समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 21 मई 2026 गुरुवार

/////////////////////////////////
कोटा मंडल के तीन स्टेशनों को मिला जंक्शन का दर्जा
गंगापुर सिटी, रामगंज मंडी और गुड़ला अब जंक्शन स्टेशन
कोटा। नई रेल लाइनों एवं कॉर्ड/बायपास लाइन के चालू होने के फलस्वरूप पश्चिम मध्य रेलवे मुख्यालय द्वारा कोटा मंडल के तीन स्टेशनों — गंगापुर सिटी (GGC), रामगंजमंडी (RMA) एवं गुड़ला (GQL) — को दिनांक 15.05.2026 से जंक्शन स्टेशन घोषित किया गया है। अब इन्हें क्रमशः गंगापुर सिटी जंक्शन, रामगंज मंडी जंक्शन एवं गुड़ला जंक्शन के नाम से जाना जाएगा।
============
मंदसौर जिला चिकित्सालय में लोकायुक्त की टीम मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी जीएस चौहान के दफ्तर में पहुंची।
=====================
शामगढ़ में मेडिकल व्यवसायियों द्वारा तहसीलदार को सौपा ज्ञापन
शामगढ़। नगर में ऑल इंडिया मेडिकल एसोसिएशन एवं मध्य प्रदेश मेडिकल एसोसिएशन के आह्वान पर शामगढ़ में भी सभी मेडिकल व्यवसायियों द्वारा अपने मेडिकल व्यवसाय को पूर्णतया बंद रखकर शिव हनुमान मंदिर बस स्टैंड से वाहन रैली के रूप में शामिल होकर तहसील कार्यालय पहुंचकर तहसीलदार किरण गहलोत को प्रमुख मांगों को लेकर एवं ऑनलाइन बिक्री पर रोक लगाने हेतु एक आवश्यक लिखित ज्ञापन सौपा गया।
=========
बिना अनुज्ञा गेहूं परिवहन पर मंडी प्रशासन की कार्रवाई, 31 हजार से अधिक की वसूली
मंदसौर 20 मई 26 / कृषि उपज मंडी मंदसौर द्वारा बिना अनुज्ञा पत्र के कृषि उपज परिवहन करने वाले वाहन पर कार्रवाई करते हुए कुल 31 हजार 813 रुपए की वसूली की गई।
मंडी सचिव श्री लक्ष्मण सिंह ठाकुर ने बताया कि मंडी निरीक्षण दल द्वारा 20 मई 2026 को मंडी क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान एक वाहन को रोककर जांच की गई। जांच में वाहन क्रमांक MP09DF2378 में 173.55 क्विंटल गेहूं बिना अनुज्ञा पत्र के परिवहन किया जाना पाया गया।
कृषि उपज के परिवहन संबंधी आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर मंडी निरीक्षण दल द्वारा मौके पर पंचनामा तैयार कर नियमानुसार कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के तहत पांच गुना शुल्क राशि 22 हजार 344 रुपए, निराश्रित शुल्क 4 हजार 469 रुपए तथा समझौता शुल्क 5 हजार रुपए सहित कुल 31 हजार 813 रुपए की राशि जमा कराई गई।
==============
जिन किसानों के स्लॉट बुक हैं, उनसे 28 मई तक गेहूं खरीदेगी सरकार, सीएम डॉ. मोहन बोले- किसान कल्याण के लिए हम प्रतिबद्ध
– बड़ी राहत, जिनके 23 मई तक स्लॉट बुक
– स्लॉट बुकिंग के बावजूद खरीदी में आ रही थीं समस्याएं
– मध्यप्रदेश सरकार के प्रयास से इस साल 100 लाख मीट्रिक टन गेहूं उपार्जन होगा
मंदसौर 20 मई 26 / गेहूं उपार्जन के लिए जिन किसानों के स्लॉट 23 मई तक बुक हो चुके हैं, उनके लिए बड़ी खुशखबरी है। अब सरकार उनका गेहूं 28 मई तक खरीदेगी। सरकार ने अंतिम 23 मई की तारीख को आगे बढ़ा दिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 20 मई को इस बात की घोषणा की। मध्यप्रदेश सरकार किसान कल्याण के प्रतिबद्ध है। मध्यप्रदेश सरकार के प्रयास से इस साल 100 लाख मीट्रिक टन गेहूं उपार्जन होगा। इससे किसानों को बड़ा फायदा पहुंचेगा।
गेहूं उपार्जन की तारीख को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मीडिया से कहा कि किसान कल्याण वर्ष में हमारी सरकार लगातार किसान हितैषी निर्णय ले रही है। मुझे इस बात की प्रसन्नता है कि हमने अपना ही रिकॉर्ड तोड़ दिया है। बीते वर्ष हमने लगभग 77 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीदा था। इस साल 100 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीदने जा रहे हैं। पूरे देश में अगर सर्वाधिक किसानों से गेहूं खरीदा गया, तो वो हमारे राज्य मध्यप्रदेश में खरीदा गया है। अभी तक हम 91 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीद चुके हैं। इसके लिए अंतिम तारीख 23 मई निर्धारित थी। मुझे किसानों द्वारा बताया गया कि उन्होंने स्लॉट तो बुक कर लिए, लेकिन लाइन लंबी है। इस पर हमने कहा कि जिनके भी स्लॉट बुक हुए हैं, ऐसे सभी किसानों से हम गेहूं खरीदेंगे। इसलिए उन किसानों के गेहूं उपार्जन की तारीख 23 मई से बढ़ाकर 28 मई तक करने की मैं घोषणा करता हूं।
वैश्विक चुनौतियों के बीच समाधान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हमारी सरकार किसान हितैषी सरकार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसान-गरीब-महिला-युवा, चारों वर्गों की हम चिंता करते हैं। मैं किसान भाई-बहनों से निवेदन करता हूं कि आप चिंता मत करिए, हम स्लॉट बुकिंग का गेहूं खरीदने का प्रबंधन कर रहे हैं। वैश्विक चुनौतियों के बीच गेहूं भंडारण भी हमारे लिए चुनौती है। बारदाना खरीदना-लाना भी एक चुनौती है। हमारे सामने मौसम और ट्रांसपोर्टेशन भी चुनौती है। इसके बावजूद हमने भंडारण की क्षमता बढ़ाई। उन्होंने कहा कि हम किसान कल्याण के लिए प्रतिबद्ध हैं। हम खरीदी केंद्र पर 2625 रुपये क्विंटल गेहूं का दाम देंगे।
================
जल गंगा संवर्धन अभियान से मजबूत हो रहा जल संरक्षण, किसानों को मिलेगा सिंचाई का स्थायी सहारा
जिले में 417 खेत तालाब तैयार, 820 तालाबों का निर्माण कार्य प्रगति पर
मंदसौर 20 मई 26 / जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत जिले में खेत तालाब निर्माण कार्य तेजी से जारी है। जिले में अब तक 417 खेत तालाब बनकर तैयार हो चुके हैं, जबकि 820 तालाबों का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इन तालाबों के पूर्ण होने के बाद जिले में जल संरक्षण एवं सिंचाई व्यवस्था को और अधिक मजबूती मिलेगी।
सीईओ जिला पंचायत श्री अनुकूल जैन ने बताया कि जिले में कुल 1237 खेत तालाब निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इनमें भानपुरा जनपद में 156 में से 70, गरोठ में 282 में से 149, मल्हारगढ़ में 238 में से 79, मंदसौर में 230 में से 37 तथा सीतामऊ में 331 में से 83 खेत तालाब तैयार किए जा चुके हैं। जिले में सबसे अधिक 331 खेत तालाबों का निर्माण सीतामऊ जनपद में किया जा रहा है, जबकि गरोठ जनपद ने अब तक सर्वाधिक 149 खेत तालाब पूर्ण कर लिए हैं।
उन्होंने बताया कि मंदसौर जिले में खेत तालाब निर्माण जल संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बनकर सामने आया है। जिले के कई क्षेत्रों में वर्षा का पानी बहकर व्यर्थ चला जाता था, जिससे गर्मी के मौसम में सिंचाई एवं पेयजल संकट की स्थिति उत्पन्न होती थी। खेत तालाब बनने से अब वर्षा जल का संग्रह संभव हो रहा है, जिससे किसानों को आवश्यकता के समय सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध हो सकेगा। इससे सोयाबीन, गेहूं, लहसुन सहित अन्य फसलों के उत्पादन में स्थिरता आएगी तथा सूखे जैसी परिस्थितियों में भी खेती को सहारा मिलेगा।
खेत तालाबों से भूजल स्तर में सुधार, मिट्टी संरक्षण एवं पशुपालन गतिविधियों को भी लाभ मिल रहा है। जिले के कई किसान ड्रिप एवं स्प्रिंकलर सिंचाई के साथ खेत तालाबों का उपयोग कर पानी की बचत करते हुए बेहतर उत्पादन की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। राज्य शासन द्वारा संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान, खेत तालाब योजना एवं अन्य जल संरचना विकास कार्यक्रमों के माध्यम से वर्षा जल संचयन को बढ़ावा दिया जा रहा है। मंदसौर जिले में खेत तालाब कृषि को स्थायी एवं जल संरक्षण को प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
================
सांसद श्री गुर्जर ने निक्षय वाहन को दिखाई हरी झंडी
सांसद निधि से प्रदत्त वाहन जिले में टीबी जागरूकता अभियान को देगा गति
मंदसौर 20 मई 26 / प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जिला चिकित्सालय परिसर में राज्यसभा सांसद श्री बंशीलाल गुर्जर ने विशेष रूप से तैयार किए गए निक्षय वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रमादेवी बंशीलाल गुर्जर एवं जिला योजना समिति सदस्य श्री राजेश दीक्षित उपस्थित रहे।
राज्यसभा सांसद श्री गुर्जर द्वारा सांसद निधि से 6 लाख 50 हजार रुपये की राशि प्रदान कर इस निक्षय वाहन को तैयार कराया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के टीबी मुक्त भारत के संकल्प तथा केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा के आह्वान पर यह पहल की गई है।
कार्यक्रम के दौरान श्रीमती रमादेवी बंशीलाल गुर्जर द्वारा प्रदान की गई राशि से 25 फूड बास्केट आहार किट भी वितरित की गईं।
लगभग 6 लाख 50 हजार रुपये की लागत से तैयार इस निक्षय वाहन में एक्स-रे सुविधा सहित कई आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हैं। यह वाहन मंदसौर जिले के 905 ग्रामों तथा सभी नगरीय निकाय क्षेत्रों में भ्रमण कर टीबी रोग के प्रति जनजागरूकता फैलाने का कार्य करेगा।
इस अवसर पर सांसद श्री बंशीलाल गुर्जर ने कहा कि टीबी रोग लाइलाज नहीं है और समय पर उपचार से इसे पूरी तरह ठीक किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि टीबी को हराने के लिए जनजागरूकता अत्यंत आवश्यक है तथा प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने में मंदसौर जिला बेहतर कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि जिला क्षय विभाग को प्रचार-प्रसार हेतु वाहन की आवश्यकता थी, जिसे सांसद निधि से पूरा किया गया। फोटो संलग्न
===========
आंगनवाड़ी केंद्र लाला खेड़ा में आयुष्मान आरोग्य शिविर आयोजित
मंदसौर 20 मई 26 / आंगनवाड़ी केंद्र लाला खेड़ा में आयुष्मान आरोग्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न सेवाएं प्रदान की गईं तथा लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया।
शिविर के दौरान कुल 76 मरीजों का ओपीडी पंजीयन किया गया, जिसमें 25 पुरुष एवं 51 महिलाएं शामिल रहीं। स्वास्थ्य जांच के अंतर्गत 63 एक्स-रे किए गए, जिनमें 3 एक्स-रे एब्नार्मल पाए गए। टीबी जांच हेतु 4 स्पूटम सैंपल कलेक्ट किए गए तथा 5 सीवाई टेस्ट किए गए।
इसके अलावा 63 हितग्राहियों की हीमोग्लोबिन जांच, ब्लड शुगर जांच एवं बीपी जांच की गई। शिविर में निक्षय मित्र भी बनाए गए तथा जरूरतमंद मरीजों को 2 फूड बास्केट वितरित की गईं।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा लोगों को टीबी, एनीमिया एवं अन्य बीमारियों के प्रति जागरूक करते हुए नियमित जांच एवं उपचार कराने की सलाह दी गई।
==============
सीतामऊ व सुवासरा क्षेत्र के 10 किसानों से नरवाई जलाने पर 25 हजार रुपए का अर्थ दंड वसूला
मंदसौर 20 मई 26 / मध्यप्रदेश शासन पर्यावरण विभाग मंत्रालय भोपाल द्वारा 1981 की धारा 19 (5) के तहत गेंहू/धान अवशेषों को खेतों मे ही जलाये जाने पर प्रतिबंधित किया गया है। जो भी व्यक्ति/संस्था यदि ऐसा करते पाए जाते है तो उसे माननीय नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के निर्देशानुसार पर्यावरण मुआवजा अदा करना होगा। अनुविभागीय अधिकारी द्वारा सीतामऊ क्षेत्र के 10 किसानों से गेहूं फसल की खेतों में नरवाई/ पराली जलाने पर 25 हजार रुपए का अर्थ दंड वसूल किया गया।
इनमें ग्राम देवरिया विजय की पार्वती बाई एवं कीर्तिराजसिंह, ग्राम रुणीजा के दुर्गाशंकर एवं सत्तार, ग्राम बर्डिया की श्यामुबाई, ग्राम चापाखेड़ी के शासकीय भूमि बटाईदार समरतसिंह, ग्राम घसोई की कृष्णाकुंवर, ग्राम कराड़िया की बगतबाई, ग्राम गैलाना के सुरेशसिंह, ग्राम कुंडला के (दशरथ, बगदीराम, गोपाल बटाईदार बालाराम) जिन पर 2500-2500 रुपए का अर्थदंड लगाया गया।
प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे फसल अवशेषों को जलाने के बजाय वैकल्पिक उपाय अपनाकर पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करें।
================
23 मई को डाकघरों में लगेगा विशेष आधार सेवा शिविर
सुबह 8 से शाम 6 बजे तक मिलेंगी सुविधाएं
मंदसौर 20 मई 26 / मंदसौर डाकघर अधिक्षक द्वारा बताया गया कि मंदसौर, नीमच डाक संभाग द्वारा आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से डाकघरों (पोस्ट ऑफिस) के आधार एनरोलमेंट एवं अपडेशन सेवा केन्द्रों पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इस अभियान के तहत नवीन आधार पंजीयन, आधार कार्ड में सुधार, बायोमेट्रिक अपडेट तथा आधार डेटा में मोबाइल एवं ईमेल लिंक कराने जैसी सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।
यह विशेष अभियान 23 मई 2026 को आयोजित किया जाएगा। इसके लिए 21 एवं 22 मई को टोकन वितरण किया जाएगा। अभियान के दिन 23 मई को सभी आधार केन्द्र प्रातः 8 बजे से शाम 6 बजे तक संचालित रहेंगे।
डाक विभाग मंदसौर- नीमच अधीक्षक ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने निकटतम डाक घर आधार केन्द्र पर पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठाएं।
मंदसौर शहर के मुख्य डाकघर, सिटी डाकघर, सुवासरा मंडी, भानपुरा, गरोठ, शामगढ़, दलौदा, नाहरगढ़, सीतामऊ, बूढ़ा, मल्हारगढ़, पिपलिया उपडाकघरों एवं नीमच शहर के नीमच प्रधान डाकघर, नीमच बघाना खोर, जावद, महागढ़, मनासा, रामपुरा सहित विभिन्न डाकघरों में यह अभियान संचालित किया जा रहा है।
===============




