मध्यप्रदेशरतलाम

समाचार मध्यप्रदेश रतलाम 05 जून 2026 शुक्रवार

////////////////////////

समान नागरिक संहिता के लिए समिति को सुझाव ucc.mp.gov.in पोर्टल पर भेजे- पैठनकर

समान नागरिक संहिता के लिए गठित उच्च स्तरीय समिति की बैठक संपन्न यूसीसी के संबंध में नागरिकों ने रखे सुझाव

सुप्रीम कोर्ट के आदेश अनुसार समान नागरिक संहिता के संबंध मे सुझाव एवं विचार आमंत्रित करने के लिए राज्य शासन द्वारा गठित उच्च स्तरीय समिति की बैठक आज डॉ. लक्ष्मी नारायण पाण्डेय, शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय रतलाम में आयोजित की गई। बैठक में समिति के सदस्य डॉ गोपाल शर्मा एवं शोभा पैठनकर द्वारा विभिन्न सामाजिक, विधिक एवं पारिवारिक पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने समान नागरिक संहिता के संभावित स्वरूप, विभिन्न राज्यों के अनुभव, सामाजिक समरसता तथा नागरिक अधिकारों से जुड़े विषयों पर अपने विचार रखे। बैठक में जनप्रतिनिधिगणों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, रेडक्रास सोसायटी के सदस्य, शांति समिति के सदस्यगणों, मीडिया प्रतिनिधि , प्रध्यापक, कानूनविद, धर्म गुरूओं एवं प्रबुद्ध नागरिकों ने अपने सुझाव रखे।

समिति सदस्य श्रीमती शोभा पैठनकर ने यूसीसी के संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि कोई भी कार्य सरकार अकेले नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि अनेकता में एकता हमारी पहचान है, सभी को मिलकर कार्य करना होगा। समिति सभी जिलों में जाकर सुझाव ले रही हैं। सुझावों के आधार पर प्रस्ताव तैयार होगा। श्रीमती पेठनकर ने पंचायत प्रतिनिधियों, सरपंचों एवं जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे गांव-गांव जाकर इस विषय पर चर्चा करें तथा नागरिकों को अपने सुझाव ऑनलाइन ucc.mp.gov.in दर्ज कराने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि अधिकाधिक जनभागीदारी से ही समाज की वास्तविक भावना और अपेक्षाएं सामने आ सकेंगी।

समिति सदस्य डॉ गोपाल शर्मा ने पारिवारिक कानूनों, महिलाओं के अधिकार, सामाजिक न्याय एवं संवैधानिक प्रावधानों के संबंध में सुझावों पर चर्चा की। उन्होंने नागरिकों से संवाद एवं सुझाव प्राप्त करने के लिए पोर्टल की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समान नागरिक संहिता के संबंध में सुझाव ucc.mp.gov.in पोर्टल पर भेज सकते है। संविधान में समानता के लिए यूसीसी लाने का प्रस्ताव है। इसी के लिए आज विचार विमर्श हो रहा है। कुछ प्रदेशो में पूर्व में यूसीसी लागू हो गया है। प्रदेश सरकार चाहती है कि यूसीसी लागू करने से पूर्व नागरिकों के सुझाव लिये जाये। यूसीसी का केन्द्र बिन्दु परिवार है।

समिति सदस्य डॉ. शर्मा ने कहा कि प्रशासन और राज्य सरकार का मानना है कि इतने महत्वपूर्ण विषय पर किसी भी प्रकार का परिवर्तन जनभागीदारी के बिना सफल नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि समाज के सभी वर्गों की राय और सुझाव प्राप्त हों, ताकि व्यापक परामर्श के आधार पर निर्णय लिया जा सके। समय कम होने के कारण जिला स्तर से नीचे सभी स्थानों तक पहुंच पाना संभव नहीं है, लेकिन प्रदेशभर में समिति के सदस्य को अलग-अलग जिले आवंटित किए गए हैं, ताकि नागरिकों से संवाद कर यह समझा जा सके कि समान नागरिक संहिता क्यों आवश्यक है, इसके प्रमुख प्रावधान क्या हैं और इस विषय पर जनता की क्या राय है।

पारिवारिक संबंधो से जुडे कानून भरण पोषण, विवाह, तलाक, उत्तराधिकार, इत्यादि समान नागरिक संहिता की परिधि में आते है। हम सभी जानते है कि परंपरागत रूप से हमारे देश में विभिन्न प्रकार के धर्म समुदायों के लिए विभिन्न प्रकार के पारिवारिक कानून लागू है। आजादी के बाद इनमें से कुछ कानूनों को सुधार करने की कोशिश की गई, लेकिन अभी भी बहुत से विषय ऐसे है जिनमें सुधार नही किया गया है, जो परंपरागत रीति रिवाजों से चलते है।

बैठक में विधायक जावरा डॉ राजेन्द्र पाण्डेय ,विधायक रतलाम ग्रामीण श्री मथुरा लाल डामर, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लालाबाई शंभूलाल चंद्रवंशी, जिला अध्यक्ष श्री प्रदीप उपाध्याय, अध्यक्ष रतलाम विकास प्राधिकरण श्री मनोहर पोरवाल,उपाध्यक्ष श्री प्रवीण सोनी, अध्यक्ष नगर निगम मनीषा शर्मा, शांति समिति के सदस्य श्री गोविन्द काकाणी, श्री पवन सोमानी, अध्यक्ष नगर पंचायत नामली अनीता परिहार, पूर्व महापौर सुनीता यार्दे,शैलेन्द्र डागा, कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार, एडीएम डॉ शालिनी श्रीवास्तव, एसडीएम आर्ची हरित सहित धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद, मीडिया प्रतिनिधि ,अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित थे। बैठक का शुभारंभ समिति सदस्यों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। समिति सदस्यों एवं उपस्थित जनों का स्वागत एवं आभार एडीएम डॉ शालिनी श्रीवास्तव ने किया।

===========

अंतरराष्ट्रीय साइकिल दिवस पर मेरा युवा भारत द्वारा साइकिल रैली का आयोजन

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार मेरा युवा भारत रतलाम द्वारा साइकिल रैली का आयोजन किया गया।

युवाअधिकारी श्री सौरभ श्रीवास्तव ने बताया कि फिट इंडिया मूल मंत्र के साथ शुरू हुई इस रैली का उद्देश्य युवाओं को खेल से जोड़ने के साथ-साथ उनमें राष्ट्रीय चेतना जागृत करना था, साइकिल रैली नेहरू स्टेडियम से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न मार्गाे से होती हुई नेहरू स्टेडियम में समाप्त हुई। रैली में ब्लॉक युवा समन्वयक दुर्गाशंकर मोयल, हॉकी फीडर सेंटर कोच कृष्ण गोपाल तिवारी एवं फीडर सेंटर के खिलाड़ियों ने भाग लिया ।

======

शासकीय महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था में प्रवेश के लिए पंजीयन प्रारंभ

प्राचार्य शासकीय महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था रतलाम ने बताया कि संस्था के प्रवेश सत्र 2026 के लिए पंजीयन 26 मई से प्रारंभ हो चुके हैं। प्रवेश के इच्छुक प्रशिक्षणार्थी ऑनलाइन पंजीयन कर प्रवेश प्रक्रिया में सम्मिलित हो सकते हैं। पंजीयन की अंतिम तिथि 30 जून 2026 निर्धारित की गई है। प्रशिक्षणार्थी रजिस्ट्रेशन कराने के पश्चात 30 जून 2026 तक चॉइस फिलिंग कर प्रवेश प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं।

========

विश्व पर्यावरण दिवस पर मानस भवन बगीचे में होगा पौधारोपण एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगर पालिक निगम रतलाम द्वारा 05 जून शुक्रवार को प्रातः 9:30 बजे मानस भवन बगीचे में पौधारोपण एवं पर्यावरण जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास तथा स्वच्छ पर्यावरण के प्रति जनभागीदारी को बढ़ावा देना है।

कार्यक्रम के अंतर्गत पौधारोपण किया जाएगा तथा पर्यावरण संरक्षण एवं जागरूकता से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन होगा। नगर निगम ने समस्त पार्षदगण, जनप्रतिनिधियों, पर्यावरणविदों, गणमान्य नागरिकों तथा सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों से कार्यक्रम में सहभागिता कर इसे सफल बनाने की अपील की है।

=======

मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सुधार के लिए मास्टर ट्रेनर्स की उन्मुखीकरण कार्यशाला आयोजित

जिलेभर में 8 से 12 जून तक आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को दिया जाएगा प्रशिक्षण

कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के निर्देशानुसार जिले में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय में ग्लोबल व्हील फाउंडेशन द्वारा प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं पर्यवेक्षकों की उन्मुखीकरण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्री राम निवास बुधोलिया सहित आंगनवाडी कार्यकर्ता उपस्थित थी।

कार्यशाला में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाने की कार्ययोजना पर चर्चा की गई। साथ ही मातृ मृत्यु दर एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के लिए विभिन्न गतिविधियों की रूपरेखा तैयार की गई। प्रशिक्षण प्राप्त मास्टर ट्रेनर्स द्वारा जिले की सभी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम 8 जून से 12 जून के मध्य आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण के पश्चात गर्भवती एवं धात्री महिलाओं तथा कुपोषित बच्चों का पंजीयन कर उनकी स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित की जाएगी, जिससे उन्हें समय पर आवश्यक स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

====

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}