समाचार मध्यप्रदेश नीमच 16 मई 2026 शनिवार

/////////////////////////////////////////
जिले में आज 16 मई से कृषि रथ का शुभारंभ
खरीफ फसलों की बुवाई पूर्व किसानों को दी जाएगी नवीन तकनीकी जानकारी
नीमच, 15 मई 2026, मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के निर्देशानुसार प्रदेश में वर्ष 2026 को कृषि वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। इसके तहत कृषि एवं संबद्ध विभागों- कृषि अभियांत्रिकी, पशुपालन, उद्यानिकी, मत्स्य पालन आदि पर किसानों एवं कृषि वैज्ञानिकों के मध्य सीधा सम्पर्क/संवाद कायम कर नवीन एवं वैज्ञानिक तकनीकी सुधार की जानकारी कृषकों तक पहुंचाने के उद्देश्य से खरीफ फसलों की बुवाई के एक माह पूर्व 16 मई से 10 दिवस तक प्रत्येक विकासखंड में कृषि रथ का भ्रमण आयोजित किया जा रहा है।
कृषि रथ का शुभारंभ कार्यक्रम: जिला मुख्यालय, नीमच पर शनिवार 16 मई को प्रातः 9:00 बजे जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सज्जनसिंह चौहान उनके नीमच स्थित शासकीय निवास से हरी झंडी दिखाकर कृषि रथ को रवाना करेंगे।
विकासखंड जावद के अठाना, में 16 मई को प्रातः 8:00 बजे जावद विधायक श्री ओमप्रकाश सखलेचा एवं विकासखंड मुख्यालय, मनासा पर प्रातः 9:00 बजे मनासा क्षेत्र के मनासा विधायक श्री अनिरुद्ध माधव मारू कृषि रथ को रवाना करेंगे। कार्यक्रम में अन्य जनप्रतिनिधि भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
कृषि रथ प्रतिदिन 3 से 4 ग्राम पंचायतों का भ्रमण कर किसानों को खरीफ फसलों की उन्नत उत्पादन तकनीक, शासन की योजनाओं तथा कृषि से संबंधित विभागों की नवीन जानकारियां उपलब्ध कराएगा। यह जानकारी उपसंचालक कृषि श्री दिनेश मंडलोई ने दी है।
==============
नीमच मंडी में किसान की उपज हटाने की वायरल खबर तथ्यहीन
मंडी समिति द्वारा तत्काल कार्रवाई, किसानों को दी गई क्षतिपूर्ति, दोनों किसान संतुष्ट
नीमच 15 मई 2026, कृषि उपज मण्डी समिति नीमच के सचिव श्री उमेश बसेडिया शर्मा ने बताया, कि 15 मई 2026 को सोशल मीडिया इंस्टाग्राम पर नीमच मंडी से संबंधित एक खबर वायरल हो रही है, मण्डी सचिव ने बताया, कि मानसून का मौसम प्रारंभ होने के पूर्व औषधि कृषि उपजों के विक्रय स्थल पर व्यापारियों के रखे उपजों से भरे बोरे, खाली बारदान को हटाने का कार्य किया जा रहा था। उसी समय कृषक की अनुपस्थिति में त्रुटिवश जेसीबी चालक द्वारा किसान श्री दिनेश पिता ओंकारलाल एवं श्री सुगना पिता भूराजी की उपज को शेड से नीचे रख दिया गया था।
मण्डी सचिव श्री उमेश बसेडिया ने बताया, कि मंडी समिति, नीमच के संज्ञान में उक्त तथ्य आने पर प्रातः मंडी सचिव एवं अन्य कर्मचारियों द्वारा संबंधित किसानों की उपज को शेड पर व्यवस्थित रखवाकर नीलाम करवाया गया। संबंधित ठेकेदार से प्रति किसान को पाचं हजार रूपये क्षतिपूर्ति प्रदान की गई तथा किसान श्री सुगना पिता भूराजी की आंशिक उपज के नुकसान की गणना अनुसार 7 हजार 824 रूपये प्रदान की गई हैं। मंडी समिति द्वारा की गई उक्त कार्यवाही से दोनों किसान संतुष्ट हैं, संबंधित किसानों को मंडी समिति के प्रति किसी भी प्रकार का आक्रोश नहीं होकर वे पूर्णतः संतुष्ट हैं। मण्डी सचिव ने उक्त वायरल समचार को तथ्यहीन एवं निराधार बताया है।
==============
अब सुविधाजनक स्थान पर संचालित हो रहा है उप पंजीयन कार्यालय
संपत्ति की रजिस्ट्री कराने वाले नागरिकों को नहीं होगी असुविधा
नीमच, 15 मई 2026, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार अब संपत्ति की रजिस्ट्री करने वाला उप पंजीयन कार्यालय, कलेक्ट्रेट के स्थान पर तहसील कार्यालय नीमच के सुविधायुक्त 2 कक्षों में संचालित होना प्रारंभ हो गया है।
नागरिकों की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए पंजीयन कक्ष के बाहर पक्षकारों के बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। साथ ही पेयजल की भी व्यवस्था की जा रही है, जिससे रजिस्ट्री कराने आने वाले नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उप पंजीयक नीमच श्री माधव खेर ने बताया कि कलेक्ट्रेट से नवीन संयुक्त तहसील कार्यालय भवन में पंजीयन कार्यालय के स्थानांतरित होने के बाद, पहले दिन 15 मई को 25 संपत्तियों की रजिस्ट्री की गई है। पक्षकारों ने नवींन कक्षों में पंजीयन कार्यालय संचालित होने पर इस इस भवन को सुविधाजनक बताया है।
============
एसडीएम सुश्री प्रीती संघवी ने किया सिंगोली क्षेत्र की मैगजीनों, भण्डारण केंद्रों का निरीक्षण
सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा, नियमों के पालन के दिए निर्देश
नीमच 15 मई 2026, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार जिले में विस्फोटक भंडारण स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा सतत निरीक्षण किया जा रहा है।
इसी क्रम में शुक्रवार को एसडीएम जावद सुश्री प्रीति संघवी, एसडीओपी जावद श्री अमित राठौर, तहसीलदार श्री प्रेम शंकर पटेल, नायब तहसीलदार श्री बालकृष्ण मकवाना ने सिंगोली तहसील के ग्राम फुसरिया, जराड़, सोलंकी खेड़ा, अथवा, खोलपुरा बड़ी आदि स्थानों पर स्थित सभी मैगजीनों के भण्डारण स्थलों/ गोदामों का आकस्मिक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान विस्फोटक भंडारण, सुरक्षा मानकों, अग्निशमन व्यवस्था, अभिलेख संधारण एवं परिसर की सुरक्षा का सूक्ष्मता से परीक्षण किया गया। संबंधित लाइसेंसियों को विस्फोटक अधिनियम के प्रावधानों का कड़ाई से पालन करने, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने हेतु आवश्यक संसाधन उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए। जिला प्रशासन द्वारा जन सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विस्फोटक भंडारणों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। यह जानकारी एसडीएम जावद सुश्री प्रीति संघवी ने दी है।
====================/
कुकड़ेश्वर में अस्वच्छ परिस्थितियों में नमकीन निर्माण पर कार्रवाई
बिना लाइसेंस संचालित फैक्ट्री शटडाउन, 1385 किलोग्राम नमकीन जप्त, 15 नमूने लिए
नीमच, 15 मई 2026, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा एवं अपर कलेक्टर बी.एस.कलेश के निर्देशानुसार, गुरूवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कुकड़ेश्वर एवं रामपुरा में खाद्य प्रतिष्ठानों का आकस्मिक निरीक्षण किया।
इस निरीक्षण के दौरान मैसर्स श्री साईं कृपा नमकीन, मनासा-रामपुरा रोड, कुकड़ेश्वर में अत्यंत अस्वच्छ परिस्थितियों में बिना वैध खाद्य पंजीयन के नमकीन का निर्माण, पैकिंग, भंडारण एवं विक्रय करना पाया गया। पैक किए गए नमकीन के पैकेटों पर नियमानुसार पैकिंग दिनांक, बैच नंबर, लाइसेंस नंबर आदि जानकारी अंकित नहीं पाई गई। लेबल पर निर्माता का पता, जूनी भदाना, तहसील मनासा अंकित था, जबकि निर्माण कुकड़ेश्वर में किया जा रहा था।
खाद्य सुरक्षा टीम ने उक्त परिसर को तत्काल शटडाउन करवाकर क्रय-विक्रय बंद कराया और मौके से बजरंग नमकीन स्पेशल सेव, श्रद्धा रतलामी सेव, श्री साईं कृपा नमकीन खट्टा मीठा मिक्सर, श्री साईं कृपा रतलाम सेव बारीक, पामोलिन ऑयल, अजवाइन, काली मिर्च, लौंग, मिर्ची पाउडर, बेसन, मटर आटा सहित कुल 11 नमूने लिए गए। जप्त नमकीन की मात्रा 1385 किलोग्राम, कुल कीमत 22,600/- रूपये है।
संबंधित को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 की धारा 32 के अंतर्गत सुधार सूचना पत्र जारी किया गया है। प्रकरण अपर कलेक्टर नीमच के न्यायालय में दर्ज किया जा रहा हैं। इसके अतिरिक्त रामपुरा स्थित सांवलिया दुग्ध डेरी का भी निरीक्षण कर पनीर, मिश्रित दूध, दही, घी के कुल 4 नमूने जांच हेतु लिए गए। यह कार्रवाई नायब तहसीलदार कुकड़ेश्वर श्री नवीन छत्रोले एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री यशवंत शर्मा की टीम द्वारा की गई।
===============
जमुनिया कला में योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम सम्पन्न
21 लाभार्थियों ने किया योगाभ्यास, “योग करो-निरोग रहो” का दिया संदेश
नीमच 15 मई 2026, आयुष विभाग द्वारा शुक्रवार को आयुष्मान आरोग्य मंदिर जमुनिया कला में योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लाभार्थियों को योग के महत्व, स्वस्थ जीवनशैली, मानसिक शांति एवं शारीरिक स्वास्थ्य के संबंध में जानकारी दी। नियमित योग एवं प्राणायाम से तनाव प्रबंधन, रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि एवं मानसिक एकाग्रता के लाभ बताए।
इस अवसर पर ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, अनुलोम-विलोम एवं कपालभाति जैसे योगासन व प्राणायाम का अभ्यास कराया। कार्यक्रम में कुल 21 लाभार्थियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में डॉ.विमला पाटीदार, श्रीमती भावना बैरागी, श्री विनीत सोनी, श्री आनंद शर्मा एवं श्रीमति श्वेता जोशी उपस्थित थे।
===========



