तीन महीने पहले गुमशुदगी की FIR, नामजद शिकायतें भी हुईं, फिर भी नाहरगढ़ पुलिस की जांच पर सवाल!

कुएं में मिला युवक का शव, सिर गायब, हत्या या आत्महत्या, अब भी रहस्य, आक्रोशित परिजन एवं ग्रामीण मंदसौर के गांधी चौराहे पर
मंदसौर जिले के नाहरगढ़ थाना क्षेत्र के रूपणी गांव में रामलाल प्रजापत का शव कुएं में मिलने से सनसनी फैल गई है, हैरानी की बात यह है कि करीब तीन महीने पहले युवक की गुमशुदगी की FIR नाहरगढ़ थाने में दर्ज हुई थी, परिजनों ने लगातार पुलिस से गुहार लगाई, जिले के उच्च अधिकारियों तक लिखित शिकायतें पहुंचाईं और नामजद लोगों के खिलाफ भी आरोप लगाए, लेकिन परिजनों का आरोप है कि नाहरगढ़ पुलिस ने मामले में गंभीरता से जांच-पड़ताल नहीं की।
अब तीन महीने बाद युवक का शव कुएं में मिला है, लेकिन शव का सिर गायब होने से मामला और भी रहस्यमय हो गया है? आखिर युवक की मौत आत्महत्या है या हत्या? मृतक का सिर आखिर कहां गया? और सबसे बड़ा सवाल यह कि जब परिजन पहले ही नामजद शिकायतें कर चुके थे, तब नाहरगढ़ थाना पुलिस ने समय रहते प्रभावी जांच और कार्रवाई क्यों नहीं की?
शव बरामद होने की खबर के बाद आक्रोशित परिजन एवं ग्रामीण मंदसौर के गांधी चौराहे पर पहुंच गए, जहां चक्काजाम कर प्रदर्शन किया गया, इस दौरान ग्रामीणों ने नाहरगढ़ थाना पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
गुमशुदगी की FIR से लेकर शव बरामद होने तक पुलिस की जांच की पूरी कड़ी अब सवालों के घेरे में है? आखिर इस परिवार को तीन महीने तक अपने लापता सदस्य की तलाश और जवाब के लिए इंतजार क्यों करना पड़ा? अब जरूरत है निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच की, ताकि युवक की मौत का सच सामने आए और पुलिस की कथित लापरवाही की भी जवाबदेही तय हो।



