भोपालमध्यप्रदेशराजनीति

CM मोहन यादव का राहुल गांधी पर तीखा पलटवार, ‘छात्रों की गूंज’ को बताया ‘झूठ की गूंज’, बोले- तथ्यों के साथ संवाद करें राहुल, भ्रम फैलाना बंद करें

 सीएम का बड़ा बयान, कहा- कांग्रेस राज में शिक्षा बजट 2 हजार करोड़ था आज 38,658 करोड़, ड्रॉपआउट दर 16% से शून्य की ओर, 5 से बढ़कर 33 मेडिकल कॉलेज, प्रति व्यक्ति आय 11 हजार से बढ़कर 1.59 लाख, पुलिस में 18 हजार भर्ती, शिक्षा में 10 हजार पद

भोपाल। इंदौर में राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के बाद मध्य प्रदेश की सियासत गरमा गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राहुल गांधी के कार्यक्रम को ‘झूठ की गूंज’ करार दिया है और कहा है कि राहुल गांधी तथ्यों के साथ संवाद करें।

CM बोले- यह झूठ की गूंज है

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यदि बच्चों, युवाओं और शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर संवाद किया जा रहा है, तो तथ्यों और आंकड़ों को सामने रखना चाहिए। आज के कार्यक्रम में तथ्यों के बजाय भ्रम फैलाने का प्रयास दिखाई दिया। यह छात्रों की गूंज नहीं झूठ की गूंज है।

कांग्रेस राज vs भाजपा राज के आंकड़े गिनाए

मुख्यमंत्री ने मध्यप्रदेश के विकास की वास्तविक तस्वीर रखते हुए कहा- 1956 से 2002-03 तक प्रदेश में अधिकांश समय कांग्रेस की सरकार रही, तब ड्रॉपआउट दर 16% थी, आज सांदीपनि विद्यालयों जैसी योजनाओं से ड्रॉपआउट दर को शून्य तक लाने की दिशा में प्रगति हुई है। कांग्रेस राज में स्कूल शिक्षा का बजट लगभग 2 हजार करोड़ रुपये था, जबकि आज यह बढ़कर 38,658 करोड़ रुपये हो गया है।

क्या कांग्रेस राज में मिलती थीं ये सुविधाएं?

CM ने सवाल उठाया कि कांग्रेस के शासनकाल में क्या बच्चों को गणवेश, आवागमन के लिए साइकिल, मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप और स्कूटी जैसी सुविधाएं मिलती थीं? आज मध्यप्रदेश सरकार विद्यार्थियों की शिक्षा, सुविधाओं और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

मेडिकल कॉलेज और बिजली पर भी गिनाए आंकड़े

स्वास्थ्य शिक्षा के क्षेत्र में 1956 से 2002-03 तक प्रदेश में केवल 5 मेडिकल कॉलेज थे, अटल जी की सरकार में एक और मिला, आज प्रदेश में 33 मेडिकल कॉलेज संचालित हैं। सीटें 680 से बढ़कर 7 हजार से अधिक हो गई हैं।

प्रति व्यक्ति आय और बिजली उत्पादन में बंपर वृद्धि

वर्ष 2002-03 तक प्रति व्यक्ति आय लगभग 11 हजार रुपये थी, जो आज बढ़कर 1.59 लाख रुपये हो गई है। बिजली उत्पादन क्षमता 5 हजार मेगावाट से बढ़कर 32 हजार मेगावाट हो गई है।

रोजगार पर सरकार का फोकस

CM ने कहा कि पुलिस विभाग में लगभग 18 हजार पदों पर भर्ती की जा रही है, जिनमें करीब 10 हजार युवाओं को प्रशिक्षण देकर पुलिस सेवा से जोड़ा जा चुका है। स्कूल शिक्षा विभाग में 10 हजार भर्तियां, 7 हजार प्राध्यापकों की भर्ती, एक लाख से अधिक पदों पर प्रमोशन और हर वर्ष एक लाख पदों के सृजन की दिशा में सरकार आगे बढ़ रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}