समाचार मध्यप्रदेश रतलाम 24 मार्च 2026 मंगलवार

जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत-
“जल शक्ति से जल भक्ति” कार्यक्रम व नर्सरी प्रबंधन पर प्रशिक्षण संपन्न
रतलाम : सोमवार, मार्च 23, 2026,

रतलाम में म.प्र. जन अभियान परिषद द्वारा संवाद योजना अंतर्गत जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत “जल शक्ति से जल भक्ति” कार्यक्रम में नवांकुर स्वैच्छिक संगठनों की जिला स्तरीय बैठक सह प्रशिक्षण आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जल प्रबंधन, नर्सरी स्थापना, पौधारोपण सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण सत्र में वाटरशेड कार्यक्रम के टीम लीडर श्री अनिल शर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि जल संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने वर्षा जल संचयन, जल स्रोतों के पुनर्जीवन तथा सामुदायिक सहभागिता से जल प्रबंधन के प्रभावी उपायों पर विस्तार से जानकारी दी। नगर निगम रतलाम के उद्यान प्रभारी श्री अनिल पारे ने अपने संबोधन में स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप बीज एवं पौधों के चयन की महत्ता बताई। उन्होंने कहा कि सही प्रजाति का चयन ही पौधारोपण की सफलता का आधार है। पार्क प्रभारी श्री अनिल धाकड़ ने नर्सरी प्रबंधन के व्यावहारिक पक्षों पर विस्तार से मार्गदर्शन देते हुए नर्सरी बेड तैयार करने की विधि, पॉलीथीन बैग भरने, बीज उपचार एवं पौधों की प्रारंभिक देखभाल के तरीके प्रतिभागियों को प्रायोगिक रूप से समझाए। नर्सरी संबंधी यह प्रशिक्षण नगर निगम रतलाम के सहयोग से कालिका माता उद्यान में प्रायोगिक रूप से आयोजित किया गया, जिससे प्रतिभागियों को स्थल पर ही सीखने का अवसर मिला।
म.प्र. जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री रत्नेश विजयवर्गीय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान जनभागीदारी से ही सफल हो सकता है। नवांकुर स्वैच्छिक संगठनों की भूमिका, चरणबद्ध क्रियान्वयन, ग्राम स्तर पर कार्ययोजना तथा सतत निगरानी के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला । बालाजी नर्सरी के डायरेक्टर श्री प्रद्युम्न व्यास ने पौधों की देखभाल, पोषण प्रबंधन एवं पर्यावरण संरक्षण के व्यावहारिक पहलुओं पर जानकारी देते हुए कहा कि पौधारोपण के साथ-साथ उनकी निरंतर देखरेख भी उतनी ही आवश्यक है।
कार्यक्रम में स्वैच्छिकता, सामूहिकता एवं स्वावलंबन के आधार पर किए जा रहे ग्राम विकास कार्यों तथा त्रैमासिक कार्ययोजना की समीक्षा की गई। साथ ही विकासखंड समन्वयकों द्वारा परिषद की योजनाओं एवं एमआईएस का प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।
बैठक में विकासखंड समन्वयक श्री शैलेन्द्र सिंह सोलंकी, श्री रतनलाल चरपोटा, श्री शिवशंकर शर्मा, श्री युवराज सिंह पंवार, श्री निर्मल अमलियार, श्री मुकेश कटारिया, श्री महावीर दास बैरागी, श्री विजयेश राठौड़ सहित नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में शहीद दिवस के अवसर पर शहीदों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
===========
’प्रदेशवासियों को भारतीय सेना की समृद्ध विरासत से परिचित कराना और प्रदेश के युवाओं को सेना में शामिल होने के लिए प्रेरित करना जरूरी : मुख्यमंत्री डॉ. यादव’
’प्रधानमंत्री श्री मोदी ने भारतीय सेना में राष्ट्रव्यापी जनभागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए किया है राष्ट्रीय आयोजनों का विकेन्द्रीकरण’ ’भोपाल में सेना दिवस 15 जनवरी 2027 को होगी नई दिल्ली की 26 जनवरी जैसी परेड’ ’परेड के साथ ही सैन्य प्रदर्शनी, सैन्य अभ्यास और शौर्य संध्या का होगा आयोजन’ ’नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर होने वाले कार्यक्रमों के समान होंगे आयोजन’ ’भारतीय सेना को राज्य सरकार देगी हरसंभव सहयोग’ ’शौर्य स्मारक, अटल पथ, बड़ा तालाब, जंबूरी मैदान और बीएचईएल के मुख्य मार्गों पर होंगे आयोजन’ ’मुख्यमंत्री डॉ. यादव से चीफ ऑफ आर्मी स्टॉफ श्री उपेंद्र द्विवेदी ने की भेंट’ ’मुख्यमंत्री निवास में हुई सेना तथा राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक’
रतलाम : सोमवार, मार्च 23, 2026,
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय सेना ने हर मौके और मोर्चे पर अदम्य साहस, शौर्य और सामर्थ्य का प्रदर्शन किया है। देश के हर व्यक्ति और परिवार के लिए भारतीय सेना की शौर्य और बलिदान की परंपरा से जुड़ना गर्व का विषय है। प्रदेशवासियों को भारतीय सेना की समृद्ध सैन्य विरासत से परिचित कराने और प्रदेश के युवाओं को भारतीय सेना में शामिल होने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से आगामी सेना दिवस 15 जनवरी 2027 को भोपाल में विशेष परेड आयोजित की जाएगी। भोपाल में सेना दिवस पर होने वाले इन कार्यक्रमों में शामिल होने का अनुभव, गणतंत्र दिवस 26 जनवरी पर नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर होने वाले कार्यक्रमों के समान होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश की राजधानी भोपाल में होने वाले इस आयोजन के लिए राज्य सरकार, भारतीय सेना को हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव, मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन और चीफ़ ऑफ आर्मी स्टॉफ जनरल उपेंद्र द्विवेदी की उपस्थिति में मुख्यमंत्री समत्व भवन (मुख्यमंत्री निवास) में आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री कार्यालय श्री नीरज मंडलोई, पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाना तथा सेना के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव की अध्यक्षता में हुई सैन्य अधिकारियों की बैठक में सेना प्रमुख, जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने बताया कि आगामी सेना दिवस 15 जनवरी को भोपाल में भव्य सेना दिवस परेड आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही शौर्य संध्या, सेना के हथियारों संसाधनों और उपकरणों पर केंद्रित प्रदर्शनी तथा सैन्य अभ्यास का प्रदर्शन भी होगा। सेवानिवृत्त सैनिकों का सम्मान भी किया जाएगा। सभी गतिविधियां गणतंत्र दिवस 26 जनवरी पर नई दिल्ली में होने वाले कार्यक्रमों की भव्यता और गरिमा के समान संचालित की जाएगी। कार्यक्रम में देश के रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह भी शामिल होंगे। यह आयोजन भारतीय सेना की समृद्ध वीरता और सैन्य परंपरा के प्रदर्शन, सैन्य परेड से जन-जन को जोड़ने, सेना और नागरिक प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय एवं पारस्परिक विश्वास की भावना विकसित करने और युवाओं को भारतीय सेना में शामिल होने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
बैठक में बताया गया कि सेना दिवस 15 जनवरी 2027 पर होने वाले इन कार्यक्रमों की शुरुआत 1 नवंबर मध्यप्रदेश स्थापना दिवस से होगी। स्थापना दिवस पर मेरी माटी अभियान के अंतर्गत प्रदेश के विभिन्न जिलों से मिट्टी लाकर भोपाल स्थित शौर्य स्मारक में संकल्प वृक्ष लगाया जाएगा। सेना दिवस 15 जनवरी की परेड के लिए 9,11 और 13 जनवरी को अभ्यास होगा। इसी प्रकार 15 जनवरी की शौर्य संध्या के लिए 11 और 13 जनवरी को अभ्यास का क्रम रखा गया है। सैन्य प्रदर्शनी का आयोजन 7 से 12 जनवरी तक होगा। भोपाल के बड़े तालाब में 11 और 12 जनवरी को सैन्य अभ्यास होगा। सेना की परेड के लिए अटल पथ, एयरोसिटी रोड, भेल कालीबाड़ी मार्ग और भेल लिंक रोड प्रस्तावित किए गए हैं। शौर्य संध्या का आयोजन टी.टी. नगर स्टेडियम में और सैन्य प्रदर्शनी जम्बूरी मैदान में लगाई जाएगी। बड़े तालाब पर वॉटर स्पोर्ट्स, एयर शो और सैन्य अभ्यास गतिविधियां होंगी। प्रारंभिक कार्यक्रम के रूप में प्रदेश के स्थापना दिवस 1 नवंबर 2026 को होने वाले ’मेरी माटी अभियान’ के अंतर्गत हॉट एयर बैलून गतिविधि, मोटर साइकिल रैली, दौड़ तथा अन्य गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
सेना दिवस सेना दिवस प्रतिवर्ष 15 जनवरी को जनरल केएम करियप्पा द्वारा वर्ष 1949 में भारतीय सेना के अंतिम ब्रिटिश कमांडर-इन-चीफ जनरल सर एफआरआर बुचर से भारतीय सेना की कमान संभालने की याद में मनाया जाता है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के ’एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के विचार को सशक्त करने और सेना व नागरिकों के संबंधों को सुदृढ़ करते हुए भारतीय सेना में राष्ट्रव्यापी जनभागीदारी को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय आयोजनों के विकेन्द्रीकरण की यह पहल वर्ष 2023 से आरंभ हुई। ऐसे आयोजन देश के लिए शहीद हुए शूरवीरों का स्थानीय स्तर पर सम्मान करने और उन्हें याद करने का भी अवसर देते हैं। सेना दिवस पर इस प्रकार की पहली परेड बैंगलुरू में वर्ष 2023 में, लखनऊ में 2024 में, पुणे में 2025 में और 2026 में जयपुर में आयोजित की गई। इन आयोजनों से युवाओं को भारतीय सेना में सेवाएं देने के लिए प्रेरित करने में भी मदद मिली है। बैठक में लेफ्टिनेंट जनरल संदीप जैन, लेफ्टिनेंट जनरल अरविंद चौहान, लेफ्टिनेंट जनरल रंजीत सिंह, मेजर जनरल विकास लाल, बिग्रेडियर नितिन भाटिया, कर्नल सौरभ कुमार, सन्नी जुनेजा, राजेश बंडले तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
=================
इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया
रतलाम : सोमवार, मार्च 23, 2026,
इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के पाइप लाइन विभाग, द्वारा कोयली-रतलाम पाइपलाइन की सुरक्षा तैयारियों का आकलन करने हेतु आज 23 मार्च को ग्राम बिबडोद रतलाम में पाइपलाइन के 247 किलोमीटर (चेनाज) बिंदु पर ऑफ-साइट मॉक ड्रिल का सफल आयोजन किया गया।
मॉक ड्रिल के दौरान तेल रिसाव की आपात स्थिति का अभ्यास किया गया। सूचना प्राप्त होते ही सहायक प्रबंधक एवं उनकी टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति का त्वरित आकलन किया। टीम द्वारा क्षेत्र की बैरिकेडिंग कर उसे सुरक्षित किया गया तथा आसपास उपस्थित ग्रामीणों एवं कामगारों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। फायर ब्रिगेड एवं अन्य आपातकालीन सेवाओं को भी तत्काल मौके पर बुलाया गया।
प्राथमिक उपचार प्रदान करने के पश्चात घायल व्यक्ति को निकटतम अस्पताल भेजा गया। पुलिस एवं प्रशासन की टीम ने भी समय पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने में महत्वपूर्ण सहयोग दिया। इस मॉक ड्रिल में जिला प्रशासन, फायर ब्रिगेड, एस डी ई आर एफ एवं इंडियन ऑयल की टीम ने सक्रिय भागीदारी निभाई तथा उत्कृष्ट समन्वय और तत्परता का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में एडीएम डॉ. शालिनी श्रीवास्तव ने संबोधित करते हुए कहा कि माकड्रील निरंतर करते रहना चाहिए, इससे आपदा की तैयारियो एवं संसाधनों का निरंतर अभ्यास होता है। जिससे आपदा के समय क्विक रिस्पांस एवं आपसी समन्वय से राहत कार्य आसानी से करने मे मदद मिलती है। मॉकड्रिल डिस्ट्रिक्ट कमाण्डेन्ट होमगार्ड रोशनी बिलवाल सहित प्रशासनिक अधिकारियों तथा ग्रामीणों की उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को पाइपलाइन सुरक्षा, आपातकालीन परिस्थितियों में बरती जाने वाली सावधानियों एवं आवश्यक सुरक्षा उपायों के बारे में जागरूक किया गया। अंत में सभी विभागों एवं सहयोगी टीमों को सफल आयोजन हेतु धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
============
जिला स्तरीय सतर्कता समिति की बैठक 26 मार्च को
रतलाम : सोमवार, मार्च 23, 2026,
सहायक आयुक्त एवं सदस्य सचिव जनजातीय कार्य विभाग श्रीमती रंजना सिंह ने बताया कि अनुसुचित जाति/जनजातीय अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत जिला स्तरीय सतर्कता एवं निगरानी समिति की बैठक समिति अध्यक्ष एवं कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह की अध्यक्षता में 26 मार्च गुरूवार को सायं 3.30 बजे कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित की जाएगी।
=================
सुरक्षा सैनिक भर्ती हेतु कैम्प 25 से 30 मार्च तक
रतलाम : सोमवार, मार्च 23, 2026
भर्ती अधिकारी रिजनल ट्रेनिंग सेन्टर जवासा नीमच श्री अरविंद गुर्जर ने बताया कि भारतीय सुरक्षा दस्ता परिषद नई दिल्ली एवं भारत सरकार के पसारा एक्ट 2005 के अन्तर्गत व एनडीआरएफ सिविल डिफेंस भारत सरकार के गृह मंत्रालय एवं जिला प्रशासन के सहयोग से शिक्षित बेरोजगारों को रोजगार प्रदान करने हेतु रोजगार शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें सिक्योरिटी, स्किल, काउन्सिलिंग, इण्डिया लिमिटेड जवासा, नीमच के द्वारा ग्रामीण व शहरी शिक्षित युवाओं को सुरक्षा सैनिक के पद पर भर्ती हेतु कैम्पों का आयोजन 25 मार्च से 30 मार्च तक किया जाएगा।
जनपद पंचायत सैलाना में 25 मार्च को, जनपद पंचायत बाजना में 26 मार्च को, जनपद पंचायत पिपलौदा में 27 मार्च को,जनपद पंचायत जावरा में 28 मार्च को, जनपद पंचायत आलोट में 30 मार्च को शिविरों का आयोजन प्रातः 10:30 बजे से दोपहर 03:00 बजे तक किया जाएगा। इस हेतु अभ्यर्थी जिनकी योग्यता 10वीं पास उम्र 18-50 वर्ष ऊंचाई 168-170 सेमी. वजन 56 से 90 किलो हो, वे आवेदन कर सकते हैं। कैम्प में 10 वी की अंकसूची की छायाप्रति, आधार कार्ड, एक पासपोर्ट साईज की फोटो. प्रोपेक्टिस फार्म फीस 350 रूपये चयनित उम्मीदवार ऑनलाईन क्यू आर कोड के माध्यम से देना होगा। इसमें एक माह का प्रशिक्षण देकर 65 वर्ष तक की स्थाई नौकरी दी जाएगी। जैसे औद्योगिक क्षेत्र, यस बैंक, एसबीआई बैंक झॉसी का किला, खजुराहो का मन्दिर, अयोध्या रामराजा मन्दिर एवं दिल्ली. नोएडा, यूपी में 14,000 रूपये से 22,000 रूपये के वेतन पर रखा जाएगा, जिसमें सुविधायें पीएफ, पेंशन, मेडिकल, वेतनवृद्धि, प्रमोशन एवं दो बच्चों की पढ़ाई आईपीएस स्कूल देहरादून में करा सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए क्यू आर कोड एवं बेवसाईट www.ssciindia.com पर देख सकते है एवं मोबाइल नं. 7089869892 पर जानकारी ले सकते हैं।
===============
आंगनवाड़ी केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया
4 परियोजना अधिकारी, 2 सुपरवायजर, 1 आंगनवाडी कार्यकर्ता, 1 सहायिका एवं सूरज स्व सहायता समूह को कारण बताओ सूचना जारी
रतलाम : सोमवार, मार्च 23, 2026,
जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्री रामनिवास बुधोलिया ने बताया कि कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के निर्देशानुसार जिले में संचालित आंगनवाड़ी केन्द्रों की मॉनीटरिंग हेतु विकसित व्यवस्था के अंतर्गत जिले के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा आंगनवाड़ी केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान कुछ केन्द्रों पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका अनुपस्थित पाई गई एवं स्वयं सहायता समूह द्वारा भोजन समय पर प्रदाय नहीं किया जा रहा था। कार्य में लापरवाही बरतने के कारण 4 परियोजना अधिकारी, 2 सुपरवायजर , 1 आंगनवाडी कार्यकर्ता, 1 सहायिका एवं सूरज स्व सहायता समूह को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान परियोजना बाजना के अंतर्गत आंगनवाड़ी केन्द्र संदला-1 तथा परियोजना सैलाना के अंतर्गत बल्लापाड़ा आंगनवाड़ी केन्द्र बंद पाए गए एवं दोनों ही केन्द्रों पर कार्यकर्ता अनुपस्थित थी। परियोजना बाजना पर्यवेक्षक श्रीमती श्यामा सिंगाड़ एवं परियोजना सैलाना पर्यवेक्षक श्रीमती अनिता खांदल द्वारा आंगनवाडी कार्यकर्ता/सहायिका के कार्यो पर पर्याप्त नियंत्रण नही रखे जाने के पर कारण बताओं सूचना पत्र जारी किया गया। आंगनवाडी केन्द्र बल्लापाडा पर अध्यक्ष/सचिव सुरज स्वयं सहायता समूह द्वारा नाश्ता एवं भोजन प्रदाय नही किये जाने पर, आंगनवाडी सहायिका श्रीमती कृष्णा प्रभुलाल एवं आंगनवाडी कार्यकर्ता श्रीमती मंजु विश्राम, केन्द्र पर अनुपस्थित होने पर कारण बताओं सूचना पत्र जारी किया गया।
निरीक्षण के दौरान आंगनवाडी केन्द्र धनजीबाई का नोहरा कं.-1 (रतलाम शहर-2), बरसी (आलोट), भैसा डावर (रतलाम ग्रामीण-2), हेवतखेड़ा (जावरा ग्रामीण) पर स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्धारित मेनू के अनुसार ताजा पका हुआ भोजन बच्चों को उपलब्ध नहीं कराया जा रहा था। परियोजना अधिकरी रतलाम शहर 2 श्रीमती अर्चना माहौर, परियोजना अधिकारी जावरा ग्रामीण श्रीमती अंकिता पाटीदार, प्रभारी परियोजना अधिकारी आलोट श्रीमती मोनिका शुक्ला, प्रभारी परियोजना अधिकारी रतलाम ग्रामीण 2 सुश्री फिरदौस खान द्वारा केन्द्र का संचालन नियमानुसार एवं संतोषजनाक नही होने पर कारण बताओ सूचना पर जारी किया गया।
==========
आंगनबाड़ी केंद्रो पर विद्यारंभ कार्यक्रम का आयोजन 24 मार्च को किया जाएगा
रतलाम : सोमवार, मार्च 23, 2026,
जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्री रामनिवास बुधौलिया ने बताया कि रतलाम जिले के समस्त आंगनवाड़ी केंद्रों पर 24 मार्च मंगलवार को बाल चौपाल दिवस के दौरान प्रातः 10 बजे से ग्रेजुएशन सेरेमनी का आयोजन किया जाएगा। उक्त कार्यक्रम में आंगनबाड़ी केंद्रो में पंजीकृत 5 से 6 साल के कुल 25035 बच्चों को शाला पूर्व शिक्षा प्राप्त करने के रूप में विद्यारंभ प्रमाण पत्र दिया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन प्रत्येक आगंनवाडी केंद्र पर किया जाएगा।
============


