‘वन रक्षक भर्ती’ के नाम पर फर्जीवाड़ा, वन विभाग ने जारी किया अलर्ट

सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही भ्रामक जानकारी – गूगल पे, क्यूआर कोड से पैसे मांगने वाले नंबरों से रहें सावधान
भोपाल। मध्यप्रदेश में ‘वन रक्षक भर्ती’ के नाम पर साइबर ठग सक्रिय हो गए हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, व्हाट्सएप ग्रुप्स और कुछ अनाधिकृत वेबसाइट्स के जरिए भ्रामक एवं फर्जी सूचनाएं प्रसारित की जा रही हैं। वन विभाग ने अभ्यर्थियों को सतर्क करते हुए एडवाइजरी जारी की है।
ऐसे हो रही ठगी
ठगों द्वारा अभ्यर्थियों से आवेदन शुल्क या चयन सुनिश्चित कराने के नाम पर धनराशि मांगी जा रही है। वन विभाग के कॉल सेंटर पर कई शिकायतें मिली हैं, जिनमें गूगल पे, क्यूआर कोड स्कैन कर मोबाइल नंबर 8677932770, 7705075243 पर भुगतान करने को कहा जा रहा है। विभाग ने इसे पूरी तरह फर्जी बताया है।
विभाग ने दी सफाई
वन विभाग, मध्यप्रदेश ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान में ‘वनरक्षक’ पदों पर भर्ती मध्य प्रदेश कर्मचारी मंडल भोपाल के माध्यम से ही की जा रही है। इसकी विस्तृत सूचना भर्ती प्रक्रिया नियम मध्य प्रदेश कर्मचारी मंडल की अधिकृत वेबसाइट https://esb.mp.gov.in पर उपलब्ध है। विभाग की सभी वैध एवं अधिकृत सूचनाएं केवल मध्य प्रदेश शासन की आधिकारिक वेबसाइट एवं विभागीय नोटिफिकेशन से ही जारी की जाती हैं।
विभाग की अपील
वन विभाग ने सभी अभ्यर्थियों और आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनाधिकृत वेबसाइट, एजेंट या व्यक्ति के माध्यम से आवेदन न करें। भर्ती के नाम पर किसी को भी धनराशि न दें। केवल आधिकारिक स्रोतों पर उपलब्ध जानकारी पर ही विश्वास करें।
शिकायत कहां करें
यदि किसी व्यक्ति को इस प्रकार की फर्जी भर्ती या धोखाधड़ी से संबंधित कोई सूचना प्राप्त होती है, तो तत्काल नजदीकी पुलिस थाना अथवा वन विभाग के कार्यालय 0755-2524000 को सूचित करें, ताकि समय रहते आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा सके।



