मंदसौरमध्यप्रदेश

रतलाम मंडल समीक्षा बैठक में सांसद प्रतिनिधि ने रखीं रेल विकास और यात्री सुविधाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण मांगें

रतलाम मंडल समीक्षा बैठक में सांसद प्रतिनिधि ने रखीं रेल विकास और यात्री सुविधाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण मांगें

मंदसौर। पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक एवं रतलाम मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में मंदसौर संसदीय क्षेत्र से सांसद सुधीर गुप्ता की ओर से उनके प्रतिनिधि राजदीप परवाल ने भाग लेते हुए क्षेत्र की रेल सुविधाओं, नई ट्रेनों, स्टेशन विकास एवं यात्री सुविधाओं से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण प्रस्ताव अधिकारियों के समक्ष रखे। बैठक में राजदीप परवाल ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत मंदसौर स्टेशन का निर्माण आगामी 50 वर्षों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर किया जा रहा है, इसलिए भविष्य में मंदसौर को जंक्शन के रूप में विकसित करने की संभावना को देखते हुए नए प्लेटफार्म के निर्माण की योजना अभी से तैयार की जाए।
उन्होंने सुझाव दिया कि प्लेटफार्म क्रमांक-1 पर यात्रियों के आवागमन के लिए अलग-अलग प्रवेश एवं निकास मार्ग बनाए जाएं। इसके लिए आवश्यक भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई प्रशासन के समन्वय से शीघ्र प्रारंभ की जाए।
बैठक में मंदसौर में भविष्य की आवश्यकताओं को देखते हुए नई पिट लाइन के लिए भूमि चिन्हित कर प्रस्ताव तैयार करने की भी मांग रखी गई। साथ ही प्लेटफार्म क्रमांक-2 की ओर टिकट खिड़की सहित अन्य यात्री सुविधाओं के विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार करने तथा वर्तमान में बंद किए गए प्लेटफार्म-2 के प्रवेश द्वार को पुनः खोलने का आग्रह किया गया।
सांसद प्रतिनिधि ने कहा कि रतलाम-नीमच दोहरीकरण, विभिन्न अंडरब्रिजों एवं स्टेशनों पर हुए विकास कार्यों का लोकार्पण शीघ्र कराया जाए। साथ ही अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत विकसित हो रहे मंदसौर एवं नीमच रेलवे स्टेशनों के निरीक्षण के लिए जल्द तिथि निर्धारित करने की मांग भी रखी गई।
बैठक में रेल संचालन संबंधी महत्वपूर्ण सुझाव देते हुए कहा गया कि ट्रेन संख्या 19315-16 इंदौर-असारवा एक्सप्रेस को उदयपुर-असारवा खंड में भी एक्सप्रेस के रूप में संचालित किया जाए, ताकि क्षेत्र के मरीज समय पर अहमदाबाद पहुंचकर उसी दिन चिकित्सा सुविधाओं का लाभ ले सकें। इसके लिए उत्तर पश्चिम रेलवे से समन्वय करने का अनुरोध किया गया।
इसके अलावा ट्रेन संख्या 20957-58 इंदौर-हिसार ट्रेन, जिसे मूल रूप से मंदसौर होकर चलाने का प्रस्ताव था लेकिन रतलाम-कोटा मार्ग से प्रारंभ किया गया, उसके स्थान पर इंदौर-मंदसौर-नीमच होकर सुबह जल्दी दिल्ली पहुंचने वाली नई ट्रेन का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई।
बैठक में सांसद प्रतिनिधि ने मंदसौर संसदीय क्षेत्र में ट्रेनों के ठहराव, नई ट्रेनों के संचालन, स्टेशनों के विस्तार, अमृत भारत
योजना के कार्यों और यात्री सुविधाओं से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर गंभीरता से विचार करने तथा शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करने का आग्रह किया।
रतलाम मंडल में आयोजित सांसद समीक्षा बैठक में मंदसौर संसदीय क्षेत्र में रेल यात्री सुविधाओं के विकास, ट्रेनों के ठहराव, नई रेल सेवाओं के संचालन तथा रेलवे अधोसंरचना के विस्तार से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे गए। बैठक में क्षेत्रीय यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांगों को प्रमुखता से उठाया गया।

सांसद द्वारा जावरा, कचनारा, पीपलिया, मल्हारगढ़, जावद और बिसलवास कला सहित विभिन्न स्टेशनों पर कई महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग की गई। इसके साथ ही उज्जैन-चित्तौड़गढ़ पैसेंजर ट्रेन को सभी स्टेशनों पर ठहराव देने का प्रस्ताव भी रखा गया।

बैठक में ग्वालियर-रतलाम और भिंड-रतलाम ट्रेनों का विस्तार नीमच तक करने, इंदौर-जबलपुर एवं इंदौर-बिलासपुर एक्सप्रेस को फतेहाबाद-रतलाम-नीमच मार्ग से बढ़ाने तथा जयपुर-भोपाल वंदे भारत ट्रेन शुरू करने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई। इसके अलावा इंदौर-बीकानेर महामना एक्सप्रेस और इंदौर-दिल्ली सराय रोहिल्ला एक्सप्रेस के फेरों में वृद्धि का प्रस्ताव भी रखा गया।

रतलाम-नीमच रेलखंड के दोहरीकरण कार्य पूर्ण होने के बाद इंदौर-माता वैष्णो देवी, इंदौर-हरिद्वार, इंदौर-अहमदाबाद सहित लंबी दूरी की नई ट्रेनों को फतेहाबाद-रतलाम-मंदसौर-नीमच मार्ग से संचालित करने का सुझाव दिया गया। साथ ही इंदौर-भिवानी ट्रेन को नियमित सेवा के रूप में चलाने और इंदौर-जयपुर नई ट्रेन को शीघ्र प्रारंभ कराने की मांग भी रखी गई।

रेलवे फाटकों और ओवरब्रिजों के संबंध में नीमच स्टेशन बघाना रोड ओवरब्रिज, हिंगोरिया फाटक ओवरब्रिज एवं दलौदा ओवरब्रिज की वर्तमान स्थिति की जानकारी मांगी गई। वहीं बारिश के दौरान अंडरब्रिजों में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने पर भी जोर दिया गया।

स्टेशनों के विकास के तहत जावरा, पीपलियामंडी और दलौदा रेलवे स्टेशन को अमृत भारत योजना के अगले चरण में शामिल करने की मांग की गई। मंदसौर और नीमच स्टेशनों पर पिक-एंड-ड्रॉप के लिए अलग लेन तथा यात्रियों के आवागमन हेतु पृथक मार्ग विकसित करने का प्रस्ताव भी रखा गया।

बैठक में वर्ष 2028 में होने वाले सिंहस्थ महापर्व को ध्यान में रखते हुए मंदसौर संसदीय क्षेत्र के रेलवे स्टेशनों के लिए विशेष विकास योजना तैयार करने और उसकी जानकारी उपलब्ध कराने की मांग भी की गई। सांसद ने कहा कि क्षेत्र की बढ़ती यात्री आवश्यकताओं और भविष्य की जरूरतों को देखते हुए रेलवे को इन मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}