मध्यप्रदेशरतलाम

समाचार मध्यप्रदेश रतलाम 28 फरवरी 2026 शनिवार

///////////////////////////////

नापतौल विभाग ने जब्त किये असत्यापित इलेक्ट्रॉनिक्स तौल उपकरणों और पैकेज बंद वस्तु

कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह और नियंत्रक महो. नापतौल म. प्र. भोपाल श्री ब्रजेश सक्सेना द्वारा दिए गये निर्देशो के पालन में सहायक नियंत्रक/निरीक्षक नापतौल भारत भूषण द्वारा होली त्यौहार को ध्यान में रखते हुए उपभोक्ता हितों की रक्षा हेतु ग्राम- सातरूण्डा, बिरमावल, जावरा और नामली में साप्ताहिक विशेष जांच का अभियान चलाया जिसमें दुकानों पर उपयोग हेतु रखे गये बांट-माप, इलेक्ट्रॉनिक्स तौल उपकरणों और पैकेज बंद वस्तुओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण में अर्जुन आटा चक्की सातरूण्डा, लोहार वेल्डिंग वर्क्स फेब्रिकेशन, सातरूण्डा, यश इन्टरप्राईजेस किराना सातरूण्डा, जायसवाल किराना सातरूण्डा, श्रेणीराज प्यारचंद अनाज, बिरमावल,, पिपाड़ा इन्टरप्राइ्र्रजेस बिल्डिंग मटेरियल बिरमावल, पराग श्री ट्रैडर्स किराना बिरमावल, पद्मावती ट्रेडर्स किराना बिरमावल, अग्रवाल किराना बिरमावल, नवकार शक्ति सेल्स किराना बिरमावल, केश किराना, चौपाटी जावरा, सांकला ब्रदर्स किराना चौपाटी, जावरा, पुरूषोत्तम किराना स्टोर्स चौपाटी जावरा, सेठिया किराना, स्टेशन रोड, जावरा, संजय प्लायवुड हार्डवेरयर एण्ड टिम्बर वर्क्स नामली, खाटु नमकीन नामली, लक्षिता टॉयस, खिलोने, नामली, कृष्णा किराना नामली दुकानों पर बांट-माप, मैकेनिकल/इलेक्ट्रॉनिक्स नापतौल उपकरणों और पैकेज बंद वस्तुओं को नियमानुसार नही पाए जाने पर इलेक्ट्रॉनिक्स नापतौल उपकरणों और विक्रय हेतु प्रदर्शित करके रखे पैकेज बंद वस्तुओं में अनियमितताऐ पाये जाने के कारण विधिक माप विज्ञान अधिनियम के उल्लघंन और दण्डनीय होने से अपराध प्रकरण पंजीबद्ध किये गये।

उक्त दुकानों से 1 मैकेनिकल कांटा, 7 बांट, 6 इलेक्ट्रॉनिक्स तौल उपकरण और 14 पैकेज बंद वस्तुऐं जप्त किये गये। बांट-माप, इलेक्ट्रॉनिक्स तौल उपकरण के उपयोगकर्ता से 21500 रूपये अर्थदण्ड वसूला गया। जांच के दौरान श्री कैलाश चंद्र शर्मा, गोतमलाल मईड़ा, मोहनलाल खैर और मयंक गोयल उपस्थित थे।

=============

विधायक डॉ. पांडेय ने बायपास सड़क निर्माण में देरी का मामला उठाया

जावरा विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय ने विधानसभा में ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के माध्यम से बरगढ़ फंटा से भैसाना फंटा तक 18 किलोमीटर लंबे बायपास सड़क मार्ग के निर्माण में हो रही अत्यधिक देरी का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि यह मार्ग लगभग आठ वर्षों से निर्माणाधीन है, जिसके कारण क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

इस विषय पर लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह ने बताया कि सड़क मार्ग में निजी भूमि के भू-अर्जन की प्रक्रिया में विलंब के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने जानकारी दी कि इस मार्ग में आने वाले 205 किसानों में से 173 भू-स्वामियों का अवॉर्ड पारित किया जा चुका है, जबकि 32 किसानों का अवॉर्ड अभी शेष है। वहीं, अवॉर्ड पारित किसानों में से 72 की रजिस्ट्री शेष है।

विधायक डॉ. पांडेय ने मार्ग के अंतिम छोर भैसाना में रेलवे ओवरब्रिज निर्माण का आग्रह किया। इस पर मंत्री श्री सिंह ने अधिकारियों के दल से स्थल निरीक्षण एवं सर्वे कराने के निर्देश देते हुए मार्ग निर्माण शीघ्र पूर्ण कराने का आश्वासन दिया। भू-अर्जन के लिए जिला प्रशासन को निर्देश दिए।

===============

रतलाम जिले में 5,476 करोड़ की टोल वसूली, सड़कों के नवीनीकरण व विकास कार्य जारी

रतलाम जिले के पांच प्रमुख सड़क मार्गों पर अब तक 5 हजार 476 करोड़ रुपये की टोल वसूली की जा चुकी है। इन मार्गो पर मार्ग नवीनीकरण कार्य किया जा रहा है। जावरा विधायक डॉ राजेन्द्र पांडेय के प्रश्न पर लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने उक्त आशय की जानकारी दी । लेबड़ से जावरा एवं जावरा से नयागांव फोरलेन सड़क मार्ग पर सड़क निर्माण से अब तक पांच हजार करोड़ से अधिक की टोल वसूली हुई है। इसके अलावा उज्जैन-उन्हेल -जावरा टू लेन, रतलाम-सैलाना -बांसवाड़ा मार्ग एवं आगर-बडौद-आलोट-ताल-जावरा मार्ग एवं दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस हाईवे पर टोल वसूली की जा रही है। इन सड़क मार्गो पर मरम्मत एवं संधारण के साथ नवीनीकरण के कार्य किये जा रहे है। विधायक डॉ पांडेय के एक अन्य प्रश्न पर लोक निर्माण मंत्री श्री सिंह ने बताया कि विगत पांच वर्षों में रतलाम जिले में विभिन्न शासकीय विभागों के आवासीय व कार्यालयों की मरम्मत, रंगाई, पुताई सात करोड़ 96 लाख रु की राशि स्वीकृत की गई । इनमें से जीर्ण शीर्ण भवनो को ध्वस्त करने की भी कार्यवाही की जा रही है। जानकारी में बताया गया कि जावरा विधानसभा क्षेत्र ने गत पांच वर्षों में 30 सड़क मार्ग स्वीकृत हुए, जिसमे से 14 कार्य चल रहे है। इसके अलावा 6 स्वीकृत भवन के कार्य भी चल रहे है।जावरा विधानसभा क्षेत्र में 14 सड़क मार्गो को मजबूतीकरण का प्रस्ताव बना कर स्वीकृति की प्रक्रिया में है। विधायक डॉ पांडेय के प्रश्न पर नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला ने बताया कि उज्जैन संभाग में विभिन्न योजनाओं के माध्यम से 251 स्थानो पर कार्य किये जा रहे है। इसके अलावा शासन के मेगा अल्ट्रा मेगा सोलर पावर परियोजना के माध्यम से सौर पार्कों की स्थापना की गई। आगर,शाजापुर व नीमच जिलों में 550,450 व 500 मेगावाट सौर पार्क की स्थापना की गई।

============

सभी लक्षित हितग्राही बालिकाओं का वैक्सीनेशन करे – कलेक्टर

  • 28 फरवरी से एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान का होगा शुभारंभ
  • 14 से 15 वर्ष की बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचने हेतु टीकाकृत किया जाएगा
  • रतलाम जिले के कुल 9 केंद्र पर निशुल्क वैक्सीनेशन होगा

सर्वाइकल कैंसर ( गर्भाशय ग्रीवा कैंसर) से बचाव के लिए ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एच पी वी ) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ 28 फरवरी शनिवार से किया जाएगा। अभियान 90 दिनों तक चलेगा। पहले चरण में 14 वर्ष की लड़कियो का टीकाकरण किया जाएगा, जिन्होंने 15 वर्ष की आयु पूर्ण ना की हो। रतलाम जिले में गार्डसील नाम के वैक्सीन की 10 हजार खुराक प्राप्त हुई है। रतलाम जिले के नौ स्थान डॉ लक्ष्मीनारायण पांडेय मेडिकल कॉलेज रतलाम , बाल चिकित्सालय रतलाम, सिविल अस्पताल आलोट , सिविल अस्पताल जावरा, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नामली, बाजना सैलाना, ताल, पिपलोदा केंद्रों पर दोपहर 12:00 बजे से शाम 5:30 बजे तक एचपीवी वैक्सीनेशन किया जाएगा ।

कलेक्टर ने बैठक लेकर दिये निर्देश

कलेक्टर श्रीमती मिश्रा सिंह एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन की उपस्थिति में कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक मे कलेक्टर ने सभी लक्षित हितग्राही बालिकाओं का वैक्सीनेशन करने, उनका सहमति पत्र प्राप्त करने, वैक्सीनेशन के दौरान सभी निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन करने, टीकाकरण कराने आई बालिकाओं के लिए उचित स्थान पर बैठने की व्यवस्था, सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कार्यक्रम का अधिक से अधिक प्रचार प्रसार करने के लिए भी निर्देशित किया । कलेक्टर ने शिक्षक पालक संघ के माध्यम से लोगों को परामर्श प्रदान करने के निर्देश दिए।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ संध्या बेलसर ने बताया कि जिले में प्रथम चरण में कुल 18917 बालिकाओं को वैक्सीनेट किया जाना है। टीकाकरण स्थल पर टीका लगवाने के बाद बच्चों को आधा घंटा निगरानी में रखा जाएगा ।

पोर्टल से भी पंजीकरण करवा सकेंगी

यू विन पोर्टल के माध्यम से टीकाकरण के लिए अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर पंजीकरण किया जा सकता है, टीकाकरण स्थल पर सीधे उपस्थित होकर भी टीका लगवाया जा सकता है। टीकाकरण करने के लिए कोई एक मोबाइल साथ लाना होगा , आधार कार्ड , जन्म प्रमाण पत्र , अपार आईडी , मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कार्ड , परमानेंट एजुकेशन नंबर , बैंक पासबुक अथवा आयु के संबंध में स्वयं का घोषणा पत्र से भी वैक्सीनेशन हो सकेगा ।

सर्वाइकल कैंसर क्या है

महिलाओं का दूसरा सबसे आम कैंसर सर्वाइकल कैंसर है, सर्वाइकल कैंसर गर्भाशय ग्रीवा का कैंसर महिलाओं के गर्भाशय के निचले हिस्से में कोशिकाओं की असामान्य वृद्धि है जो आमतौर पर एचपीवी संक्रमण के कारण होता है। इसके प्रमुख लक्षण योनि से असामान्य रक्त स्राव , पीरियड्स के बीच , संभोग के बाद या रजोनिवृत्ति के बाद , बदबूदार सफेद पानी आना डिस्चार्ज और पेल्विक अथवा कमर में दर्द मुख्य है । देश में हर साल इसके करीब 1 लाख 25 हजार नए मामले आ रहे हैं, सर्वाइकल कैंसर गर्भाशय के निचले हिस्से से जुड़ा होता है। यह बीमारी 30 साल की उम्र के बाद महिलाओं में होती है।

अगर किशोरावस्था में ही एचपीवी वैक्सीन लगवा ली जाए तो सर्वाइकल कैंसर के होने की संभावना कम हो सकती है।

इन्हें नहीं लगेगा टीका।

14 से 15 वर्ष की आयु के बीच की ऐसी बालिकाए जिन्होंने पहले से एचपीवी का टीका लगवा रखा हो। दवाइयों अथवा किसी भी प्रकार के वैक्सीन से गंभीर एलर्जी या बीमार हो ।

जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ वर्षा कुरील ने बताया कि टीकाकरण के लिए ए ई एफ आई के संबंध में सभी पर्याप्त इंतजाम केंद्र पर उपलब्ध रहेंगे। किसी भी प्रकार की आकस्मिक स्थिति के लिए टोल फ्री नंबर 108 अथवा हेल्थ हेल्पलाइन नंबर 104 पर संपर्क किया जा सकता है। बैठक के दौरान डीन मेडिकल कॉलेज डॉ अनीता मुथा, प्रभारी सिविल सर्जन डॉ ए पी सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती अनीता सागर, उपसंचालक जनजाति कल्याण विभाग श्रीमती रंजना सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

===============

सस्ते घी के विक्रय पर बड़ी कार्रवाई, 1600 लीटर घी जब्त कुल 630818 रुपए की सामग्री जब्त

कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के निर्देशानुसार सस्ते घी के विक्रय की शिकायत पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा फर्म महाकाल ट्रेडर्स, ग्लोबस सिटी, रतलाम पर कार्रवाई की गई। निरीक्षण के दौरान मौके पर मदर बेस्ट एवं यूपी फ्रेश क्वालिटी ब्रांड के नाम से घी का विक्रय पाया गया।

फर्म संचालक विक्रांत त्यागी ने बताया कि दोनों ब्रांड का घी वह मां वैष्णो देवी फूड प्रोडक्ट एवं रिद्धि ट्रेडिंग कंपनी, मुज़फ़्फ़रनगर (उत्तर प्रदेश) से रुपए 310 प्रति लीटर की दर से खरीदते हैं। जांच में पाया गया कि यूपी फ्रेश क्वालिटी पैक पर खाद्य पदार्थ का नाम अंकित नहीं था, जबकि लेबल पर घी तथा गाय की तस्वीर प्रदर्शित थी, जिससे यह घी प्रतीत हो रहा था।

टीम द्वारा मदर बेस्ट प्राइम क्वालिटी घी (गाय का घी) एवं अप फ्रेश क्वालिटी के कुल 9 नमूने संग्रहित किए गए तथा शेष लगभग 1600 लीटर घी जब्त कर सीलबंद किया गया। जब्त की गई सामग्री का मूल्य 630818 रुपए है।

कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी शैलेश गुप्ता, तहसीलदार रामचंद्र पांडे एवं कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी मुकेश चौहान उपस्थित रहे। सभी नमूने राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के अंतर्गत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। खाद्य विभाग द्वारा सभी खाद्य संस्थानों को गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थों के संग्रहण एवं विक्रय के निर्देश दिए गए हैं।

=========

जिला स्तरीय ओलंपियाड में चयनित 32 मेधावी विद्यार्थियों को कलेक्टर द्वारा सम्मानित किया गया

जिला स्तरीय ओलंपियाड प्रतियोगिता में रतलाम जिले से चयनित कक्षा 2 से 8 तक के प्रत्येक कक्षा एवं विषय में प्रथम स्थान प्राप्त 32 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का सम्मान समारोह 27 फरवरी को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित किया गया। कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने प्रत्येक कक्षा के प्रत्येक विषय में सर्वोच्च अंक प्राप्त कर जिले में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावकों एवं मार्गदर्शी शिक्षकों को भी सम्मानित किया । सभी बच्चों को प्रमाण पत्र एवं शील्ड के साथ स्कूल बैग, ट्रेक शुट, पानी की बोतल, टिफिन, कैप, ज्योमेट्री बॉक्स उपहार स्वरूप प्रदान किए गए।

कार्यक्रम के प्रारम्भ में राज्य शिक्षा केन्द्र भोपाल के निर्देशानुसार दो चरणों में संचालित ओलम्पियाड प्रतियोगिता एवं चयनित छात्रों के संबंध में विस्तृत जानकारी पीपीटी के माध्यम से सहायक परियोजना समन्वयक श्री विवेक नागर द्वारा दी गई। कार्यक्रम में राज्य स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त छात्रा हिरल पवांर ने भी अपने अनुभव साझा किये।

इस अवसर सहायक संचालक श्री राहुल मण्डलोई, जिला परियोजना समन्वयक श्री राजेश कुमार झा, श्री मुकेश राठौर एवं विकासखण्ड के अकादमिक समन्वयक एवं जनशिक्षक उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन सहायक परियोजना समन्वयक श्री विवेक नागर ने किया।

==========

ग्रीष्म ऋतु में पेयजल समस्या की निराकरण हेतु जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित

कार्यपालन यंत्री श्री एस आर जांगड़े ने बताया कि रतलाम जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में ग्रीष्म काल में पेयजल समस्या निगरानी व त्वरित निराकरण हेतु लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी खंड कार्यालय रतलाम में नियंत्रण प्रकोष्ठ/कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। कंट्रोल रूम का दूरभाष नंबर 07412-270439 पर पेयजल संबंधी शिकायतों को दर्ज किया जाएगा। कंट्रोल रूम प्रभारी उपयंत्री पूजा भूरिया को बनाया गया। कंट्रोल रूम में कार्यालयीन दिवस में प्रातः 10 से शाम 6 बजे तक श्री जगदीश जोकचंद, श्री राहुल चौहान की ड्यूटी रहेगी। शाम 6 से रात्रि 8 बजे तक श्री दिलीप सोलंकी की ड्यूटी रहेगी। शासकीय अवकाश दिवस में श्री जगदीश कतिजा, श्री अशोक धाकड़ की ड्यूटी रहेगी। ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी द्वारा टेलीफोन पर प्राप्त शिकायत को रजिस्टर में नोट कर निराकरण हेतु कंट्रोल रूम प्रभारी को सूचित किया जाएगा ।

============

आई टी आई रोजगार मेले में 11 प्रतिभागियों का चयन मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना अंतर्गत हितग्राहियों को 6525000 रूपये के स्वीकृति पत्र वितरित किए गए

तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार मंत्रालय, भोपाल , सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय, एवं रोजगार संचालनालय, भोपाल द्वारा जारी आदेशानुसार जिला प्रशासन, कौशल विकास और रोजगार विभाग एवं जिला रोजगार कार्यालय, मध्य प्रदेश डे ग्रामीण आजीविका मिशन के संयुक्त तत्वाधान में शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था, सज्जन मिल के सामने, सैलाना रोड, रतलाम में युवा संगम अंतर्गत संयुक्त रूप से रोजगार मेला, स्वरोजगार मेला, प्रधानमंत्री नेशनल अप्रेंटिसशिप मेला, प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना एवं मुख्यमंत्री सीखों कमाओं योजनांतर्गत मेलें का अयोजन किया गया, जिसमे भाग लेने वाली कुल 2 कंपनियों द्वारा निर्धारित मापदंड एवं इंटरव्यू के उपरांत कुल 11 प्रतिभागी प्राथमिक रूप से चयनित हुए जिसमे से रोजगार हेतु 2 एवं अप्रेंटिसशिप हेतु 9 आवेदकों का चयन किया गया । चयनित प्रतिभागियों को संस्था के प्राचार्य श्री यु. पी. अहिरवार द्वारा उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए शुभकामनाएं दी गई। चयन करने वाली कंपनियों में से रतलाम स्थित प्रतिष्ठान बोराना स्टील एंड इंजीनियरिंग द्वारा 2 एवं कृति इंडस्ट्रीज (इंडिया) लिमिटेड पीथमपुर द्वारा 9 प्रतिभागियों का प्राथमिक रूप से चयन किया गया । इसके अतिरिक्त जिले में संचालित लोन से सम्बंधित विभिन्न योजना मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के 9 प्रकरणों में 6525000 रूपये के स्वीकृति पत्र भी हितग्राहियों को वितरित किये गये तथा जिले में संचालित लोन से संबंधित समस्त योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। मेले में सम्मिलित होने के लिये कुल 42 आवेदकों ने अपना पंजीयन किया । संस्था के प्रशिक्षण अधीक्षक श्री एच. के. बाथम द्वारा उपस्थित युवक युवतियों को आत्मनिर्भर होने के लिए उनका मनोबल बढ़ाया, साथ ही अधिक मेहनत कर उच्च पद की ओर अग्रसर होने के लिए प्रोत्साहित किया, आभार संस्था के टीपीओ श्री प्रफुल्ल सोनारकर तथा जिला रोजगार कार्यालय के श्री अनुप खटवानी द्वारा व्यक्त किया गया ।

========

ई-उपार्जन पोर्टल पर सरसों फसल का पंजीयन 20 मार्च तक

उप संचालक, किसान कल्याण तथा कृषि विकास श्रीमती नीलम सिंह चौहान ने बताया कि जिले के किसान ई-उपार्जन पोर्टल पर रबी वर्ष 2025-26 में सरसों फसल के पंजीयन करवाकर सरकार की महत्वाकांक्षी योजना भावान्तर योजना का लाभ ले सकते हैं। किसान सरसों फसल का पंजीयन ग्राम पंचायत-जनपद पंचायत में स्थापित सुविधा केन्द्रों, तहसील कार्यालयों में स्थापित सुविधा केन्द्रों तथा सहकारी समितियों एवं सहकारी विपणन संस्थाओं द्वारा संचालित पंजीयन केन्द्र एवं एमपी किसान एप पर पंजीयन की निः शुल्क व्यवस्था है। सरसों फसल का पंजीयन जिले के निर्धारित 64 पंजीयन केन्द्रों पर कार्यालयीन समय में ई-उपार्जन पोर्टल पर निःशुल्क पंजीयन करवा सकते हैं। किसान के विगत वर्ष के पंजीयन में उल्लेखित आधार नंबर, बैंक खाता, मोबाइल नंबर में किसी प्रकार के परिवर्तन-संशोधन की आवश्यकता होने पर संबंधित दस्तावेज प्रमाण स्वरूप (जिनको देखकर पंजीयन किया जा सके) पंजीयन केन्द्र पर लाना होंगे। जिन किसानों द्वारा विगत रबी एवं खरीफ में पंजीयन नहीं कराया था एवं ई-उपार्जन पोर्टल पर उनका डाटाबेस उपलब्ध नहीं है। ऐसे किसानों को समिति स्तर पर पंजीयन हेतु आधार नंबर, बैंक खाता नंबर, मोबाइल नंबर, भू-अभिलेख एवं निर्धारित प्रारूप में आवेदन पंजीयन केन्द्र पर उपलब्ध कराना होगा। किसान सरसों फसल के पंजीयन 26 फरवरी से 20 मार्च तक करा सकते है।

==========

फल एवं सब्जी दुकानों का किया निरीक्षण 18 दुकानों से लिए गए नमूने

सचिव कृषि उपज मंडी समिति ने बताया कि कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के निर्देशन में मंडी प्रशासन एवं खाद्य सुरक्षा प्रशासन की संयुक्त दल द्वारा सब्जी मंडी सैलाना बस स्टैंड स्थित फल सब्जी की दुकानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान फल की 12 दुकानों से अंगूर, सेवफल, अनार, चुकन्दर, चीकू, कीवी, पपीता, तरबूज, अनानास, संतरा, खरबूजा और सब्जियों की 06 दुकानों से भिन्डी, करेला, आलू, टमाटर, गाजर, बैगन, बीन्स, पत्ता गोभी, लौकी, शिमला मिर्च, खीरा, हरी मिर्च, नीम्बू, तरोई के नमूने लिए गए। जिन्हें जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजा गया है । दल में मंडी सचिव लक्ष्मी भंवर, खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश जमरा, शैलेष कुमार गुप्ता, प्रीति मंडोरिया एवं सब्जी मंडी प्रभारी श्री राजेन्द्र व्यास, सहायक उप निरीक्षक शामिल थे ।

==========

सैलाना में धारा 163 लागू बिना अनुमति रैली, जुलूस और प्रदर्शन पर लगा प्रतिबंध

कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के निर्देशानुसार एवं अनुविभागीय दण्डाधिकारी अनुभाग सैलाना श्री तरूण जैन के आदेशानुसार म.प्र भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के अंतर्गत जनसामान्य के स्वास्थ्य के हित एव लोक शांति को बनाये रखने हेतु अनुभाग सैलाना की संपूर्ण राजस्व सीमा क्षेत्र में स्थित न्यायालय, अनुविभागीय कार्यालय परिक्षेत्र, समस्त शासकीय कार्यालय एवं परिसरो, शासकीय चिकित्सालय, अन्य अस्पताल एवं अन्य सार्वजनिक स्थान में कोई भी दल, संघ, संगठन अथवा समूह धरना एवं प्रदर्शन पर पूर्ण प्रतिबन्ध रहेगा । उक्त स्थानो पर बगेर पूर्व अनुमति के भीड़ जमावड़ा, ज्ञापन, प्रदर्शन, ध्वनि विस्तार यंत्रो के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबन्ध रहेगा। किसी भी सार्वजनिक स्थान पर धार्मिक, सामाजिक, राजनैतिक या सांस्कृतिक कार्यक्रमों, रैली, जुलूस या धरना प्रदर्शन करने से 24 घंटे पूर्व वैधानिक अनुमति लेना अनिवार्य होगा। उक्त आदेश 24 अप्रैल 2026 तक प्रभावशील रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}