नीमचमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश नीमच 28 जनवरी 2026 बुधवार

///////////////////////////

आज बैंकों में राष्ट्रव्यापी हडताल
पंजाब नेशनल बैंक के समक्ष प्रदर्शन होगा

नीमच। आज दिनांक 27 जनवरी 2026 को देशभर की बैंकों के आठ लाख अधिकारी-कर्मचारी हडताल पर रहेंगे। नीमच जिले की सभी राष्ट्रीयकृत बैंकों में भी पूर्ण हडताल रहेगी। हडताल से निजी बैंकों, क्षेत्रीय ग्रामीण व सहकारी बैंकों के कामकाज पर भी असर पडेगा।
उक्त जानकारी देते हुए यूनाईटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन के जिला अध्यक्ष किशोर जेवरिया, सचिव सतीश भटनागर ने बताया कि लम्बे समय से बैंक कर्मचारी बैंकों में 5 दिवसीय कार्य सप्ताह की मांग करते चले आये हैं। बैंक कर्मचारियों की इस मांग पर इंडियन बैंक एसोसिएशन एवं बैंक कर्मचारियों व अधिकारियों के बीच दिसम्बर 2023 में सहमति बनी थी। आईबीए ने सरकार से 5 दिवसीय कार्य सप्ताह की सिफारिश की थी। यह प्रस्ताव सरकार के पास दो वर्षों से लम्बित है। इस बीच कई बार कर्मचारी संगठनों ने इस देरी के लिये आईबीए व सरकार को कई बार स्मरण कराया, परन्तु कोई नतीजा नहीं निकलते देख बैंक कर्मचारियों अधिकारियों के संगठन यूएफबीयू ने 27 जनवरी को हडताल की घोषणा कर दी।
हडताल के नोटिस के जवाब में मुख्य श्रम आयुक्त ने 20-21 जनवरी को आईबीए, वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवा विभाग के प्रतिनिधियों के साथ यूनाईटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के प्रतिनिधियों की एक सुलह बैठक आयोजित की, परन्तु बैठक का कोई सकारात्मक परिणाम नहीं निकलने के कारण 27 जनवरी की पूर्व घोशित हडताल पर बैंक अधिकारियों ने जाने का निर्णय लिया।
आज इसी तारतम्य में नीमच की टैगोर मार्ग कमल चौक स्थित पंजाब नेशनल बैंक के समक्ष जिले की राष्ट्रीयकृत बैंकों के सभी अधिकारी कर्मचारी प्रातः 10.30 बजे एकत्रित होकर अपनी मांग के समर्थन में प्रदर्शन करेंगे।

=================

आर.सी.एम.एस., लोक सेवा गारंटी में दर्ज कोई भी प्रकरण समय-सीमा बाह्य ना हो-श्री चंद्रा

कलेक्‍टर ने जिला अधिकारियों की बैठक में दिए निर्देश

नीमच 27 जनवरी 2026, आर.सी.एम.एस.पर दर्ज कोई भी राजस्‍व प्रकरण समय-सीमा में बाह्य ना हो, सभी प्रकरणों का समय-सीमा में ही निराकरण सुनिश्चित किया जाए। लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत आवेदकों को भी समय सीमा में सेवाए उपलब्‍ध करवाई जाए। सभी विहित प्राधिकारी समय सीमा में आवेदकों को सेवाएं उपलब्‍ध कराना सु‍निश्चित करें। कोई भी प्रकरण समय सीमा बाह्य होना पाया जावेगा, तो संबंधित अधिकारी के विरूद्ध आर्थिक शास्ति आरोपित की जावेगी। यह निर्देश कलेक्‍टर श्री हिमांशु चंद्रा ने मंगलवार को कलेक्‍टोरेट सभाकक्ष नीमच में समय सीमा के प्रकरणों के निराकरण की साप्‍ताहिक समीक्षा बैठक में सभी अधिकारियों को दिए। बैठक में एडीएम श्री बी.एस.कलेश, सभी एसडीएम, डिप्‍टी कलेक्‍टर एवं जिला अधिकारी उपस्थित थे।

बैठक में कलेक्‍टर ने निर्देश दिए, कि सडक सुरक्षा समिति की बैठके नियमित रूप से हो और उनके कार्यवाही विवरण एवं पालन प्रतिवेदन पोर्टल पर नियमित रूप से अपलोड किए जाए। उन्‍होने कहा,कि 15 वर्ष से ऊपर अवधि का कोई भी शासकीय वाहन उपयोग में ना रहे। ऐसे वाहनों के निष्‍प्रायोजित घोषित करने की कार्यवाही की जाए। कलेक्‍टर ने सभी जिला अधिकारियों को निर्देश दिए, कि वे दोपहिया वाहनों से कार्यालय आने वाले, कर्तव्‍य पर उपस्थित होने वाले सभी शासकीय सेवक अनिवार्य रूप से तत्‍काल प्रभाव से हेलमेट लगाए। चार पहिया वाहनों का उपयोग करने वाले शासकीय सेवक सीट बेल्‍ट का उपयोग अवश्‍य करें। हेलमेट का उपयोग नहीं करने वाले शासकीय सेवकों की कार्यालय में उस दिन की उपस्थिति मान्‍य नहीं की जावेगी।

कलेक्‍टर ने सभी जनपद सीईओ और सीएमओ को निर्देश दिए, कि वे फरवरी अंत तक शतप्रतिशत शेष रहे समग्र ईकेवायसी का कार्यपूर्ण करवाएं। इस कार्य को सर्वोच्‍च प्राथमिकता दे। कलेक्‍टर ने निर्देश दिए, कि सीएम हेल्‍पलाईन में दर्ज एक भी शिकायत नान अटेंडेंट ना रहे। सभी शिकायतों को अटेंड कर उनके निराकरण/उत्‍तर अपलोड करना सभी एल-1 अधिकारी सुनिश्चित करें। कलेक्‍टर ने सीएम हेल्‍पलाईन में नॉन अटेंडेंट शिकायतों के लिए संबंधित अधिकारियों को कारण बताओं नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए।

अवैध नल कनेक्‍शनों के विरूद्ध कार्यवाही

कलेक्‍टर श्री चंद्रा ने जिले के सभी नगरीय निकायों के सीएमओ को निर्देश दिए, कि नगरीय क्षेत्र में नाली, नालो में से निकल रही पेयजल पाईप लाईन एवं अवैध नल कनेक्‍शनों के विरूद्ध सख्‍त कार्यवाही सुनिश्चित करे। उन्‍होने निर्देश दिए, कि किसी भी परिस्थिति में किसी मोहल्‍ले में दूषित पेयजल की आपूर्ति ना होने पाए।

नामांतर, बटवारा के आवेदन ऑनलाईन करें

बैठक में बताया गया, कि नामांतरण, बटवारा के लिए सभी आवेदक ऑनलाईन लोकसेवा केंद्र के माध्‍यम से ही आवेदन करे, जिससे, कि उनका तय समय सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जा सके। उन्‍होने आवेदकों से निर्धारित शुल्‍क जमा कर लोकसेवा केंद्र के माध्‍यम से नामांतरण, बटवारा के आवेदन करने के लिए पक्षकारों को प्रेरित करने के निर्देश भी दिए है।

========

जिले के नागरिक अवैध कालोनियों में भूखण्‍डों का क्रय, विक्रय नहीं करें-श्री चंद्रा

कलेक्‍टर ने जिले के नागरिकों से की अपील

नीमच 27 जनवरी 2026, कलेक्‍टर श्री हिमांशु चंद्रा ने नीमच जिले के सभी नागरिको से अपील की है, कि वे नीमच जिले के अंतर्गत किसी भी नगर पंचायत, नगर परिषद, नगरपालिका क्षेत्र एवं ग्राम पंचायत क्षेत्र में अवैध कालोनी में भूखण्‍डों का क्रय-विक्रय नहीं करें। कलेक्‍टर ने जारी अपील में कहा है, कि अवैध कालोनी अंतर्गत आम नागरिकों के लिए बिजली, पानी, सड़क, नाली, गार्डन, सफाई व्‍यवस्‍था, बैंक लोन आदि सुविधाएं नहीं होने से आम जनता को परेशानियों का सामना करना पडता है तथा अवैध कालोनियों में सफाई व्‍यवस्‍था नहीं होने से कई प्रकार की बिमारी, संक्रमण आदि के फैलने का खतरा हमेशा बना रहता है। जिससे आम नागरिकों के स्‍वास्‍थ्‍य पर बुरा असर पड़ता है।

कलेक्‍टर श्री चंद्रा ने कहा है, कि शासन के नियमों एवं निर्देशों के अनुसार अवैध कालोनियों के निर्माणकर्ता के विरूद्ध सख्‍त कार्यवाही के प्रावधान है। अत: जिले में अवैध कालोनी निर्माणकर्ता, कालोनाईजरों के विरूद्ध नियमानुसार दाण्डिक एवं प्रशासनिक कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।

===============

खनिज टीम ने की कार्यवाही- तीन वाहन जप्‍त

नीमच 27 जनवरी 2026, जिले में खनिज के अवैध उत्‍खन्‍न परिवहन एवं भण्‍डारण के विरूद्ध मंगलवार को खनिज टीम द्वारा कार्यवाही करते हुए जावद एवं मनासा क्षेत्र में गिट्टी एवं मुरम का उत्‍खनन एवं अवैध परिवहन करते पाए गए तीन वाहनों को जप्‍त किया गया है। खनिज अधिकारी श्री गजेन्‍द्र सिह डाबर ने बताया, कि खनिज टीम द्वारा अवैध उत्‍खन्‍न परिवहन करते पाए जाने पर गिट्टी के डम्‍पर आर.जे.44जी.ए.4036 एवं मुरम के डम्‍पर आर.जे.09जी.ए.6934 एवं जेसीबी आर.जे.09ई.ए.4085 को जप्‍त कर, पुलिस थाना जावद, मनासा एवं डिकेन की अभिरक्षा में खडे किए गए है।

==================

विकास, विश्वास और दूरदर्शिता के साथ आगे बढ़ रहा है मध्यप्रदेश : उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा

नीमच : 27 जनवरी, 2026 /उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा ने कहा है कि शासन का मूल उद्देश्य जनता की सेवा है। सत्ता में रहकर यदि जनता के कार्य न किए जाएँ, तो सत्ता का कोई औचित्य नहीं रह जाता। यही भावना वर्तमान राज्य सरकार के प्रत्येक निर्णय की आधारशिला है। उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने मंगलवार को एक निजी चैनल को दिये साक्षात्कार में मध्यप्रदेश की आर्थिक प्रगति, राज्य सरकार के 2 वर्षों की उपलब्धियों, आगामी बजट दृष्टि, स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई, सड़क कनेक्टिविटी तथा जनकल्याणकारी योजनाओं पर विस्तार से अपने विचार रखे।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व की सराहना करते हुए उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने कहा कि बीते 2 वर्षों में प्रदेश ने विकास का नया अध्याय लिखा है। इस अवधि में रोजगार सृजन, ग्रामीण एवं शहरी कनेक्टिविटी, शिक्षा ढांचे के विस्तार, सिंचाई सुविधाओं के व्यापक विकास तथा बुनियादी अधोसंरचना में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। उन्होंने कहा कि यह विकास यात्रा जनता के विश्वास की शक्ति से आगे बढ़ रही है।

आगामी बजट जनभागीदारी और दूरदर्शिता पर आधारित

उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने बताया कि राज्य सरकार आगामी वित्तीय वर्ष के लिए अधिक परिमाण वाले बजट ढांचे की दिशा में कार्य कर रही है। यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं होगा, बल्कि जनता की मूलभूत आवश्यकताओं पर आधारित विकास का रोडमैप बनेगा। उन्होंने कहा कि सरकार भविष्य में रोलिंग बजट प्रणाली लागू करने की दिशा में भी कार्य कर रही है, जिससे योजनाओं को लचीला और परिणाम-केंद्रित बनाया जा सके। साथ ही, जनता से सुझाव लेकर उन्हें बजट प्रक्रिया का हिस्सा बनाया जा रहा है।

केंद्र के साथ प्रभावी समन्वय

उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने जानकारी दी कि वे हाल ही में दिल्ली में केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण के साथ प्री-बजट बैठक में सम्मिलित हुए, जहाँ उन्होंने मध्यप्रदेश की विकास आवश्यकताओं को मजबूती से रखा। विशेष रूप से आगामी सिंहस्थ/कुंभ आयोजन से जुड़े पूंजीगत विकास कार्यों के लिए लगभग 2000 करोड़ रुपये के प्रावधान का विषय प्रमुखता से उठाया गया।

विकसित भारत@2047 में मध्य प्रदेश की अग्रणी भूमिका

उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का “विकसित भारत-2047” का संकल्प देश के भविष्य की दिशा तय करने वाला है। मध्यप्रदेश इस राष्ट्रीय लक्ष्य की प्राप्ति में अग्रणी भूमिका निभाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

स्वास्थ्य, सिंचाई और कनेक्टिविटी में ऐतिहासिक बदलाव

उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में प्रदेश की तस्वीर तेजी से बदली है। प्रत्येक जिले में स्वास्थ्य ढांचा मजबूत किया जा रहा है और चिकित्सा शिक्षा का विस्तार हो रहा है। आयुष्मान भारत योजना गरीबों के लिए वरदान सिद्ध हुई है, जिससे लाखों परिवारों को मुफ्त इलाज का लाभ मिल रहा है। सिंचाई के क्षेत्र में योजनाबद्ध विस्तार से खेतों तक पानी पहुँचा है, कृषि उत्पादन बढ़ा है और किसानों की आय में सुधार हुआ है। वहीं सड़क और कनेक्टिविटी विकास की वास्तविक तस्वीर प्रस्तुत कर रही है। शिक्षा और बच्चों से संवाद सरकार की प्राथमिकतता। उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने कहा कि बच्चों से संवाद कर उनकी आवश्यकताओं को समझना सरकार की प्राथमिकता है। विद्यार्थियों को बेहतर वातावरण, संसाधन और अवसर उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है।

कर व्यवस्था पर स्पष्ट संदेश

उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने स्पष्ट किया कि जनता से लिया गया कर जनता की सुविधाओं और विकास कार्यों पर ही खर्च किया जाता है। सरकार का हर निर्णय जनहित केंद्रित है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश विकास, सुशासन और पारदर्शिता के साथ निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है।

=================

कलेक्‍टर द्वारा जिले में तीन अनाधिकृत कालोनियों की भूमि में किसी भी तरह के अंतरण पर लगाई रोक

अवैध कालोनाईजरों के विरूद्ध एफ.आई.आर. दर्ज कराने का आदेश

नीमच 27 जनवरी 2026, कलेक्‍टर श्री हिमांशु चंद्रा द्वारा मनासा, सरवानिया महाराज एवं जावद में अनाधिकृत रूप से आवासीय कालोनी विकसित कर, भूखण्‍डों का विक्रय करने वाले कालोनाईजरों के विरूद्ध आदेश पारित कर, इन अनाधिकृत कालोनियों की भूमि में किसी भी तरह के अंतरण पर रोक लगाने का आदेश जारी किया गया है। इस संबंध में संब‍ंधित नगरीय निकाय एवं एसडीएम को समाचार पत्र एवं अन्‍य माध्‍यमों से सार्वजनिक सूचना प्रकाशित कराने के आदेश भी दिए है। साथ ही म.प्र.नगरपालिका अधिनियम एवं म.प्र.नगरपालिका (कालोनी विकास) नियम 2021 के नियम 22 के अंतर्गत अनावेदक कालोनाईजर के विरूद्ध संबंधित पुलिस थाने में एफ.आई.आर.दर्ज कराने का आदेश संबंधित मुख्‍य नगरपालिका अधिकारियों को दिया गया है।

इस संबंध में प्राप्‍त जानकारी के अनुसार कलेक्‍टर श्री हिमांशु चंद्रा द्वारा मंगलवार को आवेदक अनुविभागीय अधिकारी राजस्‍व जावद विरूद्ध अनावेदक कैलाशचंद्र पिता गोविंदराम तेली शीतला माता मोहल्‍ला जावद, पुष्‍करराज तेली पिता गोविंदराम तेली एवं अभिषेक पिता अशोक भारव्‍दाज निवासी जावद के एक प्रकरण में पारित आदेशानुसार अनावेदकों द्वारा अवैध रूप से अवैध कालोनी का निर्माण कर, छोटे-छोटे भूखण्‍ड का विक्रय करना पाया जाने और अवैध कालोनी विकसित करने पर संबंधित उक्‍त अनावेदकों के विरूद्ध एफ.आई.आर. दर्ज कराने और म.प्र.नगरपालिका (कालोनी विकास) नियम 2021 के नियम 22 (4) के तहत अनाधिकृत कालोनी में सभी चिं‍हाकन और सभी प्रकार के निर्माण हटाने की कार्यवाही करने के निर्देश एसडीएम एवं संबंधित सीएमओ को दिए है।

कलेक्‍टर द्वारा आवेदक अनुविभागीय अ‍धिकारी राजस्‍व मनासा एवं अनावेदक काईद जोहर पिता अब्‍बास अली बोहरा निवासी रानी लक्ष्‍मीबाई मार्ग मनासा के प्रकरण में पारित आदेशानुसार म.प्र.नगरपालिका अधिनियम एवं म.प्र.नगरपालिका (कालोनी विकास) नियम के अंतर्गत अनाधिकृत कालोनी की भूमि में किसी भी प्रकार के अंतरण पर रोक लगाते हुए इस संबंध में सार्वजनिक सूचना, समाचार पत्र एवं अन्‍य माध्‍यमों में प्रकाशित कराने एवं अनावेदक के विरूद्ध एफ.आई.आर. दर्ज कराने तथा अनाधिकृत कालोनी में सभी चिं‍हाकन और सभी प्रकार के निर्माण हटाने की कार्यवाही करने का आदेश एसडीएम एवं संबंधित सीएमओ मनासा को दिए है।

इसी तरह अनुविभागीय अधिकारी राजस्‍व जावद एवं अनावेदक मनोज पिता रामलाल छाबडा, सुभाष पिता मोतीलाल छाबडा निवासी उषागंज कालोनी मनासा एवं रोशनलाल जैन पिता देवीलाल जैन निवासी सरवानिया महाराज के प्रकरण में कलेक्‍टर द्वारा मंगलवार को पारित आदेशानुसार म.प्र.नगरपालिका अधिनियम एवं म.प्र.नगरपालिका (कालोनी विकास) नियम के अंतर्गत अनाधिकृत कालोनी की भूमि में किसी भी प्रकार के अंतरण पर रोक लगाते हुए इस संबंध में सार्वजनिक सूचना, समाचार पत्र एवं अन्‍य माध्‍यमों में प्रकाशित कराने एवं अनावेदकों के विरूद्ध एफ.आई.आर.दर्ज कराने तथा अनाधिकृत कालोनी में सभी चिं‍हाकन और सभी प्रकार के निर्माण हटाने की कार्यवाही करने का आदेश एसडीएम जावद एवं संबंधित सीएमओ सरवानिया महाराज को दिए है।

==============

एक आरोपी तीन माह तक थाना हाजरी का आदेश

नीमच 27 जनवरी 2026, कलेक्‍टर एवं जिला दण्‍डाधिकारी श्री हिमांशु चंद्रा द्वारा म.प्र.राज्‍य सुरक्षा अधिनियम 1990 की धारा-5(क,ख) के तहत आरोपी फिरोज पिता शकावत निवासी एकता कालोनी बघाना, पुलिस थाना बघाना को तीन माह के लिए सदाचार बनाये रखने के लिए पुलिस थाना बघाना में सप्‍ताह में एक दिन थाना हाजरी का आदेश जारी किया गया है।

==================

नीमच में भारत पर्व में ढिमरयाई लोकनृत्‍य एवं कबीर भजनों का दर्शको और श्रोताओं ने किया करतल ध्वनि से स्वागत

कबीर भजनों को सुनकर मंत्र मुग्ध हुए श्रोतागण

नीमच 27 जनवरी 2026, लोकतंत्र का उत्सव भारत पर्व 26 जनवरी 2026 की शाम को टाऊनहॉल नीमच में आयोजित किया गया। भारत पर्व में संस्‍कृति विभाग, स्‍वराज संस्‍थान संचालनालय भोपाल के कलाकारो द्वारा आकर्षक मनमोहक लोक नृत्यों और सुमधुर कबीर भजनों की प्रस्तुति ने उपस्थित श्रोताओं को मंत्र मुग्ध कर दिया और दर्शकों ने इन प्रस्तुतियों का करतल ध्वनि से स्वागत किया। इसके साथ ही स्‍थानीय कलाकारों एवं छात्र-छात्राओं द्वारा भी देशभक्ति पूर्ण कार्यक्रम प्रस्‍तुत किये गए।

लोकतंत्र के उत्‍सव भारत पर्व में संस्‍कृति विभाग, स्‍वराज संस्‍थान संचालनालय भोपाल के कलाकारों के दलों द्वारा देशभक्ति पूर्ण गीतों एवं लोक नृत्‍य की प्रस्‍तुति दी गई। भारत पर्व में संस्‍कृति विभाग के कलाकार देवास के श्री देवकरण मालवीय एवं सात सदस्‍यीय कलाकारों के दल द्वारा प्रस्तुत सुप्रसिद्ध कबीर भजनों का संगीतमय गायन सुनकर श्रोतागण मंत्र मुग्ध हो गए। सिरोंज के ढिमरयाई लोकनृत्‍य कलाकार सूरज केवट एवं 10 सदस्‍यीय दल ने ढिमरयाई लोकनृत्‍य की मनमोहक प्रस्‍तुति दी जिसे उपस्थित जन समुदाय ने खूब सराहा ।

प्रारंभ में विधायक श्री दिलीप सिंह परिहार नीमच, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती स्वाति चोपड़ा जिला अध्यक्ष श्रीमती वंदना खंडेलवाल एवं श्री हेमंत हरित तथा एडीएम श्री बीएस कलेश, एसडीएम श्री संजीव साहू डिप्टी कलेक्टर श्री चंद्र सिंह धार्वे, जिला पंचायत सीईओ श्री पराग जैन आदि ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर भारत पर्व कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अतिथियों ने संस्कृति विभाग के कलाकारों का पुष्पहारों से स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन सुश्री मंजुला धीर ने किया तथा अंत में नीमच सीएमओ सुश्री दुर्गा बामनिया ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मध्य प्रदेश के विकास एवं विभिन्न योजनाओं उपलब्धियां पर आधारित प्रदर्शनी भी जनसंपर्क विभाग द्वारा लगाई गई। कार्यक्रम में उपस्थित जनों ने इस प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

कार्यक्रम में विधायक श्री परिहार एवं अतिथियों ने समारोह में प्रस्तुति देने वाले कलाकारों विद्यालयों के छात्र-छात्राओं और उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों अधिकारी कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार भी प्रदान किए। इस अवसर पर श्री निलेश पाटीदार श्रीमती हेमलता धाकड़ पार्षदगण जनप्रतिनिधि विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी स्कूली छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।

================

कलेक्‍टर ने दिए हरवार की बालिका छात्रावास में उपस्थित नहीं होने वाली

वार्डन को निलंबित करने के निर्देश दिए

निलम्बित संविदा वार्डन को पद से पृथक करने के दिए निर्देश

कलेक्‍टर ने की जनसुनवाई- 60 आवेदकों की सुनी समस्‍याएं

नीमच 27 जनवरी 2026, कलेक्‍टर श्री हिमांशु चंद्रा ने मंगलवार को कलेक्‍टोरेट सभाकक्ष नीमच में जनसुनवाई करते हुए आवेदकों की समस्‍याएं सुनी और उनका निराकरण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। जनसुनवाई में कस्‍तुरबा बालिका छात्रावास हरवार की पूर्व में शिकायत के आधार पर निलंबित की गई, संविदा वार्डन को पद से पृथक करने के निर्देश कलेक्‍टर ने जिला परियोजना समन्‍वयक को दिए है। हरवार छात्रावास की छात्राओं ने मंगलवार को जनसुनवाई में छात्रावास में अधीक्षक नहीं होने संबंधी आवेदन प्रस्‍तुत किया। इस पर कलेक्‍टर ने हरवार छात्रावास में नव पदस्‍थ की गई वार्डन द्वारा कार्य भार गृहण नहीं करने पर नव पदस्‍थ वार्डन को निलंबित करने के निर्देश भी जिला शिक्षा अधिकारी को दिए है।

जनसुनवाई में खजुरी मनासा की शंकुतला बाई ने पति की कृषि कार्य करते हुए 16 जून 2025 को करंट लगने में मृत्‍यु हो जाने पर मुख्‍यमंत्री कृ‍षक जीवन कल्‍याण योजना के तहत आर्थिक सहायता दिलाने के आवेदन पर कलेक्‍टर ने पीडित महिला को तत्‍काल मुख्‍यमंत्री कृषक जीवन कल्‍याण योजना के तहत आर्थिक सहायता स्‍वीकृत करने के निर्देश उप संचालक कृषि नीमच को दिए तथा एडीएम उक्‍त प्रकरण का फालोअप करने के भी निर्देश दिए है।

इस अवसर पर अपर कलेक्‍टर श्री बी.एस.कलेश, जिला पंचायत सीईओ श्री पराग जैन, एसडीएम नीमच श्री संजीव साहू सहित जिला अधिकारी उपस्थित थे।

जनसुनवाई में रामपुरा की बालीबाई, मंदसौर की पुष्‍पा चौहान, दामोदरपुरा के मोतीलाल, बघाना के रफीक खान,बरखेडा के जगदीशचंद्र, बरलाई की ललिताबाई, महागढ के उम्‍मेदसिह, कालूसिह, नीमच की अनिता कुंवर, साकरियाखेडी के जुगल किशोर, सेमार्डा के भगवानलाल, सेमलीचक के गोविंद पाटीदार ने अपनी समस्‍याओं से संबंधित आवेदन प्रस्‍तुत किए।

इसी तरह नीमच के राकेश शर्मा, पालराखेडा के अमृत नागदा, रूपपुरा के मांगुसिह, मेडकी के नन्‍दकिशोर, खोर के मदनलाल, आत्रीमाता की इंद्राबाई, धनेरिया रोड बघाना के विक्रम राठौर, कुमारिया विरान की कलाबाई, घसुण्‍डी जागीर के भरत मीणा, चौथखेडा के कैलाश, सरवानिया महाराज के महेश सैनी, पालसोडा के राधाकिशन, सेदरिया के दीपक, बर्डिया जागीर की सुनीताबाई, कचौली के इमरान ने भी अपनी समस्‍याओं से संबंधित आवेदन जनसुनवाई में प्रस्‍तुत किए। जिस पर संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में कार्यवाही करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

============

जिला प्रशासन द्वारा जिले के 65 पीडितों को रेडक्रास से एक साल में मिली 16.71 लाख की सहायता

नीमच 27 जनवरी 2026, नीमच जिले के 65 पीडितों को कलेक्‍टर श्री हिमांशु चंद्रा द्वारा एक साल में रेडक्रास नीमच से 16 लाख 71 हजार 810 रूपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। रेडक्रास से प्राप्‍त जानकारी के अनुसार गिरदौडा की शीलाबाई यादव, नीमच की रूबीना रजाक, कराडिया महाराज की संगीतादेवी, मोरवन की बदामीबाई, पिपलिया नाथावत की भारत बाई, जावद के प्रहलाद मेघवाल, रामपुरा के राकेश मकवाना, आलोरी गरवाडा के समीर बरकत, कुण्‍डला के मदनलाल, बघाना की सुनीतादेवी को उपचार एवं नानपुरिया के पुष्‍कर गोमा भील को पुत्र के उपचार के लिए 10-10 हजार रूपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है।

रेडक्रास प्रभारी अधिकारी श्री पराग जैन ने बताया, कि कोटडी इस्‍तमुरार के विजय कुमार को बेटरी खरीदने के लिए 8310 रूपए, परिवार के पालन पोषण के लिए चौथखेडा के ईश्‍वरसिह को 5 हजार रूपये, डिकेन के मांगीलाल धाकड को 2 हजार रूपये, रामपुरा की विद्या मोर्य को पढ़ाई खर्च के लिए 10 हजार रूपये, नीमच की मुसरफ बानों को बच्‍चों की पढ़ाई के लिए 10 हजार रूपये, खडावदा की नखराबा, चौरसबाई एवं नंदुबाई, राधाबाई को सड़क दुर्घटना में परिजन की मृत्‍यु होने पर 10-10 हजार रूपये, कंजार्डा के सुरेश लोहार को उपचार के लिए 15 हजार रूपये, नीमच की खातुन बाई को भरण पोषण के लिए दो हजार रूपये, लबीना मर्सी जडसन को भरण पोषण के लिए 10 हजार रूपये, मनासा के संतोष ग्‍वाला को बच्‍चों की पढाई के लिए 10 हजार रूपये, नीमच की तबसुम बी को 20 हजार रूपये, हाडी पिपलिया की याशिका को पढ़ाई के लिए 10 हजार रूपये, जावद के प्रहलाद को उपचार के लिए 15 हजार रूपये, कुकडेश्‍वर के नन्‍दकिशोर को भरण पोषण के लिए 10 हजार रूपये, कराडिया के राजाराम रावत को मंच से गिरने पर उपचार के लिए 10 हजार रूपये, बघाना के प्रिंस अहीर को दिव्‍यांग क्रिकेट प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए 10 हजार रूपये, आलोरी की अमरीबाई को उपचार के लिए 15 हजार रूपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है।

इसी तरह सिंधी कालोनी नीमच की मीना सुभाष को उपचार के लिए 12 हजार रूपये, बघाना के रामलाल रेगर को 15 हजार रूपये, आंकली की प्रतिमा मोगिया को दुर्घटना में उपचार के लिए 20 हजार रूपये, मनासा के राहुल कायस्‍थ को पत्नि के उपचार के लिए 12 हजार रूपये, काकरिया तलाई के दिव्‍यांग दिनेश धाकड को स्‍वरोजगार के लिए 10 हजार रूपये, किशनपुरा की सोहनबाई को 10 हजार रूपये, बघाना की कैलाशी बाई को 10 हजार रूपये, सिंगोली के समीर को पुत्र के उपचार के लिए 30 हजार रूपये, बघाना के मनीष अहीर को स्‍कूल फीस के लिए 5 हजार रूपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है।

कुचडौद के चंद्रशेखर को पुत्री के विवाह के लिए 15 हजार रूपये, अम्‍बेडकर कालोनी की आशाबाई को उपचार के लिए 5 हजार रूपये, नीमच के फारूख मोहम्‍मद का पुत्री के विवाह के लिए 10 हजार रूपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है।

कलेक्‍टर द्वारा रेडक्रास से पिपलियारावजी की पदमा माली को जीवन यापन के लिए 10 हजार रूपये, आमली भाट के दीपक भट को पढाई खर्च के लिए 5 हजार रूपये, रामपुरा के रमेश रायकवार को उपचार के लिए 5 हजार रूपये, बघाना के अब्‍दुल रहीम को पुत्री के लिए 15 हजार रूपये, जावद के प्रकाश धरवाल को वर्ल्‍ड चेम्‍पीयनशिप में शामिल होने के लिए 25 हजार रूपये, ग्‍वालटोली के कालूलाल को माता के उपचार के लिए 15 हजार रूपये, नीमच की सोहन बाई प्रजापति को 10 हजार रूपये, रूपारेल की ललीता राठौर को सडक दुर्घटना में बच्‍चों के घायल होने पर उपचार के लिए 1.50 लाख रूपये, पति की मृत्‍यु हो जाने पर 50 हजार रूपये एवं जोडमी की श्रीमती लक्ष्‍मी बाई को पति की मृत्‍यु होने पर 50 हजार रूपये की आर्थिक सहायता स्‍वीकृत की गई है।

डिप्‍टी कलेक्‍टर श्री पराग जैन ने बताया, कि भरभडिया की खुशी मेघवाल को बिजली बिल के लिए 7500 रूपये, कार दुर्घटना में घायल माता के उपचार के लिए श्री रोहित सैन को 25 हजार रूपये, राजपाल सिह को पुत्री के उपचार के लिए 15 हजार रूपये, रामपुरा की कंकुबाई को पति की आकस्मिक मृत्‍यु होने पर 25 हजार रूपये, नंदबाई को पति की मृत्‍यु होने पर 20 हजार रूपये, नीमच के शांतिलाल को पुत्र के उपचार के लिए 8 हजार रूपये, मनासा में जीबीएस बीमारी से मृत होने पर पूरनमल के परिजनों को 2 लाख रूपये एवं मनासा में जीबीएस बीमारी से मृत होने पर अर्जुन देतवाल के परिजनों को 2 लाख रूपये, नीमच के अभिशेख हाडा, मनासा के धर्मेद हाडा एवं मनीष काबरा को जीबीएस के उपचार के लिए प्रत्‍येक को 1.20 लाख रूपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है।

===========

एनएसएसजी ग्रीन बेल्ट गार्डन पर बना 77वां गणतंत्र दिवस
समाजसेवियों ने संविधान के मूल्यों को अपनाने का दिया संदेश
नीमच, निप्र। नगर समस्या सुझाव ग्रुप (एनएसएसजी) द्वारा ग्रीन बेल्ट गार्डन में 77वां गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया। समारोह के अतिथि समाजसेवी रमेश कदम, डॉ. कमलेश पाटीदार, वरिष्ठ सदस्य संतोष चौपड़ा एवं ग्रुप एडमिन विवेक खण्डेलवाल ने भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण कर तिरंगा फहराया, इसके पश्चात सामूहिक राष्ट्रगान हुआ।
समारोह को संबोधित करते हुए समाजसेवी रमेश कदम ने संविधान के मूल्यों—स्वतंत्रता, समानता व भाईचारे—को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। डॉ. कमलेश पाटीदार ने कहा कि एनएसएसजी जैसे संगठन समाज को स्वस्थ, जागरूक व सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। संतोष चौपड़ा ने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय सहभागिता का आग्रह किया।
ग्रुप एडमिन विवेक खण्डेलवाल ने कहा कि गणतंत्र दिवस हमें संविधान के प्रति कर्तव्य और जिम्मेदारी का स्मरण कराता है।
ग्रीन बेल्ट जैसे प्रयास स्वच्छ पर्यावरण और स्वस्थ समाज की नींव हैं।
एनएसएसजी के माध्यम से हम जनसमस्याओं के समाधान के साथ पर्यावरण संरक्षण का भी संकल्प लेते हैं। आइए, हरित, स्वच्छ और सशक्त भारत के निर्माण में मिलकर योगदान दें।
इस अवसर पर रानी राणा, बरखा खण्डेलवाल, ऋतु नागदा, संगीता जारोली, रेणुका व्यास, मीना मनावत, शोभा शर्मा, ज्योति मित्तल एवं अमन चौहान ने देशभक्ति गीत व कविताएं प्रस्तुत कीं। एनएसएसजी सदस्यों वरुण खण्डेलवाल, संजय श्रीवास्तव व डॉ. पंकज सोलंकी आदि ने मुख्य अतिथियों के साथ ही खण्डेलवाल वैश्य समाज अध्यक्ष मधुसूदन खण्डेलवाल, वैश्य महासम्मेलन तहसील अध्यक्ष तुषार लालका एवं पार्षद हरगोविंद दीवान का माला पहनाकर स्वागत किया।
कार्यक्रम का संचालन विवेक खण्डेलवाल ने किया तथा आभार दिनेश मनावत ने माना। समारोह में बड़ी संख्या में एनएसएसजी सदस्य उपस्थित रहे।
==================

गणतंत्र दिवस मुख्य समारोह में मीसाबंदी खण्डेलवाल का सम्मान

नीमच, निप्र। 77वें गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर मध्यप्रदेश शासन द्वारा लोकतंत्र सेनानियों के सम्मान कार्यक्रम के अंतर्गत मुख्य समारोह में वरिष्ठ पत्रकार एवं मीसाबंदी स्व. गोपालजी खण्डेलवाल की धर्मपत्नी श्रीमती वीणा देवी खण्डेलवाल का सम्मान किया गया। जिले की प्रभारी मंत्री एवं केबिनेट मंत्री निर्मला भूरिया ने उन्हें शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया तथा आशीर्वाद प्राप्त किया।
मुख्य समारोह में सांसद सुधीर गुप्ता, विधायक दिलीपसिंह परिहार (नीमच), मनासा विधायक माधव मारू, जावद विधायक ओमप्रकाश सकलेचा, भाजपा जिला अध्यक्ष वंदना खण्डेलवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जनसिंह चौहान, नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चौपड़ा, नीमच जनपद अध्यक्ष शारदा धनगर, कलेक्टर हिमांशु चंद्रा, पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसौदिया, एसडीएम संजीव साहू एवं नगर पालिका कार्यालय अधीक्षक कन्हैयालाल शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित रहे।

==========

खण्डेलवाल समाज का तिराहा संत सुन्दरदासजी के नाम

नीमच (निप्र)। खंडेलवाल वैश्य समाज, नीमच द्वारा वार्ड क्रमांक 24 एवं 35, सिद्धि विनायक गेट के सामने संत सुंदरदास तिराहा (मार्ग) अनावरण समारोह गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष एवं सभापति वंदना खंडेलवाल, नगरपालिका अध्यक्ष स्वाति चौपड़ा तथा वार्ड 35 पार्षद आलोक सोनी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर समाज के अध्यक्ष मधुसूदन खण्डेलवाल, सचिव राजेश लाभी, कोषाध्यक्ष सन्तोष पाटोदिया सहित पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे। समारोह का संचालन संगठन मंत्री व प्रवक्ता विवेक खण्डेलवाल ‘सोनू’ ने किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}