पंचशील एकेडमी में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु समय प्रबंधन एवं लक्ष्य निर्धारण पर प्रेरक सेमिनार आयोजित

पंचशील एकेडमी में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु समय प्रबंधन एवं लक्ष्य निर्धारण पर प्रेरक सेमिनार आयोजित
संवाददाता- सतीश शर्मा
गरोठ। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं मानसिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए पंचशील एकेडमी, गरोठ में कक्षा 9 एवं 10 के विद्यार्थियों के लिए “Stress Management, Time Management एवं Goal Setting & Career Direction” विषय पर एक प्रेरणादायी सेमिनार का आयोजन किया गया।
यह विशेष सत्र Life Navigation Coach श्रीमति योगिता द्वारा आयोजित किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को तनाव से बचने के प्रभावी उपाय, समय का सही प्रबंधन, मोबाइल फोन के संतुलित एवं सीमित उपयोग, लक्ष्य निर्धारण, करियर की सही दिशा चुनने तथा नियमित दिनचर्या के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि सही योजना, अनुशासन, सकारात्मक सोच और निरंतर अभ्यास के माध्यम से वे अपने जीवन के प्रत्येक लक्ष्य को सफलतापूर्वक प्राप्त कर सकते हैं।
सेमिनार के दौरान विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता की। उन्होंने अपने जीवन के लक्ष्य, भविष्य की योजनाएँ तथा उन्हें प्राप्त करने की रणनीतियाँ साझा कीं। साथ ही यह जानने में भी विशेष रुचि दिखाई कि वे अपनी पढ़ाई, व्यक्तित्व विकास, समय प्रबंधन तथा करियर की तैयारी को और अधिक प्रभावी कैसे बना सकते हैं। प्रश्नोत्तर सत्र में विद्यार्थियों ने खुलकर अपने विचार व्यक्त किए और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक श्री हेमंत जी पाटीदार, वरिष्ठ शिक्षक श्री विष्णु शर्मा, श्री अजय व्यास एवं श्री विष्णुपुत्र भरत शर्मा,श्री संदीप सिंह ,श्री लवेश सर विशेष रूप से उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार ने इस प्रकार के प्रेरणादायी कार्यक्रमों को विद्यार्थियों के मानसिक सशक्तिकरण, व्यक्तित्व विकास तथा उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने तनावमुक्त रहकर अनुशासित जीवन अपनाने, समय का सदुपयोग करने, मोबाइल का विवेकपूर्ण उपयोग करने तथा स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का संकल्प लिया। विद्यालय प्रबंधन ने भविष्य में भी विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए ऐसे प्रेरणादायी एवं मार्गदर्शक कार्यक्रम आयोजित करते रहने का विश्वास व्यक्त किया।



