नीमचमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 27 फरवरी 2026 शुक्रवार

////////////////////////////////////////\

ट्रेन के चपेट में आने से दुर्घटना में पैर कट गया

शामगढ़:- इंदौर से जोधपुर जाने वाली 12465 जोधपुर इंदौर इंटरसिटी एक्सप्रेस में सुबह लगभग 10:30 बजे करीब ट्रेन में चढ़ते समय रेलवे कर्मचारी की फिसल कर ट्रेन के चपेट में आने से दुर्घटना में पैर कट गया जानकारी में घायल रेल कर्मचारी का नाम दुर्गा शंकर पता चला जो रेलवे स्वास्थ्य केंद्र पर चौकीदारी का काम करता है गंभीर हालत में उक्त रेलवे कर्मचारियों को कोटा रैफर किया गया।

==============

रोटी की बात को लेकर ढाबे के कर्मचारियों और स्वास्थकर्मियों में विवाद

गरोठ- सोशल मीडिया पर एक सीसीटीवी वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें 8 लेन स्थित किसी ढाबे पर पूर्व बीएमओ, शामगढ़ इंचार्ज डॉ मनीष दानगढ़ और टीबी सुपरवाइजर सतीश शर्मा ढाबे के कर्मचारियों से विवाद करते नजर आ रहे है। मामला कथित तौर पर रोटी की बात को लेकर विवाद करना बताया जा रहा है!

===============

किसान कल्याण वर्ष 2026

नरवाई प्रबंधन से किसानों को होगा फायदा, पर्यावरण की होगी रक्षा : कलेक्टर श्रीमती गर्ग

नरवाई प्रबंधन पर उद्यानिकी महाविद्यालय में कार्यशाला संपन्न

मंदसौर 26 फरवरी 26/ किसान कल्याण वर्ष 2026 के अंतर्गत जिले में किसानों के कल्याण के लिए विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में उद्यानिकी महाविद्यालय मंदसौर में कृषि विभाग एवं कृषि विज्ञान केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में नरवाई प्रबंधन विषय पर कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लेकर नरवाई प्रबंधन की उन्नत तकनीकों की जानकारी प्राप्त की।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग ने कहा कि नरवाई प्रबंधन से किसानों को लाभ के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण भी संभव है। उन्होंने कहा कि नरवाई जलाने से मिट्टी की उर्वरा शक्ति कम होती है तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए भूमि की गुणवत्ता प्रभावित होती है, इसलिए नरवाई नहीं जलाकर उसका उचित प्रबंधन किया जाना चाहिए। उन्होंने किसानों से नरवाई को मिट्टी में मिलाने तथा परंपरागत खेती पद्धतियों को अपनाने का आग्रह किया। कलेक्टर ने कहा कि जिले के उन्नत किसानों को और अधिक उन्नत बनाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।

कलेक्टर ने बताया कि जिले में अलसी के डंठल से रेशा तैयार करने का नवाचार किया जा रहा है, जिस पर पिछले छह माह से कार्य चल रहा है। एफपीओ के माध्यम से इस क्षेत्र में मशीन विकसित की गई है तथा किसानों के सहयोग से इस कार्य को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने बताया कि एफपीओ के माध्यम से किसानों को प्रति हेक्टेयर लगभग 1200 से 1500 रुपये तक प्रोत्साहन राशि देने का प्रावधान है। उन्होंने कृषि विभाग, एफपीओ एवं कृषि विज्ञान केंद्र को समन्वय से कार्य करते हुए किसानों को इस नवाचार से जोड़ने तथा समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने किसानों से प्रत्येक रविवार को जैविक हाट बाजार में जैविक उत्पादों के विक्रय एवं उपयोग को बढ़ावा देने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि जिले में देश का पहला सरसों संगम आयोजित किया गया, जिसमें प्रदेश के उन्नत किसानों ने भाग लिया। इस दौरान किसानों ने नरवाई प्रबंधन से संबंधित सुझाव भी प्रस्तुत किए। कार्यशाला में किसानों को नरवाई नहीं जलाने की शपथ भी दिलाई गई।

कृषि विभाग के उपसंचालक श्री मोदी ने कृषि यंत्रों के उपयोग एवं उन पर उपलब्ध अनुदान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नरवाई को मिट्टी में मिलाने से मिट्टी में कार्बन की मात्रा बढ़ती है, जिससे उर्वरा शक्ति में वृद्धि होती है तथा उत्पादन बेहतर होता है।

कृषि विज्ञान केंद्र के श्री चुडावत ने खेती में नवीन तकनीकों के उपयोग, फसलों में विविधता अपनाने तथा उन्नत बीजों के प्रयोग की सलाह दी। उन्होंने वेस्ट डी-कंपोजर एवं बायो कंपोजर के उपयोग की जानकारी देते हुए किसानों से फसल अवशेषों का वैज्ञानिक प्रबंधन करने का आग्रह किया।

========

रबी विपणन वर्ष 2026-27 हेतु गेहूं पंजीयन की अंतिम तिथि 7 मार्च

अधिक से अधिक किसान अपना पंजीयन कराए तथा उपार्जन का लाभ लेवे

मंदसौर 26 फरवरी 26/ जिला अपूर्ति अधिकारी द्वारा बताया गया कि रबी विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर गेहूं विक्रय करने हेतु किसान पंजीयन की प्रक्रिया वर्तमान में जारी है। शासन द्वारा पंजीयन की अंतिम तिथि 7 मार्च 2026 निर्धारित की गई है।

शासन निर्देशानुसार समय-सीमा समाप्त होने के पश्चात पंजीयन की तारीख आगे नहीं बढ़ाई जाएगी। अतः किसान भाई पंजीयन हेतु अपना आधार कार्ड, बैंक पासबुक, भूमि संबंधी दस्तावेज (ऋण पुस्तिका) और आधार से लिंक मोबाइल नंबर साथ लेकर अपने नजदीकी निर्धारित पंजीयन केंद्रों, एमपी ऑनलाइन कियोस्क, या कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) पर जाकर अपना पंजीयन समय रहते पूर्ण कराएं।

अंतिम दिनों में सर्वर पर दबाव बढ़ने और तकनीकी समस्याओं की संभावना को देखते हुए, सभी किसान भाईयों से अनुरोध है कि वे 7 मार्च की प्रतीक्षा किए बिना तत्काल अपना पंजीयन सुनिश्चित करें। “समय पर पंजीयन कराएं, असुविधा से बचें।”

============

ग्रीष्मकाल में पेयजल समस्या के समाधान हेतु कंट्रोल रूम स्थापित

नागरिक कंट्रोल रूम के दूरभाष क्रमांक 07422-256284 पर संपर्क करें

मंदसौर 26 फरवरी 26/ लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा ग्रीष्मकाल में संभावित पेयजल समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला स्तर पर पेयजल समस्या निवारण प्रकोष्ठ (कंट्रोल रूम) स्थापित किया गया है। कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने बताया कि जिले में पेयजल व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा संभावित सूखा एवं अतिवृष्टि जैसी परिस्थितियों से निपटने के लिए यह कंट्रोल रूम संचालित किया जा रहा है।

पेयजल संबंधी किसी भी समस्या के लिए नागरिक कंट्रोल रूम के दूरभाष क्रमांक 07422-256284 पर संपर्क कर सकते हैं। यह कंट्रोल रूम प्रतिदिन प्रातः 9:00 बजे से सायं 6:00 बजे तक कार्यरत रहेगा।

============

कृषि उद्यमी का 13 दिवसीय निःशुल्क पशुपालन प्रशिक्षण ग्राम धुंधडका में 27 फरवरी से प्रारंभ

इच्छुक प्रशिक्षणार्थी 27 फरवरी तक रजिस्ट्रेशन करवाएं

मंदसौर 26 फरवरी 26 / ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान प्रबंधक द्वारा बताया गया कि सेन्ट्रल बैंक आफ इंडिया, ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान, आरसेटी मंदसौर द्वारा आपके गांव धुंधडका तहसील मंदसौर मे कृषि उद्यमी का 13 दिवसीय निःशुल्क प्रशिक्षण प्रारंभ होने जा रहा है। इस प्रशिक्षण का लाभ ग्रामीण अंचल के युवक युवतिया जिनकी आयु 18 से 50 वर्ष के बीच को ही मिलेगा। बैंकिग संबंधी सभी जानकारियॉं दी जायेगी।

इच्छुक प्रशिक्षणार्थी 27 फरवरी 2026 शुक्रवार समय प्रातः 11 बजे से अपने दो 2 नये पासपोर्ट साईज फोटो, आधार कार्ड, बैंक पासबुक, राषन कार्ड एंव समग्र आईडी, कार्ड की छायाप्रति के साथ आवेदन पत्र पंचायत भवन धुंधडका में अशोक नागदा मोबाइल न. 8435806297 को जमा करवा कर रजिस्ट्रेशन करवाएं।

============

मोहम्‍मदपुरा में भूमि आवंटन के संबंध में आपत्ती/ अभिमत 6 मार्च तक प्रस्‍तुत करें

मंदसौर 26 फरवरी 26 / मंदसौर तहसीलदार द्वारा बताया गया कि सूक्ष्‍म लघु एवं मध्‍यम उद्ययम विभाग द्वारा ग्राम मोहम्‍मदपुरा में स्थित शासकीय भूमि सर्वे नम्‍बर 35 रकबा 0.35 हेक्‍टेयर एवं सर्वे नम्‍बर 38 रकबा 1.77 हेक्‍टेयर कुल रकबा 2.1200 हेक्‍टेयर भूमि पर औद्योगिक प्रयोजन, मध्‍यम उद्योग की स्‍थापना हेतु भूमि आबंटित करने के लिए आवेदन प्रस्‍तुत किया है। औद्योगिक प्रयोजन, मध्‍यम उद्योग की स्‍थापना के लिए अभिमत 6 मार्च 2026 तक प्रस्‍तुत कर सकते है।

=========

भारत के दिल से जुड़िए, मध्यप्रदेश के साथ आगे बढ़िए : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मध्यप्रदेश भी बढ़ते हुए राजस्थान के साथ करेगा अपनी भागीदारी

निवेश, नवाचार और विकास की हमारी साझेदारी होगी दीर्घकालिक

मध्यप्रदेश में निवेश की संभावनाओं पर वस्त्र नगरी भीलवाड़ा में हुआ इन्टरेक्टिव सेशन ऑन इन्वेस्टमेंट अपॉर्चुनिटिज़ इन एमपी

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मध्यप्रदेश में निवेश करने के लिए निवेशकों को किया आमंत्रित

मंदसौर 26 फरवरी 26 / मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश आज देश के सबसे तेजी से विकास करने वाले राज्यों में अग्रणी बनकर उभरा है। मध्यप्रदेश में निवेश हर मायने में फायदे का सौदा है। देश के दिल से जुड़िए, विकास और अवसरों के केंद्र से जुड़िए। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के मध्य में स्थित होने से मध्यप्रदेश व्यापार, उद्योग-धंधों की स्थापना और उत्पादों के निर्यात के लिए एक रणनीतिक केंद्र बनता जा रहा है। प्राकृतिक संसाधन, उद्योग-अनुकूल नीतियां, मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर और बेहतर शासन-प्रशासन ये सभी कारक निवेशकों के लिए एक आदर्श वातावरण तैयार करते हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मध्यप्रदेश को “अनंत संभावनाओं का अनुपम केंद्र” बताते हुए कहा कि वीरों की धरती राजस्थान के सभी निवेशकों का हीरों की धरती मध्यप्रदेश में स्वागत है, अभिनंदन है। उन्होंने कहा कि सदियों से हमारी साझा संस्कृति, व्यापार-व्यवसाय और साझा भविष्य का एक अटूट रिश्ता रहा है। हमारा आपसी संवाद नई संभावनाओं के विकास-विस्तार और देश की औद्योगिक क्षमता को नई दिशा देने का एक साझा मंच है। भीलवाड़ा की समृद्ध वस्त्र विरासत से जुड़कर मध्यप्रदेश भी अनेकानेक संभावनाओं को तलाश कर बढ़ते हुए राजस्थान के साथ अपनी दीर्घकालिक भागीदारी करना चाहता है। हम सब मिलकर अपनी वणिक युक्ति, बुद्धि और क्षमता से इस क्षेत्र के औद्योगिक विकास का नया अध्याय लिखेंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव गुरुवार को राजस्थान की वस्त्र नगरी भीलवाड़ा में ‘इन्टरैक्टिव सेशन ऑन इन्वेस्टमेंट अपार्चुनिटिज़ इन एमपी’ में स्थानीय निवेशकों, बिजनेस लीडर्स, उद्योगपतियों एवं विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दीप प्रज्ज्वजित कर इस इन्टरैक्टिव सेशन का शुभारंभ किया। मेवाड़ चैम्बर ऑफ कामर्स के अध्यक्ष श्री अनिल मिश्रा ने भीलवाड़ा आगमन पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव को मेवाड़ी पगड़ी पहनाकर, अंगवस्त्रम् एवं पुष्प-गुच्छ भेंटकर परम्परागत स्वागत किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि लंबे समय से मध्यप्रदेश और राजस्थान का सहोदर जैसा रिश्ता रहा है। दोनों राज्यों में सदैव व्यापार की अनुकूलता रही है। पद्म विभूषण से राजस्थान के सम्मानित स्व. श्री घनश्याम दास बिड़ला ने उज्जैन जिले के नागदा में ग्रेसिम इंडस्ट्रीज लिमिटेड की स्थापना की थी। राजस्थान के मारवाड़ और मेवाड़ के कारोबारियों में व्यापार-व्यवसाय की कुशलता अद्भुत है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश सरकार उद्योग प्रोत्साहन के लिए संकल्पित है। हमारे उद्योगपति जरूरतमंदों को रोजगार उपलब्ध कराते हैं। बदलते दौर में राज्यों के परस्पर संबंध सौहार्द्रपूर्ण हुए हैं। हम सभी को उद्योग-व्यापार के विकास और विस्तार के लिए अनुकूल वातावरण मिला है। मध्यप्रदेश सरकार ने राजस्थान सरकार के साथ सालों से लंबित पार्वती-कालीसिंध-चंबल (पीकेसी) परियोजना पर समझौता कर दोनों राज्यों के नागरिकों को सुगम जल उपलब्धता की एक नई सौगात दी है। दुनिया के देश चुनौतियों का सामना करते हुए हम आगे बढ़ने के लिए प्रयास कर रहे हैं। अगर कोई देश प्रतिबंध लगाएगा, तो हम दूसरा रास्ता निकालेंगे। यूरोप के साथ टैक्सटाइल ट्रेड एण्ड बिजनेस को आगे बढ़ाने की अच्छी संभावनाएं हैं।

बड़े निवेश प्रस्तावों पर देंगे बड़ी रियायतें

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उन्होंने राज्य के उद्योग विभाग की कमान स्वयं ले ली हैं, जिससे प्रदेश में औद्योगीकरण को बढ़ाने में कोई कठिनाई न आए और सभी मुद्दे सरलता के साथ समय रहते हल हो जाएं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार ने औद्योगिक नीतियों को सरल बनाया है। इससे मध्यप्रदेश में निवेश और उद्योगों की स्थापना में तेजी आई है। राज्य सरकार निवेशकों को विशेष प्रोत्साहन भी प्रदान कर रही है। हमारी सरकार बड़े निवेश विभिन्न प्रस्तावों पर रियायतें भी दे रही है। हम छोटे-बड़े सभी निवेशकों को अपनी नीतियों से लाभान्वित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में टेक्सटाइल सेक्टर में निवेश की अपार संभावनाएं हैं। टेक्सटाइल क्षेत्र में देश के सबेसे पहले और सबसे बड़े पीएम मित्र पार्क का भूमि-पूजन भी मध्यप्रदेश में हो चुका है। राजस्थान के मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के साथ मिलकर हमारी सरकार इस क्षेत्र में और भी आगे बढ़ने के लिए तैयार है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मेवाड़ के निवेशकों को अपना उद्योग व्यवसाय शुरू करने के लिए मध्यप्रदेश आने का आमंत्रण भी दिया।

निवेशकों के लिए सशक्त आधार

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि प्रदेश में 18 नई उद्योग-अनुकूल नीतियाँ लागू की गई हैं। विस्तृत लैंड बैंक, भरपूर जल उपलब्धता, कुशल मानव संसाधन, उत्कृष्ट लॉजिस्टिक्स कनेक्टिविटी और पारदर्शी प्रशासन निवेश के लिए सर्वोत्तम माहौल प्रदान करते हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश आज ऊर्जा के मामले में आत्मनिर्भर बन चुका है। नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा अर्थात ग्रीन एनर्जी प्रोड्क्शन के मामले में भी हमारा प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भारत विश्व का विश्वसनीय विकास साझेदार बन रहा है और हमारा मध्यप्रदेश भी इस राष्ट्रीय प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

संगम ग्रुप के चेयरमैन डॉ. एसएन मोदानी ने कहा कि भीलवाड़ा शहर की पहचान टेक्सटाइल इंडस्ट्री और मेन्यूफेक्चरिंग से है। मध्यप्रदेश में निवेश संभावनाओं पर इंटरैक्टिव सेशन में निवेशक विभिन्न सेक्टर्स की विशेषताओं से परिचित होंगे। भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) मध्यप्रदेश और राजस्थान सरकार के साथ मिलकर औद्योगिक गतिविधियों को प्रोत्साहन देने का काम कर रही है।

मेवाड़ चेंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव श्री आर.के. जैन ने कहा कि भीलवाड़ा विश्व में टेक्सटाइल सिटी के नाम से विख्यात है। हमारा यह चेंबर वर्ष 2020 से मध्यप्रदेश सरकार के साथ काम कर रहा है। इसी का परिणाम है कि राज्य के सीमावर्ती जिलों जैसे नीमच में उद्योगों को बढ़ावा मिल रहा है। मध्यप्रदेश सरकार ने बहुत अच्छी औद्योगिक नीति तैयार की है। अब यूनिट लगाने के लिए निवेशकों को सिर्फ एक फोन करना होता है और अधिकारियों का सम्पूर्ण सहयोग प्राप्त होता है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग करते हुए कहा कि नीमच के पास एक टेक्निकल टेक्सटाइल पार्क बनाया जाए, इससे निवेशकों को नए अवसरों के साथ क्षेत्रीय जरूरतमंद युवाओं को भी रोजगार का लाभ मिलेगा।

‘इन्वेस्ट इन एमपी’ पहल के तहत हुए इस इंटरैक्टिव सेशन में राजस्थान सरकार के सहकारिता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री गौतम कुमार दक, भीलवाड़ा के सांसद श्री दामोदर अग्रवाल, म.प्र. से राज्यसभा सदस्य श्री बालयोगी उमेशनाथ महाराज, प्रमुख सचिव औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन श्री राघवेंद्र कुमार सिंह, म.प्र. औद्योगिक विकास निगम के प्रबंध संचालक श्री चंद्रमौली शुक्ला, आरसीएम ग्रुप के चेयरमैन श्री त्रिलोक छाबड़ा, श्री मनीष चौहान, श्री सोनी, मेवाड़ चेंबर ऑफ कॉमर्स के सभी पदाधिकारियों सहित उद्योग जगत के प्रतिनिधि, क्षेत्रीय प्रमुख औद्योगिक समूह और निवेशक उपस्थित थे।

=============

मंदसौर मंडी अवकाश सूचना

“अवकाश-सूचना”

समस्त किसान बंधुओं, व्यापारी बंधुओं एवं समस्त कृत्यकारियों को सूचित किया जाता हैं कि दिनांक 28/02/2026 को माह का चतुर्थ शनिवार, दिनांक 01/03/2026 को रविवार, दिनांक 02/03/2026 सोमवार को (होली का दहन) नाहर सेय्यद मेला, दिनांक 03/03/2026 मंगलवार को होली उत्सव धुरेडी होने से मंडी प्रांगण में नीलामी कार्य स्थगित रहेगा।

अतः किसान बन्धु उक्त दिनांक को अपनी कृषि उपज विक्रय हेतु नहीं लावें।

=======

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}