मेलखेड़ा चौपाटी पर शामगढ़ पुलिस का साइबर जागरूकता अभियान, आमजन को ऑनलाइन ठगी से बचाव के दिए टिप्स
मेलखेड़ा चौपाटी पर शामगढ़ पुलिस का साइबर जागरूकता अभियान, आमजन को ऑनलाइन ठगी से बचाव के दिए टिप्स
शामगढ़। पुलिस थाना शामगढ़, जिला मंदसौर द्वारा मेलखेड़ा चौपाटी पर साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने लोगों को ऑनलाइन ठगी के बढ़ते मामलों से सतर्क रहने की अपील की। नागरिकों को बैंक खाते, एटीएम, ओटीपी, सीवीवी और अन्य गोपनीय बैंकिंग जानकारी किसी भी व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी गई। साथ ही संदिग्ध फोन कॉल, फर्जी मैसेज, सोशल मीडिया लिंक और अज्ञात लिंक पर क्लिक करने से बचने के लिए भी जागरूक किया गया।
पुलिस ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी की घटना होती है, तो वह बिना देर किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराए तथा अपने नजदीकी पुलिस थाने से तत्काल संपर्क करे। अभियान का उद्देश्य लोगों को जागरूक कर साइबर अपराधों पर प्रभावी रोकथाम करना है।


