समाचार मध्यप्रदेश नीमच 10 जुलाई 2026 शुक्रवार

जिला जनसम्पर्क कार्यालय नीमच (म.प्र.)
//समाचार//
कलेक्टर ने प्राचार्यों एवं संकुल प्राचार्यों की समीक्षा बैठक लेकर दिए आवश्यक निर्देश
शिक्षा की गुणवत्ता और परीक्षा परिणाम सुधार पर करें विशेष फोकस : कलेक्टर श्री चंद्रा
नीमच, 9 जुलाई 2026। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला पंचायत सभाकक्ष, नीमच में जिले के सभी प्राचार्यों एवं संकुल प्राचार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शैक्षणिक गुणवत्ता, विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम तथा विद्यालयों के संचालन की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि जिले के 105 मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों की टीम गठित कर जांच कराई जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि वे निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित हो रहे हैं। जांच कर 15 दिवस में प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाए।
उन्होंने सभी प्राचार्यों को समय पर पाठ्यक्रम पूर्ण कराने, नियमित मासिक परीक्षण, विद्यार्थियों की ग्रेडिंग, काउंसलिंग एवं आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त कक्षाओं का संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। गणित एवं अंग्रेजी विषयों पर विशेष फोकस करने तथा इन विषयों के शिक्षकों का डाइट में पांच दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित करने के भी निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों की काउंसलिंग एवं गतिविधियों का पृथक रजिस्टर संधारित किया जाए। उन्होंने प्राचार्यों को निर्देशित किया कि विद्यालयों में विद्यार्थियों की उपस्थिति पर विशेष ध्यान दिया जाए। शिक्षकों की अनावश्यक अनुपस्थिति पर भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने निर्देश दिए कि अपार आईडी का कार्य विशेष अभियान चलाकर 15 दिवस में पूर्ण किया जाए। जिले के सांदीपनि विद्यालय, उत्कृष्ट विद्यालय एवं पीएम श्री विद्यालयों में चेस क्लब प्रारंभ किए जाएं तथा प्रार्थना सभा के साथ योग एवं मेडिटेशन का नियमित आयोजन कराने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालय समय में शिक्षकों द्वारा मोबाइल फोन के उपयोग पर प्रतिबंध का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को 15 अगस्त के अवसर पर सम्मानित करने की जानकारी भी दी गई। इस दौरान विद्यालयों में किए गए नवाचारों की भी समीक्षा की गई।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमन वैष्णव, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती ऐश्वर्या मूंदड़ा, डीपीसी श्री दिलीप व्यास सहित जिले के सभी प्राचार्य एवं संकुल प्राचार्य उपस्थित रहे।
स.क्र./1186/37/अरूणेन्द्रसिंह/फोटो
जिला जनसम्पर्क कार्यालय नीमच (म.प्र.)
//समाचार//
कलेक्टर ने नगरीय निकायों की समीक्षा बैठक में दिए सख्त निर्देश
लापरवाही पर उपयंत्री के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश
नीमच, 9 जुलाई 2026। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिले के समस्त नगरीय निकायों के मुख्य नगरपालिका अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं तथा विकास कार्यों की निकायवार समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। समीक्षा के दौरान कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर उपयंत्री श्री अंकित मांझी एवं श्री टेकचंद बुनकर के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने आगामी माह तक जिले के 1,500 पात्र हितग्राहियों को ऋण वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बैंक एवं नगरीय निकाय आपसी समन्वय से लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करें।
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत स्वीकृत आवासों का निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने तथा पूर्ण आवासों की जियो-टैगिंग निर्धारित समय-सीमा में कराने के निर्देश भी दिए गए। नगर परिषद डीकेन में निर्मित वाटर बॉडी के कार्य में सक्षम स्वीकृति के बिना भुगतान किए जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित प्रकरण की जांच के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सभी मुख्य नगरपालिका अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने निकायों में संचालित निर्माण कार्यों का नियमित स्थल निरीक्षण करें तथा गुणवत्ता सुनिश्चित करें। वर्षा ऋतु को देखते हुए उन्होंने जर्जर एवं खतरनाक भवनों का सर्वेक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा जनहानि की आशंका वाले भवनों को तत्काल खाली कराने एवं आवश्यकतानुसार ध्वस्त करने के निर्देश दिए।
सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने 50 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में परियोजना अधिकारी डूडा एवं डिप्टी कलेक्टर श्री चंद्रसिंह धार्वे, नीमच की मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्रीमती दुर्गा बामनिया तथा जिले के समस्त मुख्य नगरपालिका अधिकारी उपस्थित रहे।
स.क्र./1184/84/35/अरूणेन्द्र सिंह/फोटो
जिला जनसंपर्क कार्यालयय नीमच (म.प्र.)
//समाचार//
अखबारों की रद्दी एवं अनुपयोगी सामग्री की नीलामी हेतु दरें आमंत्रित
नीमच, 09 जुलाई 2026। जिला जनसंपर्क कार्यालय, नीमच द्वारा पुराने समाचार-पत्र, पत्रिकाएं, समाचार कतरनें तथा अनुपयोगी सामग्री, जिसमें लकड़ी एवं लोहे की कुर्सियां, लकड़ी की बड़ी टेबल, गोदरेज टाइपराइटर, डुप्लीकेटिंग मशीन एवं सैमसंग टीवी शामिल हैं, की नीलामी 17 जुलाई 2026 को की जाएगी।
इच्छुक व्यक्ति अथवा फर्म 16 जुलाई 2026 को दोपहर 12 बजे तक अपनी दरें सीलबंद लिफाफे में जिला जनसंपर्क कार्यालय, नीमच में प्रस्तुत कर सकते हैं। आवेदन के साथ ₹2,000 (दो हजार रुपये) की अर्नेस्ट मनी नगद जमा कराना अनिवार्य होगा।
प्राप्त निविदाओं के सीलबंद लिफाफे 17 जुलाई 2026 को दोपहर 2 बजे खोले जाएंगे। समाचार-पत्र, पत्रिकाओं एवं समाचार कतरनों के लिए एक समान दर ही मान्य होगी। नीलामी से संबंधित विस्तृत शर्तें एवं अन्य जानकारी जिला जनसंपर्क कार्यालय, नीमच तथा कलेक्टर कार्यालय, नीमच के सूचना पटल पर देखी जा सकती हैं।
स.क्र./1185/36/अरूणेन्द्र सिंह/



