मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दिया पंचायत व्यवस्था को लेकर बड़ा बयान, एक बात समझ लो कोई सचिव अगर काम नहीं करेगा तो उसे हटा देंगे

सचिव, सहायक सचिव की क्या औकात… काम नहीं करेगा तो हटेगा’ : भोपाल में सरपंच सम्मेलन में बोले सीएम मोहन यादव
भोपाल। राजधानी भोपाल के जंबूरी मैदान में मंगलवार को आयोजित सरपंच महासम्मेलन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सरपंचों को संबोधित करते हुए अधिकारियों और पंचायत व्यवस्था को लेकर बड़ा बयान दिया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि एक बात समझ लो कोई सचिव अगर काम नहीं करेगा तो उसे हटा देंगे।
मुख्यमंत्री ने सरपंचों से कहा कि आपको लगता है कि सरपंच के मामले में कोई दिक्कत आ रही है और सरकार ने कोई निर्णय किया है तो उसे ठीक करने का काम हमारा है। जब भी सरकार के स्तर पर कोई निर्णय होगा तो उसके क्रियान्वयन में कठिनाई आएगी तो उसे हल करने का काम सरकार का है।
सीएम ने कहा कि इतने बड़े देश में प्रधानमंत्री मोदी ने 10-11 सालों में न जाने कितनी चीजों की चिंता की। इसलिए हमारे देश के प्रधानमंत्री और गृह मंत्री पर हमको भरोसा है। जब लाल सलाम को आखिरी सलाम हो रहा है तो ये कहां लगेंगे, जो भी होंगे सब ठिकाने लगेंगे। ये देश को पूरा भरोसा है।
कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्यमंत्री ने दिल्ली में हुए ब्लास्ट में मारे गए लोगों के लिए दो मिनट का मौन रखवाकर श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें कल की घटना को भूलना नहीं है। हमारे देश की प्रगति और बढ़ने वाले कदम दुनिया में अलग प्रकार से निकल रहे हैं। ऐसे में दुश्मन भी पता नहीं, कितने प्रकार से प्रयास करते हैं।



