मासूम को मां ने पढ़ाई के लिए डांट कर भगाया, जीआरपी शामगढ़ ने परिजनों को ढूंढकर सकुशल सौंपा

मासूम को मां ने पढ़ाई के लिए डांट कर भगाया, जीआरपी शामगढ़ ने परिजनों को ढूंढकर सकुशल सौंपा
शामगढ़ | विशेष पुलिस महानिदेशक (रेलवे) राजा बाबू सिंह और रेल एसपी इंदौर यशपाल सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में जीआरपी थाना शामगढ़ ने स्टेशन पर भटकती मिली 12 वर्षीय बालिका को सकुशल परिजनों के सुपुर्द किया।
शामगढ़ रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 2 पर ड्यूटी के दौरान प्रधान आरक्षक रूपेंद्र भदौरिया, आरक्षक बलवंत और महिला आरक्षक प्रीति को एक अकेली बालिका बैठी मिली। पूछताछ में उसने खुद को झाबुआ की निवासी बताया। जीआरपी टीम उसे सुरक्षित थाने ले आई और भोजन कराया।थाना प्रभारी उप निरीक्षक ममता अलावा के निर्देशन में बालिका को विश्वास में लेकर पूछताछ की गई। बालिका ने बताया कि ग्राम असालिया (थाना पेटलावद, जिला झाबुआ) में पढ़ाई न करने पर मां ने डांट दिया था। नाराज होकर वह 28 सितंबर को बिना बताए ट्रेन में बैठकर शामगढ़ आ गई।
जीआरपी ने बालिका से पिता मुकेश मैड़ा का नंबर लेकर संपर्क किया। सूचना मिलते ही माता-पिता, रिश्तेदार व सरपंच थाने पहुंचे। कागजी कार्रवाई पूरी कर बालिका को परिजनों को सौंप दिया गया।



