समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 26 जून 2026 शुक्रवार

////////////////////////////////////
जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत पीएचई विभाग की विकासखंड स्तरीय कार्यशाला सम्पन्न
भानपुरा जनपद की 44 ग्राम पंचायतो की वितरित की गई एफटीके किट
मंदसौर 25 जून 26 / ग्रामीण क्षेत्र मे रहने वाले प्रत्येक ग्रामवासीयों को वर्षभर स्वच्छ व शुद्ध पेयजल मिले इसके लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी वीभाग निरंतर कार्य करता है। इस क्रम मे पीएचई विभाग द्वारा जनपद पंचायत भानपुरा की समस्त 44 ग्राम पंचायतो क़ो फील्ड टेस्टिंग किट पीएचई विभाग के सहायक यंत्री श्री प्रशांत सोनी,जिला सलाहकार श्री मुकेश गुप्ता,उपयंत्री श्रीमती नेहा जायसवाल की उपस्थिति मे वितरित की गई। इस अवसर पर जिला सलाहकार श्री मुकेश गुप्ता ने ग्रामीण क्षेत्र मे जल स्त्रोतो से प्राप्त पानी का जल गुणवत्ता परिक्षण करने हेतु समझाया गया।
किट के माध्यम से जल स्त्रोतो से प्राप्त पानी का जल गुणवत्ता परिक्षण करने का प्रशिक्षण विभाग पीएमयु सलाहकार श्री अंकित ठाकुर ने दिया ताकि ग्रामो मे स्थापित पेयजल स्त्रोतो से प्राप्त पानी की जाँच ग्राम मे ही की जा सके, किट से पानी के 10 प्रकार के टेस्ट जिनमे पीएच मान, फ्लोराइड, क्लोराइड, अमोनिया, नाइट्रेट, हार्डनेस, टरबीडीटी , फ्री क्लोरिन, आयरन,एल्केनीटी के टेस्ट किये जा सकते है, किट मे उपलब्ध केमिकल से 100 बार टेस्ट किया जा सकता है, साथ हीं एच टू एस वाइल के माध्यम से बेक्टिरिया परिक्षण की विधि बताई गई।
इस अवसर पर आयोजित कार्यशाला मे जनपद पंचायत की सभी 44 ग्राम पंचायतो के पंचायत सचिवो क़ो वर्तमान मे चल रहे जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत पेयजल स्त्रोतो क़ो स्वच्छ रखने, जल संरक्षण व संवर्धन की विधियों क़ो अपनाने,स्त्रोतो का नियमित क्लोरिनेशन करने,पिने के पानी का समुचित्त भण्डारण रखने, दूषित पानी के पिने से होने वाली बीमारियों से बचने, जल प्रदाय योजनाओं मे जनसहभागिता सुनिश्चित करने,ग्राम मे समग्र स्वच्छता का वातावरण सुनिश्चित करने की समझाईश दी गईं।
================
जिले में अब तक 81.3 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज
मंदसौर 25 जून 26 / जिले में इस वर्ष अबतक औसतन 81.3 मि.मी. वर्षा दर्ज की गयी है। जबकि पिछले 24 घन्टों में मंदसौर जिले में 14.0 मिमी वास्तविक वर्षा दर्ज की गई है। पिछले 24 घन्टों में भानपुरा में 14.2 मि.मी., भावगढ़ में 0 मि.मी., गरोठ में 36.6 मि.मी., मल्हारगढ़ मे 0 मि.मी., संजीत में 0 मि.मी., धुंधड़का में 0 मि.मी., मंदसौर में 0 मि.मी., शामगढ़ में 16.4 मि.मी., कयामपुर में 14.0 मि.मी., सीतामऊ में 29.4 मि.मी. एवं सुवासरा में 44.0 मि.मी. वास्तविक वर्षा दर्ज की गई है।
विगत 1 जून से अब तक वर्षामापक केन्द्र भानपुरा में 107.2 मि.मी., भावगढ़ में 37.0 मि.मी., गरोठ में 91.8 मि.मी., मल्हारगढ़ मे 108.0 मि.मी., संजीत में 60.0 मि.मी., धुधंड़का में 94.0 मि.मी., मंदसौर में 48.0 मि.मी., शामगढ़ में 100.2 मि.मी., कयामपुर में 90.5 मि.मी., सीतामऊ में 95.2 मि.मी. एवं सुवासरा में 63.0 मि.मी., वास्तविक वर्षा दर्ज की गई है। गांधीसागर बांध का जल स्तर अब तक 1288.42 फीट है।
===========
मत्स्याखेट, मत्स्य विक्रय व मत्स्य परिवहन पर 15 अगस्त तक प्रतिबंध : कलेक्टर श्रीमती गर्ग
मंदसौर 25 जून 26 / मध्यप्रदेश नदीय मत्स्योद्योग अधिनियम 1972 की धारा-3(2) के अंतर्गत कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग द्वारा जिले में से 15 अगस्त 2026 तक की अवधि में मत्स्याखेट निषेध किया गया है। इस दौरान मत्स्याखेट की रोकधाम मत्स्याखेट, मत्स्य विक्रय व मत्सय परिवहन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
मध्यप्रदेश नदीय मत्स्योद्योग नियम 1972 की धारा-3(2) के प्रावधानों के विरूद्ध एवं मत्स्य क्षैत्र संशोधन अधिनियम 1981 की धारा 5 के तहत उल्लघनकर्ताओं को एक वर्ष तक का कारावास या 5 हजार रूपये का जुर्माना या दोनों से दण्डित किया जाएगा। म.प्र. शासन मछली पालन विभाग द्वारा छोटे तालाब या अन्य स्त्रोत जिनका कोई संबंध किसी नदी से नहीं है और जिन्हे निर्दिष्ट जल की परिभाषा के अन्तर्गत नहीं लाया गया है को छोड़कर समस्त नदियों व जलाशयों में बंदऋतु में मत्स्याखेट पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा। इस अवधि ने किसी प्रकार का मत्स्याखेट एवं परिवहन व विक्रय न करे एव ना ही इन कार्यों में सहयोग दे। नियमों के उल्लंघनकर्ताओं के विरूद्ध कानूनी कार्यवाही की जावेगी।
=============
29 जून को भानपुरा एवं गरोठ में होगा विशेष उद्यम पंजीयन अभियान
स्व-सहायता समूहों से जुड़े उद्यमियों को मिलेगा उद्यम पंजीयन एवं मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना की जानकारी
मंदसौर 25 जून 26 / जिला परियोजना प्रबंधक म.प्र.डे.-राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन एवं महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र मंदसौर ने बताया कि म.प्र.डे.-राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन एवं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग (एमएसएमई विभाग) के संयुक्त तत्वावधान में जिले के समस्त विकासखंडों में स्व-सहायता समूहों से जुड़े उद्यमियों के लिए विशेष उद्यम पंजीयन अभियान आयोजित किया जाएगा।
अभियान के अंतर्गत विकासखंड भानपुरा एवं गरोठ में 29 जून 2026 को जनपद पंचायत स्तर पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों के माध्यम से निर्धारित लक्ष्य के अनुसार गैर-कृषि उद्यमों का उद्यम पंजीयन किया जाएगा।
शिविरों में उद्यम पंजीयन के साथ-साथ मध्यप्रदेश शासन की हितग्राही मूलक मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के अंतर्गत ऋण प्राप्ति हेतु आवेदन प्रक्रिया की जानकारी भी प्रदान की जाएगी। पात्र हितग्राहियों को योजना से जुड़ी आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे वे स्वरोजगार स्थापित कर आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें।
संबंधित अधिकारियों ने स्व-सहायता समूहों से जुड़े सभी पात्र उद्यमियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर आयोजित शिविरों में उपस्थित होकर उद्यम पंजीयन एवं विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त करें।
===========
बारिश में सावधानी जरूर बरतें, बिजली आपूर्ति अवरुद्ध होने पर 1912 अथवा चैटवॉट 0755-2551222 पर संपर्क करें
मंदसौर 25 जून 26 / आंधी-तूफान और बारिश जैसे मौसम में भी बिजलीकर्मी युद्ध स्तर पर काम करने में जुट जाते हैं। इस जोखिम भरे काम के लिए लाइनकर्मी इस बात को ध्यान में रखकर सुरक्षा उपकरणों के साथ ही खम्बे पर चढ़ते हैं। ऐसी स्थिति में विद्युत वितरण कंपनियों ने बिजली उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे बिजली कंपनी या बिजली कर्मचारियों को दोष देने से बचें तथा बिजली की आपूर्ति बहाल करने किए जा रहे सुधार कार्य में सहयोग करें।
आंधी-तूफान और बारिश में विद्युत आपूर्ति अवरुद्ध (लोकल फाल्ट) होने की घटना ज्यादा होती है। देर रात बिजली गुल होने के कुछ देर बाद आ जाती है। वैसे तो आधुनिकीकरण की दिशा में काम चल रहे हैं फिर भी बिजली की ओवर हेड लाइन का जाल ऐसा है कि उसे चालू अथवा बंद रखने के लिए लाइनकर्मी की ही जरूरत होती है। ऐसे मौसम में जब बिजली गुल होती है तो निश्चित ही अंधेरे में खुद की जान जोखिम में डालकर कोई लाइन कर्मचारी खम्बे पर चढ़ा होता है। यह बात उपभोक्ता को अपने जहन में रखना ही होगी। साथ ही बिजलीकर्मी द्वारा उठाए गए कदमों को समझना चाहिए।
बिजली के खम्बों में बिजली प्रवाहित न हो, इसके लिए आपने सफेद रंग के इंसुलेटर पोल में लगे होते हैं। यह इंसुलेटर धूप अथवा बिजली प्रवाह के कारण गरम होते हैं, उन पर बारिश में पानी की एक बूंद पड़ते ही वह चटक जाते हैं और बिजली का प्रवाह पोल से जमीन पर उतरता है। इस दौरान तत्काल आटोमेटिक प्रणाली क्रियान्वित होकर फीडर बंद हो जाते हैं। यदि फीडर बंद न हुआ तो जानमाल की हानि होने की संभावना होती है। जब बिजली लाइन में अचानक कोई अवरोध होता है, उस समय बिजली उपकेन्द्र के कर्मचारी समीप के उपकेन्द्र से संपर्क कर उनके यहां बिजली आपूर्ति है या नहीं, इसकी जानकारी लेते हैं। बिजली आपूर्ति सुचारू होने की बात पक्की होने के बाद ही फीडर चालू किया जाता है। यदि फीडर बंद हुआ है तो उसे खराब घोषित किया जाता है।
फीडर में आई खराबी या फाल्ट को ढूंढना आसान नहीं होता है। आंधी-तूफान, बारिश और अंधेरे की परवाह न करते हुए खोज मुहिम हाथ में ली जाती है, कभी बंद पड़ी बिजली के सभी खम्बों की जांच करना पड़ती है और कभी-कभी गड़बड़ी कुछ पोल के बीच ही मिल जाती है। इसलिए उपभोक्ता धैर्य का परिचय देते हुए सुधार कार्य में जुटे अमले का सहयोग अवश्य करें।
बारिश के मौसम में रखें इन बातों का ध्यान
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने कहा है कि बारिश के दौरान कुछ महत्वपूर्ण बातों का ध्यान रखा जाए तो कई तरह के व्यवधानों से बचा जा सकता है। घर में एम. सी. बी. (मिनियेचर सर्किट ब्रेकर) स्विच जरूरी लगाना चाहिए, जिससे घर की बिजली प्रवाह में कोई गड़बड़ी होने पर बिजली आपूर्ति स्वतः बंद हो जाती है और जानमाल की हानि को टाला जा सकता है। हर घर में अर्थिंग होना चाहिए जिसकी समय-समय पर जांच करना चाहिए। जहां पर बिजली उपकरण रखे हैं वहां पर सीलन नहीं होनी चाहिए। उनकी वायरिंग गीली जगह पर नहीं होना चाहिए। इसे सुरक्षित होना चाहिए।
पशुपालक किसान भाई बारिश के मौसम में इस बात का विशेष ध्यान रखें कि अपने पशुओं को बिजली के पोल तथा स्टे वायर से नहीं बांधना चाहिए। आंधी तूफान के कारण कई जगह बिजली के तार टूटकर रास्ते पर आ जाते हैं, ऐसे में टूटे हुए बिजली के तारों को हाथ न लगाएं तत्काल बिजली कंपनी को सूचित करें। भैंसों के तबेलों के आसपास बिजली आपूर्ति के लिए खुली वायरिंग न हों, इसका भी ध्यान रखें। बिजली आपूर्ति अवरूद्ध होने पर 15 से 20 मिनिट रूककर ही बिजली कंपनी के काल सेंटर 1912 अथवा 0755-2551222 (वाट्सएप चैट वोट) या उपाय एप पर पर संपर्क करें।
==============
मुख्यमंत्री दिव्यांगजन शिक्षा प्रोत्साहन योजना के ऑनलाइन आवेदन 31 अगस्त तक कर सकेंगे विद्यार्थी
स्पर्श पोर्टल के माध्यम से होगा आवेदन और स्वीकृति की पूरी प्रक्रिया
मंदसौर 25 जून 26 / सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की मुख्यमंत्री दिव्यांगजन शिक्षा प्रोत्साहन योजना का वित्तीय वर्ष 2026-27 में ऑनलाइन आवेदन 31 अगस्त तक किये जा सकेंगे। योजना के प्रभावी संचालन के लिए एनआईसी मध्यप्रदेश के सहयोग से स्पर्श पोर्टल पर ऑनलाइन प्रणाली विकसित की गई है, जिसके माध्यम से पात्र दिव्यांग छात्र-छात्राएं आवेदन कर सकेंगे।
योजना के अंतर्गत अध्ययनरत दिव्यांग विद्यार्थी पात्रतानुसार स्वयं स्पर्श पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इसके साथ ही जिला कार्यालयों में प्राप्त ऑफलाइन आवेदनों को भी संयुक्त अथवा उप संचालक, सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण द्वारा पोर्टल पर दर्ज किया जाएगा।
ऑनलाइन प्राप्त आवेदनों का परीक्षण जिला स्तर पर किया जाएगा। पात्रता एवं नियमानुसार आवेदनों को स्वीकृत किया जाएगा तथा अपात्र पाए जाने वाले आवेदनों को अस्वीकृत किया जाएगा। विद्यार्थियों से आवेदन प्राप्त करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। प्राप्त आवेदनों के परीक्षण एवं स्वीकृति-अस्वीकृति की प्रक्रिया 15 सितम्बर 2026 तक पूर्ण की जाएगी।
योजना के तहत स्वीकृत हितग्राहियों को उनकी पात्रतानुसार सामग्री का वितरण विश्व दिव्यांग दिवस 3 दिसम्बर 2026 के अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रमों में किया जाएगा।
सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग ने सभी पात्र दिव्यांग छात्र-छात्राओं से निर्धारित समय-सीमा में आवेदन करने का आग्रह किया। जिला अधिकारियों से योजना के ऑनलाइन क्रियान्वयन की समस्त प्रक्रिया का समयबद्ध पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये है।
===========
मंदसौर सीए शाखा द्वारा रणथंबोर में रेजिडेंशियल रिफ्रेशर कोर्स (आरआरसी) का आयोजन
मन्दसौर। आईसीएआई की प्रोफेशनल डेवलपमेंट कमेटी के सहयोग एवं कोटा शाखा के साथ मिलकर मंदसौर सीए शाखा द्वारा रणथंबोर स्थित बाघ अनंता रिसोर्ट में रेजिडेंशियल रिफ्रेशर कोर्स (आरआरसी) का आयोजन किया गया।
इस दो दिवसीय कोर्स में मंदसौर एवं कोटा शाखा के कई सीए सदस्यों ने भाग लिया। जिनमें सीए दीपक सिंघल, सीए विनय अग्रवाल, सीए रितेश, सीए सौरभ जैन, सीए नवीन कुमार, सीए साहिल बिरला, सीए विकास गोस्वामी, सीए प्रकाश चौधरी, सीए कपिल काबरा, सीए सुधांशु उपाध्याय, सीए पवन जैन, सीए रितेश पारीख, सीए राजेश जैन, सीए प्रज्वी जैन एवं अन्य सभी सीए सदस्य उपस्थित थे ।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंदसौर सीए शाखा अध्यक्ष सीए विनय अग्रवाल के स्वागत भाषण से हुआ। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रोफेशनल विषयों पर चर्चा की गई। आरआरसी में तीन वक्ताओं – सीए आशीष जैन, सीए आयुष जैन एवं सीए रोहन सोमानी ने सीए प्रोफेशन के विकास एवं नवीन आयामों पर सदस्यों को संबोधित किया। अंत में शाखा सचिव सीए अर्पित मेहता ने आभार व्यक्त किया
===========
ऊर्जा, संतुलन और भाग्य बदलने का मौका; जीतो लेडीज विंग करा रही है विशेष ‘वास्तु शास्त्र सेमीनार’
मंदसौर। जीतो लेडीज़ विंग मंदसौर द्वारा एक विशेष प्रीमियम सेमिनार का आयोजन किया जा रहा है। इस सेमिनार में प्रसिद्ध वास्तु ऊर्जा विशेषज्ञ, न्यूमरोलॉजिस्ट एवं डेस्टिनी एनालिस्ट डॉ. अमरेश मेहता मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे। जीतो लेडीज विंग चेयरपर्सन अमिषी कीमती, सेक्रेट्री दिव्या चोरड़िया एवं ट्रेजरार पूजा गांधी ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य जीवन में सकारात्मक ऊर्जा, सामंजस्य एवं सफलता के लिए वास्तु एवं ऊर्जा विज्ञान के विभिन्न पहलुओं की जानकारी प्रदान करना है।
डॉ. अमरेश मेहता विश्व के 60 से अधिक देशों में वास्तु ऊर्जा डायनेमिक्स ऑडिट एवं परामर्श के लिए अपनी विशेष पहचान रखते हैं। उन्होंने अनेक उद्योगों, व्यावसायिक संस्थानों, कार्यालयों एवं प्रतिष्ठानों के लिए ऊर्जा आधारित परामर्श सेवाएं प्रदान की हैं।
प्रोजेक्ट चेयरपर्सन हेतल जैन, चहेती गांधी, अपरा तलेरा एवं सलोनी पोरवाल ने बताया कि यह सेमिनार 26 जून 2026, शुक्रवार को कुशाभाऊ ठाकरे ऑडिटोरियम, मंदसौर में शाम 7.30 बजे से 9.30 बजे तक आयोजित होगा। जीतो लेडीज विंग ने अधिक से अधिक लोगों से इस ज्ञानवर्धक कार्यक्रम में शामिल होकर लाभ लेने की अपील की है।
सत्ता एवं भाजपा के मुकाबले के लिये कांग्रेस को युद्ध स्तर पर उतरना होगा
(विक्रम विद्यार्थी)
श्री सिंह के दौरे से जावरा से लेकर नीमच तक कांग्रेसजनों में उत्साह एवं ऊर्जा का संचार हुआ। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता आपस की स्पर्धा छोड़ भाजपा का मुकाबला करें अन्यथा परिणाम अनुकूल नहीं मिल पाएंगे। वे दर्जनों नेताओं के घर पहुंचे। एक मैदानी कार्यकर्ता ने नाम उजागर नहीं करने की शर्त पर बताया कि वे जो नेता एवं कायकर्ता उनकी परिक्रमा करते हैं के बजाए वरिष्ठ एवं बुजुर्ग नेताओं के घर अधिक जगह जाते तो बेहतर होता। वैसे 93 वर्षीय पूर्व विधायक रामगोपाल भारतीय, 81 वर्षीय त्रिदेव पाटीदार जो पूर्व श्रममंत्री श्यामसुंदर पाटीदार के पुत्र, 81 वर्षीय वरिष्ठ पत्रकार इस अंचल के सबसे पुराने समाचार पत्र दैनिक ध्वज के प्रधान सम्पादक सुरेन्द्र लोढ़ा से मिले एवं उनसे कुशलक्षेम पूछी सबको अच्छा लगा। वरिष्ठ नेता के सम्मान में स्नेहभोजन भी रखा गया। उसमें बैठक के बाद एक साथ भोजन करने का आनन्द भी नहीं मिल पाया। कांग्रेस को इस अंतर को पाटना होगा।
राहुल भैया के कांग्रेस कार्यकर्ता जन सम्पर्क में उनके पिताश्री पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व केन्द्रीय मंत्री, पूर्व राज्यपाल, पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अर्जुनसिंहजी का स्मण सहज भाव से हो गया जिन्होंने पूर्व श्रममंत्री श्यामसुंदर पाटीदार, पूर्व गृहमंत्री भारतसिंह जावरा एवं बाद में प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बने दिग्विजयसिंह सहित अन्य नेताओं के सहयोग से भाजपा बनाम जनसंघ जनता पार्टी के गढ़ में सेंध लगाकर वीरेन्द्रकुमार सखलेचा, सुंदरलाल पटवा जो एक समय मुख्यमंत्री बने थे, कांग्रेस को मजबूत किया था।
अजयसिंह ने प्रदेश के लगभग 39 जिलों में दौरा कर कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं से संपर्क किया, शेष 13-14 जिलों में भी वे दस्तक देंगे।
राहुल भैया को गांधीवादी नेता श्यामसुंदर पाटीदार स्मृति ग्रंथ भेंट किया गया। वह क्षण सभी की स्मृति में कैद हो गया।
प्रदेश एवं मंदसौर संसदीय क्षेत्र में भाजपा एवं सत्ता का मुकाबला करने के लिए अर्जुनसिंह जैसे नेता की योजना को मूर्त रूप देना होगा। प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमेश सिंघार, वरिष्ठ नेता अरूण यादव, मीनाक्षी नटराजन, कमलेश्वर पटेल, गोविंदसिंह सहित सभी वरिष्ठ नेताओं को साथ लेना होगा। कोई एक अकेला नेता प्रदेश में कांग्रेस को सत्ता नहीं दिला पाएगा। वरिष्ठतम नेता दिग्विजयसिंह एवं कमलनाथ की उपेक्षा भी कांग्रेस को कमजोर ही करेगी। इन नेताओं का परिश्रम वर्ष 2028 में विधानसभा चुनाव में क्या नतीजा देगा, यह उसी समय पता चलेगा। नेता कार्यकर्ता की मेहनत पर निर्णय तो अंततोगत्वा मतदाता ही करेगा। जय जगत।



