समाचार मध्यप्रदेश नीमच 12 मई 2026 मंगलवार

////////////////////////////////////
जीरन कृषि उपज मंडी में लहसुन उत्पादक किसानों से वैज्ञानिकों ने किया संवाद
कृषि संगोष्ठी कर, लहसुन में सेंटेड होना, काला पड़ना व हरा होने की समस्याओं पर हुई चर्चा
नीमच 11 मई 2026, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार जीरन कृषि उपज मंडी में सोमवार को लहसुन उत्पादक किसानों की समस्याओं के समाधान हेतु कृषि वैज्ञानिकों एवं अधिकारियों द्वारा कृषक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।
पृष्ठभूमि: उल्लेखनीय है, कि 30 अप्रैल को कलेक्टर श्री चंद्रा द्वारा जीरन कृषि उपज मंडी का निरीक्षण कर लहसुन शेड में किसानों से सीधे संवाद किया गया था। इस दौरान राजस्थान से आए किसान श्री बजेराम सहित अन्य लहसुन उत्पादकों ने लहसुन की गुणवत्ता प्रभावित होने, काली पड़ने, सेंटेड होने तथा भंडारण के बाद हरी होने जैसी समस्याओं से अवगत कराया था। कलेक्टर द्वारा किसानों को आश्वस्त किया गया था कि कृषि वैज्ञानिकों के माध्यम से इन समस्याओं का वैज्ञानिक समाधान कराया जाएगा तथा रोग नियंत्रण एवं जागरूकता के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। साथ ही मंडी सचिव को किसानों की संगोष्ठी आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए थे।
वैज्ञानिकों से संवाद: इसी क्रम में सोमवार को कृषि विज्ञान केंद्र नीमच के प्रमुख वैज्ञानिक डॉ.सी.पी. पचौरी, वैज्ञानिक पौध संरक्षण डॉ. श्याम सिंह सारंगदेवोत एवं आत्मा परियोजना के प्रभारी परियोजना संचालक डॉ. यतिन मेहता जीरन मंडी पहुंचे तथा किसानों से विस्तृत चर्चा की। किसानों ने लहसुन में इस वर्ष देखने को मिली विभिन्न समस्याओं जैसे सेंटेड होना, काला पड़ना, खुदाई के बाद हरा होना एवं अन्य रोगों से संबंधित समस्याएं रखीं।
आगामी कार्ययोजना: वैज्ञानिकों ने किसानों को इन समस्याओं के संभावित कारणों की जानकारी देते हुए बताया कि आगामी लहसुन बुवाई से पूर्व एक विस्तृत कृषक संगोष्ठी आयोजित की जाएगी, जिसमें उत्पादन तकनीक, रोग प्रबंधन, भंडारण एवं गुणवत्ता सुधार पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया जाएगा।
वैज्ञानिकों ने किसानों को यह भी आश्वस्त किया कि लहसुन की समस्याओं से संबंधित तकनीकी साहित्य एवं उपयोगी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि किसान आगामी सीजन में बेहतर गुणवत्ता का उत्पादन कर सकें।
===========
जल गंगा संवर्धन अभियान: राम घाट एवं खेड़ापति बालाजी मंदिर पर सामूहिक श्रमदान
‘जल स्त्रोत सेवा समागम’ कार्यक्रम सम्पन्न
नीमच, 11 मई 2026, जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जन अभियान परिषद जावद द्वारा सरवानिया महाराज स्थित बालाजी मंदिर राम घाट पर ‘जल स्त्रोत सेवा समागम’ कार्यक्रम आयोजित किया गया।
सामूहिक श्रमदान:कार्यक्रम में राम घाट और खेड़ापति बालाजी मंदिर परिसर पर सामूहिक श्रमदान किया गया। उपस्थित नागरिकों ने जल स्त्रोतों की साफ-सफाई, गाद निकालने एवं घाटों के सौंदर्यीकरण के लिए श्रमदान किया।
उपस्थितजन:इस अवसर पर नगर विकास प्रस्फुटन समिति के सदस्य, परामर्शदाता, सीएमसीएलडीपी विद्यार्थी और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित थे। जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जिले में जल संरक्षण, परंपरागत जल स्त्रोतों के पुनर्जीवन एवं जनजागरूकता हेतु गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
=========
जिले में इस साल संतरा फलोद्यान का रकबा 1500 हेक्टेयर बढ़ाए-श्री चंद्रा
हर पंचायत में न्यूनतम एक पी.एम.एफ.एम.ई. ईकाई स्थापित करवाएं-कलेक्टर
कलेक्टर ने ए.पी.सी.समूह की समीक्षा बैठक में दिए निर्देश
नीमच 11 मई 2026, जिले में इस वर्ष किसानों को प्रेरित कर संतरा फलोद्यान का रकबा 1500 हेक्टेयर बढ़ाने के विशेष प्रयास करें। साथ ही हर एक पंचायत में प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (पी.एम.एफ.एम.ई.) के तहत न्यूनतम एक खाद्य प्रसंस्करण उद्योग स्थापित करवाया जाए। सभी विभागों के अधिकारियों से समन्वय कर उन्हें किसानों को प्रेरित कर, किसानों से संवाद के कार्य में लगाकर, मिट्टी परीक्षण करवाने का अभियान चलाए तथा जिले में 10 हजार से अधिक किसानों के खेतों में मिट्टी का नमूना लेकर, स्वाईल हेल्थ कार्ड बनाए।
बैठक में कलेक्टर ने किसानों को ई-विकास पोर्टल/ ई-टोकन के माध्यम से ही उर्वरक का वितरण करने के निर्देश दिए। उन्होने कहा, कि कृषि विभाग के अधिकारी गत वर्ष अधिक उर्वरक का उपयोग करने वाले किसानों से संवाद कर, उन्हें मृदा परीक्षण के आधार पर उर्वरक का न्यूनतम उपयोग करने के लिए प्रेरित करें। कलेक्टर ने सोयाबीन के स्थान पर मक्का व मूंगफली की उपज लेने के लिए भी किसानों को प्रेरित करने और आवश्यकता के अनुसार उन्हें मक्का व मूंगफली बीज उपलब्ध करने के निर्देश भी उप संचालक कृषि को दिए है।
बैठक में कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य, डेयरी व अन्य विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की भी समीक्षा की गई।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव, प्रधान कृषि वैज्ञानिक डॉ.सी.पी.पचोरी, सहायक आयुक्त सहकारिता श्री राजू डाबर, उप संचालक कृषि श्री दिनेश मण्डलोई, उपसंचालक पशुपालन डॉ.राजेश पाटीदार सहित उद्यानिकी, डेयरी व अन्य विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।
============
मतदाता सूची के संबंध में 15 से 25 मई तक प्रस्तुत करें दावे आपत्ति
नीमच 11 मई 2026, म.प्र.राज्य निर्वाचन आयोग भोपाल के निर्धारित कार्यक्रम अनुसार नगरीय निकाय/पंचायतों की फोटोयुक्त मतदाता सूची का वार्षिक पुनरीक्षण 2026 का 23 अप्रेल 2026 को कार्यक्रम जारी किया जा चुका है। फोटोयुक्त प्रारूप मतदाता सूची 2026 के संबंध में 15 से 25 मई 2026 तक प्रात: 10.30 से अपरान्ह 3 बजे तक दावे आपत्ति प्राप्त किये जायेंगे।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एडीएम श्री बी.एस. कलेश ने जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के मतदाताओं से संबंधित ग्राम पंचायत वार तथा नगरीय क्षेत्र के मतदाताओं से नगरीय निकाय के वार्ड के मतदान केंद्रों पर जाकर, अपने नाम की जांच प्रारूप मतदाता सूची 2026 में कर, एक जनवरी 2026 की स्थिति में नाम जोड़ने, विलोपित, संशोधित करने के संबंध में संबंधित प्राधिकृत कर्मचारी से फार्म प्राप्त कर, निर्धारित समयावधि में जमा करने का आगृह किया है।
================
प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2026 हेतु आवेदन आमंत्रित
नीमच 11 मई 2026, प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार हेतु आवेदन शुरू हो चुके है। राष्ट्रीय स्तर के यह पुरस्कार 05 से 18 वर्ष तक के उन बच्चों को दिये जाते है,जिन्होंने वीरता,खेल,सामाजिक सेवा,विज्ञान व प्रौद्योगिकी,पर्यावरण तथा कला एवं संस्कृति के क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की है। पुरस्कार के लिए आवेदन ऑनलाइन awards.gov.in पर आवेदन करना होगा। किसी प्रकार के मैनुअल आवेदन मान्य नहीं किए जाएंगे।
अतः उपरोक्तानुसार इच्छुक पात्र बच्चें 31 जुलाई 2026 के पूर्व आवेदन कर सकते है। आवेदन के सम्बन्ध में अधिक जानकारी हेतु awards.gov.in से भी जानकारी प्राप्त की जा सकती हैं। यह जानकारी जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग नीमच द्वारा दी गई है।
================
सभी उपार्जन केंद्रों से उपार्जित गेहूं का तत्काल परिवहन कर भण्डारण सुनिश्चित करें-श्री चंद्रा
कलेक्टर ने की उपार्जन कार्य की समीक्षा
नीमच 11 मई 2026, जिले के सभी उपार्जन केंद्रों पर अब तक खरीदी गई उपज का परिवहन कर, भण्डारण की तत्काल व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। ट्रांसपोर्टर, परिवहन के लिए वाहनों की संख्या, खरीदी गई उपज के मान से उपलब्ध करवाकर, भण्डारण करवाना सुनिश्चित करें। किसी भी केंद्र पर उपार्जित उपज, परिवहन के लिए लंबित ना रहे। यह निर्देश कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने सोमवार को जिले में समर्थन मूल्य पर उपार्जन कार्य की केंद्रवार समीक्षा करते हुए दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव, नागरिक आपूर्ति अधिकारी श्री आर.एन.दिवाकर, , उप संचालक कृषि श्री दिनेश मण्डलोई, सहायक आयुक्त सहकारिता श्री राजू डाबर, जिला केंद्रीय सहकारी बैंक के श्री आर.पी.नागदा, सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर ने उपार्जन केंद्रवार अब तक खरीदी गई उपज की मात्रा, परिवहन की गई उपार्जित उपज की मात्रा व परिवहन से शेष रही उपज की मात्रा, गोदामों में भण्डारित उपज की मात्रा, स्लाट बुकिंग, उपार्जन से शेष रहे किसान एवं आगामी दिनों में सम्भावित उपार्जित होने वाली उपज की मात्रा एवं किसानों की संख्या आदि की जानकारी ली।
कलेक्टर ने नागरिक आपूर्ति निगम के जिला प्रबंधक के निर्देश दिए, कि वे खरीदी केंद्र मोरवन, जीरन में 5.5 वाहन, बावल में 4, झांलता में 2, सिंगोली में एक, जाट में 3, लासुर में 2, अल्हेड़ में 2, हरवार में 10, जीरन में 5, वाहन, उपज परिहवन कर गौदाम में भण्डारण के लिए सोमवार को ही लगाना सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने सहायक आयुक्त सहकारिता श्री राजू डाबर को जीरन, हरवार जिला आपूर्ति अधिकारी को सरवानिया महाराज एवं उप संचालक कृषि को बावल, जिला केंद्रीय सहकारी बैंक के श्री आर.पी.नागदा को मोरवन खरीदी केंद्र का सोमवार को ही भ्रमण कर वहां पर उपार्जित उपज का परिवहन करवाकर गोदाम में भण्डारण सुनिश्चित करवाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने उपार्जन से जुड़े सभी अधिकारियों को निर्देश दिए, कि वे उपार्जित उपज का अविलंब परिवहन सुनिश्चित करें। साथ ही किसानों को उपज का का भुगतान भी अविलम्ब सुनिश्चित किया जाए।
================
वैज्ञानिक सलाहकार समिति की बैठक आज
नीमच 11 मई 2026, कृषि विज्ञान, केंद्र नीमच की वैज्ञानिक सलाहकार समिति की बैठक आज 12 मई 2026 को प्रात:10.30 बजे कृषि विज्ञान केंद्र नीमच में आयोजित की गई है। इस बैठक में कृषि विज्ञान केंद्र की प्रगति एवं भावी कार्य योजना पर विचार विमर्श किया जाकर कृषि विज्ञान केंद्र को और अधिक प्रभावी ढंग से कार्य करने हेतु संभावित तरीकों के बारे में आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे। प्रधान कृषि वैज्ञानिक डॉ.सी.पी.पचौरी ने समिति के सभी सदस्यों से बैठक में उपस्थित होने का आगृह किया है।
=============
चार लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत
नीमच 11 मई 2026, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व उपखण्ड मनासा श्रीमती किरण आंजना द्वारा राजस्व पुस्तक परिपत्र भाग 6(4) के तहत पानी में डूबने से एक पीडित परिवार को 4 लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। एसडीएम मनासा द्वारा रामपुरा निवासी पुनमचंद्र पिता राजाराम माली की पानी में डूबने से मृत्यु होने पर मृतक के वारिस भाई मोहनलाल पिता राजाराम माली को चार लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है।
तहसीलदार रामपुरा द्वारा आर्थिक सहायता का प्रकरण तैयार कर स्वीकृति के लिए एसडीएम मनासा को प्रस्तुत किया गया था।
================
उप पंजीयन कार्यालय को तहसील भवन में दो कक्ष आवंटित
नीमच 11 मई 2026, उप पंजीयन कार्यालय नीमच वर्तमान में संयुक्त कलेक्ट्रेट भवन में संचालित है, क्रेता एवं विक्रेताओं के बैठने की समुचित व्यवस्था ना होने से आम जनता की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर नीमच द्वारा उप पंजीयक कार्यालय नीमच को संयुक्त कलेक्ट्रेट भवन के स्थान पर संयुक्त तहसील भवन के भूतल पर कक्ष क्रमांक 11, 12 आगामी आदेश तक आवंटित किया गया है। उक्त आदेश तत्काल प्रभावशील होगा।
===========


