मंदसौरमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 07 मार्च 2026 शनिवार

//////////////////////////

जल संचय जन भागीदारी अभियान अंतर्गत जल संरक्षण के कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करें

नगरीय निकायों के विकास कार्यों की समीक्षा संपन्न

मंदसौर 6 मार्च 26 / कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग की अध्यक्षता में नगरीय निकायों की संयुक्त बैठक सुशासन भवन में आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी सीएमओ तथा निकायों के इंजीनियर उपस्थित रहे।

कलेक्टर श्रीमती गर्ग ने निर्देश दिए कि नगरीय निकायों को आवंटित भूमि आबादी से कितनी दूरी पर स्थित है, इसकी जानकारी GIS पोर्टल पर दर्ज करें, ताकि भविष्य की योजनाओं के लिए सटीक डाटा उपलब्ध हो सके। बैठक में भूमि आवंटन, निर्माण कार्यों की प्रगति, बजट, पीएम आवास योजना शहरी 2.0, स्वच्छ भारत मिशन, पीएम स्वनिधि योजना तथा जल संचय जन भागीदारी अभियान की समीक्षा की गई।

उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष में शेष सभी लंबित कार्यों को प्राथमिकता के साथ शीघ्र पूर्ण किया जाए। बैठक में एसटीपी प्लांट, ग्रीन स्पेस, शौचालय निर्माण, भवन निर्माण तथा अन्य नवीन विकास कार्यों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि यदि कोई नगरीय निकाय किसी अन्य विभाग की भूमि या भवन का उपयोग करता है तो पूर्व में संबंधित विभाग से अनिवार्य रूप से एनओसी प्राप्त की जाए। साथ ही शहरी क्षेत्र में जहां-जहां खाली भूमि उपलब्ध है, उसे भी नक्शे पर चिन्हित किया जाए।

कलेक्टर ने कहा कि पीएम आवास योजना शहरी 2.0 के अंतर्गत आवासों की डीपीआर शीघ्र स्वीकृत कराई जाए तथा लंबित आवेदनों का समयबद्ध निराकरण किया जाए। पात्र हितग्राहियों के आवेदनों की जांच एवं कार्यवाही भी निर्धारित समय सीमा में पूर्ण की जाए।

स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत नगरीय निकायों को एक-दूसरे के बेहतर मॉडल अपनाने के निर्देश दिए गए। ठोस कचरा प्रबंधन को मजबूत करने तथा निकायों द्वारा तैयार की जा रही जैविक खाद को जैविक हाट बाजार में विक्रय हेतु उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में पीएम स्वनिधि योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि यदि योजना के क्रियान्वयन में कोई समस्या आ रही हो तो उसका तत्काल समाधान किया जाए तथा बैंकों में लंबित आवेदनों को शीघ्र स्वीकृत कराया जाए।

इसके साथ ही जल संचय जन भागीदारी अभियान के अंतर्गत छोटे-छोटे जल संरक्षण कार्यों की सूची बनाकर उन्हें प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि जल संरक्षण के प्रयासों को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाया जा सके।

========

घसोई के किसान नेता भगत जी का एक्सीडेंट में निधन

सुवासरा।घसोई रुनीजा फोरलेन के यहा टोल के चारों तरफ स्पीड ब्रेकर सीसी कैमरा नही होने से लाइट बंद होने से और चारों तरफ ग्लास ना होने की वजह से घसोई के किसान नेता प्रहलाद सिंह पड़िहार भगत जी का एक्सीडेंट में दुखद निधन हो गया। अतः पुलिस प्रशासन एवं राजनेता जनपद प्रतिनिधि इस बात को संज्ञान में लेकर इन सभी चीजों को जल्दी से जल्दी सुचारू रूप से चालू करवाए ताकि आगे से ऐसे हादसे से घटित ना हो, शासन प्रशासन के जिम्मेदार अधिकारी लोग ध्यान दें।

========

मनरेगा के तहत ग्रामीण विकास को मिली नई गति – किसान कल्याण वर्ष 2026 में अनेक कार्य पूर्ण

मंदसौर 6 मार्च 26 / मनरेगा प्रभारी श्री प्रदीप चौहान द्वारा बताया गया कि मध्यप्रदेश शासन द्वारा घोषित किसान कल्याण वर्ष 2026 के अंतर्गत जिले में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (जय राम जी योजना) के माध्यम से व्यापक स्तर पर विकास कार्य कराए जा रहे हैं। इन कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ने के साथ-साथ जल संरक्षण, कृषि उत्पादकता और आधारभूत सुविधाओं में भी उल्लेखनीय सुधार हो रहा है।

वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान जिले में मनरेगा के तहत कई महत्वपूर्ण कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण किए गए हैं। इन कार्यों का उद्देश्य किसानों को स्थायी लाभ देना, जल संरक्षण को बढ़ावा देना तथा ग्रामीण अधोसंरचना को मजबूत करना है।

मनरेगा के तहत वर्ष 2025-26 में किए गए प्रमुख कार्य इस प्रकार हैं –

खेत तालाब – 1242

कूप रिचार्ज पिट – 4200

एक बगीचा मां के नाम योजना अंतर्गत बगीचे – 485

सीसी रोड निर्माण – 462

प्ले ग्राउंड निर्माण – 06

शांति धाम निर्माण – 15

अमृत सरोवर – 12

लूज बोल्डर संरचना – 22

सुलभ शौचालय निर्माण – 07

स्टोन बंड निर्माण – 30

प्रधानमंत्री आवास योजना में मजदूरी – 8034 हितग्राहियों को रोजगार।

इन कार्यों के माध्यम से जिले में जल संरक्षण, मिट्टी संरक्षण और कृषि के लिए आवश्यक संसाधनों का विकास किया गया है। खेत तालाब, कूप रिचार्ज पिट और अमृत सरोवर जैसे कार्यों से वर्षा जल का संचयन बढ़ेगा, जिससे किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध होगा और भूजल स्तर में भी सुधार आएगा।

इसके साथ ही सीसी रोड, शांति धाम, प्ले ग्राउंड तथा सुलभ शौचालय जैसे कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार हुआ है। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना में मजदूरी के माध्यम से हजारों ग्रामीण परिवारों को रोजगार प्राप्त हुआ है।

जिला प्रशासन ने बताया कि किसान कल्याण वर्ष 2026 के तहत आगामी समय में भी जल संरक्षण, कृषि विकास और ग्रामीण अधोसंरचना से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि किसानों की आय में वृद्धि हो और ग्रामीण क्षेत्र आत्मनिर्भर बन सकें।

इन कार्यों से न केवल ग्रामीणों को रोजगार मिल रहा है, बल्कि स्थायी परिसंपत्तियों के निर्माण के माध्यम से गांवों के समग्र विकास को भी नई दिशा मिल रही है।

==========

एचपीवी वैक्सीन विशेष रूप से 9 से 14 वर्ष की बालिकाओं के लिए विशेष लाभकारी है

कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर द्वारा एचपीवी वैक्सीन के प्रति किया गया जागरूकता

मंदसौर 6 मार्च 26/ आयुष्मान आरोग्य मंदिर कटलार में कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर श्रीमती ममता पाटीदार द्वारा बालिकाओं एवं उनके अभिभावकों को एचपीवी (HPV) वैक्सीन के महत्व के संबंध में जागरूक किया गया। इस अवसर पर उपस्थित बालिकाओं एवं उनके माता-पिता को बताया गया कि एचपीवी वैक्सीन गर्भाशय ग्रीवा कैंसर (सर्वाइकल कैंसर) से बचाव के लिए अत्यंत प्रभावी और सुरक्षित टीका है।

श्रीमती पाटीदार ने बताया कि एचपीवी संक्रमण महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण है। समय पर टीकाकरण कराने से इस गंभीर बीमारी से काफी हद तक बचाव संभव है। उन्होंने कहा कि यह वैक्सीन विशेष रूप से 9 से 14 वर्ष की बालिकाओं के लिए अधिक लाभकारी होती है और निर्धारित समय पर दोनों डोज लगवाना आवश्यक है।

उन्होंने बालिकाओं और अभिभावकों को समझाया कि वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है तथा इसे स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेषज्ञों की निगरानी में लगाया जाता है। इस टीके से किसी प्रकार का डर या भ्रम रखने की आवश्यकता नहीं है। वैक्सीनेशन के माध्यम से आने वाली पीढ़ी को कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सकता है।

कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों को यह भी बताया गया कि सरकार द्वारा बालिकाओं के स्वास्थ्य संरक्षण के लिए टीकाकरण अभियान चलाए जा रहे हैं। सभी अभिभावकों से अपील की गई कि वे अपनी बालिकाओं को समय पर एचपीवी वैक्सीन अवश्य लगवाएं तथा अपने आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

इस अवसर पर स्वास्थ्य कार्यकर्ता, आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे और उन्होंने टीकाकरण के प्रति लोगों को जागरूक करने में सहयोग किया।

स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य है कि अधिक से अधिक बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन का लाभ मिल सके, जिससे भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी की रोकथाम संभव हो सके।

============

विश्व श्रवण दिवस पर जनजागरूकता कार्यक्रम के तहत श्रवण स्वास्थ्य का दिया संदेश

मंदसौर 6 मार्च 26 / जिला चिकित्‍यालय सीएमएचओ डॉ. जी. एस. चौहान द्वारा बताया गया कि विश्व श्रवण दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन एवं सुंदर पाटवा मेडिकल कॉलेज व इंदिरा गांधी जिला अस्पताल मंदसौर के संयुक्त तत्वावधान में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत में सुंदर पाटवा मेडिकल कॉलेज डीन डॉ. शशि गांधी ने श्रवण स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और कानों की सुरक्षा के महत्व पर संबोधन दिया। उन्होंने लोगों को बताया कि समय पर जांच और सही उपचार से कई श्रवण समस्याओं से बचा जा सकता है।

इसके बाद एमबीबीएस द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों द्वारा श्रवण जागरूकता, ईएनटी से संबंधित समस्याओं, उनके बचाव और किसी भी प्रकार की कान-नाक-गला से जुड़ी समस्या होने पर ईएनटी विशेषज्ञ से परामर्श लेने के महत्व पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम के अंतर्गत लोगों में जागरूकता फैलाने के लिए शहर के प्रमुख मार्गों से रैली निकाली गई। जिसमें छात्रों और स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा विभिन्न जागरूकता नारों के माध्यम से श्रवण सुरक्षा का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर डीन डॉ. शशि गांधी, ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. कश्मीरा कुमावत, डॉ. आर. के. द्विवेदी एवं सीएमएचओ डॉ. जी. एस. चौहान ने भी श्रवण स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता पर अपने विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम डीन डॉ. शशि गांधी, डॉ. जी. एस. चौहान (CMHO), डॉ. बी. एल. रावत (CS), डॉ. सुनीलकांत गुलेरी (HOD, PSM), ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. आर. के. द्विवेदी, डॉ. कश्मीरा कुमावत (AP), डॉ. जिज्ञासा (SR), श्री निलेश गर्ग (DPM), डॉ. सुरेश सोलंकी (DIO) डॉ एके नकुम जिला कुष्ठ अधिकारी , मीडिया प्रभारी श्री कश्यप, श्री कमलेश दंडोतिया तथा श्री सुरेश मुवेल (जिला समन्वयक) के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में मेडिकल कॉलेज एवं जिला अस्पताल के कई डॉक्टर, सीनियर रेजिडेंट, इंटर्न, मेडिकल छात्र-छात्राएं, नर्सिंग स्टाफ और आशा कार्यकर्ताओं ने मिलकर लोगों को श्रवण स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया।

=============

मंदसौर के हॉकी खिलाड़ी वैभव खुशालानी का ईस्टर्न रेलवे में चयन

मंदसौर 6 मार्च 26/ जिला खेल अधिकारी श्री विजेंद्र देवड़ा द्वारा बताया गया कि मंदसौर जिले के होनहार हॉकी खिलाड़ी वैभव खुशालानी का चयन स्पोर्ट्स कोटे के तहत ईस्टर्न रेलवे कोलकाता में हो गया है। यह उपलब्धि कई चरणों की ट्रायल और चयन प्रक्रिया से गुजरने के बाद प्राप्त हुई है। अब वैभव ईस्टर्न रेलवे की टीम से राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में खेलते हुए नजर आएंगे।

उन्होंने बताया कि वैभव देशभर की विभिन्न हॉकी प्रतियोगिताओं में भाग लेकर कई पदक अपने नाम कर चुके हैं और लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते रहे हैं।

वैभव ने हॉकी की शुरुआत कक्षा 6वीं में मंदसौर के दशपुर विद्यालय से की थी। यहीं से उन्होंने जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की हॉकी प्रतियोगिताओं में भाग लेना शुरू किया।

वैभव ने मध्यप्रदेश शासन द्वारा संचालित मंदसौर के हॉकी फीडर सेंटर तथा केंद्र सरकार द्वारा संचालित खेलो ईंडिया सेंटर में प्रशिक्षण प्राप्त किया और लंबे समय तक इसके नियमित सदस्य रहे।

इसके बाद वैभव का चयन गुजरात और मध्यप्रदेश दोनों हॉकी अकादमियों के लिए हुआ, लेकिन उन्होंने मध्यप्रदेश शासन द्वारा संचालित पुरुष हॉकी अकादमी, भोपाल में प्रशिक्षण लेना उचित समझा। वहीं से उन्होंने देश की लगभग सभी प्रमुख हॉकी प्रतियोगिताओं में भाग लेकर पदक अर्जित किए।

रेलवे में चयन से पहले वैभव युनियन बैंक ऑफ ईंडिया की ओर से स्टाइपेंड नियम के तहत विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग ले रहे थे।

वैभव की इस सफलता में उनके माता-पिता का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनके पिता श्री शंकर खुशालानी मंदसौर के अभिनंदन क्षेत्र में चाय व्यवसाय से जुड़े हुए हैं और उन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद बेटे को आगे बढ़ने के लिए निरंतर प्रोत्साहित किया।

===========

परिवहन विभाग का वाहन चेकिंग अभियान शुरू

बिना दस्तावेज संचालित वाहनों पर कार्यवाही

मंदसौर 6 मार्च 26/ सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रभावी पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा जिले में वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज जिले के विभिन्न स्थानों पर सघन वाहन जांच की गई।

अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्री पी.एस. भीलाला ने बताया कि वाहन चेकिंग अभियान के दौरान बिना आवश्यक दस्तावेजों के संचालित हो रहे वाहनों पर सख्त कार्रवाई की गई। जांच के दौरान 12 ऑटो रिक्शा, एक टाटा मैजिक, दो विक्रम टेम्पो तथा एक यात्री बस को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने के कारण जब्त किया गया।

उन्होंने बताया कि चेकिंग के दौरान कुछ वाहनों में दस्तावेजों की कमी पाए जाने पर तीन वाहनों से लगभग 10 हजार रुपये का शमन शुल्क वसूला गया। इसके अतिरिक्त जिन वाहनों पर कर बकाया था, उनसे करीब 60 हजार रुपये का बकाया कर भी जमा कराया गया।

अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए परिवहन विभाग द्वारा इस प्रकार की वाहन जांच की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी। साथ ही वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे अपने वाहनों के सभी आवश्यक दस्तावेज पूर्ण रखें और यातायात नियमों का पालन करें, जिससे अनावश्यक कार्रवाई से बचा जा सके।

===============

एचपीवी वैक्सीन के विरुद्ध प्रसारित वीडियो पूर्णतः निराधार और भ्रामक : सीएमएचओ डॉ. चौहान

मंदसौर जिले में एचपीवी टीकाकरण अभियान निरंतर जारी, अभिभावकों से सहयोग की अपील

मंदसौर 6 मार्च 26/ जिले में किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा एचपीवी टीकाकरण अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गोविंद सिंह चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अभियान के अंतर्गत जिले की 14 वर्ष से 15 वर्ष 3 माह तक की किशोरियों को निःशुल्क एचपीवी वैक्सीन लगाई जा रही है, जिससे भविष्य में होने वाले सर्वाइकल कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

सीएमएचओ डॉ. चौहान ने बताया कि यह टीकाकरण अभियान प्रतिदिन सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक (शासकीय अवकाश को छोड़कर) संचालित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य किशोरियों को समय रहते सुरक्षित कर उन्हें गंभीर बीमारी से बचाना है।

उन्होंने बताया कि टीकाकरण के लिए जिले में 10 स्वास्थ्य केंद्र चिन्हित किए गए हैं, जहां अभिभावक अपनी सुविधा के अनुसार अपनी बेटियों को लेकर पहुंच सकते हैं। इनमें जिला चिकित्सालय मंदसौर, सिविल अस्पताल भानपुरा, सिविल अस्पताल गरोठ, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मल्हारगढ़, नगरी, शामगढ़, सीतामऊ, सुवासरा, धुंधड़का एवं नारायणगढ़ शामिल हैं।

सीएमएचओ डॉ. चौहान ने कहा कि वर्तमान में सोशल मीडिया पर डॉ. विश्व स्वरूप राय चौधरी द्वारा एचपीवी वैक्सीन के विरोध में एक वीडियो प्रसारित किया जा रहा है, जो पूर्णतः निराधार, भ्रामक और वैज्ञानिक तथ्यों से परे है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उक्त वीडियो मंदसौर जिले से संबंधित नहीं है और इसका जिले में चल रहे टीकाकरण अभियान से कोई संबंध नहीं है।

उन्होंने अभिभावकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों और अप्रमाणित जानकारी से सावधान रहें तथा केवल स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।

सीएमएचओ डॉ. गोविंद सिंह चौहान ने जिले के सभी अभिभावकों से आग्रह किया है कि वे अपनी 14 से 15 वर्ष 3 माह तक की बेटियों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर लाकर एचपीवी टीका अवश्य लगवाएं, ताकि उन्हें भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से सुरक्षा मिल सके। उन्होंने कहा कि टीकाकरण ही सर्वाइकल कैंसर से बचाव का सबसे प्रभावी और सुरक्षित माध्यम है।

==============

एमपी ट्रांसको में लाइनमैन दिवस पर मंदसौर के लाइनमैन होगें सम्मानित

मंदसौर 6 मार्च 26/ मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी जनसंपर्क अधिकारी शशिकांत ओझा द्वारा बताया गया कि मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) में लाइनमैन दिवस के अवसर पर 7 मार्च को मंदसौर समेत प्रदेश के 42 ट्रांसमिशन लाइन मेंटेनेंस (टीएलएम) मुख्यालयों में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

मंदसौर मे ट्रांसको परिसर स्थित टी. एल. एम. मुख्यालय मे उज्जैन से विशेष तौर पर नियुक्त किये गए अधीक्षण अभियंता श्री वाय के माथुर मंदसौर के सभी लाइनमैन साथियों का सम्मान एवं अभिनंदन करेंगे।

इस अवसर पर प्रबंध संचालक श्री सुनील तिवारी के संदेश का वाचन किया जायेगा एवं सुरक्षा सबंधी शपथ भी ली जायेगी।

============

डाक जीवन बीमा एवं ग्रामीण डाक जीवन बीमा  डायरेक्ट एजेंट का चयन हेतु साक्षात्कार 16 मार्च को

  1. मंदसौर 6 मार्च 26 / डाकघर अधिक्षक द्वारा बताया गया कि कार्यालय अधीक्षक डाकघर मंदसौर द्वारा भारतीय डाक विभाग की लोकप्रिय बीमा योजना डाक जीवन बीमा एवं ग्रामीण डाक जीवन बीमा (पीएलआई एवं आरपीएलआई) के व्यवसाय हेतु डायरेक्ट एजेंट का चयन किया जाना है।

इसके लिए मंदसौर एवं नीमच जिले के डाक जीवन बीमा एवं ग्रामीण डाक जीवन बीमा (पीएलआई एवं आरपीएलआई) बीमा क्षेत्र के व्यवसाय हेतु इच्छुक उम्मीदवार इस हेतु आवेदन कर सकते है। साक्षात्कार का आयोजन 16 मार्च 2026 को समय 12:00 बजे से किया जाएगा । इस हेतु 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के आवेदक आवेदन कर सकते है।

आवेदक की शैक्षणिक योग्यता 10वी पास या समकक्ष (राज्य / केंद्रीय बोर्ड) होनी चाहिए एवं कम्प्युटर व स्थानीय क्षेत्र का ज्ञान होना चाहिए । उपरोक्त अहर्ताएं पूर्ण करने वाले इच्छुक उम्मीदवार अपने आवेदन तथा बायोडाटा के साथ उक्त समयावधि मे कार्यालय अधीक्षक डाकघर मंदसौर संभाग, मंदसौर मे निर्धारित समय पर उपस्थित होकर इस अवसर का लाभ उठा सकते है। आवेदक अधिक जानकारी हेतु मोबाइल नंबर 9691556634 पर संपर्क कर सकते है।

===========

नेशनल लोक अदालत में विद्युत प्रकरणों में मिलेगी छूट

मंदसौर 6 मार्च 26/ म.प्र. पश्चिस क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड मंदसौर वृत्त के अधीक्षण यंत्री श्री योगेश आटनेरे द्वारा बताया गया कि 14 मार्च 2026 को नेशनल लोक अदालत आयोजित की जा रही है।

इस लोक अदालत में मंदसौर, मल्हारगढ़, सीतामऊ संभाग के अन्तर्गत लंबित प्रकरणों का विशेष न्यायालय मंदसौर, गरोठ एवं भानपुरा तहसील न्यायालयों में लंबित विद्‌युतीय न्यायालयीन प्रकरणों का एवं अन्य अनियमितताओं के प्रकरणों तथा मुकदमा पूर्व प्रकरणों का निराकरण किया जाएगा।

कंपनी ‌द्वारा दी जाने वाली छूटें कंपनी की ओर से विद्युत अधिनियम 2003 के अंतर्गत न्यायालयों में लंबित प्रकरणों एवं मुकदमा पूर्व प्रकरणों के निराकरण के लिये निम्नदाव श्रेणी के समस्त घरेलू समस्त कृषि 5 किलोवॉट भार तक के गैर घरेलू, 10 एच.पी. भार तक के औद्योगिक उपभोक्ताओं को सम्पूर्ण निर्धारण राशि का एक मुश्त भुगतान किये जा ने पर निम्नानुसार छूट प्रदान की जावेगी –

धारा 135 (विद्युत चोरी प्रकरणों) हेतु :

प्री-लिटिगेशन स्तर पर आंकलित सिविल दायित्व की राशि पर 30% छूट, ब्याज पर 100%छूट।

प्री-लिटिगेशन स्तर पर आंकलित सिविल दायित्व की राशिपर 20% छूट, ब्याज पर 100% छूट।

उपभोक्ताओं की सुविधा हेतु जिला न्यायालय परिसर मंदसौर एवं तहसील न्यायालय गरोठ व भानपुरा में कंपनी के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहेंगे, जो समझौता वार्ता कर छूट का लाभ दिलाने में सहयोग प्रदान करेंगे।

अधीक्षण यंत्री श्री आटनेरे ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे 14 मार्च 2026 को लोक अदालत में उपस्थित होकर कंपनी द्वारा प्रदान की जा रही छूट एवं राहत योजनाओं का लाभ ले और न्यायालयीन प्रक्रिया से शीघ्र छुटकारा प्राप्त करें।

यहाँ उल्लेखनीय है कि, विद्युत अधिनियम 2003 अन्तर्गत वि‌द्युत चोरी के प्रकरणों में 3 वर्ष तक की सजा का प्रावधान है।

==============

समर्थन मूल्य पर गेहूं विक्रय के लिए पंजीयन की तिथि 10 मार्च तक बढ़ाई गई

मंदसौर 6 मार्च 2026/ जिला आपूर्ति अधिकारी द्वारा बताया गया कि रबी विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन के लिए किसानों के पंजीयन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। पूर्व में यह तिथि 07 मार्च 2026 निर्धारित की गई थी, जिसे अब बढ़ाकर 10 मार्च 2026 कर दिया गया है।

उन्होंने बताया कि किसानों की सुविधा एवं अधिक से अधिक किसानों को पंजीयन का अवसर देने के उद्देश्य से शासन द्वारा यह निर्णय लिया गया है। किसान अपने गेहूं विक्रय के लिए नजदीकी पंजीयन केंद्र, सहकारी समिति या कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से पंजीयन करा सकते हैं।

जिला आपूर्ति अधिकारी ने किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित समयावधि में अपना पंजीयन अवश्य करा लें, ताकि समर्थन मूल्य पर गेहूं विक्रय का लाभ प्राप्त कर सकें। साथ ही पंजीयन के समय आवश्यक दस्तावेज साथ लाना सुनिश्चित करें।

==============

‘सरस्वती अभियान’ से शिक्षा की मुख्यधारा में पुन: आएगी शाला त्यागी बालिकाएँ

बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के अंतर्गत महिला बाल विकास विभाग की नई पहल

मुख्यमंत्री डॉ. यादव 10 मार्च को भोपाल में करेंगे अभियान की शुभारंभ

मंदसौर 6 मार्च 26 / प्रदेश में शाला त्यागी बालिकाओं को पुनः शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग ने बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ योजनांतर्गत ‘सरस्वती अभियान’ की शुरुआत की है। इस नवाचार के माध्यम से वे बालिकाएँ जो किसी सामाजिक, पारिवारिक या आर्थिक कारण से विद्यालय छोड़ चुकी हैं, उन्हें फिर से शिक्षा से जोड़कर आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने का प्रयास किया जाएगा। राज्य स्तर पर इस अभियान को नई दिशा देने के लिए 10 मार्च को भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल होंगे। कार्यक्रम में शाला त्यागी बालिकाओं को पुनः शिक्षा से जोड़ने के लिए विभाग की कार्य योजना और नवाचारों की जानकारी भी दी जाएगी।

अभियान में राज्य ओपन स्कूल प्रणाली के माध्यम से बालिकाओं को कक्षा 8वीं, 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं में शामिल होने का अवसर दिया जाएगा। उन्हें अध्ययन सामग्री, मार्गदर्शन, संपर्क कक्षाएँ और मेंटोरिंग की सुविधा भी प्रदान की जाएगी, ताकि वे अपनी पढ़ाई पूरी कर सकें और आगे की शिक्षा या रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकें।

राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण के अनुसार प्रदेश में बड़ी संख्या में बालिकाएँ कक्षा 8वीं, 10वीं या 12वीं से पहले ही विद्यालय छोड़ देती हैं। शिक्षा छूटने के बाद उन्हें पढ़ाई जारी रखने का अवसर नहीं मिल पाता, जिससे उनकी शिक्षा अधूरी रह जाती है और उनके भविष्य के अवसर सीमित हो जाते हैं। ग्रामीण और पिछड़े क्षेत्रों में यह समस्या अधिक गंभीर रूप में सामने आती है।

चुनौती को ध्यान में रखते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा शुरू किए जा रहे सरस्वती अभियान के अंतर्गत शाला त्यागी बालिकाओं की पहचान के लिए सर्वेक्षण किया जाएगा, उन्हें राज्य ओपन स्कूल में नामांकित किया जाएगा। परीक्षा की तैयारी के लिए अध्ययन सामग्री और शैक्षणिक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही मेंटोरिंग और काउंसलिंग के माध्यम से बालिकाओं को परीक्षा में सफल होने के लिए निरंतर सहयोग दिया जाएगा। अभियान के तहत परीक्षा उत्तीर्ण करने वाली बालिकाओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर आगे की शिक्षा के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य न केवल बालिकाओं को शिक्षा से जोड़ना है, बल्कि उनमें आत्मविश्वास और आत्मसम्मान का विकास करना भी है।

अभियान बालिका शिक्षा की दर बढ़ाने, ड्रॉप-आउट दर कम करने और महिला सशक्तिकरण को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। साथ ही बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों को रोकने में भी यह अभियान प्रभावी साबित हो सकता है। सरस्वती अभियान के माध्यम से शिक्षा से वंचित बालिकाओं को नया अवसर मिलेगा और वे न केवल अपने जीवन को बेहतर बना सकेंगी, बल्कि परिवार और समाज के विकास में भी सक्रिय भूमिका निभा सकेंगी।

==========

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}