नीमचमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश नीमच 20 दिसंबर 2025 शनिवार

//////////////////////////////////////////

नीमच जिले में 316 मां की बगिया का कार्य प्रारंभ

स्‍वसहायता समूह से जुड़ी महिलाएं अपने खेतों में लगा रही है फलदार पौधो की बगियां

नीमच 19 दिसम्‍बर 2025, नीमच में कलेक्‍टर श्री हिमांशु चंद्रा एवं जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्‍णव के मार्गदर्शन में स्‍व सहायता समूह की महिलाओं को अतिरिक्‍त आय उपलब्‍ध कराने के लिए ”एक बगिया मां के नाम” के तहत फलदार पौधे लगाने के कार्य स्‍वीकृत किए गये है। प्रत्‍येक महिला को फलदार पौधो की ”एक बगिया मॉं के नाम” के लिए 2.63 लाख की राशि स्‍वीकृत की गई है। इसमें हितग्राही अपनी बगिया में पौधो की सुरक्षा पोल एवं वायर फेसिंग लगाकर बगिया को सुरक्षित कर रहे है। अब तक जिले की स्‍व- सहायता समूह की 316 महिलाओं ने अपने खेतों में फलदार पौधो का रोपण कर लिया है।

ग्राम रेवली देवली निवासी जय भोलेनाथ स्‍व-सहायता समूह से जुड़ी महिला श्रीमती मीना नागदा ने भी अपने खेत में संतरा के फलदार पौधे रोपकर, एक बगिया मां के नाम तैयार की है। इसके लिए श्रीमती मीना नागदा को शासन की ओर से 2.63 लाख की राशि भी मिली है। जिससे उसने अपने खेतों में वायर फेसिंग एवं पोल लगाकर पौधो की सुरक्षा बाड़ तैयार की है। एक बगियां मॉ के नाम मिली इस मदद के लिए श्रीमती मीना नागदा मुख्‍यमंत्री डॉ.मोहन यादव को धन्‍यवाद दे रही है।

=========================

जिला प्रशासन द्वारा 22 दिसम्‍बर से जिले में प्रशासन गांव की ओर अभियान

पंचायत कलस्‍टर स्‍तर पर आयोजित किए जाएंगे शिविर

नीमच 19 दिसम्‍बर 2025, कलेक्‍टर श्री हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में नीमच जिले में प्रशासन द्वारा विभिन्‍न विभागों के समन्‍वय से प्रशासन गांवों की ओर अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत राजस्‍व, स्‍वास्‍थ्‍य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा 22 दिसम्‍बर 2025 से 6 जनवरी 2026 तक पंचायत कलस्‍टर स्‍तर पर विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा हैं।

जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्‍णव की अध्‍यक्षता में शुक्रवार को जिला पंचायत नीमच में स्‍वास्‍थ्‍य, शिक्षा, पंचायत एंव ग्रामीण विकास, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासन गांवों की ओर अभियान की विस्‍तृत रूपरेखा पर चर्चा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्‍यक निर्देश दिए गये।

नीमच जिले में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में राजस्व प्रकरणों के निराकरण के लिए प्रशासन गांवों की और अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत 22 दिसंबर 2025 से 6 जनवरी 2025 तक 83 कलस्‍टर ग्राम पंचायत मुख्यालय पर विशेष राजस्व शिविर आयोजित किए जाएंगे और राजस्व संबंधी मामलों का निपटारा किया जावेगा। प्रशासन गांव की ओर अभियान के दूसरे चरण में जिले में 7 तहसीलों में तहसील स्तरीय राजस्व शिविर 07, 08 एवं 09 जनवरी 2026 को 14 स्थानों पर आयोजित किए जाएंगे।

पालक शिक्षक संवाद

बैठक में बताया गया, कि 22 दिसम्‍बर से प्रारंभ हो रहे प्रशासन गांवों की ओरे अभियान के तहत शिक्षा विभाग द्वारा संकुल स्‍तर पर पालक शिक्षक संवाद कार्यक्रम शाला प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित की जावेगी और 12वीं कक्षा तक के ए.बी.सी.ग्रेड के बच्‍चों के शैक्षणिक स्‍तर में सुधार पर चर्चा की जावेगी। शाला त्‍यागी और बची में पढ़ाई छोड़ चुके बच्‍चों के अभिभावकों से संवाद कर, अपने बच्‍चों को शाला के पुन:दाखिल दिलाने के लिए प्रेरित किया जावेगा। शेष रहे सभी विद्यार्थियों के जाति प्रमाण पत्र बताने के लिए आवेदन फार्म तैयार करवाए जाएंगे। नि:शुल्‍क साईकिल वितरण एवं छात्रवृत्ति वितरण संबंधी समस्‍याओं का निदान भी किया जावेगा।

जन्‍मजात विकृति तथा सेम एवं मेम श्रेणी के बच्‍चों का चिंहाकन

प्रशासन गांव की ओर अभियान के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित शिविर में लाड़ली लक्ष्‍मी योजना, छात्रवृत्ति एवं पी.एम.मातृ वंदना के हितलाभ का भुगतान संबंधी समस्‍याओं का समाधान सभी बच्‍चों के ऊंचाई एवं वजन का पुन: सत्‍यापन, अपार एवं आभा आईडी बनाने संबंधी कार्य, जन्‍मजात विकृति वाले बच्‍चों को चिन्‍हांकन कर उन्‍हें सेम एवं मेम श्रेणी के बच्‍चों का चिन्‍हांकन कर उन्‍हें एन.आर.सी.में भर्ती करवाने और उनके पोषण में सुधार के कार्य किए जावेगें। साथ ही समग्र, ईकेवायसी का कार्य भी किया जावेगा।

स्‍वास्‍थ शिविरों का आयोजन

प्रशासन गांव की ओर अभियान के तहत स्‍वास्‍थ्‍य एवं आयुष विभाग द्वारा आयोजित किए जा रहे शिविरों में स्‍वास्‍थ्‍य जांच कर उपचार कर नि:शुल्‍क औषधियां वितरण, एन.सी.डी.जांच, सभी छूटे हुए बच्‍चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री महिलाओं का टीकाकरण एवं हीमोग्‍लोबिन जांच, टी.बी. स्‍क्रीनिंग, जननी सुरक्षा योजना, प्रसूति सहायता योजना के भुगतान संबंधी समस्‍याओं का समाधान किया जावेगा।

संबल योजना एवं कर्मकार मण्‍डल के नवीन पंजीयन

पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा प्रशासन गांव की ओर अभियान के तहत आयोजित किए जा रहे शिविरों में समग्र आईडी की समस्‍या का समाधान, समग्र आईडी, ई-केवायसी, अपडेट, आवास चेकर सत्‍यापन, मनरेगा हितग्राहियों का ईकेवायसी, वृहद स्‍वच्‍छता अभियान सम्‍बल योजना, कर्मकार मण्‍डल के तहत नवीन पंजीयन वेज बुकिंग, मटेरियल बुकिंग, मां की बगिया के हितग्राहियों को मस्‍टर जारी करने संबंधी कार्य किए जाएंगे।

=============

राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम

मुख्यमंत्री बाल श्रवण योजना के तहत मा.फैजान की हुई सफल सर्जरी

अब सुन और बोल सकेगा मा. फैजान

नीमच 19 दिसम्‍बर 2025, कलेक्टर श्री हिमांशु चन्द्रा के निर्देशन में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम तहत 0 से 18 वर्ष के वंचित बच्चों को उपचार लाभ प्रदान करने के लिए विशेष अभियान एवं गहन सर्वे जिले में किया गया हैं।

इसी क्रम में जावद तहसील के ग्राम तारापुर निवासी 04 वर्ष वर्षीय फैजान, जो कि जन्म से ही सुन एवं बोल नही सकता था। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम तहत फैजान के काक्लियर इम्पलांट के लिए राशि 6.50 लाख रूपये की राशि स्वीकृत की गई। इन्दौर के शासन मान्यता प्राप्त निजी चिकित्सा महाविद्यालय में फैजान की सफल सर्जरी कर काक्लियर इम्पलांट करवाया गया। अब फैजान सुन और बोल सकेगा।

फैजान के माता पिता ने सोचा भी नहीं था, कि फैजान का इतना महंगा उपचार करा पायेंगें, लेकिन शासन की यह योजना वरदान साबित हुई और सफल उपचार पाकर बच्चों के परिजन बहुत खुश हैं। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम अन्तर्गत 0 से 18 वर्ष के सभी बच्चों की जन्मजात विकृतियों की सर्जरी मान्यता प्राप्त निजी एवं शासकीय अस्पतालो में निःशुल्क कराई जाती हैं।

कलेक्टर श्री हिमांशु चन्द्रा द्वारा स्‍वास्‍थ्‍य तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के माध्‍यम से समय-समय पर वंचित बच्चों के परीक्षण एवं उपचार हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों को भी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल रहा है।

==============

पशुपालन से कैसे बढ़ाए आय

दुग्ध समृद्धि सम्पर्क अभियान के तहत घर-घर जाकर संवाद कर रहे पशुपालक मित्र

नीमच वर्तमान में मध्यप्रदेश की दुग्ध उत्पादन में राष्ट्रीय भागीदारी नो प्रतिशत है शासन की अंशानुसार आगामी पांच वर्षों में इसे बीस प्रतिशत तक ले जाना है। इस उद्देश्य की प्राप्ति हेतु दो से नो अक्टूबर के मध्य दुग्ध समृद्धि सम्पर्क अभियान के प्रथम चरण में दस से अधिक पशुधन रखने वाले जिले के 8500 पशुपालकों को गृह भेंट देकर उनसे पशु स्वास्थ्य, पशु पोषण एवं पशु प्रजनन पर संवाद किया गया और इसके माध्यम से लाभ अर्जित करने के संबंध में बताया गया।

शासन की मंशानुसार जिले में कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देशन एवं सीईओ जिला पंचायत अमन वैष्णव के मार्गदर्शन में 17 दिसंबर से नीमच जिले में दुग्ध समृद्धि सम्पर्क अभियान का दूसरा चरण प्रारम्भ किया गया है जो 30 दिसंबर तक चलेगा। अभियान के दौरान जिले के 14500 से अधिक पशु पालक जिनके पास पांच से नो तक पशु है उनको पशु पालन विभाग के उपसंचालक] पशु चिकित्सक] सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी] गो सेवक मैत्री एवं दुग्ध संघ के कार्यकर्ता गृह भेंट देकर उनसे वर्तमान में अपनायी जा रही पशु पालन संबंधि पद्धतियां और उसमे क्या आवश्यक सुधार की आवश्यकता है ताकि पशु पालन से अधिक से अधिक लाभ अर्जित किया जा सके इन विषयो पर संवाद कर रहे है.

संवाद के तीन मुख्य बिंदु

पशु स्वास्थ्य – दुग्ध उत्पादन बढ़ाने हेतु पशु का स्वास्थ्य अच्छा होना जरुरी है ताकि वह बीमारियों से बचे] उसका उत्पादन बड़े और समय पर गर्मी पर आये ताकि उनके रख रखाव पर खर्चा कम हो। इस हेतु जरूरी है पशुओं का समय समय पर टीकाकरण हो तथा उन्हें पेट की कीड़े व बाह्य परजीवीयों से बचाने हेतु नियमित दवाई दि जाये] पशु शाला साफ सुथरी व हवा एवं प्रकाश युक्त हो।

पशु पोषण – पशुओं को भी मनुष्यों की भांति संतुलित आहार की नियमित आवश्यकता होती है। संतुलित आहार में ऊर्जा प्रोटीन वसा खनीज लवण एवं विटामिन्स इन पांच अवयवो का होना जरुरी है.

यें अवयव क्रमशः अनाज दाने] दलहन] तेलीय बीज से प्राप्त होते है एवं खनीज लवण एवं विटामिन्स दाने व हरे चारे से प्राप्त होते है. यदि मिनरल मिक्सचर की अतिरिक्त पूर्ति करने की जरूरत हो तो बाजार से मिनरल मिक्सचर लाकर खिलाया जा सकता है जिसे आम बोलचाल की भाषा में दूध बढ़ाने का पाउडर कहा जाता है.

संतुलित पशु आहार से बछिया जल्दी माँ बनेगी और दो ब्यात का अंतर कम होगा साथ ही पशु का दुग्ध उत्पादन बढ़ेगा इससे पशु पालक की आय बड़ेगी.

नस्ल सुधार हेतु पशु प्रजनन – दूध उत्पादन बढ़ाने हेतु जहाँ पशु का स्वास्थ्य एवं पोषण का अच्छा होना जरूरी है उतना ही जरूरी है पशु की नस्ल का सुधार करना अर्थात उन्नत नस्ल जो ज़ादा दूध देती है जैसे गिर साहिवाल मुर्रा अथवा संकर जर्सी या होलेस्टन आदि के वीर्य से पशु का प्रजनन करवाना ताकि पैदा होने वाली बछिया से ज़ादा दूध प्राप्त किया जा सके

पशु पालक को यह भी बताया जा रहा है की अब हमारे पास उन्नत नस्लों का ऐसा भी वीर्य उपलब्ध है जिसके लगाने से नब्बे प्रतिशत बछिया होने की सम्भावना है जिसे सेक्स सॉर्टेड सिमन कहा जाता है.

संवाद में पशु पालकों द्वारा पर्याप्त रूचि ली जा रही है तथा वे गृह भेंट कर्ता पशुपालक मित्र की बतों को गंभीरता से सुनकर बताई जा रही तकनीक का उपयोग करने हेतु आगे आ रहे है. संवाद के दौरान उदाहरणीय पशु पालकों के माध्यम से भी उनकी सफलता की कहानिया साझा करवाई जा रही है

अंत में पशुपालक मित्र अपना मोबाइल नंबर भी साझा कर रहा है तथा इन तीन विषयो पर बनी अलग अलग जागरूकता रील भी उनसे साझा कर रहे है। चर्चा उपरांत पशुओं सम्बंधि आवश्यक जानकरी इस हेतु बनाये गए एप पर दर्ज कर रहे है तथा व्हाट्सएप्प ग्रुप से पशु पालकों को जोड़ा जा रहा है ताकि भविष्य में भी पशुपालकों को विभागीय गतिविधियों से अवगत करवाया जा सके.

पशुपालन विभाग के उपसंचालक डॉ राजेश पाटीदार ने बताया की गृह भेंट कार्य में 180 लोगो को लगाया गया है तथा अभियान में जनप्रतिनिधियों एवं जिले एवं अनुभाग के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियो को भी सहभागिता हेतु अनुरोध किया गया है

जिला स्तर पर अभियान की मॉनिटरिंग एवं फील्ड में आ रही दिक्क़तो के त्वरित निराकरण हेतु कण्ट्रोल रूम स्थापित किया गया है जिसका प्रभारी डॉ ए आर धाकड़ को बनाया गया है

=================

शासकीय जमीनों के संरक्षण का अभियान-1.79 करोड़ रूपये मूल्‍य की शासकीय जमीन अतिक्रमण मुक्‍त

चिकली में 3.850 हेक्टेयर एवं कुकडेश्वर में 0.279 हेक्टेयर शासकीय जमीन से हटाया अतिक्रमण

नीमच 19 दिसम्‍बर 2025, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशन में जिले में प्रशासन द्वारा शासकीय भूमियों के संरक्षण का अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत गुरूवार को राजस्‍व टीम द्वारा ग्राम चिकली में 3 लाख 8 हजार 880 रूपये मूल्‍य की 3.850 हेक्‍टेयर जमीन एवं कुकडेश्‍वर में एक करोड़ 74 लाख 96 हजार रूपये मूल्‍य की 0.729 हेक्‍टेयर कुल 1.79 करोड़ से अधिक के बाजार मूल्‍य की शासकीय जमीन को अतिक्रमण मुक्‍त करवाया गया है।

एसडीएम कार्यालय मनासा से प्राप्‍त जानकारी अनुसार अनुविभागीय अधिकारी, राजस्व, मनासा श्रीमती किरण आंजना के मार्गदर्शन में नायब तहसीलदार, कुकडेश्वर द्वारा न्यायालयीन प्रकरण क्रमांक-20/अ-68/2025-26 में पारित आदेश दिनांक 08-10-2025 द्वारा ग्राम-चिकली स्थित भूमि सर्वे नम्बर-66/1 रकबा 2.000 हेक्टर, सर्वे नम्बर-66/2 रकबा-4.700 हेक्टर, सर्वे नम्बर 63 रकबा 3.850 हेक्टर भूमि पर अतिक्रमणकर्ता कमलीबाई पति केशुराम बंजारा, चिकली भूमि पर अतिक्रमणकर्ता ताराबाई पति कारुलाल बंजारा, चिकली, सम्पतबाई पति भीमलाल बंजारा, चिकली, शांतिबाई पति नैनालाल बंजारा, चिकली, कारूलाल, भीमलाल, केशुराम, सोजी, नैनालाल पिता तेजा बंजारा, चिकली द्वारा किये गये अतिक्रमण से बेदखल कर अर्थदण्ड आरोपित किया है। साथ ही न्यायालय के प्रकरण क्रमांक-0005/अ-68/2024-2025 में पारित आदेश 23-07-2024 द्वारा ग्राम-कुकडेश्वर स्थित शासकीय भूमि सर्वे नम्बर-2977 रकबा 0.729 हेक्टर भूमि पर अतिक्रामक कुशवाहा समाज तर्फे लक्ष्मीनारायण पिता जमनालाल कुशवाहा, कुकडेश्वर द्वारा किये गये अतिक्रमण को मुक्त कर बेदखली आदेश किया गया है। किंतु नियत समयावधि में संबंधित द्वारा अतिक्रमण स्वमेव नही हटाने पर गठित दल द्वारा को शासकीय भूमि पर किये गये अवैध कब्जे को छुड़वाया जाकर, प्रशासन द्वारा अपने कब्जे में लिया गया हैं।

यह कार्य नायब तहसीलदार श्री नवीन छलोत्रे द्वारा गठित दल श्री रामदयाल शर्मा, प्रभारी राजस्व निरीक्षक, वृत्त-कुकडेश्वर, पटवारी श्री मुकेश गुर्जर, श्री विजयप्रताप नरवारिया, श्री प्रवीण कुमावत, श्री दीपक बसेर, एवं कोटवारगणों के दल द्वारा किया गया हैं। यह जानकारी एसडीएम सुश्री किरण आंजना ने दी हैं।

===============

निर्माण कार्यो की समीक्षा बैठक 26 दिसम्‍बर को

नीमच 19 दिसम्‍बर 2025, विधायक निधि, सांसद, निधि, अमृत, जिला खनिज प्रतिष्‍ठान, मुख्‍यमंत्री अधोसंरचना एवं अन्‍य योजना तहत प्रचलित निर्माण कार्य, वन विभाग एवं अन्‍य विभागों से अनापति हेतु लंबित तथा जो कार्य चालू नहीं है अथवा निविदा स्‍टेज पर लंबित है, उनकी समीक्षा बैठक 26 दिसम्‍बर 2025 को दोपहर 2.30 बजे कलेक्‍टर श्री हिमांशु चंद्रा की अध्‍यक्षता में कलेक्‍टोरेट सभाकक्ष नीमच रखी गई है। जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्‍णव ने सभी संबंधित विभागों, निर्माण विभागों के जिला अधिकारी निर्माण कार्यो की भौतिक स्थिति की जानकारी के साथ बैठक में उपस्थित होने के निर्देश दिए है।

=================

अधिकारियों का प्रशिक्षण 22 व 24 दिसम्‍बर को

नीमच 19 दिसम्‍बर 2025, सेवातम पर आधारित शिकायत निवारण अधिकारियों एल-1 एवं एल-2 पदाभिहित अधिकारियों एवं संबंधित कर्मचारियों का प्रशिक्षण ई-दक्ष केंद्र शा.उ.मा.वि.क्र.-2 नीमच में 22 दिसम्‍बर 2025 एवं 24 दिसम्‍बर 2025 सुबह 10.30 बजे से आयोजित किया जा रहा है। अत: सभी अधिकारी एवं संबंधित कर्मचारियों को नियत स्‍थान एवं समय पर ई-दक्ष केंद्र में उपस्थित होकर प्रशिक्षण प्राप्‍त करने के निर्देश जि.प.सी.ई.ओ.नीमच द्वारा दिए गए है।

=================

जिला प्रशासन नीमच द्वारा राजस्व प्रकरणों के निराकरण की पहल,

प्रशासन गांव की ओर अभियान 83 कलस्‍टर पंचायतों में आयोजित होंगे विशेष राजस्व शिविर

नीमच 19 दिसंबर 2025 नीमच जिले में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में राजस्व प्रकरणों के निराकरण के लिए प्रशासन गांवों की और अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत 22 दिसंबर 2025 से 6 जनवरी 2025 तक 83 कलस्‍टर ग्राम पंचायत मुख्यालय पर विशेष राजस्व शिविर आयोजित किए जाएंगे और राजस्व संबंधी मामलों का निपटारा किया जावेगा।

प्रशासन गांव की ओर अभियान के दूसरे चरण में जिले में 7 तहसीलों में तहसील स्तरीय राजस्व शिविर 07, 08 एवं 09 जनवरी 2026 को 14 स्थानों पर आयोजित किए जाएंगे।

=================

सिंगोली में प्रशासन की टीम ने चायनिज मांझा के विरूद्ध की जांच

मांझा विक्रेताओं के संस्‍थाओं का किया निरीक्षण

नीमच 19 दिसम्‍बर 2025, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशन में तथा अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) जावद श्रीमती प्रीति संघवी नाहर के मार्गदर्शन में चायनीज मांझा की जांच नगर सिंगोली में गुरूवार को सिंगोली तहसीलदार श्री प्रेमशंकर पटेल, पुलिस उप निरीक्षक श्री के.पी.सिंह, प्रभारी राजस्व निरीक्षक श्री प्रकाश शुक्ला व टीम द्वारा की गई। इस टीम ने सिंगोली नगर के सभी पतंग- मांझा विक्रेताओं के यहाँ निरीक्षण किया। जिसमें किसी भी विक्रेता में यहां चायनीज मांझा नही पाया गया। इस तरह का जांच अभियान निरंतर जारी रहेगा एवं चायनीज मांझे का विक्रय भण्‍डारण पाया गया, तो संबंधित के विरूद्ध कार्यवाही की जावेगी।

====================

खनिजों का अवैध परिवहन करते चार वाहन जप्त

नीमच 19 दिसम्‍बर 2025, खनि अधिकारी श्री गजेन्‍द्रसिह डावर एवं टीम द्वारा अवैध उत्खनन, परिवहन, भण्डारण के विरूद्ध नयागांव, रतनगढ, जावद क्षेत्र में शुक्रवार को कार्यवाही कर, खनिज रेत एवं गिटटी का अवैध परिवहन करते हुए 4 वाहनों को मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भण्डारण का निवारण) नियम 2022 के तहत जप्त किया गया हैं। उक्त वाहनों को पुलिस थाना जावद, नयागांव एवं रतनगढ़ की अभिरक्षा में आगामी आदेश तक सुरक्षार्थ खडा किया गया हैं। अवैध परिहवन में संलिप्‍त वाहनों में ट्राला क्र.RJ09GF7111, RJ09GD4617,RJ09GE2382, रेत एवं डम्‍पर क्रमांक MP44GA1110 गिट्टी का शामिल हैं।

==================

नीमच जिले में पर्याप्‍त मात्रा में उपलब्‍ध है उर्वरक- यूरिया की नहीं है कोई कमी

जिले में 12339.16 मैट्रीक टन उर्वरक है उपलब्‍ध

नीमच 19 दिसम्‍बर 2025, कलेक्‍टर श्री हिमांशु चंद्रा द्वारा जिले के किसानों की सुविधा के लिए रबी 2025-26 में पर्याप्‍त मात्रा में विभिन्‍न प्रकार के उर्वरकों की उपलब्‍धता सुनिश्चित की गई हैं। जिले में रबी 2024-25 में 17 दिसम्‍बर 2025 की स्थिति में कुल 12 हजार 339.16 मिट्रीक टन उर्वरक उपलब्‍ध हैं। इसमें यूरिया 5599.217 मिट्रीक टन, डी.ए.पी. 1103.9 मिट्रीक टन, एम.ओ.पी.645.75 मिट्रीक टन, एन.पी.के.एस.1696.855 मिट्रीक टन एवं एस.एस.पी.3293.44 मिट्रीक टन उर्वरक वर्तमान में उपलब्‍ध हैं।

उप संचालक कृषि नीमच से प्राप्‍त जानकारी के लिए रबी फसलों के लिए जिले में वर्तमान में पर्याप्‍त मात्रा में उर्वरक उपलब्‍ध हैं। नीमच में आगामी दिनों में यूरिया की एक रैंक लगने वाली हैं। साथ ही कोटा से भी सड़क मार्ग द्वारा उर्वरक की आपूर्ति जिले में हो रही हैं। जिला प्रशासन द्वारा किसानों के लिए पर्याप्‍त मात्रा में उर्वरक की उपलब्‍धता सुनिश्चित की जा रही हैं। जिले में यूरिया खाद की भी कोई कमी नहीं हैं।

=============

किसान 31 दिसम्‍बर तक फसल बीमा कराए

नीमच 19 दिसम्‍बर 2025, फसलों को प्रतिकूल मौसम से होने वाली क्षति, उपज में कमी के कारण किसानों को होने वाली आर्थिक हानि की प्रतिपूर्ति के लिये सुरक्षा कवच के रूप में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना संचालित है। वर्ष 2025-26 में अधिसूचित फसलों का बीमा कराने के लिये अंतिम तिथि 31 दिसंबर 2025 है। इस योजना का लाभ लेने के लिये जिले के किसानों से अपील की गई है, कि वे अंतिम तिथि से पूर्व अपनी फसलों का फसल बीमा करवाएं।

जिले के ऋणी किसान 31 दिसंबर, 2025 तक किसान क्रेडिट कार्ड पर फसल ऋण प्रदायकर्ता बैंकों, सहकारी समितियों के माध्यम से फसलों का बीमा कराएं तथा वे किसान जो सहकारी समितियों में डिफाल्टर हो गये है या वर्तमान में समिति से लेन-देन नहीं कर रहे है वे किसान अऋणी किसानों की तरह बैंक, जन सेवा केन्द्र (सीएससी) एवं ग्राम पंचायत स्तर पर जन सेवा केन्द्र (सीएससी) के माध्यम से भू-ऋण अधिकार पुस्तिका/बी-1, बैंक खाते की पासबुक, आधार कार्ड की छायाप्रति और आधार से लिंक मोबाईल नंबर, पटवारी, सचिव, किसान द्वारा स्वप्रमाणित फसल बुआई के प्रमाण-पत्र एवं फसलवार प्रिमियम राशि जमाकर निर्धारित तिथि तक फसल बीमा करा सकते है।

फसल बीमा संबंधित अधिक जानकारी के लिये कंपनी के जिला प्रतिनिधि श्री जितेंद्र सिंह तंवर, मो.न.-8878867976 और वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, कृषि विस्तार अधिकारियों से संपर्क कर सकते है।

===============

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}