समाचार मध्यप्रदेश नीमच 14 अप्रैल 2026 मंगलवार

////////////////////////////////////
सभी नगरीय निकाय क्षेत्रों में ”सिटी फारेस्ट” के लिए स्थल चिन्हित कर पौधारोपण करवाए-श्री चंद्रा
जल संरचनाओं, नालों की साफ-सफाई, गहरीकरण कर मिट्टी निकालने का कार्य प्रारंभ करें-कलेक्टर
कलेक्टर ने सभी नगरीय निकयों को स्वच्छता सर्वेक्षण में रैंक सुधारने के दिए निर्देश
नीमच 13 अप्रेल 2026, जिले के सभी नगरीय निकाय क्षेत्रों में जल संरचनाओं, तालाबों, बावडियों और नालों की साफ-सफाई एवं गहरीकरण, जनसहयोग से करवाकर मिट्टी निकालने का कार्य तत्काल प्रारंभ करवाएं। साथ ही स्वच्छता सर्वेक्षण में सभी निकाय अपने निकाय की रैंक, गत सर्वेक्षण की तुलना में सुधारने का प्रयास करें। नगरीय क्षेत्रों में नियमित रूप से रात्रि कालीन स्वच्छता अभियान चलाए। सभी निकाय स्वच्छता सर्वेक्षण में टॉप 20 रैंक में शामिल होने का हर संभव प्रयास करें। यह निर्देश कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने सोमवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष नीमच में आयोजित जिले के सभी सीएमओ की बैठक में नगरीय विकास कार्यो और योजनाओं की समीक्षा करते हुए दिए। बैठक में शहरी विकास परियोजना अधिकारी श्री पराग जैन, सीएमओ नीमच श्रीमती दुर्गा बामनिया सहित जिले की सभी निकायों के सीएमओ उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर ने सभी निकायों को निर्देश दिए, कि वे ग्रीष्मकाल में संभावित पेयजल संकट का आंकलन कर, अभी से निजी जल स्त्रोतो का अधिग्रहण करवा लें, जिससे कि मई, जून में पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने की कोई संभावना ना रहे।
दल गठित कर सम्पत्त्ति का सर्वे करवाएं
कलेक्टर ने सभी सीएमओ को निर्देश दिए, कि वे सम्पत्ति कर, जल कर व अन्य करों की वसूली के लिए ठोस प्रयास करें, जिससे कि निकायों को राजस्व प्राप्ति में बढ़ोत्तरी हो और वे आर्थिक रूप से सुदृढ़ हो सकें। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी निकाय दल बनाकर आवासीय, व्यवसायिक व अन्य सम्पत्तियों का सर्वेक्षण कार्य करवाकर करों की वास्तविक मांग कायम कर, उसके आधार पर करों की वसूली करें।
पेयजल स्त्रोतों की नियमित साफ-सफाई
बैठक में कलेक्टर ने सभी नगरीय निकायों को पेयजल स्त्रोतों की नियमित साफ-सफाई करवाने, पेयजल की गुणवत्ता जांच करवाने, टंकियों की साफ-सफाई, चेम्बर की साफ-सफाई नियमित रूप से करवाने के निर्देश सभी सीएमओ को दिए।
नालों को अतिक्रमण मुक्त करवाएं
कलेक्टर ने सभी सीएमओ को निर्देश दिए, कि वे शहरी नालो को अतिक्रमण मुक्त करवाने के लिए अभियान चलाए। सार्वजनिक स्थलों पर पौधारोपण करवाएं, सड़कों के दोनो ओर टी-गार्ड के साथ बड़े पौधे लगवाए। बावडियों, जल स्त्रोतो की साफ- सफाई एवं सौंदर्यीकरण का कार्य करवाए और नगरीय क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छ एवं शीतल जल उपलब्ध कराने के लिए प्याऊ की व्यवस्था करें। बैठक में निकायवार निर्माण कार्यो की प्रगति की समीक्षा भी की गई और सभी निर्माण कार्य तय सीमा में पूर्ण करवाने के निर्देश भी दिए गये।
=====================
नारी शक्ति वंदन सम्मेलन का सीधा प्रसारण सम्पूर्ण नीमच जिले में देखा गया
नीमच 13 अप्रेल 2026, कलेक्टर श्री हिमांशु चन्द्रा एवं जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव के मार्गदर्शन में जिले में ’’नारी शक्ति वंदन’’ पखवाडा मनाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को जिले में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के मुख्य आतिथ्य में आयोजित नारी शक्ति वंदन सम्मेलन का सीधा प्रसारण नीमच जिले की 6 परियोजना स्तर,39 सेक्टर स्तर एवं 1112 आंगनवाडी केन्द्रों पर बालिकाओं एवं महिलाओं को लाइव प्रसारण दिखाया गया। जिसमें परियोजना स्तर पर परियोजना अधिकारी एवं सेक्टर स्तर पर समस्त सुपरवाईजर एवं आंगनवाड़ी केन्द्रो पर कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा। नारी शक्ति वंदन पखवाड़े के तहत विभिन्न आयोजन 10 अप्रैल 2026 से 25 अप्रैल 2026 तक ग्राम पंचायत से जिला स्तर तक आयोजित किए जा रहे है। यह जानकारी जिला कार्यक्रम अधिकारी सुश्री अंकिता पण्ड्या ने दी है।
==================
सभी स्कूलों, कॉलेजों और पंचायतों में जल संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति
जनजागरूकता के लिए जल चौपाल आयोजित की जाए- श्री चंद्रा
कलेक्टर ने की जल गंगा संवर्धन अभियान के कार्यो की समीक्षा
नीमच 13 अप्रेल 2026, जिले के सभी स्कूलों, कॉलेजों और पंचायतों में जल संरक्षण, संवर्धन के प्रति व्यापक जनजागरूकता के लिए ” जल चौपाल” आयोजित की जाए। जल चौपाल में स्थानीय पंच, सरपंच, उपयंत्री, सचिव व अन्य विभागों का मैदानी अमला उपस्थित होकर जल सरंक्षण एवं संवर्धन कार्यो के लिए ग्रामीणों को प्रेरित कर जनसहयोग से कार्य प्रारंभ करवाए। यह निर्देश कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने सोमवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष नीमच में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत कार्यो की विभागवार समीक्षा करते हुए दिए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव, परियोजना अधिकारी शहरी विकास श्री पराग जैन, सभी जनपद सीईओ, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, लोक निर्माण, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, जल संसाधन सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपयंत्री, सहायक यंत्री उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर ने सभी जनपद सीईओ और निर्माण विभागों को निर्देश दिए, कि वे जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत चिन्हित 400 जल स्त्रोतों को जनसहयोग से गहरीकरण कर मिट्टी निकालने का कार्य तत्काल प्रारंभ करवाए। उन्होने पिछले जल गंगा संवर्धन अभियान के स्वीकृत सभी कार्य 15 जून के पहले पूर्व करवाने के निर्देश भी सभी जनपद सीईओ, उपयंत्रियों को दिए है। जनपद सीईओ जावद को 275 कार्य, मनासा को 220 एवं नीमच को 200 जल संरक्षण कार्य 15 जून के पूर्व अनिवार्य रूप से पूरा करवाकर पूर्णता प्रमाण पत्र जारी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने गत वर्ष के स्वीकृत प्रगतिरत 6 अमृत सरोवरों का कार्य भी 30 अप्रेल तक पूरा करवाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। बैठक में बताया, कि एम.आर.डी.सी.द्वारा 8 लोक सरोवरों का निर्माण कार्य एवं लोक निर्माण विभाग द्वारा 12 लोक सरोवरों का निर्माण कार्य करवाया जा रहा है। कलेक्टर ने लोक सरोवरों का निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण करवाने और इनमें पानी की आवक हो, ऐसे स्थल का चयन करने तथा यदि किसी लोक सरोवर में पानी की आवक में अवरोध हो रहा है, तो उसे हटवाने के निर्देश भी दिए।
बैठक में जिले के ऐसे स्कूल जहां पर बाउण्ड्रीवाल है और सुरक्षा की व्यवस्था है, उन सभी शाला परिसरों में पौधारोपण की तैयारी अभी से कर पौधारोपण करवाने के निर्देश डी.ई.ओ.,डी.पी.सी. को दिए है। साथ ही आंगनवाड़ी केंद्र परिसरों में भी पौधारोपण करवाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए है। औद्योगिक क्षेत्रों, ईकाईयों और नवीन सड़क निर्माण कार्यो में सड़कों के दोनो ओर पौधारोपण करवाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए हैं।
===============
अत्याचार निवारण अधिनियम के प्रकरणों का त्वरित निराकरण करें- श्री बी.एस.कलेश
जिला स्तरीय सतर्कता एवं मॉनिटरिंग समिति की बैठक संपन्न
नीमचए 13 अप्रेल 2026, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जन जाति अत्याचार निवारण अधिनियम अंतर्गत जिले में दर्ज प्रकरणों में पीड़ित को तत्काल राहत उपलब्ध कराने के लिये विभिन्न दस्तावेजों की प्रक्रिया की पूर्ति हेतु संबंधित सभी विभाग आपस में समन्वय स्थापित करें, ताकि प्रकरणों की स्वीकृति एवं राहत राशि का समय-सीमा में पीड़ित को भुगतान किया जा सके। पुलिस विभाग द्वारा दर्ज अपराधों में गिरफ्तारी तथा जाति प्रमाण प्रमाण पत्रों के अभाव में लंबित अपराधों को निराकृत करने तत्काल आवश्यक कार्यवाही करें। अन्य जिलों को प्रेषित प्रकरणों में भुगतान की जानकारी प्राप्त करें। यह निर्देश सोमवार को एडीएम नीमच के कक्ष में आयोजित जिला स्तरीय सतर्कता एवं मॉनिटरिंग समिति की बैठक में ए.डी.एम.श्री बी.एस.कलेश ने दिये हैं।
बैठक के प्रारंभ में श्री राकेश कुमार राठौर ने राहत प्रकरणों में विभाग स्तर पर की गई कार्यवाही से अवगत कराया। अशासकीय सदस्य श्री अनूप व्यास ने बताया, कि अत्याचार निवारण अधिनियम सहित अन्य अपराध दर्ज एक व्यक्ति नीमच नगर पालिका में दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी के रूप में कार्यरत है जिस पर कोई कार्यवाही नहीं हुई है। उन्होने कार्यवाही करने का सुझाव दिया।
बैठक में अशासकीय सदस्य श्री रतनलाल मालावत, श्री हेमन्त हरित, श्री अशोक जोशी, श्री अनूप व्यास, कृषि विभाग के श्री दिनेश मंडलोई, जिला लोक अभियोजन अधिकारी श्री जगदीश चौहान, सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी श्री पारस मित्तल एवं विभागीय अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित थे। बैठक के अन्त में श्री राकेश कुमार राठौर जिला संयोजक, जनजातीय कार्य एवं अनुसूचित जाति कल्याण विभाग नीमच ने आभार व्यक्त किया। उक्त जानकारी जिला संयोजक श्री राकेश कुमार राठौर ने दी है।
===============
जल गंगा संवर्धन अभियान जल स्त्रोत सेवा समागम कार्यक्रम
स्वच्छता श्रमदान एंव दीवार लेखन से जनजागरूकता
नीमच 13 अप्रेल 2026, म.प्र.जन अभियान परिषद जिला नीमच द्वारा जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जल स्त्रोत सेवा समागम कार्यक्रम के द्वितीय चरण में विकासखण्ड नीमच में प्रस्फुटन ग्राम भरभडिया में ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति द्वारा दीवार लेखन के माध्यम से जल संरक्षण का संदेश दिया गया। मनासा विकासखंड में प्रस्फुटन कंजार्डा में रूपा नदी घाट पर स्वच्छता श्रमदान एवं नदी पूजन किया गया। दो घंटे चले श्रमदान में सामूहिक श्रमदान से घाट और पुलिया की सफाई कर गंदगी साफ की गई।
इस दौरान जिला समन्वयक श्री वीरेंद्र सिंह ठाकुर, ब्लॉक समन्वयक, परामर्शदाता, नवांकुर संस्था विवेकानंद युवा मंडल,ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति अध्यक्ष सहित सदस्यगण और मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के विद्यार्थी उपस्थित थे।
==============
जल संरक्षण एवं दीवार लेखन के माध्यम से जागरूकता संदेश का प्रचार प्रसार
नीमच 13 अप्रेल 2026, जल गंगा संवर्धन अभियान तहत जल स्त्रोत सेवा समागम कार्यक्रम में जन अभियान परिषद जावद की नगर विकास प्रस्फुटन समिति रतनगढ़ द्वारा जल संरक्षण जागरूकता का संदेश दीवार लेखन के माध्यम से दिया जा रहा हैं।
================
डॉ.भीमराव अम्बेडकर जयंती पर जिला स्तरीय समारोह सह हितग्राही सम्मेलन्न आज
नीमच 13 अप्रेल 2026, शासन निर्देशानुसार डॉ.भीमराव अंबेडकर जी की जयंती के उपलक्ष्य में आज 14 अप्रैल 2026 को जिला स्तरीय समारोह सह हितग्राही सम्मेलन का आयोजन प्रात: 10 बजे टाउन हॉल नीमच दशहरा मैदान नीमच में किया जा रहा है।
================


