नीमचमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश नीमच 15 मार्च 2026 रविवार

///////////////////////////////////

विधायक परिहार ने किया गांव की बेटी का कन्यादान

नीमच। राजनीति के व्यस्त गलियारों के बीच जब कोई जनसेवक सीमाएं लांघ कर मानवीय संवेदना को सर्वोपरि रखता है तो वह समाज के लिए प्रेरणा बन जाता है। ऐसा ही कुछ कर दिखाया है नीमच विधायक दिलीपसिंह परिहार ने।
जमुनिया खुर्द के भंवरलाल खारोल की पोती ज्योति की कुछ समय पूर्व शादी पक्की हो गई थी। आर्थिक तंगी से जूझ रहे दादा भंवरलाल खारोल ने नीमच विधायक दिलीपसिंह परिहार से संपर्क किया और उन्हें पोती की शादी में आ रही आर्थिक परेशानी के बारे में बताया तो श्री परिहार ने संवेदनशील जनप्रतिनिधि होने का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए तत्काल निर्धन बेटी ज्योति खारोल की शादी की पूरी जिम्मेदारी उठाने का संकल्प लिया।
बीते गुरूवार को जब विधायक परिहार ज्योति की शादी में जमुनिया खुर्द पहुंचे, तो दादा भंवरलाल खारोल की आंखें नम हो गईं और श्री परिहार को गले लगा लिया। इस अवसर पर विधायक भी भावुक हो गए और कहा कि उनके परिवार ने भी कभी आर्थिक तंगी का समय देखा है। ईश्वर को धन्यवाद देता हूं कि मुझे गांव की गरीब बेटी का कन्यादान करने का सौभाग्य दिया। आज मुझे मानसिक संतोश है कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार दीन दुःखियों की सेवा में सर्वोपरि है। ईश्वर से यही कामना हे कि मेरी विधान सभा के आशीर्वाद दाताओं की सेवा कर सकूं।
विधायक परिहार ज्योति के विवाह के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं करते हुए अपनी मौजूदगी में न सिर्फ विवाह की सभी रस्में ही पूरी कराईं, बल्कि विवाह में अभिभावक की रस्म निभाते हुए दुल्हे के पैर पूजे। विवाह के बाद नवदंपत्ति को नई जिंदगी की शुरुआत के लिए जरूरी सामान दिया और समारोह में आए बारातियों को सम्मानपूर्वक भोजन कराया। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष किशोर दास बैरागी, महामंत्री वीरेंद्रसिंह राठौर नवीन खारोल, शालिग्राम खारोल, ओमसिंह हाडा, शुभम शर्मा, हितेश नामदेव, लोकेश चांगल भी उपस्थित थे।
राजनीति से ऊपर उठकर गांव की गरीब बेटी के विवाह में विधायक परिहार के सद्कार्य की क्षेत्र में प्रशंसा हो रही है। ग्रामीणों का कहना था कि जनप्रतिनिधि का यह संवेदनशील व्यवहार समाज के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने न सिर्फ संवेदनशील जनप्रतिनिधि बल्कि अभिभावक, दोनों का धर्म निभाकर आदर्श प्रस्तुत किया है।

=====

प्रभारी मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने नीमच में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ की बैठक

जिले की विकास गतिविधियों का लिया जायजा

नीमच 14 मार्च 2026, प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री तथा नीमच जिले की प्रभारी मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने शनिवार को नीमच जिले के अल्प प्रवास दौरान सर्किट हाउस नीमच पर जिले के जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक एवं चर्चा कर नीमच जिले में विकास गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने जिले में घरेलू गैस की उपलब्धता, पेट्रोल, डीजल की उपलब्धता की स्थिति, पेयजल योजनाओं की क्रियान्वयन, समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन की स्थिति एवं तैयारी, ग्रीष्मकाल में संभावित पेयजल समस्या से निपटने की कार्य योजना सहित अन्य विकास गतिविधियों के बारे में विस्तार से चर्चा की।

इस मौके पर सांसद श्री सुधीर गुप्ता, जावद क्षेत्र के विधायक श्री ओमप्रकाश सखलेचा, नीमच क्षेत्र के विधायक श्री दिलीप सिंह परिहार, मनासा क्षेत्र के विधायक श्री अनिरुद्ध मारू, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सज्जन सिंह चौहान, जिला अध्यक्ष श्रीमती वंदना खंडेलवाल, पूर्व जिला अध्यक्ष श्री पवन पाटीदार सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा, एसपी श्री अंकित जायसवाल, जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी सुश्री अंकिता पंड्या, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री नवलसिंह सिसोदिया, एसडीम श्री संजीव साहू एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

प्रारंभ में नीमच सर्किट हाउस पहुंचने पर कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा, एसपी श्री अंकित जायसवाल एवं अन्य अधिकारियों ने प्रभारी मंत्री की अगवानी कर उनका पुष्पगुच्‍छ भेटकर स्वागत किया।

नीमच सर्किट हाउस पर सांसद, विधायकगणों, जिला पंचायत अध्यक्ष एवं अन्‍य जनप्रतिनिधियों ने भी प्रभारी मंत्री को पुष्प गुच्छ भेंटकर आत्मीय स्वागत किया। सर्किट हाउस पर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ संक्षिप्त बैठक के बाद प्रभारी मंत्री सुश्री भूरिया नीमच से मंदसौर के लिए रवाना हुई।

==============

सीपीएस पद्धति वाले अफीम किसानों से सांसद सुधीर गुप्ता ने की अपील  

खसखस निकालकर डोडा सुरक्षित रखें मांग पर सरकार को करें सुपुर्द
मंदसौर/नीमच – सांसद सुधीर गुप्ता ने क्षेत्र के सीपीएस पद्धति से खेती कर रहे अफीम किसानों से खसखस निकालकर डोडा सुरक्षित रखने और नियमों के तहत सरकार को सुपुर्द करने की बात कही। सांसद गुप्ता ने कहा कि क्षेत्र का अफीम किसान खेती-किसानी के कार्यों को जिम्मेदारी और ईमानदारी के साथ करता है। तथा अफीम उत्पादन से जुड़े नियमों का पालन करता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के किसान दो प्रकार से अफीम खेती करते है। एक चीरा लगाकर और दूसरी बिना चीरा लगाए सीपीएस पद्धति से।
सांसद ने कहा कि जिन किसानों के पास सीपीएस पद्धति की अफीम का डोडा सूख चुका है, वे उससे खसखस का दाना निकाल सकते हैं और डोडा को सुरक्षित तरीके से अपने घर पर रख सकते हैं। उन्होंने किसानों को सलाह दी कि डोडा को सुरक्षित रखें और जब सरकार या नारकोटिक्स विभाग निर्धारित कैंप और तारीख के आधार पर मांग करे, तब उसे तोल केंद्र पर ले जाकर सरकार को सौंप दें।
उन्होंने कहा कि किसान मेहनती और ईमानदार होते हैं और पूरी प्रामाणिकता के साथ काम करते हैं। किसानों की अपनी ईमानदारी ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। इसलिए सभी किसान भाई नियमों का पालन करते हुए अपने खेतों में डोडा निकाल सकते हैं, खसखस अलग कर सकते हैं और सुरक्षित तरीके से उसे रख सकते हैं। सांसद ने विश्वास जताया कि क्षेत्र के किसान सरकार के नियमों का पालन करते हुए अफीम उत्पादन की प्रक्रिया को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाएंगे और जब भी नारकोटिक्स विभाग मांग करेगा, तब निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार डोडा जमा कराएंगे।

===============

मालवा जन आक्रोश यात्रा जत्था नीमच पहुंचा


24 मार्च को दिल्ली के रामलीला मैदान में मजदुर किसान रैली

नीमच दिनांक 14 मार्च 2026। अमेरिका द्वारा थोपे गये खाड़ी युद्ध का बोझ भारत की जनता क्यों उठाये? लेबर कोड नहीं चलेगा, बिजली और बीज बिल वापस लो, जल जंगल जमीन से आदिवासियों की बेदखली बंद करो, भारत अमेरिका डील रद्द करो, सीसीआई नयागांव सरकारी क्षेत्र में चालू करो के जोशपूर्ण नारों के साथ जनविरोधी पूंजी परस्त नीतियों के खिलाफ 24 मार्च को दिल्ली चलो, के नारों के बीच भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) का मालवा जन आक्रोश यात्रा जत्था 9 मार्च को इंदौर से चलकर 13 तारीख शाम नीमच पहुंचा।

केंद्र सरकार द्वारा 44 श्रम कानून को समाप्त कर श्रम-सहन का लागू करने, मनरेगा कानून को बदल उसमें रोजगार गारंटी को समाप्त करने, स्मार्ट मीटर व बिजली के निजीकरण, किसान की फसल से तैयार बीज को अनुपयोगी बना बीज अधिनियम के जरिये बहुराष्ट्रीय कम्पनियों से बीज खरीदने की बाध्यता थोपने, श्रमिक हितों को नकार कर नियोक्ताओं के हित में बनी श्रम संहिताओं के विरोध में निकले प्रदेशव्यापी जन आक्रोश जत्थे, जो 24 मार्च को नई दिल्ली के रामलीला मैदान पर आयोजित होने वाली रैली तक जारी रहेंगे, और जनता के बीच जनजागरण करते हुए आमजन के मुद्दे मुखरित करने की कड़ी में नीमच पहुंचे। इस जत्थे का नेतृत्व सीपीएम के वरिष्ठ राज्य कमेटी सदस्य कैलाश लिंबोदिया, राम त्यागी, सीएल सरावत और भागीरथ कछवाय कर रहे थे।

जत्थे के समर्थन में नीमच गांधी वाटिका में उपस्थित साथियों को सम्बोधित करते हुए कैलाश लिंबोदिया ने कहा कि आज आदिवासी समुदाय के हक और अधिकार जल जंगल जमीन को बीजेपी की डबल इंजन सरकार ने अडानी, अंबानी जैसे बड़े पूंजीपति वर्ग के हाथों में दे दिया है। आज आदिवासी और अन्य मजदूर समुदाय के लिए रोजगार का जो एकमात्र जरिया था मनरेगा, उसको भी समाप्त कर दिया है। जन मुद्दों को तरजीह न देकर केवल पूंजीपतियों के हितों में फैसले करने की सत्ताधारी दल की नीतियों का भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) विरोधकरती है। वह सतत तौर पर जनता के बीच जाकर उनके मुद्दे उठाती है। उनके समाधान के लिए जनता को साथ लेकर संघर्ष करतै है। पिछले 12 बर्ष से देश में अरबपतियों की संख्या दुनिया में सबसे ज्यादा बढी़ है। क्या यही विकास है?
कामरेड कैलाश ने आगे कहा कि संसाधनों पर हमारा हिस्सा कम हो रहा है और अमीरों का बढ़ रहा है।
किशोर जवेरिया कहा कि आज हमें सरकार की भ्रष्ट नीतियों के खिलाफ संघर्ष करना होगा। बीजेपी सरकार किसान मजदूर वर्ग के हितों की अनदेखी कर नए नए बिल पारित कर रही है। सीपीएम के पूरे मध्य प्रदेश में चले संघर्ष जत्था में किसान, मजदूर, छात्रों और नौजवानों ने बढ़ चढकर भाग ले रहे है। उन्होंने आमजन से 24 मार्च को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली विशाल आमसभा में सम्मिलित होने के लिए आह्वान किया।

सभा को संबोधित करते हुए जनवादी नौजवान सभा के कृपाल सिंह ने कहा कि बीजेपी – संघ की डबल इंजन सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में लगातार सांप्रदायिक वैमनस्य स बढ़ा है। इसके खिलाफ हमें लड़ाई लड़नी होगी। अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर थोपे गए युद्ध पर भारत सरकार की तटस्थता चिंताजनक है और इसका खामियाजा देश की जनता को भुगतना पड़ रहा है।

कॉमरेड निरंजन गुप्ता राही ने कहा कि सरकार की देश की सरकार लगातार कॉर्पोरेट घरेलू के पक्ष में नीति बना रही है। बिजली बिल, बीज बिल और लेबर कोड लाना इसी और इशारा करता है ।लेबर कोड के माध्यम से एक बार पुनः मजदूरों को गुलाम बनाए जाने की तैयारी है और सभी प्रकार की स्थाई नौकरी को समाप्त किए जाने का षडयंत्र है ।इससे अस्थाई नौकरियां ही पैदा होगी। आवश्यक समय में बिजली की कीमत अधिक लगेगी ऐसा बिल ला कर सरकार किसको फायदा पहुंचा रही है? बीज बिल के माध्यम से किसानों का गला काटने का प्रयास किया जा रहा है। सारे फसलों के बीजों पर कॉर्पोरेट घराना का नियंत्रण हो जाएगा और खेती करना महंगा सा सौदा बन रहा है तथा आगे और भी बनेगा। इसलिए आज जरूरत है लाल झंडे के नेतृत्व में आंदोलन करने और उससे जुड़ने की।
युवा साथी अरुण चंदेल ने कहा कि कारखाने में 12-12 घंटा काम करना पड़ रहा है और पैसा मांगने पर नौकरी से निकाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि आउटसोर्स संविदा ठेका जैसी अस्थाई नौकरियों में 20-20 वर्षों से काम करने वाले आज तक परमानेंट नहीं हुए हैं।हमें हमारे अधिकार लड़का लेनावेतन नहीं जीना मुश्किल कर दिया है इसलिए संघर्ष और तेज करना पड़ेगा।
गांधी वाटिका में हुई सभा के पश्चात जब था नया गांव पहुंचा जहां वह सीमेंट कॉरपोरेशन आफ इंडिया के बंद कारखाने की श्रमिक को सुरक्षा कर्मियों से मिला तथा नयागांव में गांधी चौक पर एक सभा को संबोधित किया तथा रामलीला मैदान में सीसीआई नया गांव के मुद्दे को उठाने का भी संकल्प लिया गया। नया गांव में हुई सभा को शैलेंद्र सिंह एवं शोभाराम धाकड़ तथा सीएल सरावत ने संबोधित किया। इस अवसर पर पर वीणा देवी, मोतीलाल, नरेंद्र सिंह, दीपेश चंदेल, गुणवंत राठौर, मुकेश नागदा,पंकज नागदा,प्रियंका कविश्वर,उमाकांत सोलंकी, रमेश शर्मा गोविंद जाट रघुनंदन माली राजेंद्र सिंह इत्यादि साथी उपस्थित थे।

=======

युवा प्रेस क्लब का होली मिलन एवं सम्मान समारोह 15 को 

नीमच। जिला युवा प्रेस क्लब नीमच द्वारा होली के अवसर पर होली मिलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन रविवार, 15 मार्च 2026 को किया जाएगा। यह कार्यक्रम रोटरी क्लब, गोमाबाई रोड (कलेक्टर चौराहा के पास) आयोजित होगा। कार्यक्रम में जिले के पत्रकारों के साथ जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक शामिल होंगे।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश शासन के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा होंगे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में महिला एवं बाल विकास मंत्री व नीमच की प्रभारी मंत्री निर्मला भूरिया, सांसद सुधीर गुप्ता, राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर, जावद विधायक व पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सकलेचा, नीमच विधायक दिलीपसिंह परिहार, मनासा विधायक अनिरुद्ध माधव मारू, पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पवन पाटीदार, नगरपालिका अध्यक्ष स्वाति चौपड़ा, भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना खंडेलवाल तथा कांग्रेस जिलाध्यक्ष तरुण बाहेती विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 11 बजे पत्रकार विचार-विमर्श से होगी, जिसमें पत्रकारिता से जुड़े विभिन्न मुद्दों और चुनौतियों पर चर्चा की जाएगी। इसके बाद दोपहर 12 बजे अतिथि स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित होगा।

इस अवसर पर नीमच जिले के वरिष्ठ पत्रकारों का सम्मान भी किया जाएगा, जिन्होंने लंबे समय से पत्रकारिता के माध्यम से समाज और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाया है।

जिला युवा प्रेस क्लब के अध्यक्ष राकेश मालवीय ने बताया कि होली के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम पत्रकारों के बीच आपसी संवाद, सौहार्द और पत्रकारिता के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से रखा गया है। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों और उपस्थित जनों के लिए स्नेहभोज की व्यवस्था भी की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}