मंदसौरमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 04 फरवरी 2026 बुधवार

////////////////////////////////////////

जनसुनवाई में अधिकारियों ने तत्‍परता से सुनी 40 आवेदकों की समस्याएं

मंदसौर 3 फरवरी 26/ जिला स्तरीय जनसुनवाई के दौरान अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल ने 40 आवेदकों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में सभी अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि आम नागरिकों की समस्याओं का समय पर समाधान किया जाए एवं कोई भी व्यक्ति अनावश्यक परेशान न हो।

जनसुनवाई के दौरान आए विभिन्न प्रकरणों में त्वरित निर्देश जारी किए गए। पिपलियामंडी निवासी देउबाई ने पट्टे की भूमि पर कब्‍जा दिलवाने के संबंध में आवेदन प्रस्‍तुत किया। जिस पर एसडीएम मल्‍हारगढ़ को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। मंदसौर निवासी नरेन्‍द्र ने निजी भूमि का सिमांकन करने के संबंध में आवेदन प्रस्‍तुत किया। जिस पर तहसीलदार मंदसौर श‍हर को जांच कर कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। मगराना निवासी बापूलाल ने शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटवाने के संबंध में आवेदन दिया। जिस पर तहसीलदार मल्‍हारगढ़ को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

इसके अतिरिक्त जनसुनवाई में मजदूरी का भुगतान करवाने, पीएम सम्‍मान किसान सम्‍मान निधि का लाभ दिलवाने, सिमांकन करवाने, बिजली बिल प्रकरण का निराकरण करने, संबल योजना के आवेदन का निराकरण करवाने, नल जल योजना की अनियमितताएं दुर करने एवं शासकीय भूमि अतिक्रमण मुक्‍त करने जैसे विविध प्रकार के आवेदन प्राप्त हुए।

=============

मंदसौर में महादेव महोत्सव 15 को

पशुपतिनाथ मंदिर परिसर स्थित आराधना हॉल में होंगी लोक गायन-भक्ति गायन एवं नृत्य नाटिका की प्रस्तुति

*मंदसौर 3 फरवरी 26/ संस्कृति विभाग, म.प्र. शासन द्वारा मंदसौर के पशुपतिनाथ मंदिर परिसर स्थित आराधना हॉल में शिव-सत्य की कला अभिव्यक्तियों पर एकाग्र “महादेव महोत्सव” का आयोजन 15 फरवरी, 2026 को सायं 6.30 बजे से किया जाएगा। समारोह में लोक गायन, शिव केंद्रित नृत्य नाटिका एवं भक्ति गायन की प्रस्तुतियाँ संयोजित की जाएंगी। यह आयोजन जिला प्रशासन, मंदसौर के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।

महोत्सव में पहली प्रस्तुति इंदौर के मुकेश चौहान एवं साथी कलाकारों के लोक गायन की होगी। इसके पश्चात देवास के प्रफुल्ल सिंह गहलोत एवं साथी कलाकार शिव केंद्रित नृत्य नाटिका पेश करेंगे। अंतिम सभा में भोपाल के अखिलेश तिवारी एवं साथी कलाकार भगवान शिव पर केंद्रित भक्ति गायन की प्रस्तुति देंगे।

=======

पुलिस अधीक्षक  द्वारा आवेदक को समक्ष में सुना,त्वरित एवं विधिसंगत निराकरण करने हेतु तत्काल निर्देशित भी किया

मंदसौर – अधीक्षक श्री विनोद कुमार मीणा द्वारा आमजन की शिकायतों की त्वरित एवं विधिसंगत निराकरण करने के उद्देश्य से जिला पुलिस कंट्रोल रूम मंदसौर पर जनसुनवाई का आयोजन कर कुल 25 आवेदकों की शिकायतों को समक्ष में सुनकर किया गया त्वरित एवं विधिसंगत निराकरण तथा संबंधित थाना/चौकी प्रभारी को भी किया तत्काल विधिसंगत कार्यवाही हेतु निर्देशित।

03.02.26 को जिला पुलिस कंट्रोल मंदसौर में प्रति मंगलवार की तरह इस मंगलवार भी आमजन की शिकायतों के त्वरित एवं विधिसंगत निराकरण करने के उद्देश्य से जनसुनवाई शिविर का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार मीणा के साथ साथ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंदसौर श्री टी एस बघेल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गरोठ श्रीमती हेमलता कुरील तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्री जितेंद्र भास्कर, एसडीओपी सीतामऊ श्री दिनेश प्रजापति, एसडीओपी गरोठ श्री विजय यादव भी उपस्थित रहे। जिनके द्वारा संबंधित अनुभागों के आवेदकों के आवेदन पर तत्काल एवं विधिसंगत कार्यवाही करने हेतु संबंधित थाना/चौकी प्रभारी को निर्देशित किया। आज की जनसुनवाई में कुल 25 आवेदकों की शिकायतों का पुलिस अधीक्षक  द्वारा आवेदक को समक्ष में सुना जाकर संबंधित थाना/चौकी प्रभारी को त्वरित एवं विधिसंगत निराकरण करने हेतु तत्काल निर्देशित भी किया गया।

========

रबी विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मुल्‍य पर गेंहू उपार्जन हेतु जिला स्‍तरीय उपार्जन सम‍िति गठित

मंदसौर 3 फरवरी 26 / कलेक्‍टर श्रीमती अदिती गर्ग द्वारा आदेश जारी कर रबी विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मुल्‍य पर गेंहू उपार्जन हेतु किसान पंजीयन एवं उपार्जन कार्य पर नियंत्रण / निगरानी एवं उपार्जन कार्य में उत्‍पन्न समस्‍याए तथा विवादों का अंतिम निराकरण किए जाने हेतु जिला स्‍तरीय उपार्जन सम‍िति का गठन किया गया।

समिति में कलेक्‍टर श्रीमती अदिती गर्ग अध्यक्ष, उपायुक्त सहकारिता मंदसौर तहसील मंदसौर सदस्य, उप संचालक कृषि एवं किसान कल्याण विभाग मंदसौर तहसील मल्हारगढ सदस्य, इसके साथ ही सदस्य प्रबंधक जिला अग्रणी बैक मंदसौर तहसील सीतामऊ, सदस्य मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्या. मंदसौर तहसील सुवासरा, सदस्य जिला सूचना विज्ञान अधिकारी एनआईसी मंदसौर तहसील दलौदा, सदस्य जिला प्रबंधक, नागरिक आपूर्ति निगम मंदसौर तहसील शामगढ़, सदस्य जिला प्रबंधक मध्यप्रदेश स्टेट वेयरहाउसिंग एण्ड लॉजिस्टक कार्पोरेशन लि. मंदसौर तहसील गरोठ, सदस्य जिला विपणन अधिकारी मंदसौर तहसील भानपुरा, सदस्य अधीक्षक भू-अभिलेख मंदसौर पंजीयन एवं सत्यापन सुनिश्चित करवाने एवं आने वाली समस्या एवं शिकायतों का निराकरण करना, सदस्य सचिव कृषि उपज मंडी मंदसौर जिले की समस्त मंडियों में स्थापित उपार्जन केन्द्रो के प्रभारी, सदस्य नाप-तौल निरीक्षक जिला मंदसौर जिले के समस्त संबंधित तौल कांटो का समय-सीमा में सत्यापन, सदस्य/सचिव जिला आपूर्ति अधिकारी मंदसौर संपूर्ण जिले में पंजीयन केंद्र की स्थापना एवं अधिकृत करना।

सभी सदस्य अपने नाम के सम्मुख उल्लेखित तहसील में पंजीयन एवं उपार्जन के दौरान सतत् मॉनीटरिंग कर कठिनाईयों का निराकरण करेंगे, उपखंड स्तरीय समिति के सतत् संपर्क में रहकर पंजीयन एवं सत्यापन समय-सीमा में पूर्ण कराएंगे तथा जिला आपूर्ति अधिकारी के माध्यम से अवगत करवाएंगे। उक्त समिति पंजीयन एवं उपार्जन के दौरान जिले में नियमानुसार एवं शातिपूर्ण उपार्जन के लिए उत्तर्दायी होगी एवं किसी भी प्रकार के विवाद का अंतिम निराकरण शासन निर्देशानुसार करेगी।

=================

ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लागू : कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग

परीक्षा केन्द्रों से 100 मीटर की परिधि में अनाधिकृत व्यक्तियों का प्रवेश प्रतिबंधित

सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी फैलाने पर दर्ज होगी एफआईआर

परीक्षा केन्द्रों पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा-163 के तहत निषेधाज्ञा जारी

मंदसौर 3 फरवरी 2026/ माध्यमिक शिक्षा मण्डल, भोपाल द्वारा आयोजित वर्ष 2026 की हायर सेकण्डरी सर्टिफिकेट मुख्य परीक्षा 10 फरवरी 2026 से 07 मार्च 2026 तक एवं हाईस्कूल सर्टिफिकेट मुख्य परीक्षा 13 फरवरी 2026 से 06 मार्च 2026 तक प्रातः 9.00 बजे से दोपहर 12.00 बजे तक आयोजित की जाएगी।

परीक्षाओं की पवित्रता, पारदर्शिता एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग द्वारा मंदसौर जिले के समस्त परीक्षा केन्द्रों पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा-163 के तहत निषेधाज्ञा जारी की गई है।

मध्य प्रदेश मान्यता प्राप्त परीक्षा अधिनियम 1937 के प्रावधानों के अनुसार परीक्षा केन्द्रों से 100 मीटर की परिधि में परीक्षा प्रारंभ होने के दो घंटे पूर्व से परीक्षा समाप्ति तक अनाधिकृत व्यक्तियों का बिना उद्देश्य प्रवेश, घूमना, किसी प्रकार की सामग्री का वितरण अथवा प्रचार-प्रसार पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही हाथ ठेला, खोमचा, लारी आदि लगाकर व्यवसाय करने पर भी पूर्ण रोक रहेगी।

परीक्षा तिथियों में केन्द्राध्यक्ष, सहायक केन्द्राध्यक्ष, पर्यवेक्षक, अन्य संलग्न कर्मचारी एवं परीक्षार्थियों द्वारा परीक्षा केन्द्र पर मोबाईल फोन लाना एवं उपयोग करना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। केवल कलेक्टर प्रतिनिधि को ही मोबाईल फोन उपयोग की अनुमति रहेगी तथा किसी भी प्रकार की रिपोर्टिंग मोबाईल फोन से नहीं की जाएगी।

नकल, सामूहिक नकल, गोपनीयता भंग करने का प्रयास अथवा सोशल मीडिया के माध्यम से भ्रामक जानकारी फैलाने के मामलों में संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध परीक्षा अधिनियम 1937 सहित अन्य सुसंगत अधिनियमों के तहत पुलिस में एफआईआर दर्ज की जाएगी। परीक्षार्थियों की तलाशी शालीनता एवं दृढ़ता से की जाएगी, छात्राओं की तलाशी केवल महिला शिक्षिकाओं द्वारा ही की जाएगी।

संवेदनशील एवं अति संवेदनशील परीक्षा केन्द्रों के आसपास 5 या उससे अधिक व्यक्तियों की अनाधिकृत मौजूदगी पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसके अतिरिक्त म.प्र. कोलाहल नियंत्रण अधिनियम 1985 की धारा-10 के तहत ध्वनि विस्तारक यंत्रों (लाउडस्पीकर, डी.जे. आदि) के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। नियम विरुद्ध उपयोग पर संबंधितों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

उक्त आदेश का उल्लंघन करने पर भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा-223 सहित अन्य सुसंगत अधिनियमों एवं परीक्षा अधिनियम 1937 के तहत वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। यह आदेश आगामी दो माह की अवधि तक प्रभावशील रहेगा।

===============

मंदसौर पुलिस की अवैध मादक पदार्थों के विरूद्ध बड़ी कार्रवाई

1 करोड़ 50 लाख रूपए से अधिक की एमडी ड्रग्स अन्‍य सामग्री जब्‍त दो आरोपी गिरफ्तार

मंदसौर 3 फरवरी 26 / प्रदेश में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा लगातार सख्त एवं प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में मंदसौर जिले की थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने लगभग 1 करोड़ 50 लाख रूपएसे अधिक की एमडी ड्रग्‍स के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

यह कार्यवाही पुलिस अधीक्षक मंदसौर श्रीविनोद कुमार मीनाके मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंदसौर श्रीटी.एस. सिंह बघेलएवं नगर पुलिस अधीक्षक मंदसौर श्रीजितेन्द्र सिंह भास्कर के निर्देशन में तथा थाना प्रभारी कोतवाली श्रीपुष्पेन्द्र सिंह राठौरके नेतृत्व में की गई।

01 फरवरी को थाना को तवाली को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि देवलजी, जिला प्रतापगढ़ (राजस्थान) निवासी गुलशेर खान पठान एमडी ड्रग्स नंदकिशोर उर्फ नंदुको बेचने मंदसौर आ रहा है। सूचना पर थाना कोतवाली पुलिस ने मुखबिर के बताए स्‍थान पर कार्रवाई करते हुए गुलशेर खान पठान एवं उसके साथ मौजूद नंदकिशोर उर्फ नंदु को धर दबोचा। तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के कब्जे से 01 किलो 500 ग्राम अवैध एमडी ड्रग्स, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 1 करोड़ 50 लाखहै, बरामद की गई। इसके अतिरिक्त 7,000 कीमत का अवैध डोडाचूरा तथा घटना में प्रयुक्तदो मोटरसाइकिलभी जब्त की गईं। आरोपियों के विरूद्ध थाना कोतवाली में अपराध एनडीपीएस एक्टके अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है।

=============

मैपकास्ट द्वारा मिशन एक्सीलेंस में होगा विज्ञान मंथन 2025-26 का आयोजन

प्रदेश के स्कूली विद्यार्थियों को मिलेगा इसरो एवं श्रीहरिकोटा के शैक्षणिक भ्रमण एवं वैज्ञानिकों से मिलने का अवसर

मंदसौर 3 फरवरी 26 / मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (मैपकास्ट) भोपाल द्वारा म.प्र. मिशन एक्सीलेंस अभियान के अंतर्गत विज्ञान मंथन यात्रा 2025-26 का आयोजन किया जा रहा है। इस अभिनव योजना का उद्देश्य प्रदेश के विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति अभिरुचि विकसित करना है। योजना में मध्यप्रदेश के शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के कक्षा 10वीं के विद्यार्थी और 11वीं एवं 12वीं के केवल विज्ञान विषय के विद्यार्थी शामिल होंगे। इन विद्यार्थियों को देश के ख्याति प्राप्त इसरो और श्रीहरिकोटा अनुसंधान संस्थान एवं प्रयोगशाला का शैक्षणिक भ्रमण करवाया जाएगा। विद्यार्थियों को इसरो के वैज्ञानिकों से संवाद कर विज्ञान से जुड़ी अपनी जिज्ञासाओं के समाधान प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। विद्यार्थी इसरो के चंद्रयान मिशन सहित विभिन्न उपग्रहों के मॉडल्स और उनकी कार्यप्रणाली भी देखेंगे। इस अवसर पर विद्यार्थी उन वैज्ञानिकों से भी मुलाकात कर सकेंगे, जिन्होंने चंद्रयान मिशन की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। यह भ्रमण एवं अवलोकन कार्यक्रम अप्रैल 2026 में आयोजित किया जाएगा।

विज्ञान मंथन यात्रा में भाग लेने के लिए ऐसे विद्यार्थी पात्र होंगे, जिन्होंने पिछली कक्षा में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त किए हों। साथ ही विज्ञान विषय के शिक्षक एवं शिक्षिकाएं भी इस कार्यक्रम में सहभागिता कर सकेंगे। इच्छुक विद्यार्थी एवं शिक्षक www.mpcost.gov.in या mpmissionexcellence.org के माध्यम से 9 फरवरी 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। पात्रता एवं आवश्यक दिशा-निर्देश संबंधित वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।

=============

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}