित अंतिमबाला कुमावत ने प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना महिलाओं और उनके परिवारों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रही है। उन्होंने इस जनकल्याणकारी पहल के लिए मुख्यमंत्री का हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया।

========

जिले में अब तक औसत 258.2 मि.मी. वर्षा दर्ज

नीमच 11 जुलाई 2026, जिले में चालू वर्षाकाल के दौरान अब तक औसत 258.2 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई है। गत वर्ष इसी अवधि में जिले में औसत 315.1 मि.मी. वर्षा रिकॉर्ड की गई थी।

अधीक्षक भू-अभिलेख, नीमच से प्राप्त जानकारी के अनुसार 1 जून 2026 से 11 जुलाई 2026 की प्रातः 8 बजे तक जिले की चारों तहसीलों में वर्षा का विवरण इस प्रकार है- नीमच में 333.0 मि.मी., जावद में 239.0 मि.मी., सिंगोली में 240.9 मि.मी. तथा मनासा में 220.0 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई है।

गत वर्ष इसी अवधि में नीमच में 293.6 मि.मी., जावद में 330.0 मि.मी., सिंगोली में 437.0 मि.मी. तथा मनासा में 200.0 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई थी।

इसी प्रकार, 11 जुलाई 2026 को प्रातः 8 बजे तक बीते 24 घंटों में जिले में औसतन वर्षा रिकॉर्ड नहीं की गई। इस दौरान नीमच, जावद, मनासा एवं सिंगोली में वर्षा दर्ज नहीं की गई।

============

विश्व जनसंख्या दिवस पर जनसंख्या स्थिरीकरण माह का शुभारंभ, जागरूकता रैली निकाली गई

नीमच, 11 जुलाई 2026। विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर शनिवार को स्वास्थ्य विभाग द्वारा जनसंख्या स्थिरीकरण माह के शुभारंभ पर जनजागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली को जिला स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण अधिकारी डॉ.आर.के. खद्योत, सिविल सर्जन-सह-मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. महेंद्र पाटील तथा डॉ.संगीता भारती ने जिला चिकित्सालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।इस अवसर पर जिला स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण अधिकारी डॉ. आर.के. खद्योत ने बताया कि जिले में 11 जुलाई से 18 जुलाई 2026 तक जनसंख्या स्थिरीकरण सेवा प्रदायगी सप्ताह मनाया जाएगा। इस दौरान विभिन्न शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में नसबंदी शिविर आयोजित किए जाएंगे तथा परिवार नियोजन सेवाएं सुलभ कराई जाएंगी।

उन्होंने बताया कि शासन द्वारा जनसंख्या स्थिरीकरण के लिए विभिन्न परिवार नियोजन साधन ‘बास्केट ऑफ चॉइस’ के अंतर्गत उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इनमें निरोध, माला-डी, माला-एन, छाया गर्भनिरोधक गोली, आकस्मिक गर्भनिरोधक गोलियां तथा अंतरा इंजेक्शन शामिल हैं। हितग्राही अपनी आवश्यकता एवं इच्छा के अनुसार इनमें से किसी भी अस्थायी साधन का चयन कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त महिला एवं पुरुष नसबंदी की स्थायी सेवाएं भी जिले में निरंतर उपलब्ध कराई जा रही हैं। पात्र हितग्राही शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध सेवाओं का लाभ लेकर परिवार कल्याण कार्यक्रम में अपनी सहभागिता सुनिश्चित कर सकते हैं।

जागरूकता रैली जिला चिकित्सालय नीमच से प्रारंभ होकर फ्रूट मार्केट, हेमू कालानी चौराहा एवं सिंधी कॉलोनी मार्ग से होते हुए पुनः जिला चिकित्सालय पहुंचकर सम्पन्न हुई।

रैली में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, शहरी आशा कार्यकर्ता तथा ज्ञानोदय नर्सिंग महाविद्यालय के प्रशिक्षु छात्र-छात्राओं ने हाथों में जागरूकता संबंधी तख्तियां लेकर सीमित परिवार के लाभों का संदेश दिया तथा नारों के माध्यम से आमजन को परिवार नियोजन एवं जनसंख्या स्थिरीकरण के प्रति जागरूक किया।

इस अवसर पर मानव अधिकार आयोग के मित्र श्री कमलाशंकर कारपेंटर एवं श्री देवीलाल वर्मा सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

==========

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}