सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित हुई भाषण व चित्रकला प्रतियोगिता…

सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित हुई भाषण व चित्रकला प्रतियोगिता…
मंदसौर। शासकीय माध्यमिक विद्यालय गरनाई में शनिवार को सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत मेरे सपनों का भारत विषय पर भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने विचारों और कलाकृतियों के माध्यम से देश के उज्ज्वल भविष्य की परिकल्पना प्रस्तुत की।
कार्यक्रम की शुरुआत में प्रधान अध्यापिका श्रीमती ललिता सिसोदिया ने अपने विचार रखते हुए बताया कि मेरे सपनों का भारत कैसा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यार्थियों में राष्ट्र निर्माण की सोच का होना अत्यंत आवश्यक है।
प्रतियोगिता के दौरान बालिकाओं ने अपने भाषण में शिक्षा और स्वास्थ्य को देश की मुख्य प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि उनके सपनों के भारत में देश का हर बच्चा शिक्षित होना चाहिए और अमीर-गरीब का भेदभाव समाप्त कर हर नागरिक को उत्कृष्ट व नि:शुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं मिलनी चाहिए। विद्यार्थियों ने भ्रष्टाचार मुक्त, गरीबी मुक्त, स्वच्छ और प्रदूषण रहित भारत का संदेश दिया, जहाँ समानता, भाईचारा और शांति का माहौल हो।
भारत, विज्ञान, अनुसंधान और तकनीक के क्षेत्र में पूरी दुनिया का मार्गदर्शन करते हुए समानता और समृद्धि का प्रतीक बने।विद्यार्थियों ने अपनी कल्पना के रंगों से मेरे सपनों का भारत। सुंदर और प्रेरणादायक चित्रों के माध्यम से बच्चों की खुशी और उत्सुकता साफ नजर आ रही थी।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार, विद्यार्थियों के अभिभावक तथा गांव के जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। और उन्होंने बच्चों के प्रयास की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।



