मंदसौरमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 30 जुन 2026 मंगलवार

///////////////////////

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नीमच सोलर पार्क एवं ग्रीनको परियोजना का एरियल सर्वे किया

11,470 करोड़ की ग्रीनको पम्प स्टोरेज परियोजना से 1920 मेगावाट ऊर्जा उत्पादन होगा

परियोजना से क्षेत्र में रोजगार, ऊर्जा सुरक्षा और हरित विकास को मिलेगी नई गति

मंदसौर 29 जून 2026/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को नीमच के 500 मेगावाट सोलर पार्क एवं ग्राम खिमला में निर्माणाधीन ग्रीनको पम्प स्टोरेज परियोजना का एरियल सर्वे किया। सर्वे के बाद मुख्यमंत्री को पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से परियोजना की प्रगति, तकनीकी विशेषताओं एवं ऊर्जा उत्पादन क्षमता की विस्तृत जानकारी दी गई।

ग्रीनको ग्रुप द्वारा लगभग 11,470 करोड़ रुपये की लागत से विकसित की जा रही 1920 मेगावाट क्षमता की गांधीसागर पम्प स्टोरेज परियोजना देश की अपनी तरह की सबसे बड़ी परियोजनाओं में शामिल है। इस परियोजना की ऊर्जा भंडारण क्षमता 10,326 मेगावाट प्रति घंटा होगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इसे मध्यप्रदेश के ऊर्जा क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे प्रदेश की ऊर्जा सुरक्षा मजबूत होगी और हरित ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा।

परियोजना के तहत गांधीसागर के मौजूदा जलाशय तथा खिमला में निर्मित किए जा रहे ऊपरी जलाशय का उपयोग पम्प स्टोरेज तकनीक से बिजली उत्पादन के लिए किया जाएगा। इस प्रक्रिया में पानी का पुनः उपयोग होगा तथा वाष्पीकरण से होने वाली न्यूनतम हानि को छोड़कर अतिरिक्त जल की आवश्यकता नहीं होगी। परियोजना में 240 मेगावाट की 7 तथा 120 मेगावाट की 2 द्वि-दिशात्मक टर्बाइन इकाइयां स्थापित की जा रही हैं।

खिमला परियोजना के निर्माण कार्य में वर्तमान में प्रतिदिन तीन हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिल रहा है। इसके पूर्ण होने पर क्षेत्र में औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन और स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन को नई गति मिलेगी।

इस अवसर पर नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा विभाग भारत सरकार के केंद्रीय मंत्री श्री प्रहलाद जोशी, मध्यप्रदेश शासन के नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री राकेश शुक्ला, ग्रीनको के सीईओ श्री मौर्या, सांसद श्री सुधीर गुप्ता, ऊर्जा विभाग के अपर मुख्य सचिव, विधायक श्री माधव मारू तथा कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

=============

उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने ग्राम गुर्जरबर्डिया में 333 करोड़ की लागत से निर्मित विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया

मंदसौर 29 जून 26 / उपमुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा ने गुर्जरबर्डिया स्थित सांदीपनि विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान लगभग 295 करोड़ 43 लाख रुपये की लागत से निर्मित गुर्जरबर्डिया–महादेव मंदिर मार्ग निर्माण कार्य, 65 लाख रुपये की लागत से निर्मित आरोग्यम उप स्वास्थ्य केंद्र भवन तथा 37 लाख रुपये की लागत से निर्मित राधा-कृष्ण गौशाला का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि इन विकास कार्यों से क्षेत्र के किसानों, विद्यार्थियों एवं ग्रामीण नागरिकों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी।

कार्यक्रम में जिला योजना समिति सदस्य श्री राजेश दीक्षित, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री बसंत शर्मा सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, पत्रकार, ग्रामीणजन एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर सांदीपनि विद्यालय के विद्यार्थियों ने हरियाली एवं स्वच्छता विषय पर आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुति दीं। उपमुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने विद्यालय को आईएसओ 9001:2015 क्वालिटी मैनेजमेंट सिस्टम का प्रमाणपत्र भी प्रदान किया तथा विद्यालय में ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण कार्यशाला का उद्घाटन किया। उन्होंने विद्यालय के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई और अन्य गतिविधियों की जानकारी ली।

सभा को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने कहा कि सांदीपनि विद्यालय में डोम का निर्माण कराया जाएगा तथा शिक्षा के क्षेत्र में जो भी आवश्यक सुविधाएं होंगी, उन्हें प्राथमिकता के साथ उपलब्ध कराया जाएगा।

उन्होंने विद्यार्थियों, अभिभावकों और ग्रामीणों से “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत प्रत्येक व्यक्ति से एक पौधा लगाने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में उपमुख्यमंत्री ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। फोटो संलग्न

============

30 जून को सीतामऊ में होगा विशेष उद्यम पंजीयन अभियान

स्व-सहायता समूहों से जुड़े उद्यमियों को मिलेगा उद्यम पंजीयन एवं मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना की जानकारी

मंदसौर 29 जून 26 / जिला परियोजना प्रबंधक म.प्र.डे.-राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन एवं महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र मंदसौर ने बताया कि म.प्र.डे.-राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन एवं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग (एमएसएमई विभाग) के संयुक्त तत्वावधान में स्व-सहायता समूहों से जुड़े उद्यमियों के लिए विशेष उद्यम पंजीयन अभियान आयोजित किया जाएगा।

अभियान के अंतर्गत 30 जून 2026 को सीतामऊ में जनपद पंचायत स्तर पर विशेष शिविर आयोजित किया जाएंगा। शिविर के माध्यम से निर्धारित लक्ष्य के अनुसार गैर-कृषि उद्यमों का उद्यम पंजीयन किया जाएगा।

शिविर में उद्यम पंजीयन के साथ-साथ मध्यप्रदेश शासन की हितग्राही मूलक मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के अंतर्गत ऋण प्राप्ति हेतु आवेदन प्रक्रिया की जानकारी भी प्रदान की जाएगी। पात्र हितग्राहियों को योजना से जुड़ी आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे वे स्वरोजगार स्थापित कर आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें।

संबंधित अधिकारियों ने स्व-सहायता समूहों से जुड़े सभी पात्र उद्यमियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर आयोजित शिविर में उपस्थित होकर उद्यम पंजीयन एवं विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त करें।

=======================

जिले में अब तक 116.5 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज

मंदसौर 29 जून 26 / जिले में इस वर्ष अबतक औसतन 116.5 मि.मी. वर्षा दर्ज की गयी है। जबकि पिछले 24 घन्टों में मंदसौर जिले में 27.8 मिमी वास्तविक वर्षा दर्ज की गई है। पिछले 24 घन्टों में भानपुरा में 11.2 मि.मी., भावगढ़ में 34.0 मि.मी., गरोठ में 24.8 मि.मी., मल्हारगढ़ मे 19.0 मि.मी., संजीत में 13.0 मि.मी., धुंधड़का में 40.0 मि.मी., मंदसौर में 76.0 मि.मी., शामगढ़ में 17.6 मि.मी., कयामपुर में 2.0 मि.मी., सीतामऊ में 3.0 मि.मी. एवं सुवासरा में 66.0 मि.मी. वास्तविक वर्षा दर्ज की गई है।

विगत 1 जून से अब तक वर्षामापक केन्द्र भानपुरा में 118.4मि.मी., भावगढ़ में 83.0 मि.मी., गरोठ में 116.6 मि.मी., मल्हारगढ़ मे 149.0 मि.मी., संजीत में 92.0 मि.मी., धुधंड़का में 147.0 मि.मी., मंदसौर में 128.0 मि.मी., शामगढ़ में 123.2 मि.मी., कयामपुर में 92.5 मि.मी., सीतामऊ में 103.8 मि.मी. एवं सुवासरा में 129.0 मि.मी., वास्तविक वर्षा दर्ज की गई है। गांधीसागर बांध का जल स्‍तर अब तक 1289.18 फीट है।

===============

सर्टिफिकेट का झंझट खत्म डिजिटल साक्ष्य मान्य

मध्य प्रदेश इस प्रणाली को लागू करने वाला देश का पहला राज्य बन गया है, जिसके तहत निम्नलिखित प्रमुख बदलाव किए गए हैं

सर्टिफिकेट का झंझट खत्म डिजिटल साक्ष्यों को मान्य कराने के लिए पहले धारा 65B के तहत लंबा कानूनी प्रमाणन देना पड़ता था, जिसकी आवश्यकता अब समाप्त हो गई

अदालती कामकाज को हाईटेक बनाने के लिए “ई-साक्ष्य नियम-2026” लागू कर दिए गए हैं, जिससे वाट्सएप चैट, फोटो, वीडियो और ऑडियो रिकॉर्डिंग जैसे डिजिटल सबूत बिना किसी अतिरिक्त सर्टिफिकेट के सीधे अदालत में मान्य होंगे।

==============

पुलिस की बड़ी कामयाबी: 5.5 किलो अफीम और 30 किलो डोडाचूरा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

तस्करों का हैरान करने वाला जुगाड़….

नारायणगढ़ -पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर के टायरों में छिपाकर ले जाई जा रही अफीम और डोडाचूरा की बड़ी खेप बरामद की है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 5.5 किलोग्राम अवैध अफीम, 30 किलोग्राम डोडाचूरा तथा दो ट्रैक्टर जब्त किए हैं। जब्त सामग्री और वाहनों की कुल कीमत करीब 16.35 लाख रुपये आंकी गई है।

मंदसौर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेन्द्र कुमार पवार के नेतृत्व में बुढ़ा चौकी प्रभारी विकास गेहलोत ने मुखबिर की सूचना पर झार्डा-भंवरासा रोड स्थित बोरखेड़ी फंटा यात्री प्रतीक्षालय के पास घेराबंदी कर संदिग्ध ट्रैक्टर को रोका।

तलाशी के दौरान पुलिस ने ट्रॉली में रखे मैसी 1035 डीआई ट्रैक्टर के टायरों में बेहद शातिर तरीके से मादक पदार्थ छिपाकर रखा हुआ पाया। चौंकाने वाली बात यह थी कि दाहिने पिछले टायर के अंदर से 30 किलो डोडाचूरा और बाएं आगे के टायर के भीतर से 5.5 किलो अफीम बरामद की गई। पुलिस ने मौके पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास पिता बोहराराम जाट 26 वर्ष एवं प्रधान पिता सेवाराम जाट 27 वर्ष निवासी ग्राम बड़लिया, थाना झंवर, जिला जोधपुर (राजस्थान) के रूप में हुई है। आरोपियों के विरुद्ध थाना नारायणगढ़ में अपराध क्रमांक 202/26 के तहत धारा 8/18,15 एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।

प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई कहां होना थी। मामले में तस्करी से जुड़े अन्य आरोपियों और नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी विकास जाट के खिलाफ पहले भी मल्हारगढ़ थाने में एनडीपीएस एक्ट के दो मामले दर्ज हैं। नारायणगढ़ पुलिस की इस कार्रवाई को मादक पदार्थ तस्करी के विरुद्ध बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार में लिप्त अपराधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा।

============

कोटा मंडल आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई: ₹4,50,000 का चोरी का सामान बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार

हरिद्वार एक्सप्रेस के कोच एम-1 से हुई थी चोरी, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पकड़ा गया आरोपी

कोटा मंडल की रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) टीम ने एक यात्री की चोरी हुई संपत्ति, जिसका अनुमानित मूल्य लगभग ₹4,50,000 है, बरामद करते हुए मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त कोटा श्री पवन श्रीवास्तव के दिशा-निर्देशन में संपन्न हुई।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक एवं जनसम्पर्क अधिकारी श्री सौरभ जैन ने बताया कि रेल मदद पोर्टल पर दर्ज शिकायत में बताया गया कि ट्रेन संख्या 19020 हरिद्वार एक्सप्रेस के कोच एम-1 से एक महिला यात्री का पर्स चोरी हो गया। पर्स में एक सोने का मंगलसूत्र, तीन जोड़ी सोने की बालियां, दो जोड़ी अंगूठियां तथा लगभग 50,000 रुपये नकद रखे थे।

इस संबंध में जीआरपी कोटा द्वारा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(सी) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया। जांच के दौरान निरीक्षक प्रभारी, आरपीएफ रामगंजमंडी द्वारा बांद्रा टर्मिनस से संबंधित कोच की सीसीटीवी फुटेज प्राप्त की गई। फुटेज के विश्लेषण में एक संदिग्ध व्यक्ति को कोच एम-1 से चोरी का पर्स ले जाते हुए देखा गया।

इसी फुटेज के आधार पर सहायक सुरक्षा आयुक्त-प्रथम श्री यशवंत सिंह, कोटा के निर्देशन में आरपीएफ मंडल टीम ने आरपीएफ रामगंजमंडी एवं जीआरपी कोटा के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी को आरएमए (रामगंजमंडी) स्टेशन से पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने ट्रेन संख्या 19020 हरिद्वार एक्सप्रेस के कोच एम-1 से चोरी की घटना को स्वीकार कर लिया तथा चोरी की संपत्ति बरामद कराने पर सहमति दी।

पहचान की पुष्टि के बाद जीआरपी कोटा ने आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड पर लिया। आरोपी की निशानदेही पर एक सोने का मंगलसूत्र, सोने की बालियां, सोने की अंगूठियां तथा लगभग 18,500 रुपये नकद बरामद किए गए। बरामद संपत्ति का कुल अनुमानित मूल्य ₹4,50,000 है।

आरोपी की पहचान चंदर शोंधिया, उम्र 21 वर्ष, निवासी गुना (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है।

इस सफल कार्रवाई में निरीक्षक विजय सिंह , उप निरीक्षक सुमित रघुवंशी (मंडल टीम), हेड कांस्टेबल सीताराम, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार तथा कांस्टेबल सत्यव्रत की सराहनीय भूमिका रही।

यात्रियों से अपील की जाती है कि वे यात्रा के दौरान अपने सामान एवं कीमती वस्तुओं की सुरक्षा स्वयं सुनिश्चित करें तथा किसी भी संदिग्ध घटना की सूचना तत्काल रेल मदद हेल्पलाइन या निकटतम आरपीएफ पोस्ट पर दें।

======

गरोठ: अस्पताल परिसर में पति-पत्नी के बीच हुई बातचीत का वीडियो हुआ वायरल, डॉक्टर ने दी सफाई

गरोठ: गरोठ-मेलखेड़ा रोड स्थित बरडिया अमरा के समीप एक निजी अस्पताल/फॉर्महाउस का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवक और युवती को एक साथ देखा जा सकता है, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं और दावे किए जा रहे थे।

क्या है पूरा मामला?

वायरल वीडियो को लेकर स्थिति स्पष्ट करते हुए संबंधित अस्पताल के संचालक डॉ. राहुल खंडारे ने जानकारी दी है कि वीडियो उनके अस्पताल परिसर का ही है। डॉ. खंडारे ने स्पष्ट किया कि वीडियो में दिख रहे युवक और युवती उनके अस्पताल में कार्यरत स्टाफ सदस्य हैं और वे आपस में पति-पत्नी हैं।

पति-पत्नी के बीच हुई थी अनबन

डॉ. खंडारे ने बताया कि घटना के समय पति-पत्नी के बीच आपसी घरेलू विवाद हो गया था, जिसके चलते पत्नी रूठकर अस्पताल से बाहर आ गई थी। बाद में युवक (पति) उसे मनाने के लिए अस्पताल के बाहर आया था। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने उनकी बातचीत का वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो बाद में वायरल हो गया।

डॉक्टर ने लोगों से अपील की है कि बिना सच्चाई जाने इस तरह के वीडियो को गलत संदर्भ में शेयर न करें, क्योंकि इससे संबंधित व्यक्तियों की निजता और सम्मान पर गलत प्रभाव पड़ता है।

================

कन्या प्राइमरी स्कूल में मिड-डे मील के गेहूं को लेकर विवाद

भानपुरा क्षेत्र के भैसोदा नगर परिषद क्षेत्र के कन्या प्राइमरी स्कूल में मिड-डे मील के गेहूं को लेकर विवाद सामने आया है।आटा चक्की संचालक ने स्कूल के लिए लाए गए गेहूं को घटिया किस्म का बताते हुए मोहल्लेवासियों को इसकी जानकारी दी,जिसके बाद मौके पर हंगामा हो गया। चक्की संचालक का कहना है कि बच्चों के भोजन के लिए लाया गया गेहूं बेहद खराब था।सूचना पर नगर परिषद उपाध्यक्ष अर्जुन शर्मा सहित कई लोग मौके पर पहुंचे और मामले की जांच कर शिकायत करने की बात कही।वहीं मिड-डे मील समूह की अध्यक्ष ने आगे से ऐसी गलती नहीं होने की कहा।

प्रधानाध्यापक उषा उपाध्याय से फोन पर पूछने पर कहा कि पार्वती बाई के नवीन नामक समूह द्वारा स्कूल में मिड-डे मील बनाया जाता है। मेरी तबीयत खराब होने के कारण मैं तो तीन दिन से छुट्टी पर हूं।

============

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}