समाचार मध्यप्रदेश नीमच 22 मई 2026 शुक्रवार

/////////////////////////////////////
दिव्यल व लक्षिता का बास्केटबॉल जूनियर नेशनल चौंपियनशिप मध्य प्रदेश टीम में चयन
नीमच। खेल के मैदान से शहर के लिए एक और गौरवपूर्ण खबर सामने आई है। इन्वेंशन बास्केटबॉल अकादमी और ज्ञानोदय इंटरनेशनल स्कूल की होनहार खिलाड़ी दिव्यल यादव और लक्षिता चौहान का चयन आगामी 76वीं जूनियर नेशनल चौंपियनशिप के लिए मध्य प्रदेश की टीम में हुआ है।अकादमी के कोच किशनपाल सिंह और सत्येंद्रपाल सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि बास्केटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा पांडिचेरी बास्केटबॉल एसोसिएशन के तत्वाधान में इस चौंपियनशिप का आयोजन 22 मई से 29 मई तक पांडिचेरी में किया जा रहा है। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश की टीम भी अपना दमखम दिखाएगी।
खिलाड़ियों का चयन स्टेट बास्केटबॉल चौंपियनशिप में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर किया गया है। प्रतियोगिता में दिव्यल यादव (पुत्री श्री राजेंद्र यादव) और लक्षिता चौहान (पुत्री श्री नाथू सिंह चौहान) ने अपनी तकनीक और बेहतरीन खेल से सभी को प्रभावित किया। नेशनल चौंपियनशिप की तैयारियों के लिए दोनों खिलाड़ियों ने 11 मई से 20 मई तक ग्वालियर में आयोजित विशेष अभ्यास कैंप (ट्रेनिंग कैंप) में भी हिस्सा लिया है।
यह पहला मौका नहीं है जब इन दोनों खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया हो। इससे पहले भी दिव्यल और लक्षिता कई बार विभिन्न स्तरों पर मध्य प्रदेश की टीम का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। वर्तमान में दोनों खिलाड़ी ज्ञानोदय इंटरनेशनल स्कूल की छात्राएं हैं।
दोनों बेटियों की इस बड़ी उपलब्धि और भारतीय बास्केटबॉल के शीर्ष मंच पर प्रतिनिधित्व करने के अवसर पर इन्वेंशन अकादमी के पदाधिकारियों और खेल विभाग ने खुशी जाहिर की है। अकादमी के कमल सिंह चुंडावत, जयपाल सिंह राणावत, पूजा यादव, राजेंद्र यादव, सुनील दीवान, नितेश शर्मा, भरत सैनी और खेल विभाग की कोच मीनाक्षी तंवर आदि ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है और नेशनल में स्वर्ण पदक जीतने का आशीर्वाद दिया।
===========
जिले में कोई भी अनफिट वाहन सड़क पर संचालित नहीं पाया जाए- श्री चंद्रा
कलेक्टर ने दिए आर.टी.ओ. को वाहनों की फिटनेस जांच के निर्देश
आगामी वर्षाकाल को देखते हुए रामपुरा, मोरवन में आपदा प्रबंधन मौकड्रील की जाएगी
निर्माणाधीन सड़कों के कारण कही भी जल भराव, की स्थिति ना बने-कलेक्टर
जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न
नीमच 21 मई 2026, जिले में आगामी वर्षाकाल को देखते हुए सम्भावित अतिवृष्टि एवं बाढ़ से बचाव एवं सुरक्षा के लिए आपदा प्रबंधन के सभी उपाय एवं प्रबंध सुनिश्चित कर लिए जाए। रामपुरा व मोरवन में आपदा प्रबंधन तैयारियों पर मॉकड्रील भी कर ली जाए। जिले में निर्माणाधीन सीटी हाईवे एवं नीमच सिंगोली सड़क निर्माण कार्य की वजह से बरसात में किसी भी गांव व स्थान पर जल भराव की स्थिति निर्मित ना हो। एम.पी.आर.डी.सी.के जिला प्रबंधक मानसून के पहले ही जल भराव की रोकथाम के प्रबंध सुनिश्चित कर लें। आर.टी.ओ. यह सुनिश्चित करें, कि जिले में कोई भी वाहन बगैर फिटनेस के सड़कों पर परिचालन स्थिति में ना पाया जाए। वाहनों के फिटनेस की अच्छी तरह से जांच कर फिटनेस प्रमाण पत्र जारी किया जाए। यह निर्देश कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने गुरूवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष नीमच में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को दिए है। बैठक में एस.पी. श्री राजेश व्यास एवं एडीएम श्री बी.एस.कलेश सभी एसडीए, एसडीओपी एवं समिति के सदस्य अधिकारीगण उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर ने सभी जिला अधिकारियों को निर्देश दिए, कि वे सभी जिला अधिकारियों को निर्देश दिए, कि वे विभाग के जल स्त्रोतो, जलाशयों, डेमो, स्टाप डेमो, सरोवरों का निरीक्षण करवा लें, अत्यधिक वर्षा, जल भराव से कोई भी जल संरचना में रिसाव या क्षतिग्रस्त होने की स्थिति ना बने। नदी, नाले, पुल, पुलियाओं, रपटों पर जल भराव की स्थिति में सुरक्षा के आवश्यक प्रबंध अभी से संबंधित विभाग सुनिश्चित कर लें। बैठक में आरटीओ एवं यातायात प्रभारी द्वारा गत एक माह में मोटर व्हीकल एक्ट के तहत की गई चालानी कार्यवाही के बारे में विस्तार से बताया। जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया गया, कि वे सभी शालाओं के वाहनों की फिटनेस की जांच एवं वाहनों चालकों के सत्यापन की कार्यवाही अनिवार्य रूप से करवाए।
बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए, कि सम्पूर्ण जिले में बगैर नम्बर के वाहनों और ब्लेक फिल्म लगे वाहनों के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही की जाए। उन्होने मुख्य सड़कों को जोड़ने वाली ग्रामीण सड़कों के जक्शन पाइंट पर सड़क सुरक्षा के संकेतक लगवाने एवं स्पीड ब्रेकर बनवाने के निर्देश भी दिए। साथ ही जिले के विभिन्न दुघर्टना संभावित स्थलों पर पठनीय दुर्घटना संभावित स्थल संबंधी संकेतक लगाने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने ओव्हर लोड यात्री वाहनों, यात्री वाहनों में उपज परिवहन करने वालों पर प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए है।
======================
“नशा मुक्त नीमच की दिशा में ठोस पहल”
डीएम श्री चंद्रा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय NCORD समन्वय समिति की बैठक सम्पन्न
अवैध मादक पदार्थों पर प्रहार की रणनीति तैयार, 7 बिन्दुओं पर कार्ययोजना बनी
स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता, हॉट स्पॉट पर शिविर लगाने पर विशेष जोर
नीमच, 21 मई 2026, मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार नारकोटिक्स एवं अन्य नशीली दवाओं की तस्करी की रोकथाम एवं बेहतर समन्वय के लिए नारकोटिक्स समन्वय समिति की बैठक गुरूवार को कलेक्टर सभाकक्ष, नीमच में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री हिमांशु चंद्रा ने की। बैठक का संचालन सचिव एवं पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास ने किया।
इस संबंध में जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार
इस बैठक में विभिन्न 7 बिन्दुओं पर चर्चा कर योजना बनाई गई है। जिसमें जिले में अफीम, गांजा एवं भांग आदि की फसल की अवैध खेती की सघन निगरानी करने, अंतर्राज्यीय प्रकरणों की जांच की प्रगति की नियमित निगरानी करने, स्कूलों, कॉलेजों आदि में नशीली दवाओं का दुरुपयोग रोकने संबंधी जागरूकता अभियान चलाने, जिले में मादक फसलों की अवैध खेती से प्रभावित क्षेत्रों में वैकल्पिक विकास कार्यक्रम लागू करने, जिले में संचालित नशामुक्ति एवं पुनर्वास केन्द्रों का पर्यवेक्षण करने, नशे के आदी लोगों को चिन्हित कर नशे की प्रवृत्ति से छुटकारा दिलाने तथा उन्हें समाज की मुख्यधारा में लाने, नशा प्रभावित क्षेत्रों/हॉट स्पॉट का आंकलन कर ऐसे स्थानों पर जागरूकता शिविर आयोजित करने, के संबंध में चर्चा कर, सभी विभागों की समन्वित योजना तैयार कर, प्रभावी क्रियान्वयन करने का निर्णय भी लिया गया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास, जिला शिक्षा अधिकारी श्री एस.एम. मांगरिया, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.डी.प्रसाद, अधीक्षक केन्द्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो श्री विपिन कुमार, मनोवैज्ञानिक नशा मुक्ति केन्द्र से श्री जीवन तिवारी, एसडीएम नीमच श्री संजीव साहू, एसडीएम मनासा सुश्री किरण आंजना, एसडीएम जावद सुश्री प्रीति संघवी, नगर पुलिस अधीक्षक सुश्री किरण चौहान, एसडीओपी जावद श्री रोहित राठौर, एसडीओपी मनासा सुश्री निकिता सिंह, ड्रग इंस्पेक्टर श्री शोभित तिवारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
==============
धरती आबा अभियान 15 उज्ज्वला कनेक्शन एवं 6 आयुष्मान कार्ड वितरित
ग्राम कानोड़, पालरी, दलपतपुरा में संतृप्ति शिविर सम्पन्न
नीमच, 21 मई 2026। प्रधानमंत्री धरती आबा उत्कर्ष ग्राम अभियान तहत “जनभागीदारी-सबसे दूर, सबसे पहले” अभियान के तहत जिले में जनभागीदारी सप्ताह एवं गरिमा उत्सव शिविर 18 से 25 मई 2026 तक आयोजित किए जा रहे है।
इस अभियान के तहत गुरूवार को ग्राम पंचायत परलाई के ग्राम कानोड़ में 15 उज्ज्वला गैस कनेक्शन प्रदान किए गए। ग्राम पालरी में घर-घर जाकर 25 ग्रामीणजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। ग्राम धाकड़खेड़ी एवं दंतलई में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए।
संतृप्ति शिविर एवं जनसुनवाई: ग्राम दलपतपुरा में संतृप्ति शिविर के साथ जनसुनवाई की गई, जिसमें कोई भी शिकायत/आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है।
ग्राम झांझरवाड़ा के संतृप्ति शिविर में 6 आयुष्मान कार्ड बनाए एवं 02 वृद्धावस्था पेंशन प्रकरण तैयार किए गए। यहां भी जनसुनवाई में कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई। यह जानकारी जिला संयोजक श्री राकेश कुमार राठौर ने दी है।
=================
“त्यौहारों पर सुरक्षा और सौहार्द्र प्राथमिकता” :
डी.एम.नीमच ने दिए मुस्तैदी से भ्रमण और ड्रोन निगरानी के निर्देश
शांति समितियों का पुनर्गठन, फायर फाइटर्स का रिस्पांस टाइम न्यूनतम रखने पर जोर
नीमच, 21 मई 2026, आगामी त्यौहारों के मद्देनजर जिले में कानून व्यवस्था एवं साम्प्रदायिक सौहार्द्र बनाए रखने हेतु कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों की संयुक्त बैठक संपन्न हुई। बैठक में एसपी श्री राजेश व्यास ने भी आवश्यक निर्देश दिए।
डी.एम.श्री हिमांशु चंद्रा के प्रमुख निर्देश:
संयुक्त भ्रमण: सभी कार्यपालिक मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारी अपने क्षेत्रों का संयुक्त भ्रमण कर फील्ड में मुस्तैदी से कार्य करें।
ड्रोन से निगरानी: संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर ड्रोन से निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
जुलूस हेतु अनुमति: आयोजकों से नामजद वॉलेंटियर्स की सूची लेकर केवल परम्परागत जुलूस एवं मार्ग के लिए ही अनुमति जारी की जाए।
शांति समिति पुनर्गठन: शांति समितियों का पुनर्गठन कर सामाजिक रूप से प्रभावशाली, प्रबुद्धजनों को शामिल किया जाए।
फायर सेफ्टी: सभी फायर फाइटर अच्छी स्थिति में रहें एवं आवश्यकता पर न्यूनतम रिस्पांस समय में पहुंचें। एसडीएम-एसडीओपी सार्वजनिक स्थलों का संयुक्त भ्रमण कर फायर सेफ्टी नियमों का कड़ाई से पालन करवाएं।
पब्लिक अनाउंस सिस्टम: सभी कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के वाहनों में पब्लिक अनाउंस सिस्टम उपलब्ध रहे।
एसपी श्री राजेश व्यास के निर्देश:
शांति समिति की बैठक: थाना व उपखण्ड स्तर पर शांति समिति की बैठकें आयोजित कर त्यौहारों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।
सूचना तंत्र: सभी अधिकारी अपने सूचना तंत्र को मजबूत बनाएं एवं सभी रूट का निरीक्षण-भ्रमण करें।
बैठक में एडीएम श्री बी.एस.कलेश, एसडीएम श्री संजीव साहू, सुश्री प्रीती संघवी, सुश्री किरण आंजना, सीएसपी सुश्री किरण चौहान, एसडीओपी जावद श्री अमित राठौर, एसडीओपी मनासा सुश्री निकिता सिंह सहित जिले के सभी तहसीलदार एवं थाना प्रभारी भी उपस्थित थे।
———-
सभी राजस्व अधिकारी फार्मर (आई.डी.) बनाने पर विशेष फोकस करें-श्री चंद्रा
प्रत्येक पटवारी प्रतिदिन न्यूनतम 10-10 फार्मर आईडी बनाए
जिले के राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक दिए निर्देश
नीमच 21 मई 2026, जिले के सभी राजस्व अधिकारी, किसानों की फार्मर आईडी बनवाने पर विशेष फोकस करें। प्रत्येक पटवारी को प्रतिदिन के मान से 10-10 किसानों की फार्मर आईडी बनाने हेतु पाबंद करें। साथ ही प्रत्येक पटवारी द्वारा बनाई जा रही फार्मर आईडी के कार्य की नियमित रूप से निगरानी एवं समीक्षा तहसीलदार एवं एसडीएम करें। यह निर्देश कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने गुरूवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष नीमच में जिले के सभी राजस्व अधिकारियों की बैठक में विभागीय गतिविधियों की तहसीलवार समीक्षा करते हुए दिए।
बैठक में वनमण्डलाधिकारी श्री एस.के.अटोदे, एडीएम श्री बी.एस.कलेश, सभी एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर्स एवं तहसीलदार तथा नायब तहसीलदार उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए, कि सभी तहसीलदार राजस्व के बीस-बीस बड़े बकायादारों की सूची तैयार कर कलेक्टोरेट भेजे और उनसे बकाया राशि वसूल करें।
बैठक में कलेक्टर ने राजस्व प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा में निर्देश दिए सीमांकन संबंधी सभी लंबित प्रकरणों का 15 जून के पूर्व शतप्रतिशत निराकरण सुनिश्चित कर, सीमांकन करवाएं। साथ ही बंटवारे संबंधी प्रकरणों का राजस्व अधिकारी उचित निराकरण समय सीमा में करें।
कलेक्टर ने एडीएम एवं सभी एसडीएम को निर्देश दिए, कि वे हर माह नियमित रूप से अधिनस्थ राजस्व, न्यायालयों का निरीक्षण कर निराकृत प्रकरणों को देखें और सुनिश्चित करें, कि प्रकरणों का विधि अनुरूप सही तरीके से निराकरण हो। कलेक्टर ने सभी एसडीएम को अधिनस्थ न्यायालयों के वर्तमान माह में निराकृत पांच-पांच प्रकरणों का अवलोकन कर रिर्पोट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए है।
बैठक में कलेक्टर ने 3 से 6 माह की अवधि के लंबित प्रकरणों की तहसीलवार समीक्षा के दौरान निर्देश दिए, कि तीन माह से अधिक अवधि का कोई भी प्रकरण लंबित ना रहे। उन्होने सभी राजस्व अधिकारियों को 3 माह की समय सीमा में राजस्व प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सभी एसडीएम को नक्शे में त्रुटीसुधार के प्रकरणों का स्वप्रेरणा एवं प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए।
वन व्यवस्थान प्रकरणों की समीक्षा
बैठक में कलेक्टर ने वन राजस्व सीमा संबंधी प्रकरणों की समीक्षा में निर्देश दिए, कि वन व्यवस्थान का कार्य प्राथमिकता से किया जाए। एसडीएम एवं वन विभाग के एसडीओ संयुक्त भ्रमण कर वन राजस्व सीमा में व्यवस्थापन संबंधी प्रकरणों का निराकरण करें। वन वनमण्डाधिकारी ने बैठक में बताया, कि जिले में 18 वन खण्डों में व्यवस्थापन की कार्यवाही की जाना है। कलेक्टर ने डीएफओ से कहा, कि वे व्यवस्थापन संबंधी नवीन प्रस्ताव प्रस्तुत करें।
====================
जिले के नागरिक फटाखे अपने घरों में ना रखे-श्री चंद्रा
कलेक्टर ने की नागरिकों से अपील
नीमच 21 मई 2026, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने जिले के नागरिकों से अपील की है, कि दीपावली पर खरीदे गये और उपयोग से शेष रहे फटाखे कोई भी नागरिक अपने घरों में ना रखे। उनको फटाखा गोदामों में जमा करवा दें।
कलेक्टर ने जिल के अस्थाई फटाखा लायसेंसी विक्रेताओं से भी कहा, है कि यदि उनके पास दीपावली के बचे हुए फटाखे उपलब्ध हो, तो वे उन फटाखों को भी अपने घरों में ना रखे। ऐसे सभी फटाखों को सुरक्षा की दृष्टि से जिले के स्थाई गोदामों में जमा कर रसीद प्राप्त कर लें। कलेक्टर ने कहा, कि घर में रखे पटाखों से गर्मी में अग्नी दुघर्टना की संभावना बढ जाती है। उन्होने सभी से अपील की है, कि कोई भी अपने घरों में फटाखे ना रखे।
कलेक्टर ने सभी एसडीएम एवं एसडीओपी को उनके क्षेत्र में स्थित फटाखा दुकानों, गोदामों व अन्य विस्फोटक सामग्री के भण्डारण स्थलों का भी नियमित रूप से संयुक्त निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है। एसपी श्री राजेश व्यास ने भी अधिकारियों को नियमित रूप से प्रत्येक तीन माह में नियमित अंतराल पर विस्फोटक सामग्री एवं फटाखा गोदामों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए है।
============
भाजपा पार्टी ही अनुसूचित जाति वर्ग की सच्ची हितेषी है – भगवान परमार
===========
हजरात चाँदशाह वली बाबा का उर्स आज से
आधार कार्ड संबंधी सेवाओं के लिए विशेष अभियान 23 मई को
नीमच 21 मई 2026, प्रधान डाकघर नीमच द्वारा आमजनों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नीमच जिले में सभी डाकघरों (पोस्ट ऑफिस) के आधार एनरोलमेंट एवं अपडेशन सेवा केन्द्रों पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इस अभियान के तहत नवीन आधार पंजीयन, आधार कार्ड में सुधार, बायोमेट्रिक अपडेट तथा आधार डेटा में मोबाइल एवं ईमेल लिंक कराने जैसी सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। विशेष अभियान 23 मई 2026 को आयोजित किया जाएगा। इसके लिए 21 एवं 22 मई को टोकन वितरण किया जाएगा। अभियान के दिन 23 मई को सभी आधार केन्द्र प्रातः 8 बजे से शाम 6 बजे तक संचालित रहेंगे। नागरिकों से अपील की गई है, कि वे अपने निकटतम डाक घर आधार केन्द्र पर पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठाएं।
नीमच शहर के नीमच प्रधान डाकघर, नीमच बघाना खोर, जावद, महागढ़, मनासा, रामपुरा सहित विभिन्न डाकघरों में यह अभियान संचालित किया जा रहा है। आमजन इस सुविधा का लाभ उठा सकते है।
=========



