सात वर्ष पूरे: नित्य प्रभात फेरी की गूंज से भक्ति में सराबोर हुआ भवानीमंडी

सात वर्ष पूरे: नित्य प्रभात फेरी की गूंज से भक्ति में सराबोर हुआ भवानीमंडी
भवानीमंडी। नगर में प्रतिदिन निकलने वाली नित्य प्रभात फेरी के सात वर्ष पूर्ण होने पर शनिवार सुबह श्रद्धालुओं ने हर्षोल्लास के साथ भजन-कीर्तन करते हुए इस पावन परंपरा का उत्सव मनाया। पूरे नगर में भक्तिभाव का वातावरण छाया रहा और कई स्थानों पर प्रभात फेरी का स्वागत कर पुष्पवर्षा एवं प्रसाद वितरण किया गया।
जानकारी के अनुसार 14 फरवरी 2019 को पूज्य राधाकृष्ण जी महाराज की प्रेरणा से इस प्रभात फेरी की शुरुआत की गई थी। तब से लेकर आज तक यह क्रम निरंतर जारी है। प्रतिदिन प्रातःकाल बालाजी चौराहा स्थित मंषापूर्ण बालाजी मंदिर से प्रभात फेरी प्रारंभ होती है। पुरुष एवं महिलाएं भगवान के भजनों का गान करते हुए लगभग एक घंटे तक नगर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरते हैं और अंत में पुनः बालाजी चौराहे पर पहुंचकर फेरी का समापन करते हैं।
सात वर्ष पूरे होने के अवसर पर श्रद्धालुओं ने विशेष भजन संध्या का आयोजन किया। नगर के विभिन्न स्थानों पर लोगों ने प्रभात फेरी का स्वागत किया तथा भक्तों को प्रसाद वितरित किया। वातावरण “जय श्री राम” और “राधे-राधे” के जयकारों से गुंजायमान रहा।
भक्तों का कहना है कि प्रभात फेरी ने नगर में आध्यात्मिक जागरूकता बढ़ाई है तथा आपसी प्रेम, सौहार्द और एकता को मजबूत किया है। सात वर्षों से निरंतर चल रही यह परंपरा अब भवानीमंडी की पहचान बन चुकी है।



