समाचार मध्यप्रदेश नीमच 21 मई 2026 गुरुवार

////////////////////////////////////////////////
नीमच जिले में स्वयं सहायता समूह की महिलाएं बचा रही हैं 324 बगिया
भीषण गर्मी में टैंकर-ड्रिप से सिंचाई, वायर फेंसिंग से सुरक्षा, 300 के विरुद्ध 324 बगिया स्थापित
नीमच 20 मई 2026, “एक बगिया माँ के नाम” जिले में महिला सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण का अनुपम उदाहरण बन रही है। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अमन वैष्णव के मार्गदर्शन में ग्रामीण क्षेत्र की महिला स्वयं सहायता समूह की सदस्य हितग्राही रोपित फलदार पौधों को जीवन देने में जुटी हैं। जिले में 300 बगिया के लक्ष्य के विरुद्ध 324 बगिया स्थापित की जा चुकी हैं। प्रत्येक हितग्राही महिला द्वारा संतरा, नींबू और अमरूद के 100-100 पौधे लगाए गए हैं, जिन्हें एक वर्ष पूर्ण होने को है।
गर्मी में विशेष प्रबंध: भीषण गर्मी में पौधों को जीवित रखने के लिए महिलाएं टैंकर व ड्रिप सिस्टम के माध्यम से सिंचाई कर रही हैं। पौधों की सुरक्षा हेतु हितग्राहियों द्वारा वायर फेंसिंग का कार्य भी किया जा रहा है।
सतत निगरानी एवं मार्गदर्शन: कृषि सखियों एवं ग्राम पंचायत द्वारा हितग्राहियों से समय-समय पर संपर्क कर पौधों को पानी पिलाने, खरपतवार हटाने एवं कीटनाशक दवा का छिड़काव करने की सलाह दी जा रही है। कृषि सखी संगीता मालवीय द्वारा ग्राम तालखेड़ा, कुचडौद एवं फोफलिया में परियोजना की हितग्राही महिलाओं को आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा है।यह परियोजना न केवल महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बना रही है, बल्कि “माँ” के नाम पर लगाए गए ये पौधे आने वाली पीढ़ियों के लिए हरियाली और पोषण सुरक्षा की गारंटी भी बन रहे हैं।
ग्राम पंचायत कुचडौद के गांव परासली में नाथी बाई भंवरलाल अहिरवार के संतरे के बगीचे में कृषि सखी संगीता समय-समय पर पौधे को पानी पिलाने, खरपतवार हटाने और कीटनाशक दवा का छिड़काव करने की सलाह दे रही हैं।
===============
“अवैध खनिज पर जिला प्रशासन का वार” : एक सप्ताह में 6 प्रकरणों में 3.52 लाख रुपये का जुर्माना अधिरोपित
रेत, खण्डा पत्थर और मिट्टी के अवैध उत्खनन-परिवहन पर सख्ती
नीमच 20 मई 2026, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा (IAS) के निर्देशन में जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में पिछले एक सप्ताह में 6 प्रकरणों में कार्यवाही कर कुल 3,52,625 रुपये का अर्थदंड अधिरोपित किया गया है।
अवैध रेत परिवहन के 4 प्रकरणों में तहसील मनासा के ग्राम हांसपुर फन्टा, देथल, खानखेड़ी एवं बावल में बिना रायल्टी पास रेत परिवहन करते 4 ट्रैक्टर जप्त किए गए। वाहन मालिकों डांगडी के कारूलाल शर्मा , कुण्डला के मंगलसिंह डांगी, नलवा के किशनलाल रेबारी पर क्रमशः 28,750/-, 30,625/- एवं 30,625/- एवं खानखेडी के कमलकांत पर 30625 रुपये का जुर्माना किया गया है।
खण्डा पत्थर का अवैध परिवहन के एक प्रकरण में – तहसील जावद: ग्राम बावल में बिना रायल्टी पास खण्डा पत्थर परिवहन करते ट्रैक्टर MP44AA7246 जप्त। वाहन मालिक सोनु नायक पर 30,400/- रुपये का जुर्माना।
मिट्टी का अवैध उत्खनन – 1 प्रकरण – तहसील सिंगोली: ग्राम जेतलिया की निजी भूमि सर्वे नं. 116 से जेसीबी द्वारा 135 घनमीटर मिट्टी के अवैध उत्खनन पर बिना नंबर का डम्पर जप्त। भूमि मालिक शोभालाल धाकड़ पर 2,02,500/- रुपये का जुर्माना। उक्त सभी प्रकरणों में मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भण्डारण का निवारण) नियम 2022 के तहत रायल्टी की 15 गुना राशि एवं पर्यावरण क्षतिपूर्ति राशि अधिरोपित की गई है। सभी अनावेदकों को 15 दिवस में शासकीय कोष में राशि जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है, कि अवैध खनिज गतिविधियों पर जीरो टॉलरेंस की नीति है। बिना वैध अनुमति एवं रायल्टी पास के उत्खनन/परिवहन करने वालों पर कठोर दंडात्मक कार्यवाही जारी रहेगी। वैध दस्तावेजों के साथ ही खनिज परिवहन करें।
==============
प्रधानमंत्री धरती आबा उत्कर्ष ग्राम अभियान के तहत जिले में संतृप्ति शिविर आयोजित
दलपतपुरा, झांझरवाडा सहित 8 गांवों में स्वास्थ्य परीक्षण, आयुष्मान कार्ड वितरण एवं वृक्षारोपण
नीमच 20 मई 2026, प्रधानमंत्री धरती आबा उत्कर्ष ग्राम अभियान तहत जनभागीदारी सप्ताह एवं गरिमा उत्सव शिविरों का आयोजन 18 से 25 मई 2026 तक किया जा रहा हैं।
इसके तहत बुधवार को ग्राम दलपतपुरा एवं झांझरवाडा में संतृप्ति शिविर आयोजित किए गए। झांझरवाडा के शिविर में 8 आयुष्मान कार्ड बनाए गए।
घर-घर स्वास्थ्य परीक्षण: ग्राम पालरी, धाकड़खेड़ी एवं दंतलई में घर-घर जाकर ग्रामीणजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
स्वास्थ्य परीक्षण शिविर: ग्राम कानोड़, कोज्या एवं परिछा में भी स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। ग्राम पालरी में पौधारोपण का कार्य किया।
चयनित सभी ग्रामों के ग्रामीणजनों को लाभान्वित करने हेतु नोडल अधिकारियों द्वारा विभागीय योजनाओं तथा विभिन्न विभागों के उपस्थित प्रतिनिधियों ने अपने-अपने विभाग से संबंधित जानकारियॉं दी। यह जानकारी जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण श्री राकेश राठौर ने दी है।
==============
आपदा प्रबंधन में जन-सहयोग और पब्लिक मैनेजमेंट प्रशासन की प्राथमिकता है: श्री कलेश
नीमच में तीन दिवसीय भूकंप रोधी एवं आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यशाला का शुभारंभ
नीमच 20 मई 2026, मध्य प्रदेश शासन के निर्देशानुसार, जिला प्रशासन नीमच द्वारा बुधवार से आयुष भवन में तीन दिवसीय भूकंप रोधी एवं आपदा प्रबंधन विषय पर जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई है। अपर कलेक्टर श्री बी.एस.कलेश ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर कार्यशाला का शुभारंभ किया।
इस मौके पर अपर कलेक्टर श्री बी.एस.कलेश ने कहा, कि प्राकृतिक अथवा मानव निर्मित आपदाएं कभी भी बताकर नहीं आती हैं। शासन के निर्देशानुसार जिले में भूकंप और अन्य आपदाओं से निपटने के लिए पूर्व तैयारियां पुख्ता की जा रही हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आपदा के समय जनता का विश्वास जीतना, घायलों को त्वरित चिकित्सा उपलब्ध कराना, घटनास्थल पर एंबुलेंस की व्यवस्था करना और स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों (जैसे जेसीबी, ट्रैक्टर आदि) का डेटाबेस तैयार रखना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए।
प्रथम दिवस के सत्र में आपदा प्रबंधन संस्थान के डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट श्री युवराज सिंह पवार ने बाढ़, भूकंप, चक्रवात, आंधी-तूफान, रासायनिक दुर्घटनाओं तथा भोपाल गैस त्रासदी जैसी आपदाओं के केस स्टडीज पर विस्तार से प्रकाश डाला। डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट एवं उनकी टीम ने कार्यशाला में आपदा के समय जीवन रक्षा के लिए उपयोग में आने वाले आधुनिक बचाव व सुरक्षा उपकरणों का प्रदर्शन (डेमो) भी किया।
तीन दिवसीय कार्यशाला के आगामी सत्रों में भूकंप के इतिहास, भूकंप प्रतिरोधी ढांचा निर्माण, आपदा के दौरान प्राथमिक चिकित्सा, यात्रा के दौरान होने वाली दुर्घटनाएं तथा पटाखा फैक्ट्रियों में अग्नि दुर्घटनाओं से बचाव व सुरक्षा के संबंध में विस्तृत तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री नवल सिंह सिसोदिया आपदा प्रबंधन नोडल एवं डिप्टी कलेक्टर श्री चंद्रसिंह धार्वे, डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट श्री युवराज सिंह पवार एवं कम्पनी कमान्डेन्ट श्रीमती पुष्पा सिह पंवार सहित पुलिस, राजस्व, एनसीसी (NCC), नगर सेना, पंचायत, लोक निर्माण विभाग जल संसाधन, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी एवं पत्रकारगण उपस्थित थे।
====================
कच्चे से पक्के मकान का चंपालाल का सपना हुआ साकार”
प्रधानमंत्री आवास योजना ने बदली दलपतपुरा के चम्पालाल के परिवार की तस्वीर
नीमच 20 मई 2026, “पहले बारिश में छत टपकती थी, रात-रात भर जागना पड़ता था। आज अपने पक्के घर में चैन की नींद सोते हैं।” यह कहना है, कि जनपद पंचायत नीमच के ग्राम दलपतपुरा निवासी श्री चंपा लाल-नंदा भील का, जिन्हे कच्चे मकान में रहने से अब प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) से मुक्ति दिला दी है।
संघर्ष से सफलता तक का सफर: श्री चंपा लाल भील का परिवार वर्षों से मिट्टी-खपरैल के कच्चे मकान में निवास कर रहा था। बरसात में घर की दीवारें गल जातीं, छत से पानी टपकता और सर्दी-गर्मी में भी परिवार को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। दिहाड़ी मजदूरी से परिवार का भरण-पोषण करने वाले चंपा लाल के लिए पक्का मकान बनवाना एक सपना ही था।
योजना बनी संबल: प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत श्री चंपालाल का चयन हुआ। योजना तहत उन्हें 1.20 लाख रुपये की अनुदान राशि स्वीकृत की गई। इसके साथ ही महात्मा गांधी नरेगा से 90 मानव दिवस का अतिरिक्त लाभ मिला, जिससे स्वयं के श्रम से भी आवास निर्माण में भागीदारी सुनिश्चित हुई।
बदला जीवन, लौटी मुस्कान: आज चंपा लाल का परिवार अपने पक्के आवास में निवास कर रहा है। मजबूत दीवारें, पक्की छत और सुरक्षित वातावरण ने न केवल उनके जीवन स्तर को ऊपर उठाया, बल्कि बच्चों के भविष्य को भी सुरक्षित किया है।
हितग्राही के बोल: श्री मोदी जी और मोहन यादव जी की सरकार ने गरीब का दर्द समझा। आज हमारे सिर पर पक्की छत है। अब कोई चिंता नहीं।”
प्रशासन की प्रतिबद्धता: जिला पंचायत नीमच द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को समयबद्ध आवास उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। “हर गरीब को छत, हर परिवार को सम्मान” के संकल्प के साथ जिले में योजना का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है।
कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा एवं जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव ने गत दिवस ग्राम दलपतपुरा में रात्रि चौपाल में ग्रामीणों से संवाद के बाद चम्पालाल के घर पहुंचकर प्रधामंत्री आवास योजना के तहत निर्मित मकान का निरीक्षण किया और परिवार जनों से चर्चा भी की।
====—————–
आईटीआई मनासा में आज 21 मई को युवा संगम कार्यक्रम
नीमच 20 मई 2026, जिला रोजगार कार्यालय, नीमच द्वारा आज 21 मई 2026 गुरूवार को प्रात: 10 बजे से दोपहर एक बजे तक शासकीय आई.टी.आई. मनासा में युवा संगम कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। युवा संगम में जिले की स्थानीय एवं जिले के बाहर की प्रतिष्ठित कंपनियॉं सहभागिता करेगी, जो विभिन्न पदों हेतु योग्य युवाओं का चयन करेंगी। जिला रोजगार अधिकारी श्री दिनेश परमार ने जिले के युवाओ से आईटीआई मनासा में आयोजित इस युवा संगम कार्यक्रम का लाभ उठाने का आगृह किया है।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया, कि पूर्व में यह कार्यक्रम आईटीआई नीमच में 21 मई को प्रस्तावित था, जो अब 21 मई को ही आईटीआई मनासा में आयोजित किया जा रहा है। अत: युवा आईटीआई मनासा में उपस्थित होकर इस कार्यक्रम का लाभ उठा सकते है।
=====================
अल्कोलाइड कारखाना परिसर के उपर का हवाई क्षेत्र नो ड्रोन झोन घोषित
नीमच 20 मई 2026, जिला मजिस्ट्रेट नीमच श्री हिमांशु चंद्रा ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163(1)के तहत शासकीय अफीम एवं क्षारोद कारखाना नीमच म.प्र. (GOAW) परिसर के ऊपर के हवाई क्षेत्र को नो ड्रोन झोन घोषित कर, प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव 20 मई से 18 जुलाई 2026 तक प्रभावशील रहेगा। इस आदेश का उल्लघंन भारतीय दण्ड संहिता के तहत दण्डनीय अपराध की श्रेणी में माना जावेगा।
===============
जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आज
नीमच 20 मई 2026, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में आज 21 मई 2026 को दोपहर 12 बजे कलेक्टोरेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की जा रही है। लोक निर्माण कार्यपालन यंत्री श्री अमित नार्गेश ने समिति के सभी सदस्यों से बैठक में उपस्थित होने का आगृह किया है।
======================
मालाहेड़ा में योग शिविर – 21 ग्रामीणों ने सीखे आसन-प्राणायाम के गुर
नीमच, 20 मई 2026 आयुष विभाग द्वारा आयुष्मान आरोग्य मंदिर मालाहेड़ा में बुधवार को योग शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 21 लाभार्थियों ने भाग लिया। शिविर में आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. आबिद खान, दवासाज यतेंद्र कुमार राजावत, आशा कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी सहायिका एवं ग्रामीण जन उपस्थित थे।
शिविर में योग से होने वाले शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य लाभों की विस्तृत जानकारी देकर प्रतिभागियों को सूक्ष्म योगिक क्रियाओं के साथ ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, पवनमुक्तासन एवं वज्रासन का अभ्यास कराया गया। शिविर में अनुलोम-विलोम, भ्रामरी एवं कपालभाति प्राणायाम का भी अभ्यास करवाया गया।
=================



