
कलेक्टर ने पिपलोदा क्षेत्र में भ्रमण किया
रतलाम : सोमवार, जून 29, 2026,

कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने पिपलौदा तहसील के ग्राम राकोदा, बडायला माता जी, अयाना में किसान पहचान पत्र शिविर का निरीक्षण कर कार्य में प्रगति हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
भ्रमण के दौरान उन्होंने पेयजल प्रबंधन, मानसून के दौरान अतिवृष्टि से बचाव आदि के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कृषकों से आगामी फसल बुवाई , उर्वरक आदि के संबंध में चर्चा की, ग्राम वासियों की समस्याएं सुनकर निराकरण के निर्देश दिए ,तत्पश्चात तहसील कार्यालय पिपलौदा का निरीक्षण कर पोर्टल पर योजनाओं की प्रगति के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए । भ्रमण के दौरान एसडीएम श्रीमती रचना शर्मा सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।
==============
सहकारी ध्वज फहराकर हुआ सहकारी सप्ताह का शुभारंभ’
रतलाम : सोमवार, जून 29, 2026

पूरे प्रदेश में 29 जून से 5 जुलाई तक सहकारी सप्ताह के अंतर्गत आयोजन होंगे। इसका मुख्य उद्देश्य जमीनी स्तर पर सहकारिता की भावना को सुदृढ़ करना तथा शासन की कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचना है।
सप्ताह के शुभारंभ समारोह का आयोजन कलेक्ट्रोरेट परिसर में सहकारिता विभाग, जिला सहकारी संघ एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक द्वारा किया गया। सप्ताह का शुभारंभ जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन द्वारा सहकारी ध्वज फहराकर किया गया।
इस अवसर पर पूर्व प्राचार्य निरंजन कुमार कसारा द्वारा लहर लहर लहरा सतरंगा सहकारी गीत का गायन किया गया। इसके पश्चात मुख्य अतिथि मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन ने सभी को सहकारिता की शपथ दिलवाई। इसके पश्चात सहकारिता की योजनाओं को प्रदर्शित करते सहकारी रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा कलेक्टोरेट परिसर में ही वृक्षारोपण भी किया गया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिथि का स्वागत उपायुक्त सहकारिता एन.एस. भाटी, जिला सहकारी संघ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनिरुद्ध शर्मा, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कृतज्ञ गुप्ता, उपयंत्री शैलेष खरे ने किया। इस अवसर पर सहकारिता विभाग, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, जिला सहकारी संघ, पैक्स सोसायटियो के अधिकारी/कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
कार्यक्रम के अंत मे आभार प्रदर्शन जिला सहकारी संघ के जनसम्पर्क अधिकारी पिंकेश भट्ट द्वारा किया।
============
रक्तदान शिविर संपन्न 56 यूनिट रक्त दान किया गया
रतलाम : सोमवार, जून 29, 2026,

संत निरंकारी मंडल शाखा रतलाम के द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन सिंधी गुरुद्वारा में रखा गया। शिविर में 56 यूनिट रक्त, रक्तदाताओं ने दान किया गया। शिविर में ब्लड बैंक जिला चिकित्सालय रतलाम से डॉ योगेंद्र सिंह गामड़, डॉ अरुणिमा सक्सेना, रमेश सोलंकी, योगेंद्र टाटावत, दीपा धारवा, हिम्मत सिंह, विवेक अहिरवार, विकास मीणा, गोवर्धन बागी, मिताली ठाकुर एवं अरबाज के द्वारा अपनी सेवाएं प्रदान की।
==========
डॉक्टर्स डे के अवसर पर रक्तदान शिविर आयोजित होगा
रतलाम : सोमवार, जून 29, 2026,
सिविल सर्जन डॉ ए पी सिंह ने बताया कि डॉक्टर्स डे का आयोजन प्रतिवर्ष 1 जुलाई को किया जाता है। कार्यक्रम के अंतर्गत जिला चिकित्सालय रतलाम सहित विभिन्न चिकित्सक संगठन द्वारा द्वारा 1 जुलाई को वर्ष 2023 से रक्तदान किया जा रहा है। डॉक्टर संगठन के पदाधिकारी डॉ भरत निनामा ने सभी चिकित्सकों , मेडिकल स्टाफ, पैरामेडिकल स्टाफ एवं आमजन से रक्तदान शिविर में उपस्थित होकर जिला चिकित्सालय रतलाम में रक्तदान करने की अपील की है।
============
सुमन पंचायत योजना अंतर्गत ग्राम पंचायते पुरस्कृत होगी
रतलाम : सोमवार, जून 29, 2026,
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ किरण वाडिवा ने बताया कि सुरक्षित मातृत्व आश्वासन (सुमन) पंचायत योजना का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव द्वारा किया गया। इस योजना का उद्देश्य जन भागीदारी को बढ़ावा देना है।
इसके अंतर्गत उन ग्राम पंचायतों को प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी, जिन्होंने एक वर्ष की अवधि में निम्नलिखित उपलब्धियाँ प्राप्त की हों—
– शून्य मातृ मृत्यु
– शून्य 5 वर्ष से कम आयु के बच्चों की मृत्यु
– खसरा (Measles) एवं रूबेला (Rubella) के शून्य प्रकरण
सुमन पंचायत के लिए पात्र ग्राम पंचायतों की जानकारी का संकलन एवं परीक्षण 27 जनवरी 2027 से प्रारंभ किया जाएगा।
==============
मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने नीमच में 3949 करोड से अधिक के 162 विकास एवं निर्माण कार्यो का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया
मुख्यमंत्री द्वारा 2080 करोड लागत से निर्मित नीमच एवं शाजापुर सोलर पार्क का उदघाटन
रतलाम : सोमवार, जून 29, 2026,

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने केंद्रीय नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री प्रहलाद जोशी की उपस्थिति में नीमच में आयोजित कार्यक्रम में सिंगल क्लिक के माध्यम से 2080 करोड़ रुपये की लागत के 500 MW वाट नीमच एवं 450 MW शाजापुर सोलर पार्क का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने 1553.98 करोड़ रुपये लागत के 38 उद्योगों एवं अन्य विकास कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन कर क्षेत्रवासियों को सौगातें भी दीं। मुख्यमंत्री जी ने सोलर पावर यूनिट एवं उद्योग स्थापित करने वाली कंपनियों के धानुका बायोटेक नीमच एवं बाबजी ग्रुप नीमच के नव निवेशकों व पदाधिकारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने विभिन्न योजनाओं के 9 हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए। इसके पहले मुख्यमंत्री जी ने विभागों और उद्योगों द्वारा लगाई गई विभिन्न उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। साथ ही जिले में चलाए गए पिंक अभियान के तहत छात्राओं को नि:शुल्क ड्राइविंग लाइसेंस और हेलमेट भी प्रदान किए।
इस मौके पर केंद्रीय नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री प्रह्लाद जोशी, प्रदेश के नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री राकेश शुक्ला, प्रदेश की महिला एवं बाल विकास तथा नीमच जिले की प्रभारी मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया, लोकसभा सांसद श्री सुधीर गुप्ता, राज्यसभा सांसद श्री बंशी लाल गुर्जर, विधायक जावद श्री ओमप्रकाश सखलेचा, नीमच विधायक श्री दिलीप सिंह परिहार, विधायक मनासा श्री अनिरुद्ध मारू, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सज्जन सिंह चौहान, सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी मंचासीन थे।
मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने अपने उदबोधन में कहा, कि नीमच की पावन धरा ने इस प्रदेश को दो मुख्यमंत्री दिए है। नीमच में सूर्य पर आधारित सोलर एनर्जी के बडे प्रोजेक्ट प्रारंभ हो चुके है। नीमच ने प्रदेश में अपनी अलग ही पहचान बनाई है।
जल गंगा संवर्धन अभियान से प्रदेश में नई क्रांति आई है
मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने कहा, कि देश एवं प्रदेश में प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में जल संरक्षण का अभियान चल रहा है। जल गंगा संवर्धन अभियान से प्रदेश में एक नई क्रांति आई है। जल संरचनाओं के निर्माण पर 10 हजार करोड़ की राशि प्रदेश में इस वर्ष खर्च की गई है।
देश को सबसे सस्ती बिजली नीमच से मिल रही है
मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने कहा, कि सूर्य आधारित सौर ऊर्जा से बिजली उत्पादन में नीमच प्रदेश में सौर ऊर्जा का हब बन कर उभरा है। नीमच जिले से देश को सबसे सस्ती बिजली 2.14 रुपये प्रति यूनिट नीमच से मिल रही है।
देश में सबसे तेज गति से रोजगार देने वाला राज्य है मध्य प्रदेश
मुख्यमंत्री ने कहा, कि बोर्ड परीक्षाओं में भी नीमच ने टापटेन में शामिल होकर, प्रदेश में अपनी अलग पहचान बनाई है। मुख्यमंत्री ने इसके लिए नीमच जिले के छात्र-छात्राओं और अभिभावकों को बधाई भी दी । मुख्यमंत्री ने कहा, कि प्रदेश में रोजगार आधारित कामो को बढावा देने के लिए सरकार प्रतिबद्ध होकर कार्य कर रही है। देश में सबसे तेज गति से रोजगार देने वाला राज्य है, मध्यप्रदेश।
मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने कहा, कि जावरा से उज्जैन भोपाल तक एक नया फोरलेन बनने वाला है। इसके साथ ही अगले साल तक मंदसौर से भोपाल तक सीधा एक ओर फोर लेन बनने जा रहा है, इससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा,कि गांधी सागर अभ्यारण में जल्दी ही दो और चीते लाए जा रहे है। इससे यह क्षेत्र एक नये पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा, कि प्रदेश सरकार अगले साल से किसानों को दिन में भी सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली उपलब्ध करावाएगी। इससे किसानों को रात्रि में सिंचाई की असुविधाओं से मुक्ति मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा, कि किसानों को मिलने वाला 0 प्रतिशत ब्याज पर कृषि ऋण को जमा करने की अवधि 31 मार्च की सीमा को हटाकर जून किया जा रहा है। इससे किसान जून माह तक ऋण राशि जमा कर, 0 प्रतिशत ब्याज का लाभ प्राप्त कर सकेंगे।
भादवा माता के विकास के लिए 17 करोड़ का नया प्रोजेक्ट स्वीकृत
मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने अपने उदबोधन में घोषणा की, कि भादवा माता मंदिर कॉरिडोर निर्माण के लिए पूर्व में प्रोजेक्ट स्वीकृत किया गया था, जिसका कार्य लगभग पूरा हो गया है। मुख्यमंत्री ने कहा, कि भादवा माता में विकास कार्यो के लिए 17 करोड़ का एक नया प्रोजेक्ट स्वीकृत किया जा रहा है। इससे भादवा माता आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा होगी।
म.प्र.हरित ऊर्जा का पावर हाउस बनकर उभरा है- केंद्रीय मंत्री श्री जोशी
केंद्रीय नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री प्रहलाद जोशी ने अपने उद्बोधन में कहा, कि ग्रीनको पम्प स्टोरेज प्रोजेक्ट नीमच जिले में बन रहा है। यह देश का सबसे बडा पम्प स्टोरेज प्रोजेक्ट है। उन्होंने कहा, कि ग्रीन एनर्जी उत्पादन के क्षेत्र में हम आत्मनिर्भरता की ओर आगे बढ़ रहे है।
उन्होंने देश एवं प्रदेश में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क निर्माण, प्रधानमंत्री कृषक सूर्य मित्र योजना के बारे में प्रदेश की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा, कि म.प्र.हरित ऊर्जा का पावर हाउस बन कर उभर रहा है। उज्जैन में नया एयरपोर्ट बन रहा है। प्रदेश में 18 नये मेडिकल कॉलेज प्रारंभ हो गए है।
कार्यक्रम को प्रदेश के नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री राकेश शुक्ला, विधायक श्री ओमप्रकाश सखलेचा, ने भी संबोधित किया। विधायक नीमच श्री दिलीप सिंह परिहार ने स्वागत उद्बोधन में नीमच जिले में हुए विकास कार्यो के बारे में विस्तार से बताया और उन्होंने नीमच, मनासा, झालावाड़, फोरलेन सड़क निर्माण सहित विभिन्न मांगों से भी मुख्यमंत्री जी को अवगत कराया। कार्यक्रम का संचालन डॉ.राजेश पाटीदार ने किया तथा सांसद श्री सुधीर गुप्ता ने आभार व्यक्त किया।
प्रारंभ में मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव एवं अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर, कार्यक्रम का शुभारंभ किया। तदपश्चात सांसद श्री गुप्ता एवं विधायकगणों ने अतिथियों का स्वागत किया। विधायक श्री परिहार ने मुख्यमंत्री जी को महाराणा प्रताप की तस्वीर भी स्मृति स्वरूप भेट की।
मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव नीमच में 3949 करोड से अधिक के विकास एवं निर्माण कार्यो का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया
प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने नीमच प्रवास के दौरान हवाई पट्टी के सामने नीमच पर आयोजित कार्यक्रम में 3949.84 करोड़ की लागत के विभिन्न 162 विकास एवं निर्माण कार्यो का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इनमें 1686.54 करोड के 64 विकास एवं निर्माण कार्यो का भूमिपूजन एवं शिलान्यास तथा 2263.3 करोड़ लागत के विभिन्न 98 कार्यो का लोकार्पण भी मुख्यमंत्री डॉ.यादव व्दारा किया गया। साथ ही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को मुख्यमंत्री डॉ.यादव व्दारा हितलाभ भी वितरित किये गये।
मुख्यमंत्री श्री यादव सिंगोली एवं शाजापुर के सोलर पार्क का लोकार्पण किया
मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने नीमच में आयोजित कार्यक्रम में एमएसएमई विभाग के विभिन्न 20 कार्यों का भूमिपूजन एवं तीन कार्यो का लोकार्पण किया। इनकी कुल लागत 51.67 करोड़ है। एमपीआईडीसी विभाग के 1430.96 करोड़ के 10 उद्योगों का भूमिपूजन एवं 71.35 करोड़ के 5 उद्योगों का लोकार्पण, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के 9.94 करोड़ लागत के कुल 6 कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के 18.75 करोड़ के 85 कार्यो, उच्च शिक्षा विभाग के 6.66 करोड़ के दो कार्य,लोक निर्माण विभाग भवन के 76.85 करोड़ के 13 कार्यो, लोक निर्माण विभाग सड़क के 168.31 करोड के 7 कार्यो का लोकार्पण एवं भूमिपूजन, विद्युत विभाग के 5.04 करोड के 2 कार्यो का लोकार्पण, नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा विभाग की सिंगोली में स्थापित 500 मेगावाट सोलर परियोजना लागत 550 करोड़ एवं शाजापुर में स्थापित 1530 करोड़ की लागत से स्थापित 450 मेगावाट क्षमता के सोलर प्रोजेक्ट का लोकार्पण भी किया। नगरीय निकाय विभाग के 4.72 करोड़ के दो कार्यों का भूमिपूजन एवं, सेतु निगम द्वारा 25.59 करोड़ की लागत से निर्मित 4 ब्रिज का लोकार्पण भी समारोह में किया गया।
इस मौके पर संभागायुक्त उज्जैन श्री आशीष सिंह, एडीजीपी उज्जैन श्री राकेश कुमार गुप्ता, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा, एसपी श्री राकेश व्यास अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पत्रकारगण, एवं बडी संख्या में ग्रामीणजन एवं शहरवासी उपस्थित थे।
=============
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नीमच में 1,554 करोड़ की 38 औद्योगिक परियोजनाओं का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया
30 इकाइयों का भूमिपूजन एवं 8 इकाइयों का लोकार्पण – 3201 रोजगार का सृजन
रतलाम : सोमवार, जून 29, 2026,

मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने नीमच जिले के प्रवास के दौरान जिले में 1,553.98 करोड़ के प्रस्तावित निवेश वाली 38 औद्योगिक परियोजनाओं का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। कार्यक्रम में 30 नई औद्योगिक इकाइयों का भूमिपूजन तथा 8 इकाइयों का लोकार्पण किया । इन परियोजनाओं के माध्यम से 3201 प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे। इनमें एमपीआईडीसी की 15 परियोजनाओं के साथ एमएसएमई विभाग की 23 औद्योगिक इकाइयां भी शामिल हैं, जो जिले के औद्योगिक विकास को नई गति प्रदान करेंगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश सरकार की उद्योग एवं निवेश प्रोत्साहन नीतियों, रोजगार सृजन तथा विकसित मध्यप्रदेश के निर्माण में औद्योगिक विकास की भूमिका पर विचार व्यक्त करते हुए निवेशकों को मध्यप्रदेश में उपलब्ध उद्योग अनुकूल वातावरण, बेहतर अधोसंरचना तथा पारदर्शी एवं समयबद्ध अनुमतियों की व्यवस्था से भी अवगत कराया।
इस मौके पर केंद्रीय नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री प्रह्लाद जोशी, प्रदेश के नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री राकेश शुक्ला, प्रदेश की महिला एवं बाल विकास तथा नीमच जिले की प्रभारी मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया, लोकसभा सांसद श्री सुधीर गुप्ता, राज्यसभा सांसद श्री बंशीलाल गुर्जर, विधायक जावद श्री ओमप्रकाश सखलेचा, नीमच विधायक श्री दिलीप सिंह परिहार, विधायक मनासा श्री अनिरुद्ध मारू, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सज्जन सिंह चौहान, सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी मंचासीन थे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव द्वारा जिन प्रमुख परियोजनाओं का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। उनमें धानुका बायोटेक की लगभग 1,247.71 करोड़ निवेश वाली सोलर टेम्पर्ड ग्लास निर्माण इकाई सबसे बड़ी परियोजना है, जिससे 1690 रोजगार के अवसर सृजित होंगे। इसके अलावा बाबजी इंडस्ट्रियल की 81.30 करोड़ लागत की पॉलिएस्टर स्टेपल फाइबर इकाई, विश्वेश्वरा डेनिम प्रा. लि. की 66 करोड़ लागत की अपैरल एवं टेक्सटाइल इकाई तथा बिग सी रिन्यूएबल एनर्जी की 61 करोड़ निवेश वाली बायो-सीएनजी परियोजना प्रमुख हैं।
वहीं श्रीवीर इंफ्रा बिल्ड सोल्यूशंस प्रा. लि. की 31.50 करोड़ लागत की सीमेंट उत्पाद निर्माण इकाई, एस.एन. फैब्रिक्स, बेतूल फैब्रिकेशन, सिंघल इंटरनेशनल, गर्ग कैटल फीड, कृष्णा ट्रेडिंग कंपनी, विनटेक्स मल्टीक्राफ्ट, जे.के. सुपर इंजीनियरिंग, देवेंद्र वुडन फर्नीचर, वीनी प्रोडक्ट्स, नीरज कुमार निकेश कुमार तथा ब्राइट इंडस्ट्रीज सहित अनेक औद्योगिक इकाइयों का शुभारंभ शामिल है।
एमएसएमई विभाग की परियोजनाओं में खाद्य प्रसंस्करण, मसाला प्रसंस्करण, एग्रो फूड्स, प्लास्टिक उत्पाद, सीमेंट उत्पाद, फेंसिंग वायर, हर्बल प्रोसेसिंग, पीपी ग्रेन्यूल्स, पोल्ट्री फीड तथा अन्य विनिर्माण इकाइयों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। इन परियोजनाओं से स्थानीय उद्यमिता को बढ़ावा मिलने के साथ सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों के विस्तार को भी नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम में एमपीआईडीसी की 15 परियोजनाओं में लगभग 1,502.31 करोड़ का निवेश तथा 2753 रोजगार, जबकि एमएसएमई विभाग की 23 परियोजनाओं में लगभग 51.67 करोड़ का निवेश एवं 448 रोजगार प्रस्तावित हैं। इस प्रकार कुल 38 परियोजनाओं में 1,553.98 करोड़ के निवेश से 3201 रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
नीमच में आयोजित यह कार्यक्रम जिले को ग्रीन एनर्जी, टेक्सटाइल, एग्रो एवं फूड प्रोसेसिंग, इंजीनियरिंग, मेडिकल डिवाइस तथा आधुनिक विनिर्माण क्षेत्रों में नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। प्रदेश सरकार की उद्योग हितैषी नीतियों, इन्वेस्ट एमपी पहल तथा सिंगल विंडो प्रणाली के माध्यम से निवेशकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। प्रस्तावित परियोजनाओं से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार, कौशल विकास तथा स्वरोजगार के नए अवसर विकसित होंगे और नीमच के औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी।
इस मौके पर संभागायुक्त उज्जैन श्री आशीष सिंह, एडीजीपी उज्जैन श्री राकेश कुमार गुप्ता, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा, एसपी श्री राकेश व्यास अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पत्रकारगण, एवं बडी संख्या में ग्रामीणजन एवं शहरवासी उपस्थित थे।



