नीमचमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश नीमच 12 नवंबर 2025 बुधवार

////////////////////////////////////////////

कृषि‍ विभाग द्वारा तीन उर्वरक विक्रेताओं के लायसेंस निलंबित

नीमच 11 नवम्‍बर 2025, उप संचालक कृषि नीमच द्वारा उर्वरक निरीक्षक, मनासा के निरीक्षण में अनियमितताएं पाये जाने पर उर्वरक (नियंत्रण) आदेश, 1985 के उल्लंघन करने पर तिरूपति बीज भंडार, प्रोपाईटर-हर्ष ग्रोवर मनासा, मेसर्स- पाटीदार कृषि सेवा केंद्र, मनासा, एवं मेसर्स- श्रीराम खाद बीज भंडार, मनासा के उर्वरक विक्रय लायसेंस तत्‍काल प्रभाव से निलंबित कर दिए गए है।

उप संचालक कृषि नीमच श्री पी.सी.पटेल ने बताया, कि उर्वरक निरीक्षक द्वारा उक्‍त संस्‍थानों के निरीक्षण में अनियमितता पाए जाने पर संबंधित को कारण बताओं सूचना पत्र जारी किया गया था। जिसका संबंधित द्वारा संतोषजनक उत्‍तर नहीं पाए जाने पर उक्‍त तीनों विक्रेताओं के उर्वरक लायसेंस 7 दिवस के लिए निलंबित किए गए है।

=====================

आंगनवाड़ी केंद्रो को अर्ली लर्निंग सेंटर के रूप में विकसित करें-श्री चंद्रा

सभी अधिकारी आवंटित शालाओं का नियमित रूप से निरीक्षण कर,

परीक्षा परिणाम सुधार पर विशेष ध्‍यान दें- कलेक्‍टर

कलेक्‍टर ने जिला अधिकारियों की बैठक में दिए निर्देश

नीमच 11 नवम्‍बर 2025, एडाप्‍ट अन आंगनवाड़ी अभियान के तहत सभी अधिकारी न्‍यूनतम एक-एक आंगनवाड़ी एडाप्‍ट करें और इन आंगनवाड़ी केंद्रों में बुनियादी मूलभूत सुविधाएं सामग्री उपलब्‍ध कराने में सहयोग करें। नियमित रूप से केंद्रों का निरीक्षण कर, बच्‍चों के अभिभावकों से सम्‍पर्क करें। आंगनवाड़ी केंद्रों को सक्षम आंगनवाड़ी बनाकर, उन्‍हें अर्ली लर्निंग सेंटर के रूप में विकसित करें। यह निर्देश कलेक्‍टर श्री हिमांशु चंद्रा ने मंगलवार को जिला अधिकारियों की बैठक में दिए। अब तक जिले की 563 आंगनवाडियों को एडाप्‍ट किया गया है।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्‍णव, एडीएम श्री बी.एस.कलेश, सभी एसडीएम एवं जिला अधिकारी उपस्थित थे।

बैठक में कलेक्‍टर ने सभी जिला अधिकारियों को आगामी शुक्रवार एवं नियमित रूप से आवंटित हाई स्‍कूल, हायर सेकेण्‍ड्री स्‍कूलों का निरीक्षण कर अध्‍यापन कार्य की गुणवत्‍ता का जायजा लेने और अर्द्धवार्षिक परीक्षा परिणामों के आधार पर विद्यार्थियों की ग्रेडिंग कर उनकी अध्‍यापन गुणवत्‍ता को परखने और विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम में आवश्‍यकतानुसार सुधार के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए। आवश्‍यकतानुसार 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम में सुधार के लिए अतिरिक्‍त कक्षाएं संचालित करवाने, विद्यार्थियों और अभिभावकों की काउंसलिंग करवाने के निर्देश भी दिए।

कलेक्‍टर ने पी.एम.स्‍वनिधि योजना के तहत नवम्‍बर अंत तक 5000 हितग्राहियों के प्रकरण तैयार कर स्‍वीकृति के लिए बैंकों को प्रस्‍तुत करने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया, कि अब तक 2700 प्रकरण बैंकों को प्रस्‍तुत किए जा चुके है।

बैठक में कलेक्‍टर ने आंगनवाड़ी केंद्रों में गर्म पका भोजन, नाश्‍ता एवं टी.एच.आर. उपलब्‍ध कराने के कार्य में अच्‍छी प्रगति पर संतोष व्‍यक्‍त करते हुए विभाग की सराहना की। कलेक्‍टर ने महिलाओं एवं बालिकाओं के एच.बी.स्‍क्रीनिंग कार्य की समीक्षा की और निर्देश दिए, कि एच.बी.स्‍क्रीनिंग में एनीमिक पाई गई महिलाओं, बालिकाओं को निरंतर उपचार सुविधा उपलब्‍ध कराई जाए और उनका फालोअप किया जाए। बताया गया, कि अब तक जिले में 22253 महिलाओं, बालिकाओं की हीमोग्‍लोबीन जांच की गई है। एक सप्‍ताह में 2700 महिलाओं की एच.बी.स्‍क्रीनिंग की गई।

पशुपालन विभाग की समीक्षा में बताया गया, कि अब तक 10464 पशुपालकों की के.सी.सी.जारी किए गये है। इनमें से 5304 पशुपालकों को 17 करोड़ की के.सी.सी.राशि प्रदान की गई है। कलेक्‍टर ने शेष सभी पशुपालकों के के.सी.सी.राशि का वितरण करवाने के निर्देश दिए। पी.एम.सूर्य घर मुक्‍त बिजली योजना के तहत जिले में अब तक 2700 घरों में सौर ऊर्जा पैनल लगाए गये है। दिसम्‍बर तक 3000 घरो को सौर ऊर्जा से रोशन किया जाना प्रस्‍तावित है।

===============

जिले में 15503 मिट्रीक टन उर्वरक उपलब्‍ध है- खाद की नहीं है कोई कमी

नीमच 11 नवम्‍बर 2025, जिले के किसानों को सहकारी एवं निजी क्षेत्र के माध्यम से निरंतर खाद उपलब्ध कराया जा रहा है। 11 नवम्‍बर 2025 की स्थिति में सहकारी एवं निजी क्षेत्र में खाद की उपलब्धता निम्नानुसार हैः-

क्र. -उर्वरक -वर्तमान उपलब्‍धता (मे.टन.) -मार्कफेड डबल लॉक केंद्र -निजी क्षेत्र -सहकारी समिति -योग

1 यूरिया 1845.561-2496.323 -1610- 5951.884

2 डी.ए.पी.- 691.6- 848.4 -551 -2091

3 एम.ओ.पी. -250.3-619.9- 31 -901.2

4 एन.पी.के.एस. -382.6 -1109.005-532 -2023.605

5 एस.एस.पी.- 179.95- 3658.215 -598 -4436.165

योग 3350.01-8731.84 -3322 -15403.85

जिले में सहकारी समितियों, मार्कफेड के डबल लॉक केंद्र, निजी क्षेत्र में 21366.35 मे.टन उर्वरक वितरण के पश्चात वर्तमान में 15403.85 मे.टन उर्वरक उपलब्धता है।

जिले में पर्याप्त खाद भंडारण है, वर्तमान में एन.एफ.एल. कंपनी की युरिया रेक लगी हुई है तथा आगामी दिनों में उर्वरक की निरंतर आपूर्ति के लिये आगामी सप्ताह में यूरिया उर्वरक की 3 रेक लगने वाली है एवं यूरिया उर्वरक की गढेपन, कोटा संयंत्र से भी बॉय रोड उपलब्ध हो रहा है। किसान भाईयों से अपील की है, कि फसल में खाद की अनुशंसा अनुरूप उर्वरकों का उठाव करें। जिले में यूरिया एवं अन्य उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता है। यह जानकारी उप संचालक कृषि‍ श्री पी.सी.पटेल ने दी है।

==============

नीमच में जनजातीय गौरव दिवस रथयात्रा का हुआ शुभारंभ

नीमच 11 नवंबर 2025, जनजातीय गौरव दिवस 2025 धरती आबा भगवान बिरसा मुण्डा की 150 वीं जयंती के अवसर पर भारत सरकार एवं मध्यप्रदेश शासन द्वारा आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला में 11 नवंबर से 15 नवंबर तक कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में जिले के जनजातीय ग्रामों में भ्रमण हेतु रथयात्रा का आयोजन किया जा रहा है।

डिप्टी कलेक्टर श्री चंद्रसिंह धार्वे, जनपद सदस्य श्री रतनलाल मालावत ने मंगलवार को जिला पंचायत परिसर से धरती आबा भगवान बिरसा मुण्डा की 150 वीं जयंती के अवसर पर निकाली जा रही रथयात्रा को झंडी दिखाकर रवाना किया।

===============

जनजातीय हस्तशिल्प कला से नई पीढी को अवगत कराएं-श्री धार्वे

नीमच में जनजातीय उत्पादों की प्रदर्शनी संपन्न

नीमच, 11 नवंबर 2025, नीमच जिले में जनजातीय वर्ग के समूहों द्वारा उत्पादित किए जाने वाले विभिन्न परंपरागत उत्पादों को प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिये विभिन्न माध्यमों से प्रयास करें। जनजातीय वर्ग अपनी कला से नई पीढ़ी को भी अवगत कराएं और उन्हें इस क्षेत्र में पारंगत करें, ताकि जनजातीय हस्तशिल्प विलुप्त न हो। यह बात डिप्‍टी कलेक्‍टर श्री चंद्रसिंह धार्वे, ने मंगलवार को कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशन पर जिला पंचायत सभाकक्ष में जनजातीय गौरव दिवस 2025 धरती आबा भगवान बिरसा मुण्डा की 150 वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनजातीय सहकारी विपणन विकास महासंघ TRIFED द्वारा आयोजित जनजातीय उत्पादों की प्रदर्शनी के शुभारंभ समारोह को संबोधित करते हुए कही।

कार्यक्रम में भारतीय जनजातीय सहकारी विपणन विकास महासंघ TRIFED के उपप्रबंधक ने भारतीय जनजातीय सहकारी विपणन विकास महासंघ TRIFED के उद्देश्य एवं जनजातीय हस्तशिल्प विरासत को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने तथा जनजातीय समूहों द्वारा उत्पादित वस्तुओं को उचित बाजार उपलब्ध कराने के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।

प्रदर्शनी में जिले के जनजातीय कलाकारों द्वारा हस्तशिल्प, औषधीय उत्पादों एवं अन्य सामग्री के स्टॉल लगाए। अधिकारियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर उत्पादों की सराहना की। इस अवसर पर जनपद सदस्‍य श्री रतनलाल मालावत, जिला संयोजक श्री राकेश कुमार राठौर, एवं अधिकारी-कर्मचारीगण, जिले ग्रामीण अंचल से आए जनजातीय वर्ग के महिला-पुरूष उपस्थित थे।

==============

न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह के तहत विधिक जागरूकता शिविर सम्‍पन्‍न

नीमच 11 नवम्‍बर 2025, मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार 9 से 14 नवंबर 2025 तक “न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह” का आयोजन किया जा रहा है। इस सप्‍ताह के तहत प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नीमच के अध्‍यक्ष श्री वीरेंद्रसिंह राजपूत के मार्गदर्शन में मंगलवार को मनासा तहसील में विभिन्न स्थानों पर विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

इस क्रम में शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मनासा में विशेष विधिक जागरूकता व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नीमच की सचिव श्रीमती शोभना मीणा तथा जिला विधिक सहायता अधिकारी, श्री प्रवीण कुमार उपस्थित थे। प्राधिकरण की सचिव श्रीमती मीणा ने विद्यार्थियों को बाल लैंगिक अपराध संरक्षण अधिनियम (POCSO Act), बाल विवाह निषेध अधिनियम, किशोर न्याय अधिनियम, तथा बाल श्रम निषेध अधिनियम जैसे महत्वपूर्ण विधिक विषयों पर विस्तृत जानकारी दी और उन्हें अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया।

साथ ही ग्राम हाड़ी पिपलिया में गैर-सरकारी संस्था जन साहस के सहयोग से विशेष विधिक जागरूकता शिविर का आयोजित किया गया। शिविर में महिलाओं एवं बच्चों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। संस्था जन साहस के जिला समन्वयक श्री गजानंद तथा श्री विकास अहीर सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे। यह जानकारी जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री प्रवीण कुमार ने दी है।

================

जनसुनवाई में कलेक्‍टर द्वारा सुनीतादेवी को 15 हजार रूपये की सहायता राशि स्‍वीकृत

कलेक्‍टर ने की जनसुनवाई – 82 आवेदकों की सुनी समस्‍याएं

नीमच 11 नवम्‍बर 2025, कलेक्‍टर श्री हिमांशु चंद्रा द्वारा जनसुनवाई में मंगलवार को नीमच निवासी महिला सुनिता देवी को उपचार के लिए 15 हजार रूपये की तात्‍कालिक आर्थिक सहायता स्‍वीकृत की गई है। साथ ही सी.एम.एच.ओ.नीमच को महिला का नि:शुल्‍क उपचार जिला चिकित्‍सालय में करवाने और नि:शुल्‍क दवाईयां उपलब्‍ध कराने के निर्देश दिए है। जनसुनवाई में कलेक्‍टर ने 82 आवेदकों की समस्‍याएं सुनी और उनका निराकरण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इस मौके पर जि.प.सीईओ श्री अमन वैष्‍णव, एडीएम श्री बी.एस.कलेश सहित जिला अधिकारी उपस्थित थे।

जनसनुवाई में डसानी के देवेन्‍द्र सिह, सुवाखेडा के मांगीलाल, मोया के घीसालाल, नीमच सिटी की शकुन्‍तला बैरागी, कुण्‍डला के दिनेश, अठाना के कल्‍लू भाई, कचौली के राहुल, अठाना के भगवतसिह, चीताखेड़ा के मांगीलाल, कनावटी के रमेशचंद्र, नीमच के कमल जैन, बरूखेड़ा के मदनलाल, बर्डिया की देवकन्‍याबाई, बरूखेड़ा के रमेश, पालसोडा के शिवनारायण, नीमच के जितेन्‍द्र, गिरदौडा के किशनसिह, राजकुंवर, बघाना की इंद्रा देवी, नयागांव के सुरेशचंद्र, ने भी अपनी समस्‍याओं से संबंधित आवेदन प्रस्‍तुत किए।

इसी तरह गिरदौड़ा के रूपचंद, नयागांव के सत्‍तु धाकड़, राजू, दडौली के माणकलाल, नीमच की रईसा, बरूखेडा के भेरूलाल, मालखेडा के ओमप्रकाश, तालखेडा की सरजूबाई, इंदिरा नगर नीमच की राधा, मेहनोत नगर नीमच के शंकरलाल, नीमच की भगवती बाई, खजूरिया की धापूबाई आदि ने अपनी समस्‍याओं से संबंधित आवेदन जनसुनवाई में प्रस्‍तुत किए।

============

कलेक्‍टर द्वारा सडक दुर्घटना में घायल हर्षित के उपचार के लिए 1.50 लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्‍वीकृत

नीमच 11 नवम्‍बर 2025, कलेक्‍टर श्री हिमांशु चंद्रा द्वारा गत दिवस भडभडिया में सड़क दुर्घटना में घायल हुए बालक हर्षित पिता स्‍व.दशरथ सिह के उपचार के लिए रेडक्रास नीमच से 1.50 लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्‍वीकृत की गई है। डिप्‍टी कलेक्‍टर श्री पराग जैन ने बताया,कि रेडक्रास से 1.50 लाख रूपये की सहायता राशि का चेक बालक हर्षित की माता श्रीमती ललीता राठौर को एसडीएम जावद के माध्‍यम से प्रदान किया गया है।

================

कर्नाटक के राज्यपाल श्री थावरचंद गहलोत ने हरकियाखाल बालाजी के दर्शन किए

नीमच 11 नवम्‍बर 2025, कर्नाटक के राज्यपाल महामहिम श्री थावरचंद गहलोत ने नीमच जिले के प्रवास के दौरान मंगलवार को नीमच जिले के सुप्रसिद्ध बालाजी धाम हरकियाखाल बालाजी मंदिर में भगवान बालाजी की पूजा अर्चना कर बालाजी के दर्शन किए। इस मौके पर नीमच विधायक श्री दिलीपसिंह परिहार, श्री संतोष चौपड़ा, जिला अध्‍यक्ष श्रीमती वंदना खण्‍डेलवाल, श्री निलेश पाटीदार एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य श्री अशोक खींची व अन्य जनप्रतिनिधि ने महामहिम राज्‍यपाल का पुष्‍पगुच्‍छ भेटकर स्‍वागत किया।

जिला प्रशासन की ओर से जि.प.सीईओ श्री अमन वैष्‍णव, अतिरिक्‍त पुलिस अधीक्षक श्री नवलसिह सिसोदिया, एसडीएम श्री संजीव साहू ने महामहिम राज्‍यपाल के मंदिर पहुंचने पर अगवानी कर पुष्‍पगुच्‍छ से स्‍वागत किया। इस मौके पर जनप्रतिनिधि, पंचायतों के पदाधिकारी एवं विभिन्‍न विभागों के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।

================

बुरी नियत से हाथ पकडने वाले आरोपी को 1 वर्ष का सश्रम कारावास व 1500 रूपयें का अर्थदण्ड

नीमच। विशेष न्यायाधीश (एससी/एसटी एक्ट) श्री आलोक कुमार सक्सेना, द्वारा बुरी नियत से हाथ पकडने वाले आरोपी गोलू उर्फ मंगल उर्फ पप्पू पिता कन्हैयालाल अहीर, उम्र-35 वर्ष, निवासी-जायसवाल कॉलोनी, बघाना, जिला नीमच को भादवि की धारा 354 सहपठित धारा 3(2)(वीए) एससी/एसटी एक्ट के अंतर्गत 01 वर्ष के सश्रम कारावास एवं 500 रूपये अर्थदण्ड तथा भादवि की धारा 506 सहपठित धारा 3(2)(वीए) एससी/एसटी एक्ट में 1000 रूपये के अर्थदण्ड से दण्डित किया गया।

प्रकरण में शासन की ओर से पैरवी करने वाली एडीपीओ श्रीमती कीर्ति शर्मा द्वारा घटना की जानकारी देते हुए बताया कि दिनांक 26.04.2023 को अभियोक्त्री ने महिला पुलिस थाना नीमच पर उपस्थित होकर इस आशय की रिपोर्ट लेख कराई कि वह ग्राम बर्डिया जागीर नीमचसिटी की निवासी होकर मजदूरी का कार्य करती है। वह पहले जायसवाल कॉलोनी बघाना में रहती थी जहां उसके घर के पड़ौस में गोलू अहीर रहता था, जो उसे जानता है कि वह भील समाज की है। दो माह पूर्व से वह अपने पियर ग्राम बर्डिया जागीर रह रही है। गोलू उसे पूर्व से परेशान करता था व उससे कहता था कि उससे बात किया करे। रविवार दिनांक 23.04.2023 की रात्रि 08ः00 बजे वह अपने घर के बाहर कुछ काम से गई थी, तब गोलू उसके पीछे-पीछे आया व आते ही उसका बुरी नियत से हाथ पकड़ लिया और उससे बोला कि वह उससे बात क्यों नहीं करती है, तब अभियोक्त्री ने उससे बोला कि वह उसका हाथ छोड़े नहीं तो वह चिल्लायेगी, तब गोलू जो उसे पहले से जानता था कि वह भील समाज की है, उसे जातिसूचक शब्द बोलकर कहने लगा कि साली भीलड़ी आदिवासी तू ज्यादा भाव खा रही है रूक मैं अभी तूझे बताता हॅू, तब अभियोक्त्री चिल्लाई तो उसकी माता उसके घर के बाहर आई, तो गोलू डर के कारण वहां से जाने लगा व जाते-जाते बोला की आज के बाद उससे बात करने के लिए मना किया, तो वह अभियोक्त्री को जान से खत्म कर देगा। बाद में उसने उक्त सारी बात उसके पति को बताई थी। वह गोलू की धमकी से डर गई थी, जिस कारण रिपोर्ट करने नहीं आई थी। पश्चात् आज दिनांक को उसकी माता के साथ महिला थाना नीमच रिपोर्ट करने आई है, पुलिस द्वारा आरक्षी केन्द्र महिला पुलिस थाना नीमच पर अपराध क्रमांक-15/2023 पर पंजीबद्ध किया गया। आवश्यक अनुसंधान उपरांत प्रकरण माननीय विशेष न्यायालय, नीमच में प्रस्तुत किया गया।

विचारण के दौरान विशेष लोक अभियोजक द्वारा सभी महत्वपूर्ण गवाहों के बयान कराकर अपराध को संदेह से परे प्रमाणित कराते हुवे आरोपी को कठोर दण्ड से दण्डित किये जाने का निवेदन किया गया, जिस पर से माननीय न्यायालय द्वारा आरोपी को उपरोक्त दण्ड से दण्डित किया। प्रकरण में शासन की ओर से पैरवी एडीपीओ श्रीमती कीर्ति शर्मा द्वारा की गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}