गंगधार में श्री राम जन्मोत्सव हर्षोल्लास से मनाया
इस अवसर पर रामलीला का भव्य आयोजन किया गया ,आज होगा रावण दहन

गंगधार / झालावाड़
रमेश मोदी
झालावाड़ जिले के प्राचीन कस्बे गंगधार में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी चैत्र नवरात्रि की नवमी तिथि की रात्रि को श्री राम जन्मोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कस्बे में करीब 160 वर्षों से चली आ रही यह परंपरा आज भी पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ निभाई जा रही है।
इस अवसर पर चावड़ी बाजार में रात्रि के समय भव्य रामलीला का मंचन किया गया, जिसमें नृसिंह अवतार, वराह अवतार एवं हिरण्यकश्यप वध जैसे प्रसंगों का जीवंत प्रदर्शन किया गया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम से पूर्व राजा दशरथ की सवारी निकाली गई, जो राम जानकी मंदिर से प्रारंभ होकर मुख्य बाजारों से होती हुई चावड़ी बाजार पहुंची।
सामाजिक कार्यकर्ता दिलीप मोरी ने बताया कि शनिवार को चावड़ी बाजार से भगवान श्री राम की भव्य सवारी निकाली जाएगी, जो रावण दहन स्थल सुभाष चौक पहुंचेगी। वहां रात्रि 8:30 बजे आतिशबाजी के साथ रावण दहन किया जाएगा।
गौरतलब है कि कस्बे में शारदीय नवरात्रि एवं चैत्र नवरात्रि के दौरान रावण दहन अलग-अलग स्थानों पर किया जाता है।



